छत्तीसगढ़: प्रेमी से बात करते-करते 12वीं की छात्रा ने दी जान
![]()
जांजगीर-चांपा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 12वीं की एक छात्रा ने वीडियो कॉल पर अपने प्रेमी से बात करते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक, लक्षनपुर गांव की 18 वर्षीय रजनी प्रधान के माता-पिता मजदूरी करने घर से बाहर गए थे। उस समय वह घर में अकेली थी। दोपहर में जब माता-पिता लौटे तो उन्होंने बेटी को कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी गई।
घटना की खबर मिलते ही जांजगीर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा वीडियो कॉल पर अपने प्रेमी से बात कर रही थी। प्रेमी ने खुद सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि छात्रा ने दोपहर 2 से 3 बजे के बीच यह कदम उठाया।
पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने आखिरी समय में किससे बात की और किन कारणों से यह कदम उठाया।
ग्रामीणों के अनुसार, छात्रा पढ़ाई में ठीक थी और मिलनसार स्वभाव की थी। वह किसी तनाव में भी नहीं दिखती थी। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।





Feb 20 2026, 13:53
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k