महाशिवरात्रि के मौके पर राजधानी पटना में निकलेगी 32 शोभा यात्राएं, खाजपुरा शिव मंदिर के पास मुख्य समारोह में शिकरत करेंगे राज्यपाल-सीएम
![]()
डेस्क : हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि का पर्व विशेष महत्व रखता है। यह उत्सव फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव और देवी पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था। इस अवसर पर शिव और पार्वती की भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की जाती है। वर्षभर में आने वाली 12 शिवरात्रियों में महाशिवरात्रि को सर्वाधिक महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस वर्ष यह पावन पर्व आज बुधवार को पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
आज बुधवार की सुबह से मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरु हो गई है। पूरा शहर शिवमय हो गया है। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के नारे से शहर गुंजायमान है।
वहीं महाशिवरात्रि के मौके पर आज राजधानी पटना में मनोहारी झांकियों के साथ 32 शोभा यात्राएं निकलेंगी। हर तरफ हर हर महादेव के जयकारे लगेंगे। देवों के देव महादेव की शक्ति के साथ शिवभक्तों की भक्ति का भी प्रदर्शन होगा। श्रीश्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा अभिनंदन समिति के तत्वावधान में बुधवार की शाम शहर के अलग-अलग मोहल्लों से गाजे-बाजे और मनोहारी झांकियों के साथ 32 शोभायात्राएं निकलेंगी। सभी यात्राएं पहले से तय रूटों से होते हुए देर शाम खाजपुरा शिव मंदिर स्थित मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचेंगी।
यहां 60 फीट लंबे मुख्य मंच पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्र व राज्य सरकार के कई मंत्री और धर्माचार्य शोभा यात्राओं का अभिनंदन करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शाम 6 बजे और राज्यपाल 7.30 बजे पहुंचेंगे।
खाजपुरा शिव मंदिर में सुबह 4 बजे महादेव की पूजा हुई। एक घंटे बाद 5 बजे मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए है। शाम 6 बजे तक जलाभिषेक होगा। इसके बाद मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। शाम 6 से 9 बजे तक साफ-सफाई की जाएगी। रात 9 बजे के बाद शृंगार, रुद्राभिषेक और शिव-पार्वती विवाह का कार्यक्रम है जो देर रात 12 बजे तक चलेगा। इसके अलावा प्रमुख मंदिर शिवालय बांस घाट सिद्धेश्वरी काली मंदिर स्थित शिव मंदिर, महावीर मंदिर पटना जंक्शन, मनोकामना मंदिर चित्रगुप्त नगर, शिव मंदिर बोरिंग रोड, पंचशिव मंदिर, जलेश्वर मंदिर कंकड़बाग, चूड़ी मार्केट आदि मंदिरों के पट सुबह से भक्तों के लिए खुल जाएंगे जो देर रात तक खुले रहेंगे। मंगलवार की शाम से शिवालय जगमग हो गए।
Feb 26 2025, 12:48