*लाखों की ठगी कर फरार हुई संस्था का नहीं लगा सुराग*
नवाबगंज (गोण्डा)। कस्बे के कोल्ड स्टोर चौराहे पर अपना कार्यलय खोलकर हजारों लोगों को अपनी संस्था में जोड़ने के बाद क्षेत्रीय लोगों के लाखों रूपये लेकर बीते बुधवार को को चंपत हो जाने वाली सांता क्रूज डेवलपर संस्था का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
बीते गुरूवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के दो दर्जन से अधिक लोग जो कि इस संस्था में फील्ड आफिसर थे उन्होंने थाने पर तहरीर दी थी ।यह संस्था घरों में बच्चों की शिक्षा के लिए होम ट्यूटर लगवाने के नाम पर पैसा लेती थी। इस संस्था ने इस कार्य के लिए दर्जनों फील्ड आफिसर भी नियुक्त किए थे जो घरों में जाकर होम ट्यूटर मुहैया कराने के लिए पैसे की वसूली करते थे। संस्था ने तुलसीपुर माझा, गोकुला, कल्यानपुर, बल्लीपुर,गोकुला सहित दर्जनों गाँव में होम ट्यूटर की नियुक्ति भी शुरूआत में की थी।
संस्था के भाग जाने के बाद सैकड़ों लोगों का पैसा और नियुक्त होम ट्यूटरो की तनख्वाह भी फंसी हुई है। तहरीर के बाद भी अब तक संस्था और उसके कर्ता-धर्ताओं का कोई सुराग नहीं लगने से पीड़ितों में आक्रोश है। संस्था से जुड़े हजारों लोग अपना पैसा मिलने की आशा में पुलिस की कार्रवाई पर टकटकी लगाये बैठे हैं। वहीं संस्था को क्षेत्र में लाने वाले थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गाँव निवासी काली प्रसाद भी लोगों को संस्था की ठगी के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं दे पाया है। संस्था से जुड़े किशोरी लाल, माला, पप्पू आदि लोगों का कहना है कि इसके पहले भी काली प्रसाद कई अन्य कंपनियों में भी लोगों की गाढ़ी कमाई डुबो चुका है।
इसी व्यक्ति ने क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को संस्था के प्रति विश्वास दिलाया और जोडन का काम किया। इस संबध में उप निरीक्षक अपराध अरविंद यादव ने कहा कि संस्था के संचालन के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई थी। लोगों को उनका पैसा वापस दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस संस्था में समाज के ऐसे लोगों को जोड़ा गया था जोकि आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक रूप से कमजोर हैं। संस्था के भाग जाने से गरीब परिवारों में मातम का माहौल है।
May 23 2023, 15:20