दुमका : सोशल मीडिया में मंगल मुर्मू के खिलाफ आवेश में आकर की टिप्पणी, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
दुमका : सोशल मीडिया पर आवेश में आकर एक युवक को आपत्तिजनक टिप्पणी करना बुधवार को महंगा पड़ गया। संताल हूल के महानायक सिदो कान्हू के वंशज मंगल मुर्मू पर आपत्तिजनक टिप्पणी करनेवाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मंगल मुर्मू झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बरहेट विधानसभा सीट से नामांकन के वक्त उनका प्रस्तावक बने थे लेकिन बीते दिनों मंगल मुर्मू बीजेपी में शामिल हो गए थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार युवक पर आरोप है कि उसने एक व्हाट्सएप ग्रुप में मंगल मुर्मू के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
आरोपी युवक सावन हांसदा ने व्हाट्सएप ग्रुप में मंगल मुर्मू से जुड़ी एक खबर की पेपर कटिंग पर अति उत्साहित होकर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा था कि मंगल का सिर जो भी काटेगा उनको 50 लाख रूपये देकर सम्मानित किया जाएगा.. सिदो कान्हू बैसी समिति की ओर से..'
मामला सामने आने के बाद दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार के निर्देश पर पुलिस ने सावन हांसदा को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि उक्त व्हाट्सएप ग्रुप में मंगल मुर्मू से जुड़ी एक खबर पर अतिउत्साहित होकर सावन हांसदा ने प्रतिक्रिया दी। चूंकि ऐसा करना नियम संगत नहीं था। मामले को संज्ञान में लेकर युवक को गिरफ्तार किया गया और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत सुसंगत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक पर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। कहा कि आरोपी युवक का कोई आपराधिक इतिहास अब तक सामने नहीं आया है और वो स्नातक है और मजदूरी का काम करता है।
इधर आरोपी युवक सावन हांसदा ने कहा कि उसकी ऐसी कोई गलत मंशा नहीं थी और आवेश में आकर उसने ऐसी बातें लिख दी लेकिन यह राजनीतिक मुद्दा बन गया।
(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)



















Nov 10 2024, 19:22
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
11.8k