सीएम आवास का घेराव करने निकले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प, कई को पुलिस ने हिरासत मे लिया
![]()
डेस्क : बिहार कांग्रेस की ओर से आज सीएम नीतीश के आवास का घेराव किया जा रहा है। कांग्रेस नेता सदाकत आश्रम से सीएम आवास के घेराव के लिए निकले ही थे कि पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को रोक लिया। जिसके बाद कांग्रेस नेता और पुलिस में झड़प देखने को मिली। वहीं पुलिस ने नेताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कांग्रेस नेताओं को टांग कर पुलिस अपने साथ ले गई। साथ ही यह भी जानकारी मिल रही है कि पटना पुलिस ने कन्हैया कुमार को हिरासत में ले लिया है।
दरअसल, कांग्रेस ने बिहार में पलायन रोकने और युवाओं को नौकरी देने को मुद्दा बनाकर सरकार को घेरने के लिए पदयात्रा की शुरुआत की थी। पिछले दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी बेगूसराय पहुंचे थे और इस पदयात्रा में शामिल हुए थे। आज पटना में इस पदय़ात्रा का समापन होना है।
कांग्रेस नेता कन्हैया के नेतृत्व में निकाले गए इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए।
पदयात्रा के दौरान कांग्रेसी आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास का घेराव करनेवाले थे। जैसे ही कांग्रेस नेता सीएम आवास की तरफ बढ़े डाकबंगला चौराहा पर पुलिस ने उन्हे आगे जाने से रोक दिया। पुलिस के रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र हो गए और पुलिस से नोकझोंक शुरू कर दी। देखते ही देखते कांग्रेस कार्यकर्ता बेकाबू हो गए जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
कोतवाली लॉ एंड आर्डर डीएसपी कृष्ण मुरारी ने बताया कि करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। कई लोगों को गिरफ्तारी भी की गई है। डीएसपी ने कहा कि वो हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं को कोतवाली थाना ले जाया जा रहा है।
Apr 11 2025, 19:39