/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif StreetBuzz जनगणना केवल आबादी की गिनती नहीं, बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार: मुख्यमंत्री योगी uttar pradesh
जनगणना केवल आबादी की गिनती नहीं, बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार: मुख्यमंत्री योगी

  • गोरखनाथ मंदिर में लैपटॉप के माध्यम से मुख्यमंत्री ने पूरी की जनगणना 2027 की स्वगणना प्रक्रिया, प्रदेशवासियों से की सक्रिय भागीदारी की अपील
  • 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना और दिसंबर में घर घर पहुंचेगी टीम, छह लाख कर्मचारी इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़े: मुख्यमंत्री
  • अभियान से जुड़कर कराएं मतदाता सूची का शुद्धिकरण, फॉर्म 6, 7 और 8 का करें उपयोग: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
  • विकसित भारत-विकसित यूपी के निर्माण के लिए जनगणना व मतदाता पुनरीक्षण में सहभागिता है हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य: मुख्यमंत्री

गोरखपुर, 19 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में लैपटॉप के माध्यम से ऑनलाइन पोर्टल पर जनगणना 2027 के तहत अपनी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की। स्वगणना का प्रपत्र सफलतापूर्वक सबमिट करने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट और जनसंबोधन के माध्यम से प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती नहीं, बल्कि हर नागरिक की आवश्यकताओं, आकांक्षाओं और बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार है। उन्होंने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करने के कारण ही उन्हें कार्यक्रम में पहुंचने में 15 मिनट का विलंब हुआ।

  • 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, अभियान में जुटे हैं छह लाख कर्मचारी 

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर के बीच स्वगणना पोर्टल पर प्रपत्र के अनुरूप अपना पूरा और विस्तृत ब्यौरा दर्ज करें। इसके उपरांत दिसंबर माह में जनगणना 2027 की टीमें घर घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पूरी ईमानदारी के साथ सही और सटीक जानकारी देनी चाहिए। इस महाअभियान में छह लाख कर्मचारी जुटे हुए हैं। जनगणना से प्राप्त युवा, महिला, व्यापारी, किसान और समाज के विभिन्न तबकों का सटीक डेटा उनके समग्र विकास की कार्ययोजना बनाने और नीतियों को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायक होगा।

  • विकसित भारत और विकसित यूपी के निर्माण का संकल्प 

मुख्यमंत्री ने स्वगणना को राष्ट्रीय कर्तव्य बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनगणना से मिले आंकड़े देश और प्रदेश के विकास को नई दिशा देते हैं और इनके आधार पर समाज के प्रत्येक वर्ग की जरूरतों को समझकर कल्याणकारी योजनाएं तैयार की जाती हैं।

  • मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 का करें उपयोग 

जनगणना के साथ ही मुख्यमंत्री ने 17 नवंबर से प्रारंभ हुए विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान को लेकर भी नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहले आम चुनाव से ही मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) की कार्रवाई होती रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची को ध्यान से देखें और नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6, नाम हटाने या काटने के लिए फॉर्म 7 तथा नाम ट्रांसफर कराने के लिए फॉर्म 8 का उपयोग कर अपने राष्ट्रीय कर्तव्य का निर्वहन करें।

विश्व धरोहर सप्ताह : उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

लखनऊ: 19 नवम्बर, 2026। विश्व धरोहर सप्ताह (19 से 25 नवम्बर, 2026) के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय, लखनऊ एवं इतिहास विभाग, बाबा साहब भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आज गौतम बुद्ध केंद्रीय ग्रन्थालय, बाबा साहब भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशक श्रीमती रेनू द्विवेदी ने कुलपति को प्रदर्शनी में प्रदर्शित छायाचित्रों के माध्यम से प्रदेश के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों तथा विभाग द्वारा किए जा रहे संरक्षण एवं अनुरक्षण कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर निदेशक श्रीमती रेनू द्विवेदी द्वारा कुलपति को पौधा एवं स्मारक का पोर्ट्रेट भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रदर्शनी में निदेशालय द्वारा विभिन्न संरक्षित स्मारकों पर कराए जा रहे बृहद अनुरक्षण एवं संरक्षण कार्यों के छायाचित्रों के साथ-साथ प्रदेश के महत्वपूर्ण संरक्षित स्मारकों एवं पुरातात्विक स्थलों को प्रदर्शित किया गया। इनमें फतेहपुर स्थित रसिक बिहारी लाल जी, वाराणसी का कर्दमेश्वर महादेव मंदिर, लखनऊ का गुलिस्ताने इरम, लखीमपुर खीरी का मेंढक मंदिर, बालाबेहट किला, रसखान की समाधि तथा उत्खनित पुरास्थलों में मलहर (चंदौली) एवं राजा नल का टीला (सोनभद्र) सहित अन्य महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों के छायाचित्र शामिल थे।

इस अवसर पर निदेशक श्रीमती रेनू द्विवेदी ने अपने संबोधन में बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय द्वारा प्रदेश के 27 जनपदों में कुल 41 शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत के प्रति जन-जागरूकता विकसित करना तथा विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व को जनमानस तक पहुंचाने तथा उनके संरक्षण के प्रति सामाजिक सहभागिता एवं संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां हमारी समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करते रहने तथा आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी एवं विद्यार्थियों में अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता और संरक्षण की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने पर बल दिया। प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर विश्वविद्यालय के लगभग 600 विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में इतिहास विभाग, बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष प्रो. विक्टर बाबू, प्रो. राजेश गौतम, प्रो. शूरदारा पुरी, प्रो. रवि कुमार, प्रो. आनंद सिंह, डॉ. रेनू पाण्डेय, डॉ. सुदर्शन चक्रधारी तथा उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय के उत्खनन एवं अन्वेषण से संबंधित श्री राम विनय, सहायक पुरातत्व अधिकारी श्री राहुल बरैया, श्री बलिहारी सेठ, श्री हिमांशु, श्री अभिषेक एवं श्री प्रमोद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि यह छायाचित्र प्रदर्शनी दिनांक 19 से 25 नवम्बर, 2026 तक गौतम बुद्ध केंद्रीय ग्रन्थालय, बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ में विश्वविद्यालय के निर्धारित समयानुसार आमजन, विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं अन्य इच्छुक व्यक्तियों के अवलोकनार्थ निःशुल्क खुली रहेगी।

'सपाइयों की उद्दंडता ने ली 13 वर्षीय मासूम की जान', अखिलेश की गोरखपुर रैली पर राजभर का बड़ा आरोप

- अखिलेश को माफियापरस्ती से फुरसत नहीं, मंदिर जाने से डर लगता है: ओम प्रकाश राजभर

- 'दाढ़ी-टोपी वालों के डर से तरकुलही माई के मंदिर नहीं गए अखिलेश', मंत्री ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर निशाना

- ‘गीता प्रेस से भगवद्गीता खरीद लेते तो सद्बुद्धि मिल जाती’, ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज

- ‘लोफरों की संगत छोड़िए, नहीं तो 2027 में सत्यानाश तय है’, राजभर ने अखिलेश को दी नसीहत

लखनऊ, 19 नवंबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर में रोड शो को लेकर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपाइयों की उद्दंडता के चलते 13 वर्षीय मासूम की जान चली गई। लेकिन उनके मुंह से संवेदना के एक शब्द तक नहीं फूटे। वो क्रांतिकारियों की जाति ढूंढने में व्यस्त रहे।

- ‘गीता प्रेस चले जाते, भगवद्गीता खरीद लेते तो सद्बुद्धि मिलती’

राजभर ने तंज कसा कि अखिलेश महायोगी गुरु गोरखनाथ के मंदिर नहीं गए। कम से कम गीता प्रेस जाकर भगवद्गीता ही खरीद लेते, शायद सद्बुद्धि मिल जाती। उन्होंने कहा कि अखिलेश मुस्लिम वोटबैंक की नाराजगी के डर से तरकुलही माई मंदिर में दर्शन करने नहीं गए।

- ‘कांग्रेस का झंडा भी लहरा देते’

राजभर ने अखिलेश को इंडी गठबंधन का हिस्सा होने की याद दिलाते हुए कहा कि रोड शो में कांग्रेस के बड़े नेता के झंडे-बैनर भी लगवा देते। उन्होंने अखिलेश को नसीहत दी कि लोफरों की संगत छोड़कर बड़े-बुजुर्गों से सीख लें। राजभर ने कहा कि 2027 में सपा का ‘सत्यानाश’ तय है।

सपा के रोड शो में मासूम की निर्मम हत्या, गुंडों को ढूंढकर देंगे ऐसी सजा कि कई पीढ़ियां रखेंगी याद: मुख्यमंत्री योगी

- कैंपियरगंज में 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का मुख्यमंत्री ने किया भूमि पूजन, दी 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 परियोजनाओं की सौगात

- मुख्यमंत्री बोले - माफिया और दंगाइयों की सगी है समाजवादी पार्टी, अराजकता फैलाने वालों को मिट्टी में मिलाने में नहीं लगेगी देर

- अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देने वालों में आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- कहा - आपदा प्रभावित अन्नदाता किसानों को मुआवजे के साथ जल्द मिलेगा अलग से विशेष पैकेज, एग्रोफॉरेस्ट्री के नियमों में होगा संशोधन

- हैदराबाद से आकर यूपी में मचल रहा एक मौलाना, चुनाव परिणाम के साथ ही तय हो जाएगा हैदराबाद का भाग्यलक्ष्मीपुरम बनना: मुख्यमंत्री

- सपा सरकार में दलित, निषाद, यादव और ब्राह्मण की जमीन कब्जाकर बनाई जाती थी कब्रिस्तान की बाउंड्री, आज मंदिरों और महापुरुषों के स्मारकों पर खर्च हो रहा पैसा: सीएम

गोरखपुर, 19 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे निर्मम हत्या करार दिया है। उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढ निकालें और उन्हें ऐसी कठोर सजा दिलाएं जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही ये गुंडे और माफिया डंडे के बल पर ही सीधे होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सड़कें आम जनमानस के सुगम आवागमन के लिए बनी हैं, न कि सपा और कांग्रेस के गुंडों की अराजकता के लिए। यदि किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने का दुस्साहस किया, तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में उत्तर प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमि पूजन तथा 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया और कल्पवृक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

- पीड़ित परिवार से मिलेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि झंगहा से गोरखपुर पढ़ने आए किशोर को सपा के रोड शो का शिकार बना दिया गया। माफिया पोषक मौन रहे और संवेदना का एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने संवेदना जताते हुए पीड़ित परिवार से मिलने की घोषणा की।

- विपक्ष को बताया मारीच

उन्होंने कहा कि भक्तों को राम अच्छे दिनों में याद आते हैं, लेकिन दुर्जनों को अंत समय में मारीच की तरह राम नाम याद आता है। उन्होंने चुनौती दी कि हिम्मत है तो अयोध्या से नामांकन करें, आमने सामने मुकाबला होगा। कायर पीछे से वार करते हैं।

- ओवैसी और इंडी गठबंधन पर निशाना

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, सपा, बसपा व एआईएमआईएम को एक ही थाली के चट्टे बट्टे बताते हुए कहा कि हैदराबाद से आया मौलाना मचल रहा है। चुनाव परिणाम के साथ ही हैदराबाद का भाग्यलक्ष्मीपुरम बनना तय हो जाएगा।

- अगले सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले सत्र से वैकल्पिक स्थान पर विश्वविद्यालय की कक्षाएं शुरू होंगी और समय सीमा में भवन बनेगा। यहां स्नातक, परास्नातक, पीएचडी व डिप्लोमा स्तर के सिल्वीकल्चर, एग्रोफॉरेस्ट्री व औद्यानिकी पाठ्यक्रम चलेंगे।

- किसानों को विशेष पैकेज, एग्रोफॉरेस्ट्री नियम होंगे सरल

मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को गोरखपुर में 500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है और जल्द अलग से विशेष पैकेज मिलेगा। एग्रोफॉरेस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए नियमों में संशोधन होगा।

- साढ़े नौ वर्ष में 280 करोड़ वृक्षारोपण

वैदिक सूत्र 'माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण दोहन से आपदाएं आती हैं। 12 जुलाई 2026 को एक दिन में 35 करोड़ व साढ़े नौ वर्ष में 280 करोड़ पौधे लगे, जिसका जिक्र प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' में किया।

- कब्रिस्तान नहीं, मंदिरों पर खर्च हो रहा बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में दलित, पिछड़े, निषाद, यादव, सैंथवार, वैश्य व ब्राह्मण की जमीन कब्जाकर कब्रिस्तान की बाउंड्री के लिए पैसा दिया जाता था। अब वही बजट 4,500 से अधिक मंदिरों के पुनरुद्धार पर खर्च हो रहा है।

- शिक्षा शोध का केंद्र बन रहा पूर्वांचल: पंकज चौधरी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पिछड़ेपन से निकलकर पूर्वांचल शिक्षा व शोध का केंद्र बन रहा है। सपा कांग्रेस ने राजनीतिक इस्तेमाल किया। आज अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई व 9.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां मिलीं।

- पिछली सरकारों में सिर्फ चहेतों का विकास: संजय निषाद

मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि पिछली सरकारें सिर्फ चहेतों का विकास करती थीं। मुख्यमंत्री ने 'जय जवान, जय किसान' का नारा साकार किया। स्वीकृत मत्स्य विश्वविद्यालय का जल्द गोरखपुर में उद्घाटन होगा।

- निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन बना यूपी: अरुण सक्सेना

वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि योगी सरकार में अपराध घटे हैं व यूपी निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन और हरित प्रदेश बन रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय का नाम ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ के नाम पर रखने का आग्रह किया।

- सपा राज में अपराध व इंसेफेलाइटिस का बोलबाला: रवि किशन

सांसद रवि किशन शुक्ल ने कहा कि अखिलेश यादव की रैली में भाजपा कार्यकर्ता के 12 वर्षीय पुत्र को कुचल दिया गया। सपा सरकार में अपराध व इंसेफेलाइटिस का बोलबाला था, जबकि आज जमीनों पर कब्जे का डर खत्म हुआ है।

- योगी सरकार में गुंडों पर लगाम: फतेह बहादुर सिंह

विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयास से विश्वविद्यालय का शिलान्यास संभव हुआ। उन्होंने इसके छात्रों के लिए अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड में निश्चित कोटा मांगा। 

- कार्यक्रम में रहे मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मंत्री संजय निषाद, डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्य मंत्री केपी मलिक, सांसद रवि किशन शुक्ला, विधायक फतेह बहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ला, सरवन निषाद, ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कनौजिया, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह व ध्रुव कुमार त्रिपाठी, रमाकांत निषाद, चारू चौधरी, विनोद राय व जनार्दन तिवारी सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।

'चौरी-चौरा के शहीदों को जातियों में बांटकर अखिलेश ने उनके बलिदान का अपमान किया', कैबिनेट मंत्री राकेश सचान का तीखा हमला

- जाति से आगे कुछ सोच ही नहीं पाते अखिलेश यादवः राकेश सचान

- 'शहीदों के बलिदान पर भी सियासत कर रहे अखिलेश, जनता सिखाएगी सबक', राकेश सचान का बड़ा हमला

- 'योगी के संतुलित विकास ने विपक्ष को असंतुलित कर दिया', मंत्री दानिश आजाद का अखिलेश पर तंज

- गोरखपुर का विकास देखकर हिल गए होंगे अखिलेश यादव: दानिश आजाद अंसारी

लखनऊ, 18 नवंबर। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे पर यूपी सरकार के मंत्रियों ने तीखा हमला बोला है। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि अखिलेश यादव ने चौरी-चौरा और काकोरी के शहीदों को जातियों में बांटकर उनका अपमान किया है। वहीं, मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि आज जब अखिलेश यादव गोरखपुर पहुंचे होंगे तो उन्हें समझ आया होगा कि यूपी में पिछले 10 सालों में कितना विकास हुआ है।

- 'अखिलेश ने किया शहीदों का अपमान'

राकेश सचान ने कहा कि चौरी-चौरा, काकोरी और 1857 की लड़ाई देश की आजादी के लिए लड़ी गई थी। ऐसे क्रांतिकारियों को जातियों में नहीं बांटना चाहिए। लेकिन अखिलेश यादव को शहीदों के बलिदान में भी सियासत नजर आती है। सपा के लोग जातियों से आगे कुछ सोच ही नहीं पाते। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का काम केवल नफरत फैलाना और झूठ बोलना है। वो जब सत्ता में थे तब उन्होंने केवल अपनी जेब भरी और माफियाओं को बढ़ाने का काम किया। लेकिन योगी सरकार के नेतृत्व में पूरे प्रदेश का विकास हो रहा है। यूपी का यही लगातार आगे बढ़ना अखिलेश की आंखों में गड़ रहा है।

- योगी के संतुलित विकास ने विपक्ष को असंतुलन में डाला

दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि यूपी की जनता अखिलेश यादव की मंशा को अच्छे से समझ चुकी है। सबको पता है कि अखिलेश यादव केवल अपने परिवार और पैसे वालों की चिंता करते हैं। राज्यसभा चुनाव ने उनके पीडीए के नारे की पोल खोल दी है। 

उन्होंने कहा कि योगी सरकार में पश्चिम से लेकर पूरब तक संतुलित विकास हुआ है। इसी संतुलित विकास ने विपक्ष को असंतुलन में डाल दिया है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता इससे हैरान और परेशान हैं, क्योंकि जनता विकास के आधार पर सरकार पर विश्वास जता रही है और समाजवादी पार्टी को नकार चुकी है।

सपा को राम और कृष्ण से मतलब नहीं, सनातनी होने का ढोंग करते हैं अखिलेश : उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

'सपा शासन में था माफियाराज, अब डर से थर-थर कांपते हैं अपराधी', ब्रजेश पाठक ने अखिलेश पर साधा निशाना

- '2022 की तरह 2027 में भी मुंह के बल गिरेंगे अखिलेश', मंत्री एके शर्मा का सपा प्रमुख पर तीखा हमला

- स्वतंत्रता सेनानियों की जाति ढूंढने वाले अखिलेश को चुनाव में सबक सिखाएगी यूपी की जनताः मंत्री एके शर्मा

लखनऊ, 18 नवंबर। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव भगवा पहनकर और तिलक लगाकर सनातनी बनने का ढोंग करते हैं। लेकिन उनकी असलियत यूपी की जनता अच्छे से जानती है। वहीं, एके शर्मा ने कहा कि 2022 की तरह 2027 में भी जनता सपा को सबक सिखाएगी। इस बार अखिलेश यादव का सारा भ्रम टूट जाएगा।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव न तो राम-कृष्ण को मानते हैं और न ही सनातन परंपराओं का सम्मान करते हैं। उनका काम केवल झूठ बोलना और हिंदू धर्म को नीचा दिखाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों को सबक सिखाने का काम योगी सरकार ने किया है। आज प्रदेश में माफियाराज नहीं, बल्कि कानून का राज स्थापित है। 

- '2022 की तरह 2027 में भी हारेंगे अखिलेश'

एके शर्मा ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव की तरह ही इस बार भी यूपी की जनता अखिलेश यादव का सारा नशा उतार देगी। सपा के पीडीए पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश की राजनीति में पी का मतलब परिवार, डी का संबंध दरबारियों और ए का वास्ता अपराधियों से है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की जाति ढूंढने वाले अखिलेश को मालूम होना चाहिए कि आजादी की लड़ाई में हर जाति, धर्म और समाज के लोगों ने योगदान दिया था। सभी शहीदों का सम्मान होना चाहिए।

'शहीदों को जातियों में बांटना बंद करें अखिलेश', सपा प्रमुख पर बरसे राज्यसभा सांसद बृजलाल

- अखिलेश के राज में सिर्फ सैफई चमकता था, अंधेरे में रहता था पूरा उत्तर प्रदेश: बृजलाल

- अखिलेश का इतिहास समाज को जातियों के खांचे में बांटने का रहा है: मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह

- सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी के हर जिले का हो रहा है समग्र विकास: दिनेश प्रताप सिंह

- 'जो गोरखपुर कभी जरायम का केंद्र था, आज वह माफिया और अपराध मुक्त', अंकुश त्रिपाठी का सपा प्रमुख पर पलटवार

- यूपी की जनता अखिलेश यादव को माफी मांगने पर भी माफ नहीं करेगी: अंकुश त्रिपाठी

लखनऊ, 18 नवंबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भाजपा नेताओं ने तीखा निशाना साधा है। राज्यसभा सांसद बृजलाल ने कहा कि सपा सरकार के दौरान सैफई में नाच-गाने का आयोजन होता था। बिजली भी सिर्फ सैफई व रामपुर को मिलती थी, जबकि पूरा उत्तर प्रदेश अंधेरे में रहता था। वहीं, मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पिछले चार दशकों से अपने गढ़ कन्नौज में ढंग की सड़कें तक न बनवा पाने वाले अखिलेश यादव की आंखें गोरखपुर का विकास देखकर चकाचौंध हो गई हैं। प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव घोर जातिवादी और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले नेता हैं।

- अखिलेश राज में हुआ केवल सैफई का विकास

सांसद बृजलाल ने कहा कि अखिलेश के राज में सिर्फ सैफई का विकास होता था। मुजफ्फरनगर में दंगे होते थे। लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास हो रहा है। हर गरीब को राशन, मकान और सुरक्षा मिल रही है। आज उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। बृजलाल ने कहा कि चौरी-चौरा आंदोलन में जान गंवाने वाले बलिदानी थे। अखिलेश यादव को देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जातियों और वर्गों में बांटना बंद कर देना चाहिए। 

- ‘समाज को जातियों के खांचे में बांटते हैं अखिलेश यादव’

दिनेश प्रताप ने कहा कि जो व्यक्ति भगवान को जातियों में बांटने का काम करता है, उससे क्रांतिकारियों को निष्पक्ष रूप से देखने की उम्मीद लगाना बेकार है। अखिलेश यादव का इतिहास हमेशा से समाज को जातियों के खांचे में बांटने का रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है। 2027 के चुनाव में अखिलेश को करारा जवाब मिलेगा। 

- 'योगी सरकार में समान रूप से हो रहा विकास'

दिनेश ने कहा कि अखिलेश यादव अपनी कुर्सी जाने के डर से नोएडा और बिजनौर का दौरा तक नहीं करते थे। ऐसी सोच रखने वाला इंसान भला उत्तर प्रदेश का क्या ही विकास करेगा। उन्होने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश के हर जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समान रूप से विकास हो रहा है। गोरखपुर, गाजियाबाद और अन्य जिलों में जनता डबल इंजन सरकार की विकास नीतियों से पूरी तरह संतुष्ट है।

- ‘अखिलेश के राज में अपराध का केंद्र माना जाता था गोरखपुर’

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव के राज में 'जरायम' (अपराध) का केंद्र माना जाने वाला गोरखपुर आज मुख्यमंत्री योगी के राज में माफिया मुक्त, अपराध मुक्त और विकास से युक्त है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख दर-दर जाकर माफी भी मांग लें, फिर भी उनके शासनकाल के गुनाह और पाप कम होने वाले नहीं हैं। उत्तर प्रदेश की जनता उनके कारनामों को भूली नहीं है। यूपी की जनता अखिलेश यादव को माफी मांगने पर भी माफ नहीं करेगी।

पशुपालन योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर, समिति के सुझावों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश
- पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में स्थायी समिति की बैठक, गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं से लेकर पशुपालकों को आसान ऋण दिलाने तक 16 मुद्दों पर हुई चर्चा

लखनऊ, 18 नवंबर। उत्तर प्रदेश में पशुपालन और दुग्ध विकास क्षेत्र को मजबूत बनाने के साथ पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए विभागीय योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा। ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों और पशुपालकों को इनका लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पशुपालन से जुड़ी योजनाओं और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए स्थायी समिति के सदस्यों की ओर से दिए गए सुझावों पर भी तेजी से अमल किया जाएगा।
यह निर्देश पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बुधवार को सचिवालय के मुख्य भवन स्थित कक्ष संख्या-80 में पशुपालन विभाग की स्थायी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में विभागीय व्यवस्थाओं को मजबूत करने, पशुपालकों के हितों की रक्षा और पशुपालन क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने से जुड़े कुल 16 एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में समिति के सदस्यों ने गो आश्रय स्थलों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, ग्रामीण एवं दूरदराज के इलाकों में विभागीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और लघु पशुपालन योजनाओं के दायरे में अधिक से अधिक किसानों एवं पशुपालकों को लाने के सुझाव दिए। इसके साथ ही पशुपालकों को योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण वितरण की प्रक्रिया सरल बनाने पर भी जोर दिया गया।
- गोवंश संरक्षण से लेकर पशु बीमा योजना तक पर चर्चा
बैठक में गोवंश संरक्षण कार्यक्रम, भारत सरकार की नई गाइडलाइन के अनुरूप पशु चिकित्सालयों के निर्माण और मानव संसाधन की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा बैकयार्ड पोल्ट्री, बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत समृद्धिकरण ब्रायलर पालन, जनपद एवं प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना और सांख्यिकीय पदों के पुनर्गठन से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। पशुओं के लिए वैकल्पिक हरे चारे और चारागाहों के विकास, एफएमडी टीकाकरण के मानदेय में वृद्धि, मल्टी टास्किंग वर्कर के चयन और यंग वेटेरिनरी प्रोफेशनल की नियुक्ति के विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे। विभाग की ओर से किए जा रहे नवाचारों के तहत स्टेट लाइवस्टॉक मिशन, ड्रग इन्वेंट्री मैनेजमेंट, क्लस्टर बेस्ड अप्रोच के अंतर्गत मोबाइल वेटेरिनरी यूनिट (एमवीयू), यूनिफाइड पोर्टल और मुख्यमंत्री पशुधन बीमा योजना की प्रगति की जानकारी भी समिति के सदस्यों को दी गई। भ्रूण प्रत्यारोपण कार्यक्रम पर भी विचार साझा किए गए।
- सुझावों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बैठक में सदस्यों का आभार जताते हुए पशुपालन विभाग के निदेशक को उनके सुझावों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुपालन एवं दुग्ध विकास क्षेत्र को सशक्त बनाने, पशुपालकों की आय में वृद्धि करने और पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विभागीय योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। समिति के सामने उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित विभागीय योजनाओं में गुणवत्ता और शुचिता बनाए रखने के साथ पशुपालकों के आर्थिक उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करने को कहा।
बैठक में अपर मुख्य सचिव पशुधन मुकेश कुमार मेश्राम, विशेष सचिव विवेक श्रीवास्तव, निदेशक प्रशासन एवं विकास डॉ. राजेंद्र प्रसाद, निदेशक रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र डॉ. संगीता सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अपर मुख्य सचिव ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग की विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और अभिनव प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रयागराज रोजगार महोत्सव में 2,419 युवाओं को मिली नौकरी, केशव मौर्य ने बांटे नियुक्ति-पत्र
- उप मुख्यमंत्री बोले- हुनर और मेहनत के दम पर भविष्य संवार रहे युवा ही नए उत्तर प्रदेश की असली ताकत
- 100 से अधिक कंपनियों ने 35 हजार रिक्तियों के साथ लिया हिस्सा, दो दिन में 16,790 युवाओं ने कराया पंजीकरण और चयन प्रक्रिया में हुए शामिल

लखनऊ/ प्रयागराज, 18 नवंबर। उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की मुहिम के तहत प्रयागराज में आयोजित दो दिवसीय वृहद रोजगार महोत्सव में 2,419 युवाओं को नौकरी के लिए चयनित किया गया। 100 से अधिक कंपनियों ने करीब 35 हजार रिक्तियों के सापेक्ष युवाओं की चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। बुधवार को महोत्सव के समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने हुनर और परिश्रम से भविष्य संवार रहे युवा ही समृद्धि की ओर बढ़ते उत्तर प्रदेश की असली ताकत हैं। युवाओं की प्रतिभा, कौशल और ऊर्जा प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी पूंजी है। डबल इंजन सरकार युवाओं को कौशल, अवसर और रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज और शम्भूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, झलवा के संयुक्त तत्वावधान में 17 और 18 नवंबर को रोजगार महोत्सव आयोजित किया गया। समापन समारोह में केशव मौर्य ने चयनित युवाओं को नियुक्ति-पत्र सौंपे और सभी अभ्यर्थियों से अपने नियुक्ति स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने की अपील की।
- नियुक्ति-पत्र युवाओं के जीवन की नई शुरुआत
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति-पत्र युवाओं के जीवन के दूसरे चरण का पहला कदम है। यह केवल नौकरी मिलने का अवसर नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नई जिम्मेदारियों की शुरुआत भी है। युवाओं की यह उपलब्धि विकसित प्रयागराज, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देगी। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा, मेहनत और कार्यकुशलता के बल पर आगे बढ़ने तथा परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। - दो दिन में 2,419 युवाओं का हुआ चयन
शम्भूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट परिसर में आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दोनों दिनों में कुल 16,790 अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। इनमें 17 नवंबर को 54 कंपनियों ने 1,147 युवाओं का चयन किया, जबकि 18 नवंबर को 64 कंपनियों ने 1,272 अभ्यर्थियों को नौकरी के लिए चुना। इस तरह दो दिनों में कुल 2,419 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ। रोजगार महोत्सव की रूपरेखा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज के सहायक निदेशक राजीव कुमार यादव ने तैयार की थी। कार्यक्रम में शम्भूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के सचिव अभिषेक तिवारी ने युवाओं को प्रेरित किया। संस्थान के संस्थापक कौशल कुमार तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. आर.के. सिंह ने अतिथियों और नियोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, संस्थान के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, नियोजक और बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक युवा मौजूद रहे।
एक्यूप्रेशर पद्धति के विस्तार से उपचार के साथ रोजगार के भी बढ़ेंगे अवसर : केशव प्रसाद मौर्य
- एक्यूप्रेशर पद्धति को मान्यता दिलाने और चिकित्सा शिक्षा से जोड़ने के लिए सरकार करेगी सहयोग
- मानव कल्याण की इस उपयोगी विधा को संस्थागत स्वरूप देने की आवश्यकता

लखनऊ: 18 नवम्बर 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति मानव कल्याण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी एक उपयोगी विधा है। इसे उचित मान्यता दिलाने तथा चिकित्सा शिक्षा से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। इस क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं को प्रोत्साहित कर इसे संस्थागत स्वरूप प्रदान करने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके और इस क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन एवं रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज में एम.पी. खेमका कॉलेज के 28वें राष्ट्रीय एवं चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन तथा सुपर एडवांस प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग उपचार का लाभ ले रहे हैं। इस विधा को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने और इसकी संभावनाओं का विस्तार करने की आवश्यकता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति को सरकार के स्तर पर उचित स्थान और मान्यता मिलने से इस क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ेगा। डिप्लोमा एवं डिग्री पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षित विशेषज्ञ तैयार किए जा सकेंगे। इसके लिए संस्था के पदाधिकारी आवश्यक दस्तावेज एवं औपचारिकताएं पूरी करें। सरकार की ओर से इस दिशा में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विषय किसी व्यक्तिगत स्वार्थ से नहीं, बल्कि मानव कल्याण की भावना से जुड़ा हुआ है।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इसी प्रकार एक्यूप्रेशर पद्धति को भी व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास होने चाहिए। भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और जनकल्याणकारी विधाओं को विश्व स्तर पर पहुंचाने की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ऐसी उपयोगी चिकित्सा विधाओं के विकास और प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। एक्यूप्रेशर के क्षेत्र का विस्तार होने से उपचार की सुविधाओं के साथ हजारों लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित हो सकते हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कार्य करने वाले लोगों सहित चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों, मीडिया कर्मियों और अन्य व्यस्त लोगों के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बहुत जरूरी है। हमें केवल स्वस्थ रहने की बात नहीं करनी चाहिए, बल्कि अपने जीवन में भी उसका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने संस्था से जुड़े सभी लोगों से समर्पण और सेवा भाव के साथ इस विधा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
श्री मौर्य ने प्रयागराज में संचालित इस संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां स्थापित केंद्र को और व्यापक स्वरूप देने की दिशा में सभी लोग मिलकर योजना बनाएं। प्रयागराज की धरती से इस विधा के विस्तार का ऐसा मार्ग प्रशस्त होना चाहिए, जिसका लाभ देश और दुनिया के लोगों को मिल सके। भारत की वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना के अनुरूप मानवता की सेवा के इस कार्य को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
उन्होंने सम्मेलन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से किया गया कार्य निश्चित रूप से समाज के लिए उपयोगी सिद्ध होता है। सरकार प्रत्येक अच्छे और जनकल्याणकारी कार्य में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजेश कुमार जी, एक्यूप्रेशर शोध, प्रशिक्षण एवं उपचार संस्थान के अध्यक्ष प्रो. जे.पी. अग्रवाल, राष्ट्रीय समन्वयक एस.के. गोयल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान, विधायक दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, ए.के. द्विवेदी, सुशील खरबंदा, सूर्य प्रकाश केसरवानी, मनमोहन फूल, डॉ. प्रकाश खेतान, विक्रम भदौरिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं देश-विदेश से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।