*आधारभूत विज्ञान की तरफ आकर्षित करने हेतु कक्षा 11 के विद्यार्थियों को कराया गया प्रयोगशाला भ्रमण*
भदोही। डीबीटी स्टार कॉलेज स्कीम के अंतर्गत केएनपीजी काॅलेज ज्ञानपुर भदोही के विज्ञान संकाय की तरफ से स्कूली शिक्षा को सुदृढ करने के उद्देश्य से मंगलवार को कक्षा 11 के विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रयोगशाला भ्रमण हेतु आमंत्रित किया गया।इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधारभूत विज्ञान की तरफ आकर्षित करना था।
इंटर उत्तीर्ण करने के उपरांत विद्यार्थियों को मेडिकल अथवा इंजीनियरिंग के अलावा बेसिक साइंस के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी दी गई। इस कार्यक्रम में विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर व वुडवर्ड पब्लिक स्कूल भदोही के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डाक्टर पी एन डोंगरे द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉक्टर रश्मि सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए सभी अतिथियों व विद्यार्थियों का वांछित स्वागत किया।
इसके पश्चात सर्वप्रथम विद्यार्थियों ने वनस्पति विज्ञान की प्रयोगशाला का भ्रमण किया जिसमे उन्होंने कैमरा युक्त सूक्ष्मदर्शी, जल शुद्धिकरण यूनिट को देखा साथ ही प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया में ऑक्सीजन का निकलना जैसे अन्य महत्वपूर्ण प्रयोगों को करके भी समझा। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने भौतिक विज्ञान की प्रयोगशाला का भ्रमण डॉक्टर कल्पना अवस्थी कोर्स कोऑर्डिनेटर के नेतृत्व में किया जहां उन्होंने वर्नियर कैलिपर्स, पी एन जंक्शन व लेजर से संबंधित प्रयोगों को समझा। विद्यार्थियों ने डॉक्टर दीपाली जायसवाल के देख रेख में रसायन विभाग में रासायनिक प्रक्रिया को समझा और जंतु विज्ञान की प्रयोगशाला का भ्रमण कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉक्टर रत्नेश सोनी की अगुवाई में विद्यार्थियों द्वारा किया गया जहा उन्होंने अपने रक्त समूहों की पहचान करना सीखा।
कार्यक्रम के अंत में डॉक्टर रश्मि सिंह ने सभी फैकल्टी मेंबर्स डॉक्टर अरुण कुशवाहा, डॉक्टर विनोद यादव, डॉक्टर एस पी मिश्रा, डॉक्टर प्रियंका श्रीवास्तव, डॉक्टर सदानंद सिंह , डॉक्टर रवि कुमार यादव, डॉक्टर शेफाली सिंह व डॉक्टर शिखा मेहता के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। दोनों प्रतिभागी विद्यालयों के उन शिक्षकों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जिन्होंने इस आयोजन में अपना विशेष सहयोग दिया।
May 17 2023, 13:07