यूपी में माफिया या तो जेल में या भाग गए: प्रभारी मंत्री एके शर्मा
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। उत्तर प्रदेश के प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने विपक्ष पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को पिछले 8 साल से परेशानी है। इसकी वजह है कि अब प्रदेश में न तो प्लॉट कब्जा हो रहे हैं और न ही महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए शर्मा ने कहा कि पहले समाजवाद का नारा था - 'खाली प्लॉट हमारा है'। अब माफिया या तो जेल में हैं या भाग गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने गरीबों की जमीन पर अपनी बिल्डिंग बना ली थी। आज उन बिल्डिंगों के सामने बुलडोजर खड़ा है, इसलिए उन्हें परेशानी हो रही है। मंत्री ने सपा सरकार पर आरोप लगाया कि उनके शासन में नौकरियों के लिए पहले से चिट्ठी आ जाती थी। इसी के अनुसार लोगों का चयन होता था। मेहनती छात्र निराश हो जाते थे। योगी और मोदी के नेतृत्व में यह परंपरा खत्म हो गई है।
शर्मा ने कहा कि पहले दूसरे राज्यों में यूपी का नाम सुनकर लोग हंसते थे। अब उत्तर प्रदेश एक विकसित राज्य बनने की ओर बढ़ रहा है। वे ज्ञानपुर के वीएनजीआईसी में आयोजित तीन दिवसीय मेले में पहुंचे थे। उन्होंने कई योजनाओं का लोकार्पण किया और पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, जिलाधिकारी विशाल सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी डॉ शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संतोष कुमार चक, जिला सूचना अधिकारी डॉक्टर पंकज सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Mar 26 2025, 18:54