*बलिया में बोले सीएम योगी- शरिया कानून का हिमायती है INDIA गठबंधन*
बलिया- इंडिया गठबंधन को शरीया कानून का पक्षधर बताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस अगर सत्ता में आ गई तो तीन तलाक की कुप्रथा को फिर से शुरू करा देगी। मनियर इंटर कॉलेज ग्राउंड में सलेमपुर लोकसभा सीट के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी रविन्द्र कुशवाहा के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र साफ साफ कहता है कि वह भारत में पर्सनल लॉ को लागू करेगा। इसका मतलब कि देश में शरिया कानून की इजाजत मिल जाएगी। इस तालिबानी कानून के चलते बेटियों को स्कूल जाने से वंचित कर दिया जाएगा और महिलाओं को बुर्के में घर में ही दुबकना पड़ेगा।
वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया गया है, जिसके बाद महिलाओं को संसद में उचित भागीदारी प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में फिर एक बार मोदी सरकार को लेकर उत्साह और उमंग है। चार जून के परिणाम 'अबकी बार 400 पार' के संकल्प को पुख्ता करेंगे। इस चार सौ पार के स्वर को सुनकर सपा और कांग्रेस को चक्कर आने लगता है। वो चारो खाने चित हो जाते हैं। पूरे देश में जनता एक ही स्वर से कह रही है कि जो राम को लाएंगे हम उनको लाएंगे।
May 25 2024, 15:46