मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर भाजपा नेताओं ने जताया शोक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत पार्टी नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। विदित हो कि मुख्यमंत्री योगी की माता जी का निधन 91 वर्ष की आयु में शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक पैतृक आवास पर हुआ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का स्वर्गवास अत्यंत दुःखद एवं हृदय को व्यथित करने वाला है। मां का दुनिया से जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। दुःख की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा माननीय मुख्यमंत्री जी व समस्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने का संबल प्रदान करें।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शोक व्यक्त करते हुए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि इस कठिन घड़ी में मेरी गहन संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। पूज्य माताजी को विनम्र श्रद्धांजलि!

मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की वह अनमोल पूंजी है, जो हर कठिन समय में संबल देती है। उनका साया सिर से उठ जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
यूपी एसटीएफ ने बुलंदशहर में इनामी बदमाश नसीम दुर्रानी ढेर किया, दिल्ली में हत्या करके हुआ था फरार

लखनऊ , बुलंदशहर। दिल्ली में हत्या की वारदात में शामिल रहा फरार बदमाश नसीम दुर्रानी को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयाेग लेकर सयुंक्त अभियान ढेर कर दिया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था।

एसटीएफ एएसपी राजकुमार मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि एनकाउंटर में मारा गया बदमाश नसीम दुर्रानी दिल्ली में मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के बाहर 16 नवंबर को समीर पर 15-20 गोलियां बरसाकर हत्या करने व गाजियाबाद के थाना लोनी के हत्या के प्रयास में वांछित था। गाजियाबाद पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। दिल्ली पुलिस टीम उसकी तलाश में थी। गुरुवार की रात को सूचना मिली कि आरोपित बुलंदशहर में किसी साथी से मिलकर एक वारदात को अंजाम देने वाला हैं। इस सूचना पर पुलिस दिल्ली और नोएडा एसटीएफ के साथ स्थानीय पुलिस ने उसे घेराबंदी की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली से घायल हुआ। पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अफसर ने बताया कि आरोपित नसीम पर मूलरूप दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद स्थित राजीव गांधी नगर का रहने वाला था। उस पर हत्या और हत्या के प्रयास समेत दिल्ली और नोएडा समेत कई थानों में 25 से ज्यादा आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। दिल्ली में उसने दो बड़ी हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस रिकार्ड में वह गैंगस्टर छोटा शकील के संपर्क में रहकर डी ग्रुप से जुड़ने का भी प्रकाश में आया है। उसने पाकिस्तान-कनाडियन जर्नलिस्ट तारिक फतह को भी मारने की साजिश रची थी। इसके अलावा 2016 में शकील के कहने पर दुर्रानी ने तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन को मारने की सुपारी ली थी, जिसमें वह पकड़ा गया था। पूछताछ में उसके खिलाफ कई अहम जानकारियां मिली थी।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक संवेदना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक घर में अंतिम सांस ली। वे पंचूर गांव में ही रहती थीं, जो योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव है। यहीं उनका बचपन बीता था। महाराष्ट्र की पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह, भाजपा नेता चित्रसेन सिंह, भाजपा प्रवक्ता आनंद दुबे, मीरा भायंदर के भाजपा नेता सुरेश सिंह, कमलेश दुबे, नगरसेवक मदन सिंह, नगरसेवक मनोज रामनारायण दुबे, परिवहन समिती सभापति एडवोकेट राजकुमार मिश्रा, नगरसेवक विवेक उपाध्याय समेत अनेक लोगों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।
थाना को0 नगर पुलिस द्वारा ई-रिक्शा चोरी की घटना का सफल अनावरण, चोरी के ई-रिक्शा सहित 01 अभियुक्त गिरफ्तार

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
गोण्डा। थाना कोतवाली नगर पर दिनांक 19.11.2026 को वादी बजरंगी गोस्वामी पुत्र शिवसहाय निवासी पाचुपुर जोरिया, थाना कटरा बाजार, जनपद गोण्डा द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया कि दिनांक 17.11.2026 को रात्रि करीब 09:30 बजे पोर्टरगंज स्थित शराब की दुकान के पास से उनका ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन नं0 UP43AT7752 चोरी हो गया है। उक्त प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 1067/26 धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था।

*कार्यवाही-*
दिनांक 19/20.11.2026 की रात्रि को उपनिरीक्षक शिवम गुप्ता मय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण, संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान लाहिड़ी चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि मुकदमे से संबंधित अभियुक्त चोरी किए गए ई-रिक्शा के साथ कटहा घाट की तरफ से आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा कटहा घाट मोड़ के पास राजेन्द्र लाहिड़ी समाधि स्थल के निकट घेराबंदी कर ई-रिक्शा के साथ मौजूद एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रमेश पाण्डेय उर्फ चैला पाण्डेय पुत्र स्व0 रामचन्दर पाण्डेय निवासी पोर्टरगंज पथवलिया, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा बताया। मौके से एक अदद लाल रंग का ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन नं0 UP43AT7752 बरामद हुआ, जिसकी पहचान चोरी हुए ई-रिक्शा के रूप में हुई। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना को0 नगर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन केंद्रों की आज से हुई शुरुआत, आमजन को मतदान प्रक्रिया की दी जाएगी जानकारी

*ईवीएम-वीवीपैट के माध्यम से मतदाता जान सकेंगे मतदान की प्रक्रिया, प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए स्थापित किए गए प्रदर्शन केंद्र।*

सुलतानपुर,आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा मतदान प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज से ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (ईडीसी) का संचालन प्रारंभ किया गया।
         
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय स्तर पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली, मतदान की प्रक्रिया तथा वीवीपैट में मत की पर्ची देखने की व्यवस्था का व्यावहारिक प्रदर्शन कर जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की अधिसूचना जारी होने तक संचालित रहेगा।
तुलसीपुर में श्री श्याम महोत्सव संकीर्तन शोभायात्रा निकाली गई

तुलसीपुर -बलरामपुर 20 नवम्बर। श्री श्याम महोत्सव संकीर्तन सभा मनी भोग एवं मां भगवती जागरण के अनुसार 20,21,22 नवम्बर को निम्नलिखित कार्यक्रम होगा, जिसका उत्सव स्थल नई बाजार तुलसीपुर होगा।आयोजन विजय कुमार अग्रवाल, सत्यम अग्रवाल, प्रशांत अग्रवाल, अयांश अग्रवाल एवं जिंदल परिवार द्वारा उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें 20 नवंबर को शोभा यात्रा निकाली गई 20 नवम्बर शाम 8:00 बजे से प्रसिद्ध भजन गायक श्याम शर्मा (देवरिया) संवारें का उत्सव स्थल नई बाजार तुलसीपुर होगा, तथा 21 नवम्बर को श्याम बाबा की कृपा से सदैव की बात इस वर्ष भी सवामणी प्रसाद का भी आयोजन रहेगा जिसमें सभी श्याम बाबा भक्तो इष्ट मित्रों सहित लोगों को सादर आमंत्रित किया गया है। 22 नवंबर को रात के 8:00 बजे से मां भगवती जागरण नई बाजार तुलसीपुर में होगा जिसके मुख्य भजन गायिका रेणु रसिया बाराबंकी तथा शिखर जागरण पार्टी बाराबंकी द्वारा होगा। आयोजक मंडल ने सभी भक्तों से इस अवसर पर पहुंचने का आग्रह किया है।
मुंबई के उद्योगपति और समाजसेवी चित्रसेन सिंह का जौनपुर में सम्मान

जौनपुर। मुंबई के प्रख्यात समाजसेवी, उद्योगपति तथा सांस्कृतिक और सामाजिक संस्था तरुण कला संगम के संस्थापक अध्यक्ष चित्रसेन सिंह का आज बदलापुर तहसील अंतर्गत स्थित महमदपुर गुलरा गांव में वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे ने उनका सम्मान किया। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षक परिषद, उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। जौनपुर के खुटहन थाना अंतर्गत स्थित तिरकौलिया गांव निवासी चित्रसेन सिंह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता भी हैं। तरुण कला संगम के माध्यम से वे देश के मूर्धन्य पत्रकारों, साहित्यकारों, समाजसेवियों और फिल्म जगत से जुड़े नामचीन लोगों का सम्मान करते आ रहे हैं।
बुलंदशहर में 50 हजार के इनामी गैंगस्टर नसीम दुरानी का एनकाउंटर, नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की टीम ने किया ढेर
लखनऊ /बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दिल्ली पुलिस और नोएडा की एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन में कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने उसे पकड़ने के लिए अभियान चलाया था। इसी दौरान मुठभेड़ हुई और कुख्यात गैंगस्टर पुलिस की गोलीबारी में मारा गया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीमें कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी की गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। पुलिस को बुलंदशहर में उसके मौजूद होने की जानकारी मिली थी। इस खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस और नोएडा एसटीएफ की टीमों ने बुलंदशहर पुलिस के साथ मिलकर उसे पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया।

बताया गया कि जब पुलिस टीमें गैंगस्टर को पकड़ने के लिए पहुंचीं, तो कुछ देर बाद ही मुठभेड़ शुरू हो गई। इसी दौरान पुलिस की गोली लगने के बाद गैंगस्टर नसीम दुर्रानी जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।एसटीएफ के अनुसार, नसीम दुर्रानी कथित तौर पर दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में जीरो पुस्ते पर समीर नाम के युवक की हत्या में शामिल था। कथित तौर पर नसीम ने दो दिन पहले दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर समीर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

इस घटना के बाद सोनिया विहार थाने की टीम ने मामला दर्ज किया था और कई टीमें बना दी गई थीं। जहां घटना के बाद, पुलिस टीमें उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। इसी बीच में बुलंदशहर में उसकी मौजूदगी के बारे में इनपुट मिले थे।

बताया जाता है कि नसीम दुर्रानी गैंगस्टर छोटा राजन को खत्म करने की साजिश में भी शामिल था। आरोप है कि इसके लिए उसने एक 'कॉन्ट्रैक्ट' (सुपारी) भी लिया था।
अयोध्या : अब पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
-भोर में तकरीबन तीन बजे शुरू होगी पंचकोसी परिक्रमा

-बड़ी संख्या में 14 कोसी करने वाले श्रद्धालु अब पंचकोसी परिक्रमा भी करेंगे

-चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात, ड्रोन से की जा रही निगरानी

-पंचकोसी परिक्रमा में स्थानीय श्रद्धालुओं की भी उमड़ती है भीड़

-योगी सरकार की तैयारियों से श्रद्धालु गदगद

अयोध्या। चौदह कोसी परिक्रमा पूरी करने के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में चौदहकोसी परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु अभी भी अयोध्या में ठहरे हुए हैं। वे अब पंचकोसी परिक्रमा करेंगे। शुक्रवार को भोर में करीब तीन बजे पंचकोसी परिक्रमा शुरू होगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। पंचकोसी परिक्रमा में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं के भी शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने डायवर्जन प्लान भी लागू किया है।

योगी सरकार के निर्देश पर अयोध्या में परिक्रमा को लेकर इस बार विशेष तैयारियां की गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी है। 14 कोसी परिक्रमा के सफल आयोजन के बाद अब पंचकोसी परिक्रमा के लिए भी उसी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। परिक्रमा मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जा रही है। जगह-जगह पर सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से निगरानी हो रही है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए प्रशासन ने 16 स्थानों पर बैरियर और 14 पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं।

शाम 6 बजे से यातायात हुआ परिवर्तित

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के संयुक्त निर्देश पर यातायात डायवर्जन लागू कर दिया गया है। यह डायवर्जन 19 नवंबर की शाम 6 बजे से परिक्रमा / भीड़ समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। लकड़मंडी चौराहा, दुर्गागंज माझा, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमानगुफा चौराहा, गांधी आश्रम, बालू घाट, आसिफ बाग, बूथ नंबर-4, विद्याकुंड तिराहा, महोबरा फ्लाईओवर, टेढ़ी बाजार, उदया चौराहा, गैस गोदाम तिराहा, कटरा तिराहा और राजघाट बंधा तिराहा पर बैरियर लगाए गए हैं।

लखनऊ जाने के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का करना पड़ेगा इस्तेमाल

गोंडा, बस्ती से आने वाले वाहन जिन्हें लखनऊ जाना है, वे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते जाएंगे। इसी तरह लखनऊ, बाराबंकी से आने वाले वाहन जिन्हें गोंडा, बस्ती जाना है, वे भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का प्रयोग करेंगे। पार्किंग के लिए फटिकशिला आश्रम के पास, साकेत पुल के पास, बैकुंठ धाम के बगल, महर्षि महेश योगी रामायण विवि परिसर, बालू घाट मल्टीलेवल पार्किंग, साथी तिराहा फ्लाईओवर के नीचे सहित कुल 14 स्थान चिन्हित किए गए हैं।

अयोध्या में अब परिक्रमा करना बहुत आसान हो गया

सुल्तानपुर के रामकुमार यादव ने बताया कि हमने रात में ही 14 कोसी परिक्रमा पूरी की। प्रशासन की व्यवस्था बहुत अच्छी थी। जगह-जगह पानी और लाइट की व्यवस्था थी। योगी सरकार में अयोध्या में अब परिक्रमा करना बहुत आसान हो गया है। इसलिए हम रुक गए हैं, अब पंचकोसी परिक्रमा भी करेंगे। प्रभु राम की नगरी में रहकर परिक्रमा करने का मन ही अलग है।

घर जाकर भी लोगों को बताएंगे कि अयोध्या में कितनी अच्छी व्यवस्था है

गोंडा की शांति देवी ने बताया कि हम तीन दिन से अयोध्या में हैं। चौदह कोसी परिक्रमा में कोई दिक्कत नहीं हुई। पुलिस वाले भी मदद कर रहे थे। स्वास्थ्य शिविर में पैर में दवा भी लगवाई। अब सुबह पंचकोसी परिक्रमा करेंगे। घर जाकर भी लोगों को बताएंगे कि अयोध्या में कितनी अच्छी व्यवस्था है।

जानिए पंचकोसी परिक्रमा का महत्व

पंचकोसी परिक्रमा अयोध्या की सबसे छोटी और सबसे लोकप्रिय परिक्रमा है। यह लगभग 15 से 16 किलोमीटर लंबी होती है और इसे एक ही दिन में, कुछ घंटों में पूरा किया जा सकता है। यह परिक्रमा अयोध्या की पारंपरिक नगर-सीमा का प्रतीक मानी जाती है। मान्यता है कि पंचकोसी परिक्रमा करने से अयोध्या के मुख्य देवताओं की परिक्रमा का पुण्य मिलता है। कार्तिक मास में यह परिक्रमा अत्यंत पुण्यदायी मानी जाती है। 14 कोसी परिक्रमा के ठीक बाद पंचकोसी परिक्रमा करने की परंपरा है। कहा जाता है कि इससे पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। सरयू में स्नान कर संकल्प लेकर परिक्रमा शुरू करने की परंपरा है।

कहां से होती है, कहां तक जाती है ?

पंचकोसी परिक्रमा का कोई एक निश्चित प्रारंभ बिंदु नहीं है। नियम यही है कि जहां से परिक्रमा शुरू की जाए, वहीं पर उसका समापन किया जाए।आमतौर पर श्रद्धालु राम जन्मभूमि / श्रीराम मंदिर परिसर से परिक्रमा शुरू करते हैं। वहां से हनुमानगढ़ी, कनक भवन, दशरथ महल, नागेश्वरनाथ मंदिर, राम की पैड़ी, स्वर्गद्वार घाट, राजघाट, नाका हनुमानगढ़ी, नवाबगंज, गुप्तारघाट होते हुए फिर वापस राम जन्मभूमि पर आकर परिक्रमा पूरी करते हैं। यह मार्ग अयोध्या के प्रमुख मंदिरों, घाटों और पवित्र स्थलों से होकर गुजरता है, इसलिए इसे अयोध्या के कोर क्षेत्र की परिक्रमा कहा जाता है।
सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा निरस्त होने की सूचना फर्जी, तीन और चार दिसंबर को ही होगी परीक्षा : डॉ. प्रशांत कुमार
-आयोग अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने की अपील की, फर्जी पत्र जारी करने वालों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में दर्ज होगी एफआईआर

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने गुरुवार को सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा निरस्त होने के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राथमिक) एवं सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी पदों की लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीन और चार दिसंबर 2026 को ही आयोजित होगी। परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और अपनी परीक्षा की तैयारी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रखें। उन्होंने कहा कि आयोग से संबंधित किसी भी सूचना की पुष्टि केवल आधिकारिक माध्यमों से ही करें। बिना सत्यापन के भ्रामक सूचनाओं को आगे प्रसारित करने से भी बचें।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने आयोग के आधिकारिक लेटरहेड, प्रतीक चिह्न और नाम का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर परीक्षा निरस्त होने का फर्जी पत्र प्रसारित किया है। इस पत्र पर उप सचिव के जाली हस्ताक्षर भी किए गए हैं। आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों और संस्था के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि आयोग ने इन पदों पर भर्ती के लिए 15 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी किया था। आयोग अध्यक्ष ने दोहराया कि परीक्षा से संबंधित सभी सूचनाएं, विज्ञप्तियां, परीक्षा कार्यक्रम और आवश्यक संशोधन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट [https://upessc.up.gov.in/](https://upessc.up.gov.in/) और अधिकृत एक्स हैंडल पर ही जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी इन्हीं माध्यमों से प्राप्त जानकारी को प्रमाणिक मानें।