ईद को लेकर प्रशासन की पूरी तैयारी : राजधानी पटना में बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट तैनात, इन पर प्रशासन की कड़ी नजर
डेस्क : कल यानि सोमवार 31 मार्च को ईद पर्व मनाया जाएगा। इधर ईद को लेकर पटना जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। ईद को लेकर पटना जिले में 453 जगहों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। वहीं अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई होगी।
ईद को लेकर बीते शनिवार को डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी अवकाश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। डीएम ने कहा कि जिन इलाकों में पहले घटनाएं हुई हैं, वहां विशेष सर्तकता बरतनी चाहिए।
डीएम ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। 453 जगहों पर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। पटना सदर अनुमंडल में 64 स्थान, पटना सिटी अनुमंडल में 152 स्थान, दानापुर अनुमंडल में 80 स्थान, बाढ़ अनुमंडल में 60 स्थान, मसौढ़ी अनुमंडल में 40 स्थान तथा पालीगंज अनुमंडल में 57 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी अनुमंडलों में भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। गांधी मैदान स्थित नमाज स्थल पर 11 सुरक्षित मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
दोनो अधिकारियों ने बताया कि ईद पर यदि कोई अशांति फैला रहा है, तो आप इन नंबरों पर फोन कर सूचना दे सकते हैं। जिला प्रशासन की ओर से नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी किए गए हैं। नियंत्रण कक्ष 24 घंटे काम करेगा। दूरभाष संख्या 0612- 2219810 और 0612- 2219234 पर कॉल कर सकते हैं। आपात नंबर सेवा 112 एवं आवश्यकतानुसार जिला नियंत्रण कक्ष और पुलिस नियंत्रण कक्ष, पटना से भी दूरभाष संख्या-9470001389 पुलिस हेल्प लाईन पर सम्पर्क किया जा सकता है। जिला नियंत्रण कक्ष में तीन पालियों में 28 सुरक्षित दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
Mar 30 2025, 09:44