बिहार में मार्च महीने में गर्मी का टूटने लगा रिकॉर्ड, इन 17 जिलों में हॉट डे अलर्ट जारी
डेस्क : बिहार में मार्च महीने में ही गर्मी ने कहर बरपाना शुरु कर दिया है। मौसम के तल्ख मिजाज से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों के लिए हॉट डे का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 17 जिलों में इन दिनों अधिकतम तापमान 35°C से 40°C के बीच बना हुआ है। तेज पछुआ हवा के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार हाल के दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन गर्मी और तेज हवा ने कठिनाई बढ़ाई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक तेज हवाओं का प्रभाव बना रहेगा और मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग की मानें तो कैमूर, बक्सर, भोजपुर, गया, पटना समेत 17 जिलों में तापमान सामान्य से अधिक 38°C से 40°C तक रहने की संभावना है। हालांकि, आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1-2°C की गिरावट हो सकती है, लेकिन इसका विशेष प्रभाव महसूस नहीं होगा।
29 मार्च को सबसे अधिक तापमान 37.1°C बांका और राजगीर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 25.1°C पटना में दर्ज हुआ। अरवल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.9°C रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं का प्रभाव पूरे दिन बना रहा।
Mar 30 2025, 09:47