*जिला चिकित्सालय चेतसिंह में मना नवजन्मी कन्याओं का बर्थडे*
भदोही। महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत शुरू हुए जागरूकता अभियान को लेकर भदोही जनपद के जिला चिकित्सालय चेतसिंह ज्ञानपुर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को जागरुक करने का कार्य बड़े स्तर पर किया जा रहा है।
इसी कड़ी में सोमवार को जिला चिकित्सालय चेतसिंह में कन्या जन्मोत्सव को लेकर भव्य कार्यक्रम हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी यशवन्त सिंह ने अस्पताल में कन्या के जन्म पर फीता काट कर कन्याओं की मां के साथ मिलकर केक काटकर कन्या का जन्म उत्सव मनाया।
जिससे बेटियों के प्रति माता-पिता की सोच बदले। इस मौके पर उन्होंने सभी नव जन्मी चार कन्याओं के माता गुड्डी निवासिनी जौहरपुर, गोपीगंज, प्रभावती निवासिनी चकगनेश, सुरियावां, सुनीता पाली सुरियावां और रेनू निवासिनी भगवानपुर को समिति की महिला साथियों नासरीन बेग,सदस्य किशोर न्यायालय,किरन यादव,रेशमा, मीना गुप्ता की मौजूदगी में बेबी किट प्रदान किया। सीडीओ यशवंत सिंह ने कहा कि कन्या को बचाने के लिए माता-पिता की सोच बदलना ही पहली जरुरत है। उन्हें अपनी बेटियों के पोषण, शिक्षा, जीवन शैली आदि की उपेक्षा रोकने की जरूरत है।
अपने बच्चों को एक समान मानना चाहिये चाहे वो बेटी हो या बेटा। यह माता-पिता की लड़की के लिए सकारात्मक सोच ही है, जो पूरे समाज को बदल सकती है। लोगों में बेटियों के प्रति सोच बदलने के लिए कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीपीओ शत्रुघन कन्नौजिया ने कहा कि हमें कन्याओं पर गर्व होना चाहिए, उन्हे अच्छी शिक्षा प्रदान करें, ताकि वे भी देश को अपना योगदान दे सकें। इस मौके पर राजकुमार गुप्ता, सत्येन्द्र कुमार,दीपक यादव,आनन्द मौर्य आदि ने भी कन्या जन्म उत्सव पर अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर शपथ दिलाई गई ,कि जन्म से पूर्व लिंग परीक्षण का विरोध करेंगे। बेटा एवं बेटी में भेद करने वाली हर सामाजिक कुरीतियों का बहिष्कार करेंगे। कन्या के जन्म का स्वागत करते हुए हर एक बेटी को पढ़ायेंगे। समुचित पोषण एवं गरिमामय व सशक्त जीवन प्रदान करने में सहायक होंगे और इस प्रतिज्ञा के साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में सम्मिलित होते हुए अपना समर्थन प्रदान करते हैं।
Feb 06 2023, 17:17