मऊ: एडीएम ने EVM प्रशिक्षण केंद्र का किया निरीक्षण, आम नागरिकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के दिए निर्देश
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। आम जनमानस को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के संचालन एवं मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तहसील मुहम्मदाबाद गोहना में स्थापित EVM प्रशिक्षण केंद्र का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परविंदर कुमार ने निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक आम नागरिकों को EVM के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। साथ ही मशीन के संचालन एवं उपयोग के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाए, ताकि मतदाता मतदान प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकें।
उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने पर विशेष जोर दिया तथा आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना अर्चना अग्निहोत्री, उपजिलाधिकारी न्यायिक सुनील भारती, तहसीलदार सुधांशु शेखर, नायब तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, अजय बहादुर सिंह, सत्यपाल सिंह, गुंजन श्रीवास्तव, सुमन यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मऊ: 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए किया जागरूक, तहसीलदार ने ITI कॉलेज में चलाया जागरूकता अभियान
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत नए मतदाताओं को जोड़ने और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को तहसीलदार सुधांशु शेखर ने टाउन इंटर कॉलेज के निकट स्थित एक आईटीआई कॉलेज पहुंचकर अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मतदाता बनने एवं मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के विभिन्न नियमों एवं मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र युवा को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
तहसीलदार ने छात्र-छात्राओं से कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है।

सभी को निर्भीक एवं निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

इस अवसर पर आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राओं सहित तहसील कर्मचारी सत्यपाल सिंह, अजय बहादुर सिंह आदि उपस्थित रहे।
मऊ: गड्ढों में तब्दील हुई करहा-अरैला सड़क, आए दिन हादसों में घायल हो रहे राहगीर

तीन किलोमीटर की जर्जर सड़क बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई मरम्मत; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

मऊ। उत्तर प्रदेश सरकार भले ही प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का दावा कर रही हो, लेकिन मऊ जनपद में करहा बाजार से अरैला ग्राम सभा तक जाने वाली सड़क सरकारी दावों की हकीकत बयां कर रही है। करीब तीन किलोमीटर लंबी यह सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। जर्जर सड़क के कारण आए दिन राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार होकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।

स्थानीय निवासी अभयदीप कुमार ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान इस सड़क से मिट्टी की ढुलाई की गई थी। भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद से आज तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का पता नहीं चलता, जिससे बाइक सवार अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नवमी प्रसाद ने बताया कि करहा मुख्य मार्ग से मुख्यालय की ओर जाने वाली सड़क का करहा बाजार से अरैला ग्राम सभा तक लगभग तीन किलोमीटर हिस्सा बेहद खराब है। इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने शासन-प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
ग्रामीण महेश ने बताया कि तीन दिन पूर्व वह इसी सड़क से बाइक लेकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक गड्ढे में गिर गई, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। वहीं प्रदीप यादव ने बताया कि कई वर्षों से सड़क की हालत खराब है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में होती है। स्कूली बच्चे भी आए दिन सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों ने छोटा प्रदर्शन कर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को लेकर कब तक कार्रवाई करता है।
बहराइच : प्रेमिका ने साथ रहने से किया इनकार तो मोबाइल टावर पर चढ़ गया प्रेमी, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र में प्रेम सम्बन्धों में आई दरार के बाद एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया। प्रेमिका के साथ रहने से इनकार करने पर युवक उसे मनाने के लिए शुक्रवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों तक उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। आखिरकार प्रेमिका के कहने पर युवक टावर से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ कोतवाली ले गई।

मामला ग्राम पंचायत मधवापुर के मजरा परसीपुरवा का है। मुर्तिहा थाना क्षेत्र के गुलरीघाट निवासी रतनलाल की बेटी लाली कुमारी उर्फ अंकिता और मोतीपुर थाना क्षेत्र के पुरैना रघुनाथपुर निवासी छट्ठू के बेटे अखिलेश के बीच करीब पांच वर्षों से प्रेम सम्बन्ध चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों ने परिवार की मौजूदगी में मंदिर में शादी भी की थी।

परिजनों के मुताबिक, अखिलेश की मां ने युवती के अन्य लोगों से सम्बन्ध होने का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लम्बे समय से विवाद और तनाव चल रहा था। बताया गया कि उर्स के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में भी अखिलेश युवती से मिलने की जिद पर अड़ा रहा था। इसके बाद शुक्रवार सुबह वह परसीपुरवा स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने नीचे उतरने से इनकार कर दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने उसे काफी देर तक समझाया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। बाद में युवती अंकिता ने भी उसे नीचे उतरने के लिए कहा। प्रेमिका की बात मानकर अखिलेश टावर से नीचे उतर आया। युवती ने उसके साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। उसका आरोप था कि अखिलेश उसे बदनाम करने और दबाव बनाने के लिए यह कदम उठा रहा था।

मुर्तिहा थाना प्रभारी यतीन्द्र सिंह ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस उसे और युवती को मूर्तिहा कोतवाली ले आई है। पुलिस दोनों पक्षों से पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। घटना को लेकर गांव में काफी देर तक चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बन रहीं उद्यमी, यूपी की सवा करोड़ महिलाओं ने संभाला कारोबार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में अब महिलाएं केवल परिवार की आर्थिक व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कारोबार की कमान थामकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही हैं। कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली महिलाओं के हुनर को अब बाजार मिल रहा है और उनके उत्पाद अपनी अलग ब्रांड पहचान बना रहे हैं। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही हैं। 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का यह प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उद्यमशीलता का सशक्त उदाहरण बन रहा है।

पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पाद बन रहे कारोबार का आधारप्रदेश के विभिन्न जिलों में महिलाओं के कारोबार की विविधता भी देखने को मिल रही है। सहारनपुर में महिलाएं लालटेन, लकड़ी की ट्रे और लकड़ी के फ्रेम वाले नक्काशीदार दर्पण तैयार कर रही हैं। संभल में लकड़ी की ट्रे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं फिरोजाबाद में कांच के उत्पाद और दीये तैयार कर महिलाएं स्थानीय कारीगरी को आगे बढ़ा रही हैं।

राजधानी लखनऊ में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं चिकनकारी सूट तैयार कर रही हैं। इस तरह प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की पारंपरिक कला, शिल्प और स्थानीय उत्पाद महिलाओं के कारोबार का आधार बन रहे हैं। इन उत्पादों के माध्यम से एक ओर स्थानीय हुनर को प्रोत्साहन मिल रहा है, तो दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं को उद्यमी के रूप में स्थापित होने का अवसर मिल रहा है।

ब्रांड बन रहे महिलाओं की मेहनत की पहचान : अरुण कुमारउत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं स्थानीय विशेषताओं और पारंपरिक उत्पादों को केंद्र में रखकर कारोबार कर रही हैं। मिर्जापुर में ‘विंध्य प्रेरणा’ ब्रांड के अंतर्गत साड़ियां, सत्तू, सरसों का तेल और चना तैयार कर बाजार में उतारे जा रहे हैं। वहीं सोनभद्र में ‘सोन प्रेरणा’ ब्रांड के तहत वन शहद, अगरबत्ती और बकरी के दूध से बने साबुन जैसे उत्पाद महिलाओं की उद्यमशीलता को नई पहचान दे रहे हैं। वाराणसी में ‘काशी प्रेरणा’ ब्रांड के अंतर्गत धूप, वंदनवार तैयार किए जा रहे हैं। ये उत्पाद काशी की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय शिल्पकला को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़ रहे हैं। इसी तरह बुलंदशहर में खुर्जा पॉटरी के दीये और मोमबत्ती स्टैंड तैयार किए जा रहे हैं। इन उत्पादों के जरिए पारंपरिक शिल्प को नए बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मायावती ने मुख्यमंत्री योगी की मां के निधन पर जताया शोक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शोक संवेदना प्रकट की है।

बसपा प्रमुख मायावती ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का आज उनके गाँव में निधन हो जाने की खबर अति-दुखद। उनके परिवार सहित सभी रिश्तेदारों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।
कौशल दीक्षांत समारोह' में शामिल होंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवम्बर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले 'कौशल दीक्षांत समारोह' में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने दी। उन्हाेंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी युवाओं को सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कौशल विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है, जिसे लेकर प्रदेशवासियों में अपार उत्साह है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर भाजपा नेताओं ने जताया शोक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत पार्टी नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। विदित हो कि मुख्यमंत्री योगी की माता जी का निधन 91 वर्ष की आयु में शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक पैतृक आवास पर हुआ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का स्वर्गवास अत्यंत दुःखद एवं हृदय को व्यथित करने वाला है। मां का दुनिया से जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। दुःख की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा माननीय मुख्यमंत्री जी व समस्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने का संबल प्रदान करें।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शोक व्यक्त करते हुए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि इस कठिन घड़ी में मेरी गहन संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। पूज्य माताजी को विनम्र श्रद्धांजलि!

मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की वह अनमोल पूंजी है, जो हर कठिन समय में संबल देती है। उनका साया सिर से उठ जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
यूपी एसटीएफ ने बुलंदशहर में इनामी बदमाश नसीम दुर्रानी ढेर किया, दिल्ली में हत्या करके हुआ था फरार

लखनऊ , बुलंदशहर। दिल्ली में हत्या की वारदात में शामिल रहा फरार बदमाश नसीम दुर्रानी को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयाेग लेकर सयुंक्त अभियान ढेर कर दिया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था।

एसटीएफ एएसपी राजकुमार मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि एनकाउंटर में मारा गया बदमाश नसीम दुर्रानी दिल्ली में मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के बाहर 16 नवंबर को समीर पर 15-20 गोलियां बरसाकर हत्या करने व गाजियाबाद के थाना लोनी के हत्या के प्रयास में वांछित था। गाजियाबाद पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। दिल्ली पुलिस टीम उसकी तलाश में थी। गुरुवार की रात को सूचना मिली कि आरोपित बुलंदशहर में किसी साथी से मिलकर एक वारदात को अंजाम देने वाला हैं। इस सूचना पर पुलिस दिल्ली और नोएडा एसटीएफ के साथ स्थानीय पुलिस ने उसे घेराबंदी की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली से घायल हुआ। पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अफसर ने बताया कि आरोपित नसीम पर मूलरूप दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद स्थित राजीव गांधी नगर का रहने वाला था। उस पर हत्या और हत्या के प्रयास समेत दिल्ली और नोएडा समेत कई थानों में 25 से ज्यादा आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। दिल्ली में उसने दो बड़ी हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस रिकार्ड में वह गैंगस्टर छोटा शकील के संपर्क में रहकर डी ग्रुप से जुड़ने का भी प्रकाश में आया है। उसने पाकिस्तान-कनाडियन जर्नलिस्ट तारिक फतह को भी मारने की साजिश रची थी। इसके अलावा 2016 में शकील के कहने पर दुर्रानी ने तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन को मारने की सुपारी ली थी, जिसमें वह पकड़ा गया था। पूछताछ में उसके खिलाफ कई अहम जानकारियां मिली थी।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक संवेदना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक घर में अंतिम सांस ली। वे पंचूर गांव में ही रहती थीं, जो योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव है। यहीं उनका बचपन बीता था। महाराष्ट्र की पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह, भाजपा नेता चित्रसेन सिंह, भाजपा प्रवक्ता आनंद दुबे, मीरा भायंदर के भाजपा नेता सुरेश सिंह, कमलेश दुबे, नगरसेवक मदन सिंह, नगरसेवक मनोज रामनारायण दुबे, परिवहन समिती सभापति एडवोकेट राजकुमार मिश्रा, नगरसेवक विवेक उपाध्याय समेत अनेक लोगों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।