मुख्यमंत्री ने भूमिगत नाले के साथ सड़क निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, दिए यह सख्त निर्देश
डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते बुधवार को राजधानी पटना में चल रहे भूमिगत नाले के साथ सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शीतला मंदिर फ्लाईओवर के पास के नाला, ड्रेनेज पंपिंग प्लांट पहाड़ी तथा सैदपुर नाला का स्थल निरीक्षण किया। सीएम ने सैदपुर नाले पर तेजी से फोरलेन सड़क बनाने को कहा। साथ ही अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश भी दिया।
![]()
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पहले भी इसे आकर कई बार देखा है। यह योजना काफी अच्छी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सैदपुर नाले का बेहतर ढंग से जीर्णोद्धार कर इसके ऊपर फोर लेन सड़क बनाने का कार्य तेजी से करें। इसके निर्माण से सैदपुर, राजेन्द्र नगर, मुसल्लहपुर हाट, गायघाट और पहाड़ी क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या समाप्त होगी। साथ ही न्यू पटना बाइपास से जुड़ने को वैकल्पिक मार्ग की सुविधा मिलेगी। फोर लेन बन जाने से शहरवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ-साथ शहर भी खुबसूरत दिखेगा।
निरीक्षण के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह एवं नगर आयुक्त अनिमेष परासर ने मुख्यमंत्री को इस योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना के जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह उपस्थित थे।
May 22 2025, 13:01