"विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025": खेतों तक पहुंची सरकार, 8 लाख किसानों से सीधा संवाद
![]()
- उत्तर प्रदेश में किसानों के लिए शुरू हुआ सबसे बड़ा कृषि जनजागरूकता अभियान, 29 मई से 12 जून तक 10 हजार से अधिक गांवों में होंगे कार्यक्रम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए "विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025" को मिशन मोड में चला रही है। शुक्रवार को मीडिया सेन्टर, लोक भवन में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह अभियान 29 मई से 12 जून तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं किया था।
यह विशेष अभियान भारत सरकार की पहल पर शुरू किया गया है, जिसमें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि विज्ञान केंद्र, राज्य के कृषि विश्वविद्यालय और संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी है। इसका उद्देश्य किसानों को खरीफ फसलों के लिए नई तकनीक, उन्नत बीज, और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है।
अब तक 4,959 कार्यक्रमों के माध्यम से 8,39,617 किसानों तक सीधा संवाद हो चुका है, जिसमें 1.9 लाख महिलाएं भी शामिल रहीं। कुल 10,125 गांवों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया गया है।
अभियान के दौरान कृषि मंत्री ने लखनऊ, बहराइच, देवरिया, मेरठ, हापुड़ और कानपुर नगर में जमीनी कार्यक्रमों में भाग लेकर किसानों से सीधी बातचीत की और वृक्षारोपण भी किया। वहीं 01 जून को मेरठ के दबथुआ गांव में हुए प्रमुख कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री भी शामिल हुए।
सरकार ने इस अभियान के लिए ₹410 करोड़ से अधिक का बजट स्वीकृत किया है, जिसमें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, कृषोन्नति योजना और फूड एवं न्यूट्रिशन सिक्योरिटी योजना शामिल हैं। साथ ही 4.58 लाख निःशुल्क बीज मिनीकिट्स वितरण की योजना भी बनाई गई है, जिससे खरीफ बुवाई को समय पर सुनिश्चित किया जा सके।
मंत्री शाही ने सभी सांसदों, विधायकों और पंचायत प्रतिनिधियों को अर्धशासकीय पत्र भेजकर सहयोग का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि –"एक देश, एक कृषि, एक टीम" के विज़न को साकार करने के लिए यह अभियान प्रदेश में खेती के भविष्य की दिशा तय कर रहा है।
अभियान के अंतिम चरण में मीडिया से भी सक्रिय सहभागिता की अपील की गई है, ताकि गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा सके।
Jun 06 2025, 14:03