छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के खिलाफ एक और बड़ा ऑपरेशन बीजापुर में जारी, अभी तक 31 नक्सलियों को मार गिराया
डेस्क:–त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से ठीक पहले बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में पुलिस व नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई है। पुलिस सुरक्षा बल ने छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर 31 नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं दो जवान बलिदान और दो जवान घायल भी हुए हैं। घायल जवानों को निकालने के लिए जगदलपुर से एमआई-17 हेलीकॉप्टर रवाना किया गया है। बस्तर संभाग के आईजीपी सुंदर राज ने एनकाउंटर की पुष्टि की है। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ भी सकती है। फिलहाल मुठभेड़ अब भी जारी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि "गनतंत्र से गणतंत्र" बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अब तक 31 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों की मांद में घुसकर उसका खात्मा कर रहे हैं। जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है, उनकी बहादुरी को नमन करता हूँ।
मुठभेड़ में 2 जवान शहीद एवं 2 जवान के घायल होने की भी दुःखद खबर प्राप्त हुई है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने व घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
हमारी डबल इंजन की सरकार में प्रदेश में अब तक तेरह महीनों में 282 नक्सली मारे जा चुके हैं, 1033 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और 925 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में मार्च 2026 तक हमारा प्रदेश नक्सलवाद मुक्त होकर रहेगा। इस दिशा में सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने कहा, "जिला बीजापुर के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के अंतर्गत एक मुठभेड़ में 31 नक्सली मारे गए हैं। दो जवान घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है, दोनों खतरे से बाहर हैं। 2 जवान शहीद हो गए। सर्च ऑपरेशन जारी है।"
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर मुठभेड़ पर कहा कि "बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में कई कैंपों से 650 से ज्यादा जवानों ने ऑपरेशन लॉन्च किया, कई दिनों तक ऑपरेशन चला, जिसके बाद आज 31 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। उनके पास से AK-47, INSAS, BGL लॉन्चर और बड़े हथियार बरामद हुए हैं, इस घटना में हमारे 2 जवान शहीद हो गए और 2 जवान घायल हुए हैं जिन्हें एयरलिफ्ट किया गया है..."
बस्तर IG सुंदरराज पी ने बताया कि माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद फोर्स को मौके के लिए निकाला गया था। इसी बीच 9 फरवरी की सुबह नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। घंटों चली इस मुठभेड़ में अब तक 31 नक्सली मारे गए हैं। वहीं DIG कमलोचन कश्यप ने कहा कि, अभी जवानों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। बड़ा ऑपरेशन है। संख्या स्पष्ट नहीं बता सकते, लेकिन इतना है कि नक्सलियों को बड़ा नुकसान हुआ है। नक्सलियों की मौत की संख्या बढ़ने की संभावना है।
Feb 12 2025, 10:59