मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 393 जोड़ों का सामूहिक विवाह एवं निकाह संपन्न
![]()
नवदंपतियों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिया सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद
*आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायक बन रही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना : सांसद
*प्रत्येक लाभार्थी जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये की धनराशि व्यय, 390 जोड़ों का विवाह एवं 03 जोड़ों का निकाह विधि-विधान से संपन्न
जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की अध्यक्षता एवं मा० सांसद श्री मुकेश राजपूत जी के मुख्य आतिथ्य में आज समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन क्रिश्चियन इण्टर कॉलेज मैदान फर्रुखाबाद में किया गया। इस दौरान विधायक एवं सदस्य विधान परिषद प्रांशु दत्त द्विवेदी भी उपस्थिति रहे । समारोह में कुल 393 जोड़ों का विवाह एवं निकाह विधि-विधान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया, जिसमें 390 हिंदू जोड़े विवाह बंधन में बंधे तथा 03 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा सिद्धि विनायक भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं पगड़ी भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मदन मोहन कन्नौजिया बालिका इण्टर कॉलेज की छात्राओं द्वारा अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2017-18 से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाती है। इसमें 60 हजार रुपये की धनराशि कन्या के बैंक खाते में अंतरित की जाती है, जबकि 25 हजार रुपये के वैवाहिक उपहार वर-वधू को विवाह के समय उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके अतिरिक्त 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा आयोजन की व्यवस्थाओं, जैसे भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर व्यय किए जाते हैं।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपनी बेटियों का विवाह सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने में सहायता मिल रही है। साथ ही सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता, समानता, आपसी सद्भाव एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं।
विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन सभी नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिवारों के लिए अत्यंत खुशी एवं उल्लास का अवसर है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करते हुए कहा कि आज दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करने वाले सभी जोड़ों का वैवाहिक जीवन सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय हो। सभी नवदंपति आपसी प्रेम, विश्वास एवं सम्मान के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत करें तथा समाज में एक आदर्श स्थापित करें।
मा० विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि आज सभी वैवाहिक जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर अपने जीवन के नए अध्याय में प्रवेश कर रहे हैं। विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन होता है। उन्होंने नवदंपतियों से आह्वान किया कि वे विवाह के समय लिए गए संकल्पों का आजीवन पालन करें तथा एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनते हुए अपने दाम्पत्य जीवन को सफल बनाएं। उन्होंने समारोह के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना भी की।
विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन की सफलता का आधार आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग एवं सम्मान है। उन्होंने सभी जोड़ों से अपेक्षा की कि वे जीवन के प्रत्येक उतार-चढ़ाव में एक-दूसरे का साथ निभाएं तथा परिवार में सुख, शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखें।
सदस्य विधान परिषद प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि क्रिश्चियन इण्टर कॉलेज मैदान में आयोजित इस समारोह में 393 जोड़ों का सामूहिक विवाह एवं निकाह संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने नवदंपतियों को बधाई देते हुए कहा कि वे जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाएं तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने अपने संबोधन में सभी नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनपद में इतने बड़े स्तर पर सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाना सराहनीय है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा है, जिसके माध्यम से बेटियों का विवाह गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा रहा है।
उन्होंने नवदंपतियों से आह्वान किया कि वे अपने वैवाहिक जीवन में एक-दूसरे के प्रति सम्मान, विश्वास एवं सहयोग की भावना बनाए रखें तथा अपने वैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें। उन्होंने कहा कि नवविवाहित जोड़े जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता निभाएं और पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से देश एवं समाज की उन्नति में अपना योगदान दें।
जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में नवविवाहित जोड़ों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा नवदंपतियों को वैवाहिक उपहार प्रदान किए गए तथा पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया गया। इस दौरान विवाह बंधन में बंधे जोड़ों के चेहरों पर खुशी एवं उत्साह देखने को मिला। अपने बच्चों को नए जीवन की शुरुआत करते देखकर उनके माता-पिता एवं परिजन भी भावुक एवं प्रसन्न नजर आए।
कार्यक्रम में योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में बेटियों के सम्मान, सामाजिक समानता एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिलती है तथा विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को सम्मानजनक वातावरण में संपन्न कराने का अवसर प्राप्त होता है।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० आनन्द उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी सदर अभय वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, प्रभारी जनगणना अधिकारी पारखी भार्गव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
समारोह में बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़े, उनके माता-पिता एवं परिजन और पत्रकार बंधु भी मौजूद रहे।![]()
![]()
![]()










लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ शहर में अपराध शाखा की टीम ने दो तस्करों को गुरुवार की रात को बंधा रोड के पास गिरफ्तार किया है। कार की तलाशी लेने पर उनके पास 43 पैकेट में कुल 48.80 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। ये लोग ओडिशा से गांजा लाकर शहर में सप्लाई करते हैं।
प्रतापगढ़।उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा स्थित बेंती राजभवन में शुक्रवार को धार्मिक आस्था और संत परंपरा के प्रति सम्मान का अनूठा दृश्य देखने को मिला। दिव्य दरबार के आयोजन से पूर्व जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर आचार्य पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को परम पूजनीय देवरहा बाबा का सुंदर एवं आकर्षक पोर्ट्रेट पेंटिंग भेंट किया।
12 से 16 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने का किया शत-प्रतिशत भुगतान, किसानों से साफ-सुथरा गन्ना आपूर्ति करने की अपील
विपिन राठौर रामराज (मुज़फ्फरनगर )
कई महीनों से खाली चल रही थी नायब तहसीलदार की कुर्सी, राजस्व संबंधी कार्यों में आ रही थी परेशानी
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। आम जनमानस को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के संचालन एवं मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तहसील मुहम्मदाबाद गोहना में स्थापित EVM प्रशिक्षण केंद्र का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परविंदर कुमार ने निरीक्षण किया।
1 hour and 30 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k