बीबीसी के दफ्तरों में इनकम टैक्स का सर्वे दूसरे दिन भी जारी, रातभर चलती रही तलाशी
#bbcofficeincometaxsurveywentovernightinbbc_offices
आयकर विभाग ने मंगलवार को बीबीसी के दिल्ली और मुंबई ऑफिस में सर्वे किया। आयकर विभाग की यह कार्रवाई मंगलवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई और फिलहाल अब तक जारी है। रातभर तलाशी अभियान जारी रहा।सर्वे के बुधवार यानी आज भी जारी रहने की उम्मीद है।
![]()
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीबीसी (ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन) से जुड़े ट्रांसफर प्राइसिंग में मुनाफे और अनियमितताओं के कथित डायवर्जन से जुड़े एक सर्वे के लिए टैक्स अधिकारियों ने कार्यालयों को सील कर दिया। सर्वे के दौरान सभी के फोन और लैपटॉप जब्त कर लिए गए।साथ ही अकाउंट डिपार्टमेंट में रखे कम्प्यूटर को भी स्कैन किया गया। इसके अलावा टीम कुछ लैपटॉप, मोबाइल और डेस्कटॉप का बैकअप ले रही है। सूत्रों का कहना है कि आयकर अधिकारी 2012 से अकाउंट डिटेल की जांच कर रहे हैं।
दूसरे दिन भी जारी है सर्वे
बता दें कि इनकम टैक्स की टीम मंगलवार सुबह 11.20 पर बीबीसी के दफ्तर पहुंची थी और सर्वे का काम करीब 12 बजे शुरू हुआ। बीबीसी के नई दिल्ली और मुंबई दफ़्तरों पर भारतीय आयकर विभाग की ओर से तलाशी ली जा रही है।इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी अभी भी बीबीसी के नई दिल्ली और मुंबई दफ़्तर में मौजूद हैं। बीबीसी के कई कर्मचारी इस बिल्डिंग से जा चुके हैं जिन्हें वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा गया है। लेकिन कुछ कर्मचारियों को यहां रहने के लिए कहा गया है।
सर्वे पर सियासत
इस सर्वे को लेकर बीजेपी और विपक्षी दलों के बीच तीखी राजनीतिक बहस शुरु हो गई। विपक्ष ने इस कदम की जहां निंदा की है, वहीं बीजेपी ने बीबीसी पर भारत के खिलाफ जहरीली रिपोर्टिंग करने का आरोप लगाया है।कांग्रेस ने इसे तानाशाही बताया है। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से कहा गया था कि "तानाशाह एक डरपोक आदमी होता है"। इसके अलावा कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने इस सर्वे की निंदा की है।आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर बीबीसी पर छापा मारकर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को खतरे में डालने का आरोप लगाया।आप नेता आतिशी ने कहा, "भाजपा सरकार उसके खिलाफ बोले या दिखाए गए हर शब्द को दबाना चाहती है। बीबीसी पर इनकम टैक्स का छापा भारत के लोकतंत्र पर हमला है। मीडिया सबसे महत्वपूर्ण है। आज केंद्र की भाजपा सरकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को तोड़ने का प्रयास कर रही है।
सर्वे को बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री से जोड़ रहा विपक्ष
बीबीसी की ओर से गुजरात दंगों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर एक डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ रिलीज करने के कुछ हफ्ते बाद आईटी सर्वेक्षण किया गया है। केंद्र सरकार ने इस डॉक्यूमेंट्री को प्रोपेगेंडा बताया था और इसे बैन भी कर दिया गया था। अब विपक्ष इस पूरे सर्वे को इसी डॉक्यूमेंट्री से जोड़ रहा है।











Feb 15 2023, 10:46
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.8k