24 फरवरी से शुरू होंगे 10वीं व 12वीं के एग्जाम
विश्वनाथ प्रताप सिंह
प्रयागराज। UP बोर्ड यानी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 10वीं और 12वीं की परीक्षा की तैयारी शुरू हो चुकी है। 24 फरवरी से परीक्षा शुरू हो रही है। किसी भी इमरजेंसी जैसी स्थिति में प्रश्न पत्रों के अतिरिक्त सेट भी रखे जाएंगे। इसके लिए प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की ओर से निर्देश भी दिए जा चुके हैं। यह अतिरिक्त सेट सीधे जिला विद्यालय निरीक्षक को कार्यदायी संस्था द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अतिरिक्त सेट के प्रश्न पत्राें को रखने के लिए एक अतिरिक्त डबल लॉक वाली अलमारी की व्यवस्था की जाएगी।एग्जाम के दौरान स्ट्रांग रूम में डबल लॉक वाली अभी तक तीन आलमारियां होती थीं लेकिन अब चार होंगी। यह चौथी आलमारी आक्समिक स्थिति के प्रश्न पत्रों के लिए रखी जाएगी। अतिरिक्त सेट के प्रश्न पत्रों को जिस आलमारी में रखा जाएगा उसे खोलने के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव से अनुमति लेना होगा। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि परीक्षा संबंधित तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नकलविहीन परीक्षा कराने पर पूरा फोकस है। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे, CCTV के जरिए भी मानिटरिंग की जाएगी।
Feb 19 2025, 20:11