बिहार में फिर इस दिन से ठंड बढ़ने की संभावना, इन 12 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
डेस्क : राजधानी पटना समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में पिछले कुछ दिनों से निकल रही अच्छी धूप ने भीषण ठंड से बड़ी राहत दी है। राजधानी पटना में दिन में लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एकबार फिर मौसम में परिवर्तन की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 6 फरवरी से मौसम में कुछ परिवर्तन देखने को मिल सकता है। 1 और 3 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इनमें से 1 फरवरी का विक्षोभ अपेक्षाकृत कमजोर रहेगा, जबकि 3 फरवरी का विक्षोभ अधिक शक्तिशाली हो सकता है, जिससे राज्य के मौसम पर असर पड़ सकता है।
IMD के मुताबिक, 5 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त हो जाएगा। 3 फरवरी से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ अपेक्षाकृत शक्तिशाली रहेगा, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। इस बदलाव का असर बिहार में भी दिख सकता है। 6 फरवरी के बाद उत्तरी बिहार में ठंडी हवाओं के प्रवेश से तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि, कोल्ड डे जैसी स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन हल्की ठंड में वृद्धि हो सकती है।
हालांकि, पटना स्थित मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि तापमान में थोड़ी गिरावट के बावजूद कड़ाके की ठंड लौटने की संभावना बेहद कम है। राज्य में शीतलहर या शीत दिवस जैसी स्थिति बनने के आसार नहीं हैं। हालांकि, 1 और 2 फरवरी को पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है। बाकी जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखा जा सकता है। शुक्रवार को बिहार के औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बांका और पूसा में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज बिहार के 12 जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 26 जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान औरंगाबाद सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, जमुई में 6.9 डिग्री और बांका में 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।










Feb 01 2025, 09:24
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
10.2k