केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा बयान : बिहार के बिना देश का विकास संभव नहीं, प्रदेश को बनाएंगे बाढ़ मुक्त
![]()
डेस्क : केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के दो दिवसीय दौरे पर है। इस दौरान उन्होंने बिहार को लेकर बड़ी बात कही है। अमित शाह ने कहा है कि बिहार के बिना देश का विकास संभव नहीं है। हम अगले पांच वर्षोँ में बिहार को बाढ़ से मुक्त बनाएंगे। इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर काम किया जाएगा। हम 2014 जीते, 2019 में जीत हासिल हुई। अब 2025 में पहुंच चुके हैं।
बीते शनिवार को पटना पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में बंद कमरे में पार्टी नेताओं के साथ बैठक में इस साल होने वाले चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि बिहार को बजट में इस बार विशेष मिला। इसको लेकर हम पर आरोप लगाए गए कि 2025 का बजट बिहार के लिए था, लेकिन विरोधियों की बातों से हमें कुछ लेना-देना नहीं है। बजट में बिहार को मिली सौगातों को लोगों तक पहुंचाइए। केन्द्र सरकार बिहार को विशेष राज्य के दर्जे से ज्यादा दे रही है। हमें मोदी सरकार और नीतीश सरकार के काम को लेकर जनता के बीच जाना है।
उन्होंने कहा कि बिहार में हम लंबे समय से गठबंधन में सरकार चला रहे हैं। ऐसे में बिहार में चुनाव जीतने में कोई शंका नहीं है। बिहार चुनाव को लेकर तैयारी की जा रही है। किस नेता को क्या जिम्मेवारी दी जानी है, यह जल्द ही तय कर लिया जाएगा। पार्टी नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। देश में आजादी के बाद गरीबों की संख्या बढ़ते-बढ़ते 60 करोड़ हो गई। कांग्रेस ने सिर्फ आश्वासन दिया, लेकिन मोदीजी के 10 वर्षों के शासन में दीनदयाल के अंत्योदय के कार्यक्रम को बढ़ाते हुए सभी लोगों तक पेयजल, शौचालय, आवास, बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस बार हम तमिलनाडु भी जीतेंगे। हालांकि कोर कमेटी की बैठक नहीं हुई लेकिन गृहमंत्री खबर लिखे जाने (रात साढ़े 11 बजे) तक बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथदफ्तर में ही बैठे थे।
मौके पर बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी दीपक प्रकाश, क्षेत्रीय सह संगठन महामंत्री नागेन्द्रनाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सतीश चंद्र दूबे, राजभूषण चौधरी, सांसद डॉ संजय जायसवाल, विधान पार्षद संजय मयूख सहित 200 नेता मौजूद थे।
Mar 30 2025, 12:01