प्रयागराज में अंबिकापुर के नए आलू की धूम, दाम गिरे, स्थानीय आवक से और सस्ता होगा

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

इस समय छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले का नया आलू बाजार में है। इसका दाम दस दिन पहले 100 रुपये प्रतिकिलो था, जो इस समय घटकर 35 रुपये के करीब हो गया है।वहीं पुराना आलू 20 रुपये किलो है। 15 दिसंबर के बाद स्थानीय स्तर का नया आलू बाजार में आ जाएगा, जिसके बाद इसकी कीमत 20 रुपये के आसपास हो जाएगी। उधर, अन्य सब्जियों के दाम स्थिर हैं। जल्द ही हरी सब्जियों की नई खेप आने पर इसकी कीमत भी बेहद कम हो जाएंगी।गऊघाट, कटरा, साउथ मलाका, खुल्दाबाद, तिनकोनिया, एजी आफिस, मुंडेरा समेत अन्य सब्जी मंडियों में इस समय नया आलू छाया हुआ है। शुरुआत में इसकी कीमत चढ़ी हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे इसके दाम कम हुए और इस समय 35 रुपये प्रतिकिलो के आसपास है।मुंडेरा मंडी के थोक विक्रेता प्रमोद यादव बच्चा, अजय कुशवाहा बताते हैं कि इस समय नया आलू छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से आ रहा है। नौ नवंबर तक फुटकर बाजार में यह 100 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा था, लेकिन अब इसकी कीमत नीचे आ गई है। 15 दिसंबर के बाद प्रयागराज, कौशांबी जिले का नया आलू आना शुरू हो जाएगा, तब इसके दाम बेहद कम होंगे।
महिला आयोग की  सदस्य ऋतु शाही ने की महिला जनसुनवाई

*बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, 14 मेधावी छात्राओं को वितरित की गई स्टडी टेबल व शैक्षिक सामग्री*


*गोण्डा 20 नवम्बर,2026*।
उ०प्र० राज्य महिला आयोग की  सदस्य  ऋतु शाही का जनपद में शुक्रवार को आगमन हुआ। उन्होंने सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, आवास, साफ सफाई, पुलिस केस, जमीनी विवाद, राशनकार्ड आदि से संबंधित  कुल 15 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान मा० सदस्य श्रीमती शाही ने कहा कि महिला उत्पीड़न एवं महिलाओं से संबंधित शिकायतों का निस्तारण आयोग की प्राथमिकता है। महिलाओं को न्याय दिलाना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला संबंधी प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्रवाई करते हुए पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी महिला की समस्या की अनदेखी न की जाए और शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय उपलब्ध कराया जाए।

इससे पूर्व सरयू प्रसाद कन्या इण्टर कॉलेज में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मा. सदस्य श्रीमती ऋतु शाही ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान कक्षा 6 से कक्षा 12 तक की 14 मेधावी छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत स्टडी टेबल, डस्टर एवं मार्कर वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा० सदस्य श्रीमती ऋतु शाही ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उनके सर्वांगीण विकास में बाधक है। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। बेटियों को शिक्षा के समान अवसर प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ दिलाते हुए आम जनमानस से इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध आगे आने तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा ने बाल विवाह करने या कराने पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत निर्धारित दंड एवं विधिक कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने लोगों से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य गिरजा मिश्रा ने मा. सदस्‍य को धन्‍यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा, सेंटर मैनेजर चेतना सिंह, डिस्ट्रिक्ट मिशन कोआर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव, जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य, परियोजना समन्वयक नीतू त्रिपाठी, अपराजिता सामाजिक समिति की निदेशक किरन वैश्य व कार्यक्रम प्रबन्‍धक अभय पाण्डेय व विद्यालय के स्‍टाफ आदि मौजूद रहे।
धन धन साहिब श्री गुरु नानक देव महाराज जी का 558वाॅ  पावन प्रकाश पर्व पर भोर बेला मे दिव्य-भव्य प्रभात फेरी निकली
गुरु के जयकारे एवं गुरु की महिमा से प्रेम भरी वाणी से वातावरण भक्ति मय रहा

प्रयागराज
Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

धन धन साहिब श्री गुरु नानक देव महाराज जी का 558वाॅ पावन प्रकाश पर्व पर भोर बेला मे दिव्य-भव्य प्रभात फेरी बहुत ही श्रद्धा आस्था विश्वास के साथ सिख संगत गुरुद्वारा साहिब अलोपीबाग प्रयागराज से आरंभ होकर विभिन्न रास्ते भर श्रद्धालु गुरबाणी शब्दों के सामूहिक उच्चारण से निर्धारित मार्गो का वातावरण गुरबाणी मय हो गया इस दौरान पंथ से संबंधित पारंपरिक जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहाl
वाहेगुरु,वाहेगुरु,जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल,वाहेगुरु,वाहेगुरु का जाप-शब्द-कीर्तन गान करते हुए वातावरण को सुगंधित,स्वच्छ,भक्ति मय बना दिया वाहेगुरु जी का खालसा,वाहेगुरु जी की फतेह का उद्घोष करते हुए गुरु की महिमा का पाठ श्रद्धालुओं ने किया संगत चल रही थी लोग घरों से फूलों की वर्षा करते हुए गुरु संगत का आशीर्वाद प्राप्त करते रहेl
जो क्षेत्र के विभिन्न मार्गो अलोपी बाग पंजाबी कॉलोनी,मटियारा रोड मार्ग से होते हुए गुरुद्वारा साहिब अलोपीबाग प्रयागराज पहुंचेगी। जिसमें सभी धर्म-संप्रदाय के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे वाहेगुरु-वाहेगुरु का जाप बराबर चलता रहेगाl समाप्ति उपरांत चाय और नाश्ते का अटूट लंगर बरता।
परमजीत सिंह बग्गा गुरुद्वारा प्रधान ने बताया कि संगत के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि गुरुद्वारा सिख संगत आलोपीबाग प्रयागराज की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण हुए गुरुद्वारा साहिब अलोपीबाग प्रयागराज में 24/11/2026 को प्रातः कॉल से दोपहर 2 बजे तक शब्दकीर्तन,कथा,व्याख्यान,अरदास,हुकुमनामा इत्यादि पंथ के सुप्रसिद्ध रागी जत्थों द्वारा गुरु का यश गायन होगा उसके उपरांत गुरु का लंगर के वितरण के साथ ही कार्यक्रम की संपूर्णता होगीlसभी समुदाय के लोगों से अपील की है कि आयोजित प्रकाश पर्व में बिना किसी भेदभाव के सम्मिलित होकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करेंl
प्रभात फेरी में सुविख्यात समाजसेवी व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा काशी क्षेत्र, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार पतविंदर सिंह ने जगह-जगह कहा कि गरीबों बच्चों की शिक्षा-स्वास्थ्य पर ध्यान देते हुए एवं ऊनी वस्त्र दान करते रहें सेवा व दान अवश्य करना चाहिए साहिब श्री गुरु नानक देव जी गरीबों और मजदूरों की मदद के पक्षधर थे सभी श्रद्धालुओं को पुराने एवं नए ऊनी वस्त्र को फेंकने की बजाय जरूरतमंदों को दान करें जिससे जरूरतमंद मानव शरीर अपने आप को जाड़े से बचाया जा सके l
परमजीत सिंह बग्गा,गुरुदीप सिंह,सरदार पतविंदर सिंह,कुलदीप सिंह,परमिंदर सिंह बंटी,मनु चावला,बलजीत सिंह,यशप्रीत सिंह,सुरेंद्र कौर, जसकीरत सिंह,युवराज सिंह,हरमनजी सिह,कुलदीप सिंह खालसा,लखविंदर सिंह,राजेंद्र सिंह ग्रोवर,जसवीर सिंह,मनजीत सिंह खालसा,सुदर्शन सिंह,प्रेमजीत गुुजराल,जसवीर कौर,अंजु गुलजार,सरगम कौर,दलजीत कौर,गुरदीप सिंह रोमी,अगम सिंह सहित बड़ी संख्या मे सामाजिक,
सांस्कृतिक,धार्मिक से जुड़े पुरुष-महिलाएं प्रभात फेरी में सम्मिलित हुएl
लखनऊ की बीकेटी पुलिस ने पत्नी के हत्यारे पति को पकड़ा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना पुलिस ने शुक्रवार को पत्नी की हत्या में फरार आरोपित पति को गिरफ्तार किया है। मृतका के पिता की ओर से तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि अचरामऊ गांव निवासी अशोक की पत्नी सुनीता (32) की संदिग्ध हालत में 18 नवंबर को मौत हो गई थी। मृतका के पिता इंटौजा निवासी पाचू ने 19 नवंबर को बेटी की मौत संदिग्ध बताते हुए दमाद अशोक और उसके परिवार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि आरोपितों ने बेटी का शव जलाने के बाद ससुरालियों को फोन कर सूचना दी कि उनकी बेटी सुनीता ने खुदकुशी कर ली है। मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, तब तक बेटी का शव जल चुका था। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। देर रात ही कहीं भागने के इरादे से खड़े अशोक सिंह को संसारपुर अण्डरपास, किसान पथ के पास से गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने पत्नी सुनीता की हत्या कर उसके शव को बिना किसी को सूचना दिए जलाने की बात स्वीकारी है। अभियुक्त के खिलाफ प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हजारों से अधिक विशाल किसान काफिला उतरा सड़क पर, जय जवान जय किसान के नारों से गूंजा प्रयागराज

*लेप्रोसी चौराहा से नैनी नए पुल तक थम गया विशाल काफिला, भानू के नारों से गूंज उठा पूरा क्षेत्र*

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह


प्रयागराज की सड़कों पर हजारों से अधिक विशाल किसान काफिला उमड़ पड़ा। हाथों में झंडे, बुलंद आवाज और आक्रोश से भरे किसान नेताओं ने प्रशासन को सीधी चेतावनी दे दी। जय जवान जय किसान के नारे पूरे क्षेत्र में गूंज उठे। भारतीय किसान यूनियन भानू के नारे पूरे क्षेत्र में गूंज उठा। धरने की गूंज से पूरा इलाका गूंज उठा। करछना एसडीएम सुरेश चन्द्र ने किसानों को मनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन किसान टस से मस नहीं हुए।

हजारों से अधिक विशाल किसान काफिला लेप्रोसी चौराहा से चलकर नैनी नए पुल तक पहुंच गया। काफिले को देखकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया। काफिले को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन और करछना एसडीएम ने किसानों से अपील की। एआर कोआपरेटिव और एडीएम सिविल सप्लाई को बुलाकर समाधान की बात पर ही हजारों से अधिक विशाल किसान काफिला रुक पाया।

धरने में किसान नेता राष्ट्रीय सचिव डा. बी के सिंह, प्रदेश महा मंत्री ठाकुर कृष्णराज सिंह बैस, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रूबी बानो, मण्डल सचिव अनिल शर्मा, जिला महा सचिव संकल्प सिंह सिब्बू तथा हजारों किसान नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में किसानों की मांगों को उठाया और प्रशासन से तत्काल कार्यवाही की मांग की।

काफिला स्थल पर एआर कोआपरेटिव साधना सिंह व एडीएम सिविल सप्लाई विजय शर्मा खुद किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसानों की एक-एक समस्या को ध्यान से सुना। अधिकारियों ने दो दिन में समाधान का वादा किया और कार्यवाही का भरोसा दिलाकर किसान नेताओं को संतुष्ट किया।

किसान नेताओं ने अधिकारियों की बात मानकर धरना स्थगित किया, लेकिन साथ में कड़ी चेतावनी भी दी। किसान नेताओं ने कहा कि दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो इससे भी बड़ी किसान सेना के साथ धरना होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

भारतीय किसान यूनियन भानू के जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह की ओर से जिलाधिकारी को 7 सूत्रीय मांग पत्र दिया गया। मांग पत्र में फर्जी धान क्रय केंद्र बंद करने और खाद उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख है। ज्ञापन में आरोप है कि कई सेंटरों पर केंद्र प्रभारियों का पता नहीं है और धान क्रय केंद्र बंद कर दिया गया। इसमें जिला सहकारी निबंधक कार्यालय और एडीओ कोआपरेटिव की संदिग्ध भूमिका बताई गई।

प्रमुख मांगों में एडीओ संदीप वर्मा, सच्चिदानंद, विष्णु प्रभाकर का गैर जनपद स्थानांतरण, पीसीएफ, यूपीएसएसएस, पीसीयू द्वारा फर्जी कर्मचारी लगाकर बनाए गए सेंटरों की जांच कर हटाना, पैक्स बारा, नैनी, रोकड़ी संघ, जादीपुर में नया धान खरीद केंद्र बनाना, डीएपी खाद तत्काल उपलब्ध कराना, बिना लाइसेंस चल रही बीज दुकानों को सील कर बीज भंडार कराना, रवि बीज भंडार कराना, किसान सेवा केंद्र माड़ा खास की जांच कर कार्यवाही, करछना क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरांव भिटरिया लोहारी तालूका पनासा में चकमार्ग संख्या 123, 108, 116, 109, गड्ढा 81, 136, तालाब संख्या 50, नाली 117, 129, 170, 107 पर अवैध कब्जा हटाने की मांग, लोहरी में चकरोड़ संख्या 74 पर अवैध कब्जा हटाने की मांग, नलकूप विभाग की 54 केवी और 75 केवी नाली की मरम्मत की मांग शामिल है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 393 जोड़ों का सामूहिक विवाह एवं निकाह संपन्न

नवदंपतियों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिया सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद

*आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायक बन रही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना : सांसद

*प्रत्येक लाभार्थी जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये की धनराशि व्यय, 390 जोड़ों का विवाह एवं 03 जोड़ों का निकाह विधि-विधान से संपन्न

जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की अध्यक्षता एवं मा० सांसद श्री मुकेश राजपूत जी के मुख्य आतिथ्य में आज समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन क्रिश्चियन इण्टर कॉलेज मैदान फर्रुखाबाद में किया गया। इस दौरान विधायक एवं सदस्य विधान परिषद प्रांशु दत्त द्विवेदी भी उपस्थिति रहे । समारोह में कुल 393 जोड़ों का विवाह एवं निकाह विधि-विधान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया, जिसमें 390 हिंदू जोड़े विवाह बंधन में बंधे तथा 03 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा सिद्धि विनायक भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं पगड़ी भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मदन मोहन कन्नौजिया बालिका इण्टर कॉलेज की छात्राओं द्वारा अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2017-18 से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाती है। इसमें 60 हजार रुपये की धनराशि कन्या के बैंक खाते में अंतरित की जाती है, जबकि 25 हजार रुपये के वैवाहिक उपहार वर-वधू को विवाह के समय उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके अतिरिक्त 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा आयोजन की व्यवस्थाओं, जैसे भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर व्यय किए जाते हैं।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपनी बेटियों का विवाह सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने में सहायता मिल रही है। साथ ही सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता, समानता, आपसी सद्भाव एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं।

विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन सभी नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिवारों के लिए अत्यंत खुशी एवं उल्लास का अवसर है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करते हुए कहा कि आज दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करने वाले सभी जोड़ों का वैवाहिक जीवन सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय हो। सभी नवदंपति आपसी प्रेम, विश्वास एवं सम्मान के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत करें तथा समाज में एक आदर्श स्थापित करें।
मा० विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि आज सभी वैवाहिक जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर अपने जीवन के नए अध्याय में प्रवेश कर रहे हैं। विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन होता है। उन्होंने नवदंपतियों से आह्वान किया कि वे विवाह के समय लिए गए संकल्पों का आजीवन पालन करें तथा एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनते हुए अपने दाम्पत्य जीवन को सफल बनाएं। उन्होंने समारोह के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना भी की।

विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन की सफलता का आधार आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग एवं सम्मान है। उन्होंने सभी जोड़ों से अपेक्षा की कि वे जीवन के प्रत्येक उतार-चढ़ाव में एक-दूसरे का साथ निभाएं तथा परिवार में सुख, शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखें।

सदस्य विधान परिषद प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि क्रिश्चियन इण्टर कॉलेज मैदान में आयोजित इस समारोह में 393 जोड़ों का सामूहिक विवाह एवं निकाह संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने नवदंपतियों को बधाई देते हुए कहा कि वे जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाएं तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करें।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने अपने संबोधन में सभी नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनपद में इतने बड़े स्तर पर सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाना सराहनीय है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा है, जिसके माध्यम से बेटियों का विवाह गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा रहा है।

उन्होंने नवदंपतियों से आह्वान किया कि वे अपने वैवाहिक जीवन में एक-दूसरे के प्रति सम्मान, विश्वास एवं सहयोग की भावना बनाए रखें तथा अपने वैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें। उन्होंने कहा कि नवविवाहित जोड़े जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता निभाएं और पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से देश एवं समाज की उन्नति में अपना योगदान दें।

जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में नवविवाहित जोड़ों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा नवदंपतियों को वैवाहिक उपहार प्रदान किए गए तथा पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया गया। इस दौरान विवाह बंधन में बंधे जोड़ों के चेहरों पर खुशी एवं उत्साह देखने को मिला। अपने बच्चों को नए जीवन की शुरुआत करते देखकर उनके माता-पिता एवं परिजन भी भावुक एवं प्रसन्न नजर आए।

कार्यक्रम में योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में बेटियों के सम्मान, सामाजिक समानता एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिलती है तथा विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को सम्मानजनक वातावरण में संपन्न कराने का अवसर प्राप्त होता है।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० आनन्द उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी सदर अभय वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, प्रभारी जनगणना अधिकारी पारखी भार्गव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

समारोह में बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़े, उनके माता-पिता एवं परिजन और पत्रकार बंधु भी मौजूद रहे।
ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ में सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ शहर में अपराध शाखा की टीम ने दो तस्करों को गुरुवार की रात को बंधा रोड के पास गिरफ्तार किया है। कार की तलाशी लेने पर उनके पास 43 पैकेट में कुल 48.80 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। ये लोग ओडिशा से गांजा लाकर शहर में सप्लाई करते हैं।

एडीसीपी क्राइम किरन यादव ने शुक्रवार को बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ 'नार्को हंट'अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत क्राइम ब्रांच को दो युवकों के बारे में पता चला। क्राइम ब्रांच ने बंधा रोड पर पहुंचकर मौके पर कार की तलाशी ली। इस दौरान 43 पैकेट में कुल 48.80 किलोग्राम अवैध गांजा, दो मोबाइल, फोन और झारखंड नंबर की कार बरामद हुई है। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गये तस्कर प्रयागराज निवासी प्रकाश दुबे और लखनऊ के अवध विहार योजना निवासी जय आनंद मिश्रा है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ एवं आसपास के जिलों में सप्लाई करते है,जिनसे मिलने वाली रकम को आपस में बांट लेते हैं।

एडीसीपी ने बताया कि “ऑपरेशन नार्को हंट के अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। अभियान की कार्ययोजना में तस्करी के स्रोत की पहचान, नेटवर्क का विघटन एवं संगठित तंत्र के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को प्राथमिकता दी गई है। क्राइम ब्रांच ने अपराध से संबंधित सूचनाएं प्राप्त करने के लिए हेल्प लाइन नंबर 7839861034 पर आमजन इन माध्यमों से महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध करा सकते हैं। सूचनादाताओं की गोपनीयता सुनिश्चित की जाएगी।
राजा भैया ने बागेश्वर सरकार को भेंट किया देवरहा बाबा का आकर्षक चित्र, दिव्य दरबार से पहले राजभवन में हुआ भावपूर्ण भेंट कार्यक्रम
प्रतापगढ़।उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा स्थित बेंती राजभवन में शुक्रवार को धार्मिक आस्था और संत परंपरा के प्रति सम्मान का अनूठा दृश्य देखने को मिला। दिव्य दरबार के आयोजन से पूर्व जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर आचार्य पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को परम पूजनीय देवरहा बाबा का सुंदर एवं आकर्षक पोर्ट्रेट पेंटिंग भेंट किया।

बेंती राजभवन में हुए इस विशेष भेंट कार्यक्रम के दौरान राजा भैया ने देवरहा बाबा के स्मरणीय चित्र को शास्त्री जी को सौंपा। देवरहा बाबा भारतीय संत परंपरा की विशिष्ट आध्यात्मिक विभूतियों में गिने जाते हैं। उनका चित्र भेंट करना संत परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और श्रद्धा के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा। इस अवसर पर बागेश्वर सरकार ने भी चित्र को ससम्मान ग्रहण किया।

इस दौरान राजा भैया के ज्येष्ठ सुपुत्र कुंवर शिवराज प्रताप सिंह और कनिष्ठ सुपुत्र कुंवर बृजराज प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। राजभवन में आयोजित इस आत्मीय मुलाकात ने धार्मिक आयोजन के बीच एक विशेष आध्यात्मिक गरिमा जोड़ दी। उल्लेखनीय है कि बेंती राजभवन में पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा और दिव्य दरबार में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु शामिल हुए हैं।
सड़क सुरक्षा पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने एवं जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता मे

बलरामपुर।जनपद बलरामपुर में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, जाम की समस्या से निजात दिलाने तथा आम नागरिकों के आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद कार्यालय, बलरामपुर में नगर पालिका अध्यक्ष श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू' की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) बलरामपुर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बलरामपुर तथा सहायक अभियंता, उत्तर प्रदेश सेतु निर्माण निगम सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर लगने वाले जाम, ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के अनियमित संचालन, जगह-जगह वाहन खड़ा कर सवारियों को उतारने एवं बैठाने तथा बसों एवं ई-रिक्शा/ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए निर्णय लिया गया कि रोडवेज की बसों को परेड ग्राउंड में खड़ा कराया जाएगा। नगर के विभिन्न मार्गों पर यातायात के दबाव को कम करने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू करने की योजना तैयार की जाएगी। वीर विनय चौराहे पर किसी भी प्रकार के वाहन को अनावश्यक रूप से खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त भारी वाहनों के दिन के समय नगर में प्रवेश पर रोक लगाने तथा ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड विकसित करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में यह भी विचार किया गया कि नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर अनियमित पार्किंग तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रस्तावित व्यवस्थाओं को लागू करने की दिशा में कार्यवाही करने पर जोर दिया गया।

बैठक का उद्देश्य नगर को जाम की समस्या से मुक्त कर यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित बनाना तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।
टिकौला शुगर मिल ने किसानों के खातों में भेजे 19.80 करोड़ रुपये
12 से 16 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने का किया शत-प्रतिशत भुगतान, किसानों से साफ-सुथरा गन्ना आपूर्ति करने की अपील

मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। टिकौला शुगर मिल ने पेराई सत्र 2026-27 के दौरान किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान के मामले में राहत देते हुए 19.80 करोड़ रुपये की धनराशि किसानों के बैंक खातों में भेज दी है।

चीनी मिल के अधिशासी अध्यक्ष हरकीरत सिंह ने बताया कि मिल ने 12 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक किसानों से खरीदे गए गन्ने का संपूर्ण भुगतान कर दिया है। कुल 19 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी संबंधित बैंक शाखाओं के माध्यम से भुगतान की जानकारी प्राप्त कर लें।

उन्होंने किसानों से गन्ना आपूर्ति में विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि मिल में साफ-सुथरा, ताजा और जड़, पत्ती, मिट्टी व हरे अगोले से रहित गन्ना ही आपूर्ति करें। इससे चीनी मिल की पेराई व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और किसानों को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास पर्चियों से अधिक गन्ना उपलब्ध है, वे चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर अपनी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सट्टा दर्ज करा सकते हैं। साथ ही किसानों से अपना बेसिक कोटा अनिवार्य रूप से पूरा करने का भी आग्रह किया गया है।