क्या सरकार बनाएगा इंडिया गठबंधन, राहुल रायबरेली छोड़ेंगे या वायनाड? कांग्रेस नेता ने दिया जवाब
#rahul_gandhi_speech_after_lok_sabha_election_2024_result
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने लगे हैं। कई सीटों के परिणाम घोषित भी हो गए हैं। रूझानों से साफ हो गया है कि बीजेपी नीत एनडीए तीसरी बार सरकार बना रही है। हालांकि, इंडिया गठबंधन कड़ी टक्क्रर दे रही है। लोकसभा चुनाव के नतीजों से उत्साहित कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया।
राहुल गांधी ने कहा कि हम सिर्फ भाजपा के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ रहे थे, हम हिंदुस्तान की तमाम सस्थाओं के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे। मोदी और शाह ने इन सभी संस्थाओं को डराया धमकाया। हमारी लड़ाई संविधान को बचाने की थी। मेरे दिमाग में पहले से था, जब इन्होंने हमारा बैंक अकाउंट सीज किया। मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला। तभी मुझे लगने लगा था कि हिंदुस्तान की जनता इनके खिलाफ एक साथ खड़ी हो जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने अमेठी में कांग्रेस की जीत पर कहा 'भाजपा लोगों की इज्जत नहीं करती। तमीज से बात नहीं करती। किशोरी लाल शर्मा जी 40 साल से अमेठी में काम कर रहे थे। शायद भाजपा को यह बात समझ नहीं आई कि वह अमेठी की जमीन से जुड़े थे। उन्हें यह कहना कि वह पीए हैं, स्टेनो हैं। यह कहना गलत बात थी। यह नहीं कहना चाहिए था। यूपी की जनता से मैं कहना चाहता हूं कि आपसे ज्यादा राजनीतिक समझ। मतलब आपने कमाल कर के दिखा दिया। यूपी में हिंदुस्तान की राजनीतिक समझ का मैं धन्यवाद देना चाहता हूं। कसम से संविधान की रक्षा के लिए मैं यूपी का धन्यवाद देना चाहता हूं। एक और बात यूपी के लिए कहना चाहता हूं कि इसमें मेरी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा का भी योगदान है, जो यहां छिपी बैठी हैं।'
*कल इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक*
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, कल इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक है। जो गठबंधन के नेता तय करेंगे, वही आखिरी फैसला होगा। अपने साथियों और सहयोगियों से बात करने के बाद ही हम तय करेंगे कि सरकार बनाने के बारे में क्या करना है। कांग्रेस अकेली नहीं है। हमारे साथ कई अन्य दल हैं। उनके साथ बैठक करेंगे, क्योंकि सचमुच में आज हमारे पास इसका जवाब नहीं है।
*वायनाड और रायबरेली कौन सी सीट छोड़ेंगे राहुल गांधी?*
रायबरेली या वायनाड, कहां से रहेंगे, इस सवाल के जवाब पर राहुल गांधी ने कहा, सोचकर फैसला लेंगे। दोनों जगह की जनता ने बहुत प्यार दिया है।
राहुल गांधी ने कहा 'अंत में मैं आपको कह दूं कि इस संविधान को बचाने का काम भारत के सबसे गरीब लोगों ने किया है। किसानों ने किया है, मजदूरों ने किया है, दलितों ने किया है, आदिवासियों ने किया है। बहुत सारे लोग इसे बचाने में चुप रह गए थे। लेकिन गरीब लोगों ने इसे बचा लिया है। हम उनसे कहना चाहते हैं कि जो हमने आपसे वादे किए थे, वो हम पूरे करेंगे। जातिगत जनगणना, महालक्ष्मी योजना ये हमारे वादे थे। हम इन्हें पूरा करेंगे।'
तेदेपा और जदयू का साथ लेने के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा 'हमने पहले भी कहा है कि हम अपने साथियों के साथ बैठक करेंगे। कल वह बैठक होगी और इस पर जवाब दिया जाएगा। हम अपने साथियों की इज्जत करते हैं और इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।'
Jun 05 2024, 14:18
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
15.1k