सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर का आया नाम
#bollywoodactorsaifalikhanreceivesthreat
बॉलीवुड कलाकारों को धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिलने की खबर सामने आई है। इस धमकी मामले में कथित तौर पर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वॉन्टेड आरोपी जीशान अख्तर के नाम से दी गई है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस जांच में जुट गई है।
![]()
मामले की जांच कर रही पुलिस
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सैफ अली खान के फोन पर एक वॉयस मैसेज आया था। इसमें कहा गया कि उनका भी वही हाल होगा, जो बाबा सिद्दीकी का हुआ था। पुलिस अब इस मैसेज की जांच कर रही है। अधिकारी ने बताया कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं कोई दूसरा व्यक्ति जीशान अख्तर बनकर फिल्मी सितारों और पुलिस को परेशान तो नहीं कर रहा है।
![]()
जीशान अख्तर के नाम पर बॉलीवुड को धमकी
सैफ अली खान को मिली कथित धमकी के मामले में पुलिस अब धमकी के स्रोत, उसमें इस्तेमाल किए गए नाम और इसकी वास्तविकता की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस धमकी के पीछे कोई संगठित गिरोह है या किसी ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर डर फैलाने की कोशिश की है।
इन सितारों को भी मिल चुकी है धमकी
इससे पहले भी बॉलीवुड के कई कलाकारों को धमकी भरे मैसेज और ऑडियो क्लिप मिल चुके हैं। हाल ही में अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने के मामले ने भी काफी चर्चा बटोरी थी। इन मामलों की जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने बंगलूरू से 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा करते हुए कलाकारों को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की थी। हालांकि, शुरुआती जांच में उसके किसी गैंग से जुड़े होने के सबूत नहीं मिले थे।
2025 में सैफ पर घर में हुआ था हमला
यह धमकी सैफ पर 16 जनवरी, 2025 को उनके बांद्रा स्थित आवास पर हुए हमले के लगभग दो साल बाद आई है। यह घटना रात करीब 2 बजे हुई, जब घुसपैठिया कथित तौर पर एक्टर के घर में घुस गया और उस कमरे तक पहुंच गया जहां सैफ और करीना कपूर का छोटा बेटा, जेह सो रहा था। बताया जाता है कि अपने बेटे को बचाने के लिए सैफ ने घुसपैठिए का सामना किया, लेकिन इस दौरान हुई हाथापाई में उन्हें कई बार चाकू मारा गया, जिससे उनकी गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी छह घंटे तक सर्जरी चली। पांच दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई।







1 hour and 15 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.8k