एयर इंडिया प्लेन क्रैश में किसी के बचने की संभावना नहीं, पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी सवार थे
#ahmedabadairindiaplanecrash
![]()
अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर टेक-ऑफ के बाद क्रैश हो गया। लंदन जा रही इस फ्लाइट में 242 लोग मौजूद थे। इनमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी थे। इस हादसे में 200 से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। उड़ाने भरने के कुछ ही देर बाद प्लेन क्रैश हो गया था।
पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख
घटना पर प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हादसे के बारे में जानकर स्तब्ध और दुखी हूं। पीएम मोदी ने कहा, अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने भी जारी किया बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, अहमदाबाद में जो हुआ है, वह बहुत दुखद दुर्घटना है। हमने बहुत से लोगों को खो दिया है। हम उन सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। इसमें कई विदेशी भी शामिल हैं। आपको संबंधित विभागों नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयर इंडिया और अन्य से अपडेट प्राप्त होंगे। यही नवीनतम जानकारी है जो मैं साझा कर सकता हूं। यह एक बदलती स्थिति है। बचाव अभियान जारी है। सटीक विवरण सामने आने के लिए हमें थोड़ा और इंतजार करना होगा।
प्लेन में विजय रूपाणी भी सवार थे
प्लेन में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी के अलावा कई बिजनेस टायकून भी सवार थे। इनमें कार्गो मोटर के प्रमुख नंदा और ल्यूबी के डायरेक्टर सुभाष अमीन भी शामिल थे।
Jun 12 2025, 20:39