दुमका : सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा की बैठक, भाजपा को पूरे प्रदेश में जन-जन तक पहुंचाने का मिशन - बाबूलाल मरांडी
दुमका : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सदस्यता अभियान केवल संख्या बढ़ाने का कार्य नहीं है बल्कि यह पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने और भाजपा को पूरे प्रदेश में जन-जन तक पहुंचाने का मिशन है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री मरांडी बुधवार को भाजपा को संगठनात्मक रूप से मजबूत धार देने के लिए कुरूवा में दुमका सदर एवं गांदो मंडल की हुई संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष गणपति पाल और मणिलाल गृही ने संयुक्त रूप से की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सदस्यता अभियान की प्रगति की समीक्षा करना और इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रणनीति तय करना था।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के अलावा पूर्व सांसद सुनील सोरेन, जिलाध्यक्ष गौरवकांत, और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अंजुला मुर्मू, परितोष सोरेन मौजूद थे।
श्री मरांडी ने कहा कि हर कार्यकर्ता को यह समझना होगा कि संगठन का हर स्तर, विशेषकर बूथ स्तर, भाजपा की जड़ें मजबूत करने का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और उनका समर्पण ही पार्टी की सफलता का आधार है। आगामी कार्यक्रमों में हर कार्यकर्ता की भूमिका अहम होगी। हमें हर घर तक पहुंचना है और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों से लोगों को अवगत कराना है।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि भाजपा ने झारखंड के आदिवासी और पिछड़े वर्गों के विकास के लिए जो योजनाएं शुरू की हैं, उन्हें हर व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। सदस्यता अभियान के जरिए हमें समाज के हर वर्ग को भाजपा से जोड़ना होगा। यह अभियान झारखंड में भाजपा के विजन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अंजुला मुर्मू ने कहा कि झारखंड की महिलाएं अब भाजपा की नीतियों में अपना भविष्य देख रही हैं। हमें इस अभियान में महिलाओं को बड़ी संख्या में जोड़ना होगा।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमरेंद्र सिंह मुन्ना, निवास मंडल, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बिट्टू, मार्शल ऋषिराज टुडू, पिंटू साह, बबलू मंडल, जिला मंत्री सोनी हेंब्रम, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोज साह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू, युवा मोर्चा अध्यक्ष रूपेश मंडल, सोशल मीडिया सह प्रभारी दीप्तांशु कोचगवे, नीतू झा एवं मंडल के महामंत्री, सक्रिय कार्यकर्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)
Jan 08 2025, 20:34
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
7.2k