हर व्यक्ति की हर समस्या का समाधान होगा : केशव प्रसाद मौर्य
![]()
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने आवास 7, कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों से सीधा संवाद किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि “हर व्यक्ति की हर समस्या का हर संभव समाधान किया जाएगा।”
अलीगढ़ रवाना होने से पूर्व उन्होंने करीब दो दर्जन जिलों से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं के समाधान के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि “परेशान मत होइए, समाधान भी होगा और सरकार की सुविधाएं भी हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचेंगी।” उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी फरियादी दुबारा चक्कर न लगाए, यह सुनिश्चित किया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए। खास तौर पर भूमि संबंधी मामलों में उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेजा जाए और पीड़ितों को राहत दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग जनों की शिकायतों को प्राथमिकता दी जाए और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
Apr 21 2025, 18:56