ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ में सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ शहर में अपराध शाखा की टीम ने दो तस्करों को गुरुवार की रात को बंधा रोड के पास गिरफ्तार किया है। कार की तलाशी लेने पर उनके पास 43 पैकेट में कुल 48.80 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। ये लोग ओडिशा से गांजा लाकर शहर में सप्लाई करते हैं।

एडीसीपी क्राइम किरन यादव ने शुक्रवार को बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ 'नार्को हंट'अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत क्राइम ब्रांच को दो युवकों के बारे में पता चला। क्राइम ब्रांच ने बंधा रोड पर पहुंचकर मौके पर कार की तलाशी ली। इस दौरान 43 पैकेट में कुल 48.80 किलोग्राम अवैध गांजा, दो मोबाइल, फोन और झारखंड नंबर की कार बरामद हुई है। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गये तस्कर प्रयागराज निवासी प्रकाश दुबे और लखनऊ के अवध विहार योजना निवासी जय आनंद मिश्रा है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ एवं आसपास के जिलों में सप्लाई करते है,जिनसे मिलने वाली रकम को आपस में बांट लेते हैं।

एडीसीपी ने बताया कि “ऑपरेशन नार्को हंट के अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। अभियान की कार्ययोजना में तस्करी के स्रोत की पहचान, नेटवर्क का विघटन एवं संगठित तंत्र के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को प्राथमिकता दी गई है। क्राइम ब्रांच ने अपराध से संबंधित सूचनाएं प्राप्त करने के लिए हेल्प लाइन नंबर 7839861034 पर आमजन इन माध्यमों से महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध करा सकते हैं। सूचनादाताओं की गोपनीयता सुनिश्चित की जाएगी।
राजा भैया ने बागेश्वर सरकार को भेंट किया देवरहा बाबा का आकर्षक चित्र, दिव्य दरबार से पहले राजभवन में हुआ भावपूर्ण भेंट कार्यक्रम
प्रतापगढ़।उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा स्थित बेंती राजभवन में शुक्रवार को धार्मिक आस्था और संत परंपरा के प्रति सम्मान का अनूठा दृश्य देखने को मिला। दिव्य दरबार के आयोजन से पूर्व जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर आचार्य पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को परम पूजनीय देवरहा बाबा का सुंदर एवं आकर्षक पोर्ट्रेट पेंटिंग भेंट किया।

बेंती राजभवन में हुए इस विशेष भेंट कार्यक्रम के दौरान राजा भैया ने देवरहा बाबा के स्मरणीय चित्र को शास्त्री जी को सौंपा। देवरहा बाबा भारतीय संत परंपरा की विशिष्ट आध्यात्मिक विभूतियों में गिने जाते हैं। उनका चित्र भेंट करना संत परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और श्रद्धा के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा। इस अवसर पर बागेश्वर सरकार ने भी चित्र को ससम्मान ग्रहण किया।

इस दौरान राजा भैया के ज्येष्ठ सुपुत्र कुंवर शिवराज प्रताप सिंह और कनिष्ठ सुपुत्र कुंवर बृजराज प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। राजभवन में आयोजित इस आत्मीय मुलाकात ने धार्मिक आयोजन के बीच एक विशेष आध्यात्मिक गरिमा जोड़ दी। उल्लेखनीय है कि बेंती राजभवन में पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा और दिव्य दरबार में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु शामिल हुए हैं।
सड़क सुरक्षा पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने एवं जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता मे

बलरामपुर।जनपद बलरामपुर में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, जाम की समस्या से निजात दिलाने तथा आम नागरिकों के आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद कार्यालय, बलरामपुर में नगर पालिका अध्यक्ष श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू' की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) बलरामपुर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बलरामपुर तथा सहायक अभियंता, उत्तर प्रदेश सेतु निर्माण निगम सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर लगने वाले जाम, ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के अनियमित संचालन, जगह-जगह वाहन खड़ा कर सवारियों को उतारने एवं बैठाने तथा बसों एवं ई-रिक्शा/ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए निर्णय लिया गया कि रोडवेज की बसों को परेड ग्राउंड में खड़ा कराया जाएगा। नगर के विभिन्न मार्गों पर यातायात के दबाव को कम करने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू करने की योजना तैयार की जाएगी। वीर विनय चौराहे पर किसी भी प्रकार के वाहन को अनावश्यक रूप से खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त भारी वाहनों के दिन के समय नगर में प्रवेश पर रोक लगाने तथा ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड विकसित करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में यह भी विचार किया गया कि नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर अनियमित पार्किंग तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रस्तावित व्यवस्थाओं को लागू करने की दिशा में कार्यवाही करने पर जोर दिया गया।

बैठक का उद्देश्य नगर को जाम की समस्या से मुक्त कर यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित बनाना तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।
टिकौला शुगर मिल ने किसानों के खातों में भेजे 19.80 करोड़ रुपये
12 से 16 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने का किया शत-प्रतिशत भुगतान, किसानों से साफ-सुथरा गन्ना आपूर्ति करने की अपील

मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। टिकौला शुगर मिल ने पेराई सत्र 2026-27 के दौरान किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान के मामले में राहत देते हुए 19.80 करोड़ रुपये की धनराशि किसानों के बैंक खातों में भेज दी है।

चीनी मिल के अधिशासी अध्यक्ष हरकीरत सिंह ने बताया कि मिल ने 12 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक किसानों से खरीदे गए गन्ने का संपूर्ण भुगतान कर दिया है। कुल 19 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी संबंधित बैंक शाखाओं के माध्यम से भुगतान की जानकारी प्राप्त कर लें।

उन्होंने किसानों से गन्ना आपूर्ति में विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि मिल में साफ-सुथरा, ताजा और जड़, पत्ती, मिट्टी व हरे अगोले से रहित गन्ना ही आपूर्ति करें। इससे चीनी मिल की पेराई व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और किसानों को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास पर्चियों से अधिक गन्ना उपलब्ध है, वे चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर अपनी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सट्टा दर्ज करा सकते हैं। साथ ही किसानों से अपना बेसिक कोटा अनिवार्य रूप से पूरा करने का भी आग्रह किया गया है।
हंसावला में निकला 125 किलो वजनी विशालकाय अजगर, ग्रामीणों में मचा हड़कंप, दो घंटे की मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने पकड़ा
विपिन राठौर रामराज (मुज़फ्फरनगर )

रामराज क्षेत्र के गांव हंसावला में ग्राम प्रधान मदन सिंह के घर के पीछे स्थित गन्ने के खेत में एक विशालकाय अजगर निकलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। करीब 125 किलोग्राम वजनी बताए जा रहे इस विशालकाय अजगर को देखकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों के साथ ही आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। अजगर की विशालकाय लंबाई और भारी-भरकम शरीर को देखकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
रामराज क्षेत्र के गांव हंसावला में ग्राम प्रधान मदन सिंह के घर के पीछे गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने एक विशालकाय अजगर को देखा। इसके बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अजगर को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अजगर का आकार काफी बड़ा होने के कारण उसे काबू करना वनकर्मियों के लिए भी आसान नहीं था। वनकर्मियों ने पूरी सावधानी के साथ अजगर को पकड़ने का प्रयास किया।
करीब तीन घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने विशालकाय अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। अजगर के पकड़े जाने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस दौरान अजगर को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लगी रही और क्षेत्र में दिन भर विशालकाय अजगर के निकलने की चर्चा होती रही।
मऊ: मालव ग्राम पंचायत में किसानों को दी गई रेज्ड बेड विधि से सब्जी की खेती की ट्रेनिंग, जल संरक्षण और बेहतर पैदावार के बताए तरीके

महिला ग्रामोद्योग सेवा समिति की पहल, जीरो टिलेज विधि से गेहूं की बुवाई भी कराई गई

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। महिला ग्रामोद्योग सेवा समिति की ओर से ग्राम पंचायत मालव में संगठन के सदस्यों सहित महिला एवं पुरुष किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से ऑन फील्ड प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों को रेज्ड बेड (उठी हुई क्यारी) विधि से किचन गार्डन एवं सब्जियों की खेती करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बताया गया कि रेज्ड बेड विधि से सब्जियों की खेती करने पर पानी की बचत होती है, खाद की आवश्यकता कम पड़ती है और बेहतर पैदावार प्राप्त की जा सकती है। साथ ही यह तकनीक जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी सहायक हो सकती है।

किसानों को हाई न्यूट्रिशन, मीडियम न्यूट्रिशन और लो न्यूट्रिशन वाली फसलों को एक साथ लगाने की तकनीक समझाई गई। बताया गया कि अलग-अलग पोषण आवश्यकताओं वाली फसलों को उचित संयोजन में लगाकर मिट्टी के पोषक तत्वों का बेहतर उपयोग किया जा सकता है। वहीं सब्जियों के बीच गेंदे के पौधे लगाने से कीटों के प्रकोप को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

इस अवसर पर जीरो टिलेज तकनीक को बढ़ावा देते हुए इसके लिए तैयार एक किसान के खेत में जीरो टिलेज विधि से गेहूं की बुवाई भी कराई गई।
इसके अतिरिक्त ब्लॉक के अधिकारियों से संपर्क कर किसानों के लिए बीज की उपलब्धता तथा स्वाइल हेल्थ कार्ड जारी होने की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

कार्यक्रम में महिला ग्रामोद्योग सेवा समिति के सचिव संजय मिश्रा, समिति के अन्य पदाधिकारी, ग्राम प्रधान सहित क्षेत्र के किसान एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील को मिला नया नायब तहसीलदार, विजय कुमार गुप्ता ने संभाला कार्यभार
कई महीनों से खाली चल रही थी नायब तहसीलदार की कुर्सी, राजस्व संबंधी कार्यों में आ रही थी परेशानी

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। स्थानीय तहसील परिसर में कई महीनों से खाली चल रहे नायब तहसीलदार के पद पर शुक्रवार को नवागत विजय कुमार गुप्ता ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके आने से तहसील में लंबित राजस्व संबंधी कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

बताया जाता है कि तत्कालीन नायब तहसीलदार का प्रमोशन होने के बाद यह पद रिक्त हो गया था। नए नायब तहसीलदार की तैनाती न होने के कारण तहसील के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने जिलाधिकारी को भी इससे अवगत कराया था।

शुक्रवार को श्रावस्ती जनपद की इकौना तहसील से स्थानांतरित होकर आए विजय कुमार गुप्ता ने मुहम्मदाबाद गोहना में नायब तहसीलदार का पदभार संभाला। इस दौरान उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने उन्हें कार्यों एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर तहसीलदार सुधांशु शेखर, अजय बहादुर सिंह, सत्यपाल सिंह सहित तहसील के अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मऊ: एडीएम ने EVM प्रशिक्षण केंद्र का किया निरीक्षण, आम नागरिकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के दिए निर्देश
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। आम जनमानस को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के संचालन एवं मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तहसील मुहम्मदाबाद गोहना में स्थापित EVM प्रशिक्षण केंद्र का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परविंदर कुमार ने निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक आम नागरिकों को EVM के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। साथ ही मशीन के संचालन एवं उपयोग के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाए, ताकि मतदाता मतदान प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकें।
उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने पर विशेष जोर दिया तथा आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना अर्चना अग्निहोत्री, उपजिलाधिकारी न्यायिक सुनील भारती, तहसीलदार सुधांशु शेखर, नायब तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, अजय बहादुर सिंह, सत्यपाल सिंह, गुंजन श्रीवास्तव, सुमन यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मऊ: 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए किया जागरूक, तहसीलदार ने ITI कॉलेज में चलाया जागरूकता अभियान
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत नए मतदाताओं को जोड़ने और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को तहसीलदार सुधांशु शेखर ने टाउन इंटर कॉलेज के निकट स्थित एक आईटीआई कॉलेज पहुंचकर अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मतदाता बनने एवं मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के विभिन्न नियमों एवं मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र युवा को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
तहसीलदार ने छात्र-छात्राओं से कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है।

सभी को निर्भीक एवं निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

इस अवसर पर आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राओं सहित तहसील कर्मचारी सत्यपाल सिंह, अजय बहादुर सिंह आदि उपस्थित रहे।
मऊ: गड्ढों में तब्दील हुई करहा-अरैला सड़क, आए दिन हादसों में घायल हो रहे राहगीर

तीन किलोमीटर की जर्जर सड़क बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई मरम्मत; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

मऊ। उत्तर प्रदेश सरकार भले ही प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का दावा कर रही हो, लेकिन मऊ जनपद में करहा बाजार से अरैला ग्राम सभा तक जाने वाली सड़क सरकारी दावों की हकीकत बयां कर रही है। करीब तीन किलोमीटर लंबी यह सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। जर्जर सड़क के कारण आए दिन राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार होकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।

स्थानीय निवासी अभयदीप कुमार ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान इस सड़क से मिट्टी की ढुलाई की गई थी। भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद से आज तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का पता नहीं चलता, जिससे बाइक सवार अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नवमी प्रसाद ने बताया कि करहा मुख्य मार्ग से मुख्यालय की ओर जाने वाली सड़क का करहा बाजार से अरैला ग्राम सभा तक लगभग तीन किलोमीटर हिस्सा बेहद खराब है। इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने शासन-प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
ग्रामीण महेश ने बताया कि तीन दिन पूर्व वह इसी सड़क से बाइक लेकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक गड्ढे में गिर गई, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। वहीं प्रदीप यादव ने बताया कि कई वर्षों से सड़क की हालत खराब है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में होती है। स्कूली बच्चे भी आए दिन सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों ने छोटा प्रदर्शन कर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को लेकर कब तक कार्रवाई करता है।