जल-जीवन-हरियाली अभियान की जिलाधिकारी ने समीक्षा की, दिए कई निर्देश
जहानाबाद : जल-जीवन-हरियाली अभियान की समीक्षा जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त परितोष कुमार के द्वारा बैठक आयोजित किया गया।
समीक्षा बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वर्तमान में जलवायु परिवर्तन के कारण सुखाड़, गर्मी और पेयजल संकट की स्थिति से निजात के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और जल संचयन की आवश्यकता है।
समीक्षा में पाया गया कि लघु सिंचाई और मनरेगा से अब तक 134 तालाब, 96 आहार और 430 पइनों का जीर्णोद्धार किया जा चुका है।
सार्वजनिक कुओं का जीर्णोद्धार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी किया गया। अब तक 429 कुओं का जीर्णोद्धार हो गया है। इसी प्रकार सभी चापाकलों के पास सोख्ता बनाया जाना था।
पाया गया कि अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में 841 चापाकलों के किनारे तथा शहरी क्षेत्रों में 25 चापाकलों के किनारे सोख्ता बनाए गए हैं।
सार्वजनिक कुओं के पास ग्रामीण क्षेत्रों में 255 जगहों पर तथा शहरी क्षेत्रों में 13 जगहों पर सोख्ता बनाए गए हैं।
जल संचयन के लिए कृषि विभाग, वन विभाग, लघु सिंचाई विभाग, पंचायती राज विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग को अधिक से अधिक जगहों पर चेक डैम बनाने का निर्देश दिया गया। अब तक 40 चेक डैम कृषि विभाग के द्वारा बनाए जा चुके हैं।
सार्वजनिक एवं निजी भूमि पर खेत-पोखरी, तालाब का अधिक से अधिक निर्माण करने का निर्देश कृषि, ग्रामीण विकास विभाग, लघु जल संसाधन विभाग को दिया गया।
इसकी समीक्षा में पाया गया कि मनरेगा से लगभग 300 निजी खेत पोखरी बनाए गए हैं। सरकारी भवनों में छत वर्षा जल संचयन की संरचना निर्माण का निर्देश स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, भवन निर्माण विभाग को दिया गया।
भवन निर्माण विभाग के द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा लक्ष्य के अनुरूप 238 वर्षा जल संचयन बनाया गया है। मनरेगा से 10 छत वर्षा जल संचयन का कार्य प्रगति पर है।
वृक्षारोपण की समीक्षा में पाया गया कि वर्ष 2019 से अब तक मनरेगा के द्वारा 467455 वृक्ष लगाए गए हैं जबकि वन विभाग के द्वारा 799345 लगाए गए हैं। इनमें से सूख गए पौधों को रिप्लेस करने का निर्देश दिया गया। कृषि विभाग को टपकन सिंचाई विधि से सिचाई के प्रचार प्रसार का निर्देश दिया गया।
ऊर्जा की बचत के लिए सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने का निर्देश ब्रेडा के अधिकारियों को दिया गया। इसके लिए सभी सरकारी भवनों पर सोलर प्लेट लगाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में 14 विभागों के अधिकारी उपस्थित हुए।
जहानाबाद से बरुण कुमार






Jul 27 2023, 19:11
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
30.0k