चारधाम यात्रा : सुगम यात्रा के सरकारी दावे फेल, बिना दर्शन घर लौटने लगे तीर्थयात्री, अब तक 4000 ने की वापसी
चारधाम की सुगम यात्रा के लिए शासन-प्रशासन की कोशिशें रंग नहीं ला पा रही हैं। तीर्थयात्रा को आए कई श्रद्धालु धामों के दर्शन किए बिना ही घरों को लौटने लगे हैं। प्रशासन ने अस्थायी पंजीकरण व्यवस्था भी शुरू की, लेकिन अब तक करीब चार हजार तीर्थयात्री ऋषिकेश से घर लौट गए। लौटने वाले तीर्थयात्रियों का कहना था कि उत्तराखंड में पहुंचने के बाद भी धामों के दर्शन न कर पाना दुर्भाग्य है। यह उनके जीवन का सबसे बुरा अनुभव है। बता दें कि ये लोग अस्थायी पंजीकरण के लिए रोके गए थे फिर यह व्यवस्था भी बंद कर दी गई।
ऑफलाइन पंजीकरण बंद होने पर ऋषिकेश में रोके गए करीब 12 हजार तीर्थयात्रियों को धामों के दर्शन कराने के लिए प्रशासन ने अस्थायी पंजीकरण व्यवस्था की। प्रशासन की योजना थी कि अस्थायी पंजीकरण कर इन यात्रियों को धामों के लिए रवाना किया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो पाया। सोमवार शाम करीब पांच बजे प्रशासन ने अस्थायी पंजीकरण व्यवस्था भी बंद कर दी।
ट्रांजिट कैंप प्रशासन के मुताबिक, 12 हजार के सापेक्ष छह हजार यात्रियों का ही अस्थायी पंजीकरण कराया जा सका। शेष छह हजार में से करीब चार हजार तीर्थयात्री बिना दर्शन लौट गए हैं। करीब ढाई हजार तीर्थयात्री अब भी ट्रांजिट कैंप परिसर व धर्मशालाओं में ठहरे हैं।
800 यात्री देंगे ध्रुव परीक्षा
प्रशासन ने 31 मई तक ऑफलाइन पंजीकरण बंद रखने का निर्णय लिया है। ट्रांजिट कैंप में रुके यात्रियों में से करीब 800 यात्रियों ने ऑफलाइन पंजीकरण शुरू होने तक यहीं रुकने का प्रण लिया है। उनका कहना है कि ध्रुव ने अनिश्चित समय के लिए भगवान की प्रतीक्षा की। हम भी ऑफलाइन पंजीकरण शुरू होने का इंतजार कर लेंगे। प्रशासन का कहना है कि इन यात्रियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है।
ऋषिकेश में बने 16,953 ट्रिप कार्ड
ऋषिकेश एआरटीओ कार्यालय में चार अप्रैल से ग्रीन कार्ड बनने शुरू हुए थे। 20 मई तक यहां से 23,063 ग्रीन कार्ड और 16,923 वाहनों के ट्रिप कार्ड बन चुके हैं। इन वाहनों से अब तक ऋषिकेश से 1,52,963 यात्री धामों की यात्रा के लिए गए हैं। परिवहन विभाग के मुताबिक, 11,520 वाहन रवाना हुए हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर विभाग ने 1,400 वाहनों का चालान व 20 वाहन सीज भी किए हैं।
अस्थायी पंजीकरण व्यवस्था भी बंद कर दी गई है। क्या बेहतर किया जा सकता है इसके लिए उच्च स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है।





भोजपुरी एक्टर पवन सिंह भारतीय पार्टी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।दरअसल, कारकाट से एनडीए से उपेंद्र कुशवाहा के सामने निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पवन सिंह को लेकर पहले से यह कयास लगाए जा रहे थे कि पवन सिंह नाम वापस नहीं लेते हैं तो पार्टी बड़ी कार्रवाई कर सकती है।पार्टी ने दल विरोधी गतिविधियों में शामिल होने को लेकर पवन सिंह के खिलाफ एक्शन लिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के बिहार इकाई के अरविंद शर्मा के हस्ताक्षर से जारी पत्र में लिखा गया है कि, लोकसभा चुनाव में आप एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ रहे हैं आपका यह कार्य दल विरोधी है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है तथा पार्टी अनुशासन के विरुद्ध आपने यह कार्य किया है। अतः आपको दल विरोधी इस कार्य के लिए माननीय प्रदेश अध्यक्ष जी के आदेश अनुसार पार्टी से निष्कासित किया जाता है। बता दें कि पवन सिंह ने पहले स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में काराकाट लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के अपने फैसले की घोषणा की थी। इससे पहले भाजपा ने उन्हें आसनसोल लोकसभा का टिकट दिया है। भाजपा चाहती थी कि पवन सिंह आसनसोल से ही चुनाव लड़ें। लेकिन, अगले ही दिन पवन सिंह ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। दरअसल, पवन सिंह बिहार में आरा से चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन, जब आरा से केंद्रीय मंत्री और वर्तमान सांसद आरके सिंह को टिकट दिया गया तब पवन सिंह ने काराकाट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया।

भारत के अधिकतर हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं।पूरे उत्तर पश्चिम भारत में गर्मी से हाल बेहाल हैं। पहाड़ी राज्य हिमाचल में भी ज्यादातर शहरों में तापमान 40 डिग्री के आस-पास बना हुआ है। उत्तर भारत के मैदानी इलाके बीते पांच दिनों से भयंकर लू की चपेट में हैं। इस बीच मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट जिन राज्यों के लिए जारी किया गया है, उनमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश का नाम शामिल है। *इन राज्यों में रेड अलर्ट* मौसम विभाग ने फिलहाल अगले चार दिनों तक दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ अन्य उत्तर पश्चिमी राज्यों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में तापमान 42 से 45 डिग्री तक बना रहा है। मौसम विभाग की मानें तो मध्य भारत, उत्तर भारत और उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में बदलाव के आसार नहीं है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को देश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। इनमें राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाके शामिल हैं। गर्मी के चलते इन इलाकों में आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा। गुजरात के कई इलाकों में भीषण गर्मी के साथ ही उमस हालात को और खतरनाक बना रही है। हरियाणा के सिरसा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि देश में सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग ने गर्मी को देखते हुए बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूसरी तरफ, स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवायजरी जारी कर लोगों को सावधानी बरतने और बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। घर से बाहर काम करने वालों को पानी की बोतल साथ रखने की सलाह दी गई है।
May 22 2024, 14:17
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
5.3k