कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ठिकानों से तीन सौ करोड़ से अधिक की राशि बरामद होने पर भाजपा हुई हमलावर
जमशेदपुर कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ठिकानों से तीन सौ करोड़ से अधिक की राशि बरामद होने पर भाजपा हुई हमलावर।
विधायक सीपी सिंह ने कहा- कांग्रेस नेता के यहाँ पैसा मिलना आश्चर्य की बात नही, कांग्रेस का मतलब करप्शन, अब ईडी करे मामले की विस्तृत जांच।
विधायक सीपी सिंह
जमशेदपुर। झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के विभिन्न ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी जारी है। जिसमें अबतक विभाग को 300 करोड़ से अधिक नकद मिला है। इतनी बड़ी मात्रा में नकद बरामद होने पर एक ओर जहां आम से लेकर खास लोग हैरान हैं। तो वहीं, भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी एवं इंडी अलायंस पर हमलावर है।
शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के द्वारा कांग्रेस पार्टी और इंडी अलायंस के भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर प्रेस-वार्ता आयोजित की गई। प्रेस-वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक सीपी सिंह ने कांग्रेस और इंडी अलायंस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं के यहां से पैसा मिलना कोई आश्चर्य की बात नही है। इतने अधिक मात्रा में नकद राशि बरामद किया जाना ही आश्चर्य की बात है।
आजाद भारत के इतिहास में यह पहली घटना है जब 300 करोड़ से अधिक की नकद राशि इनकम टैक्स के द्वारा बरामद की गई है। कहा कि विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह राशि झारखंड के लूट-खसोट का है जो नकली गांधी परिवार के लिए रखे गए थे, जिसे दिल्ली पहुंचाने की योजना थी। इसी बीच आयकर विभाग को भनक लगने पर यह कार्रवाई की गई और पैसे बरामद किए गए। संभावना यह भी है कि यह पैसा छत्तीसगढ़ में हंग असेंबली होने पर विधायकों के 'खरीद पॉलिटिक्स' और रिजॉर्ट पॉलिटिक्स' के लिए रखा गया था। सीपी सिंह ने कहा कि अब यह मामला प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का बनता है।
ईडी इस मामले में हस्तक्षेप कर इसकी विस्तृत जांच करें और एक-एक पैसे का हिसाब कर इसका खुलासा करें।
विधायक सीपी सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल के सभी दौर में लूट और भ्रष्टाचार के मामले उजागर हुए हैं। पंडित नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी तक के कार्यकाल में बड़े घोटाले और भ्रष्टाचार हुए। उन्होंने कहा कि आज सभी दल अपना और अपने परिवार के राजनीतिक भविष्य को बचाने के लिए एक साथ आ रहे हैं। कहा कि इस गठबंधन में शामिल दलों को देखे तो दरअसल ये इंडी गठबंधन नही है बल्कि भ्रष्टाचारियों का गठबंधन है।
सीपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट कहना है कि जनता से जो लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, यह मोदी जी की गारंटी है।
सांसद विद्युत वरण महतो
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में भ्रष्टाचार और लूट शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार भ्रष्टाचार मुक्त भारत के लिए संकल्पित है। पीएम नरेंद्र का संकल्प है "न खायेंगे, न खाने देंगे और जिन्होंने भी जनता का पैसा खाया उसको भी बाहर निकालेंगे।" सांसद विद्युत महतो ने कहा कि यह भी चर्चा है कि झारखंड के लूट का पैसा उड़ीसा क्षेत्र को सुरक्षित मानकर वहीं गाड़ियों में भरकर ले जाया जाता रहा है। यह भ्रष्टाचार कोई साधारण नहीं है जिसकी गहन जांच होनी चाहिए।
कहा कि भाजपा मांग करती है कि भ्रष्टाचार में आकंठ लिप्त सांसद धीरज साहू की गिरफ्तारी हो, उनकी कड़ाई से पूछताछ हो। पार्लियामेंट से सांसद को बर्खास्त कर प्रवर्तन निदेशालय इस मामले को अपने अधीन लें। सांसद विद्युत महतो ने कहा कि इंडी गठबंधन स्वार्थी दलों का गठबंधन मात्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और लालू प्रसाद यादव जैसे नेता व परिवार वाली अन्य पार्टी देश के विकास के बजाय राजनीति में अपने बच्चों के भविष्य को लेकर अधिक सक्रिय हैं।
उनका मकसद सिर्फ परिवारवाद और अपना राजनीतिक भविष्य है। इनके पास न तो नीति है, न नीयत और न ही नेता। विद्युत महतो ने पिछले दिनों मानगो क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए डबल मर्डर की घटना पर चिंता जताते हुए इसे हेमंत सरकार की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में अपराधी और माफिया पूरी तरह से बेखौफ और बेलगाम हैं। पूरे राज्य में लोग भयाक्रांत हैं।














Dec 09 2023, 21:43
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.2k