मौसम का हाल : राजधानी पटना में हुई बारिश से मौसम हुआ सुहावना, आज इन 8 जिलों में आंधी के साथ वज्रपात का अलर्ट
डेस्क : बीते चार-पांच दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी के बीचे बीते सोमवार की देर शाम राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। राजधानी में देर रात आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। रात दस बजे के आसपास पहले बूंदाबांदी शुरू हुई उसके बाद तेज बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं बीच-बीच में मेघगर्जन भी हो रहा था। बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार पटना में एक-दो स्थानों पर आज मंगलवार को बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात भी हो सकता है। सोमवार को राजधानी के न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ। जबकि सूरज के तल्ख तेवर के कारण अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी में हुई। पटना का अधिकतम तापमान 36.3 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिनभर लोग उमस से परेशान रहे। आर्द्रता 50 प्रतिशत रही।
वहीं मौसम विभाग ने आज मंगलवार को प्रदेश के आठ जिलों में तेज हवा के साथ ठनका गिरने का अलर्ज जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज जिले के एक-दो स्थानों पर में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
May 06 2025, 10:23