दुमका : आदिवासी हितों को नजरअंदाज कर रही सरकार, भाजपा का आरोप - कल्याणकारी योजनाओं में लोगों के साथ भेदभाव
![]()
दुमका : जनहित से जुड़े मुद्दों और कल्याणकारी योजनाओं में भेदभाव एवं दलगत भावना से काम करनेवाले अधिकारियों के खिलाफ भाजपा आंदोलन करेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार में आदिवासी हितों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
कहा कि संताल परगना में लगातार यह शिकायतें मिल रही है कि बीते चुनाव में भाजपा को समर्थन करनेवालों लोगों को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जानबूझकर नहीं दिया जा रहा है। अधिकारी पिक एंड चूज के आधार पर लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुँचा रहे है। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ पार्टी जल्द मोर्चा खोलेगी।
बाबूलाल मरांडी शनिवार को सिदो कान्हू इंडोर स्टेडियम में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के द्वारा जिले के तीन आरक्षित विधानसभा दुमका, शिकारीपाड़ा और जामा के क्षेत्र के लिए आयोजित आदिवासी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मौके पर संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका, पूर्व सांसद सुनील सोरेन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
सम्मेलन की अध्यक्षता अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू ने की।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी ने हमेशा आदिवासी समाज की भलाई के लिए काम किया है। हमारी पार्टी आदिवासी समुदाय के हक की आवाज उठाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। झारखंड की वर्तमान हेमंत सरकार ने आदिवासी समाज का वोटबैंक के लिए हमेशा दोहन किया है और अब समय आ गया है कि आदिवासी समुदाय अपनी पहचान और अधिकारों के लिए एकजुट हो। भाजपा के नेतृत्व में हम आदिवासी समाज को उनके हक दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने भी भाजपा की नीतियों के बारे में जानकारी दी और कहा कि पार्टी ने हमेशा समाज के हर वर्ग, विशेष रूप से आदिवासी समाज के लिए कार्य किया है।
प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने भाजपा के विकास कार्यों को लेकर जनता से सहयोग की अपील की और कहा कि भाजपा का आदिवासी समाज के प्रति प्रेम और सम्मान बिना किसी स्वार्थ के है, और हम हमेशा आदिवासी समुदाय के समग्र विकास के लिए काम करते रहेंगे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य परितोष सोरेन और सुरेश मुर्मू, सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू ने भी अपने विचार व्यक्त किए और भाजपा के आदिवासी समुदाय के प्रति समर्पण को दोहराया।
सम्मेलन के दौरान पार्टी नेताओं ने आदिवासी समुदाय के मुद्दों पर गहरी चर्चा की और भाजपा द्वारा किए गए विकास कार्यों को प्रस्तुत किया। सम्मेलन में अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला महामंत्री संतोष सोरेन और दिनेश मरांडी, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू,
सुपलाल सोरेन, शिवलाल मुर्मू, सुनील सोरेन, संजय कोल, मनोज हासदा, मार्शल ऋषिराज टुडू, सोनी मरांडी, भुवनेश्वर टुडू, सहदेव मरांडी, मणिलाल गृही, अजय सिंह और तीनों विधानसभा क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के सभी मंडलों के कार्यकर्ता सहित कई लोग उपस्थित थे।
(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)
Apr 27 2025, 21:53