एटीएम बूथों पर फेविक्विक लगाकर कार्ड फंसाने, पिन चोरी करने एवं खातों से रुपये निकालने वाले अन्तर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, 04 अभियुक्त गिरफ्तार
कब्जे से ₹34,910 नकद, 23 एटीएम कार्ड, 05 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 01 की-पैड मोबाइल फोन, 73 फर्जी विजिटिंग कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त चाकू, प्लास, कैंची एवं पेचकस व हुंडई आई-10 कार आदि बरामद-


जनपद गोण्डा में एटीएम बूथों पर एटीएम कार्ड फंसाकर एवं पिन चोरी कर खातों से रुपये निकालने की घटनाओं का खुलासा करते हुए थाना कोतवाली नगर एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से ₹34,910 नकद, 23 एटीएम कार्ड, 05 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 01 की-पैड मोबाइल फोन, 73 फर्जी विजिटिंग कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त चाकू, प्लास, कैंची एवं पेचकस व हुंडई आई-10 कार आदि बरामद किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-
जनपद गोण्डा में एटीएम बूथों पर एटीएम कार्ड फंसाकर धोखाधड़ी करने की दो घटनाएं प्रकाश में आई थीं। प्रथम घटना में दिनांक 24.10.2026 को आवास विकास कॉलोनी स्थित इंडियन बैंक एटीएम बूथ पर वादी नन्द किशोर मिश्रा का एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया था। वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने फर्जी विजिटिंग कार्ड देकर उस पर अंकित मोबाइल नम्बर 9506483447 पर फोन करने को कहा। इसके बाद वादी के खाते से 06 बार में कुल ₹48,934/- निकाल लिए गए। द्वितीय घटना में दिनांक 12.11.2026 को वीर अब्दुल हमीद चौराहे से आगे फैजाबाद रोड स्थित एसबीआई एटीएम बूथ पर वादी मो0 साहिल खान का एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। वहां भी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मदद के नाम पर फर्जी विजिटिंग कार्ड देकर उसी मोबाइल नम्बर पर फोन करने को कहा गया। कुछ समय बाद वादी के खाते से अलग-अलग बार में कुल ₹90,000/- निकाल लिए गए। दोनों घटनाओं में कुल ₹1,38,934/- की धनराशि की धोखाधड़ी की गई थी। उक्त दोनों घटनाओं के संबंध में थाना कोतवाली नगर पर अभियोग पंजीकृत कर साइबर सेल एवं थाना कोतवाली नगर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा जांच प्रारम्भ की गई। घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा पीड़ितों को दिए गए फर्जी विजिटिंग कार्ड पर अंकित मोबाइल नम्बरों, बैंक खातों से हुई धनराशि की निकासी एवं उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। दोनों घटनाओं में एक ही मोबाइल नम्बर 9506483447 का प्रयोग होने से घटनाओं के बीच समानता प्रकाश में आई। तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करते हुए उनकी तलाश की गई। इसी क्रम में साइबर सेल एवं थाना कोतवाली नगर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा अन्तर्जनपदीय गिरोह के 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के विरूद्ध थाना को0 नगर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

पूछताछ का विवरण-
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे आपस में मिलकर अन्तर्जनपदीय गिरोह के रूप में अलग-अलग जनपदों के एटीएम बूथों को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य एटीएम मशीन में कार्ड डालने वाले स्थान पर फेविक्विक लगा देते थे, जिससे ग्राहक का एटीएम कार्ड मशीन में फंस जाता था। इसके बाद गिरोह का एक सदस्य मदद करने के बहाने पीड़ित को फर्जी विजिटिंग कार्ड देता था, जिस पर 9506483447, 9506248851 एवं 9506077978 मोबाइल नम्बर अंकित रहते थे। पीड़ित द्वारा उक्त नम्बर पर फोन करने पर उसे एटीएम मशीन में पुनः अपना पिन डालने के लिए कहा जाता था। इस दौरान पीछे खड़ा दूसरा सदस्य पीड़ित का एटीएम पिन देख लेता था। इसके बाद पीड़ित को बताया जाता था कि कुछ घंटे बाद सपोर्ट टीम आकर उसका कार्ड निकाल देगी। पीड़ित के वहां से चले जाने के बाद अभियुक्त चाकू, प्लास एवं पेचकस आदि उपकरणों से एटीएममशीन के कार्ड डालने वाले स्थान से छेड़छाड़ कर फंसा हुआ कार्ड निकाल लेते थे। इसके बाद चोरी किए गए कार्ड एवं पहले से देखे गए पिन का प्रयोग कर एटीएम से रुपये निकालते थे तथा ऑनलाइनखरीदारी भी करते थे। अभियुक्तों ने बताया कि वे इसी प्रकार की घटनाए जनपद प्रयागराज, लखनऊ, अयोध्या, कानपुर एवं गोण्डा में भी कर चुके हैं। धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि का उपयोग खाने-पीने, होटलों में रुकने, शॉपिंग एवं अन्य निजी खर्चों मेंकरते थे। इसी धनराशि से लखनऊ स्थित CAR24 के माध्यम से हुंडई आई-10 कार संख्या UP 70 EP 4229 भी खरीदी थी। अभियुक्तों के पास से अलग-अलग मोबाइनम्बरों वाले लगभग 73 फर्जी विजिटिंग कार्ड भी बरामद हुए हैं।
वैदिक मंत्रोचार के मध्य डोंगे में गन्ना डालकर पेराई सत्र शुरू
तुलसीपुर (बलरामपुर)19नवमबर बी,सी,एम, ग्रुप के तुलसीपुर चीनी मिल का नया पेराई सत्र गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ शुरू हो गया। इस मौके पर महंत मिथिलेश्वर नाथ योगी, विधायक कैलाश नाथ शुक्ला और पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह पूर्व वन मंत्री सलिल सिंह  टीटू भैया ने डोंगे में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।

देवीपाटन के गन्ने और बैलों का पूजन: कार्यक्रम में देवीपाटन मंदिर से लाए गए गन्ने की पूजा हुई, जबकि यूनिट हेड आरएस प्रसाद ने बैलों का पूजन किया।

  महंत मिथिलेश्वर नाथ योगी ने किसानों और चीनी मिल परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों को इस सत्र मेंर समय पर गन्ने की तौल, उचित मूल्य और समयबद्ध भुगतान की उम्मीद है।

पूजन के अवसर पर एचआर हेड आशीष प्रताप सिंह समेत मिल अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में रवि मिश्रा जिला अध्यक्ष भाजपा, किसान नेता आनंद सिंह अन्नू,  पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, पप्पू सिंह सूरत सिंह डीह, रविंद्र सिंह उर्फ टोप सिंह अकील खान शफीक अख्तर विनय त्रिपाठी अशोक सिंह विष्णु देव कसौधन अनूप गुप्ता सत्यनारायण मिश्रा चौलेश्वर मिश्रा ,किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मामला उच्च अधिकारियों की संज्ञान में, फिर भी डीएसओ ने साधी चुप्पी, आखिर क्यों नहीं हुई अभी तक कोई कार्रवाई?*

*आपूर्ति विभाग में तबादलों पर उठे सवाल*

*तीन साल में तबादले का नियम, फिर सात-सात साल से एक ही जगह क्यों जमे हैं आपूर्ति लिपिक?*

*जिला पूर्ति विभाग में मलाईदार तैनाती का खेल! चुनार, मड़िहान, लालगंज से मुख्यालय तक तबादलों पर सवाल*

*किसकी मेहरबानी से एक ही पटल पर वर्षों से जमे हैं आपूर्ति लिपिक? जिला पूर्ति अधिकारी की चुप्पी पर उठे सवाल*

*कहीं पकड़ और सेटिंग का खेल तो नहीं? वर्षों से जमे आपूर्ति लिपिकों के फेरबदल का इंतजार*

*शासनादेशानुसार 3 साल बाद एक तहसील से दूसरे तहसील  स्थानांतरण करने का आदेश*

*पकड़ और पहुंच वालों की मलाईदार तैनाती, बाकी राम भरोसे! आपूर्ति विभाग में तबादला नीति पर उठे सवाल*

मिर्जापुर। जिला पूर्ति विभाग में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात आपूर्ति लिपिकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चर्चा है कि शासन की स्थानांतरण नीति के बावजूद विभाग में कई कर्मचारी वर्षों से अपनी पुरानी तैनाती पर ही जमे हुए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर तबादलों की प्रक्रिया में पारदर्शिता क्यों नहीं दिखाई दे रही है?
चुनार, मड़िहान, लालगंज तहसील सहित जिला मुख्यालय पर तैनात कुछ आपूर्ति लिपिकों के तीन साल से अधिक समय तक एक ही स्थान पर कार्य करने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि कुछ कर्मचारी सात-सात साल से एक ही जगह पर तैनात हैं, जबकि नियमानुसार स्थानांतरण की व्यवस्था पर अमल को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

विभाग में चर्चा यह भी है कि कुछ कर्मचारियों को सुविधाजनक तैनाती मिली है, जबकि अन्य कर्मचारियों के मामले में तबादले की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
सबसे बड़ा सवाल जिला पूर्ति अधिकारी की भूमिका को लेकर उठ रहा है। यदि कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं, तो अब तक उनके स्थानांतरण पर निर्णय क्यों नहीं लिया गया? क्या विभाग में तबादलों की कोई स्पष्ट समयसीमा निर्धारित है? क्या सभी कर्मचारियों के लिए समान नीति अपनाई जा रही है?
शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। ऐसे में जिला पूर्ति विभाग में लंबे समय से तैनात लिपिकों की सूची, उनकी तैनाती की अवधि और लागू स्थानांतरण नियमों की समीक्षा किए जाने की जरूरत है।
अब देखना यह है कि विभागीय अधिकारी इन सवालों पर क्या जवाब देते हैं और वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों के संबंध में कोई ठोस निर्णय लिया जाता है या नहीं। *डीएसओ की चुप्पी से उठ रहे कई सवाल आखिर अभी तक क्यों नहीं हुई कोई कार्रवाई* *क्या है मामला*
मुख्यमंत्री  के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने जयप्रभा ग्राम का किया स्थलीय निरीक्षण
*डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल एवं जिलाधिकारी रमेश रंजन के साथ कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा, तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश*

गोण्डा। मा0 मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ल, जिलाधिकारी रमेश रंजन एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक के साथ तहसील सदर गोण्डा के जयप्रभा ग्राम, इटियाथोक पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया तथा तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन एवं जनसुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागवार तैयारियों की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करें तथा अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता, पर्याप्त पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सुचारु यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। किसी भी स्तर पर कमी अथवा लापरवाही सामने आने पर तत्काल उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में आने वाले जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण कर लिए जाएं। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ल ने पुलिस अधिकारियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

वहीं, जिलाधिकारी रमेश रंजन ने ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे सौंपे गए दायित्वों का पूरी तत्परता एवं मनोयोग से निर्वहन करें। कार्यक्रम समाप्ति तक सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम की तैयारियां समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हरी झण्डी दिखाकर मतदाता जागरूकता स्वीप जागरूकता रैली को किया रवाना*


*22 विद्यालयों के दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया रैली में भाग, मतदाता जागरूकता का दिया संदेश*


*नए मतदाताओं को जोड़ने और शत-प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को किया जाएगा जागरूक*


*गोण्डा 19 नवम्बर,2026*।
जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा युवाओं को मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आज शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इण्टर कॉलेज (टामसन), गोण्डा से स्वीप (सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) के अंतर्गत मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और निर्वाचन के दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक मतदाता बनें तथा अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज के अन्य नागरिकों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना और लोकतंत्र में उसकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

रैली में जनपद के कुल 22 विद्यालयों के लगभग दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने रैली के माध्यम से आमजन को नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने, मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने तथा आगामी निर्वाचन में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों द्वारा मतदाता जागरूकता से संबंधित संदेशों के माध्यम से लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने भी रैली को रवाना करते हुए मतदाता जागरूकता के इस अभियान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत की अपनी अहमियत होती है। इसलिए सभी पात्र नागरिकों को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।

स्वीप अभियान के तहत आयोजित इस रैली के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं एवं प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने का संदेश दिया गया। साथ ही आमजन को यह भी प्रेरित किया गया कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव अथवा भेदभाव से प्रभावित हुए बिना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से मतदान करें।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद में मतदाता जागरूकता को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना, नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए शत-प्रतिशत मतदान की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना है।
पहले सुरक्षित हुए जिलाधिकारी, अब है आपकी बारी

जिले में फाइलेरिया से बचाव का अभियान शुरू, 7 दिसंबर तक 10 ब्लॉकों में चलेगा एमडीए अभियान

24 लाख से अधिक लोगों को खिलाई जाएगी दवा

उद्घाटन समारोह में शामिल हुई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय टीम



सीतापुर, 19 नवंबर 2026: पहले कद नापा, फिर खुराक तय की और जिलाधिकारी को खिला दी फाइलेरिया से बचाव की दवा। यह नजारा गुरुवार को परसेंडी ब्लॉक स्थित श्री कृष्णा कॉलेज ऑफ फार्मेसी में आयोजित सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के उद्घाटन समारोह का रहा। इस अभियान के तहत 7 दिसंबर तक जिले के 10 संवेदनशील ब्लॉकों के 24 लाख से अधिक लोगों को घर-घर जाकर फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी। 

अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर एनसीवीबीडीसी (राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण केंद्र) की नेशनल टीएसयू, गेट्स फाउंडेशन और पीसीआई की टीम के साथ-साथ जापान की अंतरराष्ट्रीय संस्था ईसाई फार्मास्यूटिकल (EiSAI Pharmaceutical) के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने कॉलेज परिसर में बने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। 

35 हजार इनकार करने वालों को समझाने की अपील: जिलाधिकारी

जनपदवासियों का आह्वान करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मेरी सबसे अपील है कि आप खुद दवा खाएं और जिले के जिन 35,000 लोगों ने पिछली बार दवा खाने से मना किया है, उन्हें समझाकर दवा खिलाएं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब रामपुर जिला फाइलेरिया मुक्त हो सकता है, तो सीतापुर क्यों नहीं? मुझे पूरा विश्वास है कि सभी विभागों और सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर हम यह लक्ष्य जरूर हासिल करेंगे। अंत में जिलाधिकारी ने जन-जागरूकता हेतु प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

गीता के कर्म संदेश से जोड़ा दवा सेवन का कर्तव्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर निदेशक, राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए. के. चौधरी (एसपीओ) ने कहा कि युवा शक्ति वह ताकत है, जो जिस काम को हाथ में लेती है उसे पूरा करके ही छोड़ती है। स्वागत में भेंट की गई श्रीमद्भगवद्गीता का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि गीता हमें अपना कर्तव्य निभाना सिखाती है। आज हमारा कर्म फाइलेरिया से बचाव की दवा खाना और दूसरों को खिलाना है, और हमारी सफलता इसी में है कि हम इसके प्रसार को रोक लें। उन्होंने चिंता जताई कि समाज में अभी फाइलेरिया की गंभीरता और जानकारी दोनों की कमी है, जिसे मिलकर दूर करना है। क्यूलेक्स मच्छर से फैलने वाले इस संक्रमण से बचाव का सबसे आसान उपाय साल में एक बार दवा का सेवन करना है।

पूरे यूपी के 20 प्रतिशत प्रभावित ब्लॉक अकेले सीतापुर में

पीसीआई के प्रतिनिधि रणपाल ने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश के कुल प्रभावित ब्लॉकों का 20 प्रतिशत हिस्सा (10 ब्लॉक) अकेले सीतापुर में है, इसलिए यहाँ के युवाओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समदर ने कहा कि यह अभियान जिला स्तर से लेकर आम जनमानस तक पहुंचेगा और हर विभाग के समन्वय से शत-प्रतिशत लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।

आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखने का अवसर

कार्यक्रम में जापान की दवा निर्माता संस्था ईसाई फार्मास्यूटिकल (EiSAI Pharmaceutical) के प्रतिनिधि कोजी और ताकुया ने भी विचार रखे। कोजी ने बताया कि उनकी संस्था डब्ल्यूएचओ के माध्यम से वैश्विक स्तर पर 283 करोड़ और अकेले भारत के लिए 83 करोड़ दवा की गोलियां निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। उनका मानना है कि इसके जरिए वे स्वस्थ भारत के निर्माण में सहयोग कर रहे हैं। वहीं ताकुया ने कहा कि इस अभियान में भाग लेकर लोग न सिर्फ स्वयं को सुरक्षित रखेंगे बल्कि अपनी आने वाली पीढ़ियों को भी स्वस्थ और सुरक्षित रखने में मदद करेंगे। उन्होंने इसे 'स्वस्थ भारत - फाइलेरिया मुक्त भारत' की ओर एक बड़ा कदम बताया। कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज के प्रबंधक हरनाम सिंह व एचओडी डा. अनुराग मिश्रा ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसीएमओ आरसीएच डा.अनिल त्रिपाठी, एसीएमओ वीबीडी नोडल डा. दीपेंद्र वर्मा, सीएचसी अधीक्षक सहित  गेट्स फाउंडेशन, पीसीआई, पाथ, डब्ल्यूएचओ, के प्रतिनिधि सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

ग्राम राही में टीम ने परखी हकीकत, गलतफहमियां दूर करने का आह्वान

उद्घाटन समारोह के पश्चात राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टीम ने परसेंडी ब्लॉक के ग्राम राही का भ्रमण कर दवा सेवन की प्रक्रिया का अवलोकन किया और पंचायत भवन में ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए. के. चौधरी ने गांव के ही मरीजों का उदाहरण देते हुए कहा कि आपके गांव में जो सात मरीज हैं, आप उनकी स्थिति देखकर समझ सकते हैं कि यह बीमारी एक बार हो जाए तो पूरी तरह ठीक नहीं होती। उन्होंने समाज में व्याप्त भ्रांतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि गलतफहमियों के कारण लोग इन मरीजों के साथ भेदभाव करते हैं, जबकि यह कोई छुआछूत या अभिशाप नहीं, बल्कि मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी है जो किसी को भी हो सकती है। 

इस दौरान सीएचओ-पीएसपी के सदस्य व ग्राम प्रधान ओमप्रकाश शुक्ला और अन्य सदस्यों ने टीम को अवगत कराया कि वे पिछले 5 नवंबर से ही उन लोगों को चिन्हित कर प्रेरित कर रहे हैं, जिन्होंने कभी दवा नहीं खाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस बार पूरी कोशिश है कि कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे। संवाद के दौरान गांव के फाइलेरिया मरीजों ने स्वयं प्रभावित अंगों की नियमित देखभाल और स्वच्छता के तरीकों का जीवंत प्रदर्शन कर टीम के समक्ष प्रस्तुत किया।
समरीन हत्याकांड में नया मोड़, जेल में मिला आरोपी बॉयफ्रेंड का शव
होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर हुई थी 24 वर्षीय समरीन की मौत

परिजनों ने अवनीश जायसवाल पर लगाया था हत्या का आरोप

कोर्ट में सरेंडर के बाद जिला जेल में था बंद, अब जेल के भीतर मौत से उठे कई सवाल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चर्चित समरीन हत्याकांड में गुरुवार को ऐसा मोड़ आया, जिसने पूरे मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया। जिस युवक पर समरीन की हत्या का आरोप था और जो इस मामले में जिला जेल में बंद था, उसकी जेल के भीतर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोपी अवनीश जायसवाल उर्फ देव का शव जेल के बाथरूम में तौलिए के फंदे से लटका मिला। शुरुआती जानकारी में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। हालांकि, जेल के भीतर हुई इस मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी समेत वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल में बंद आरोपी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी पड़ताल की जा रही है।

होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर हुई थी समरीन की मौत

दरअसल, सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर में 24 वर्षीय समरीन की मौत ने अक्टूबर में राजधानी में सनसनी फैला दी थी। समरीन अपने बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल के साथ होटल पहुंची थी। दोनों ने दोपहर करीब 12 बजे होटल में चेक-इन किया था। शाम करीब 6:30 बजे समरीन होटल की दसवीं मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर हादसे में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद अवनीश होटल से फरार हो गया था। समरीन के परिजनों ने उस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई थी। समरीन के मौसा मोहम्मद शकील का आरोप था कि अवनीश कई महीनों से समरीन के पीछे पड़ा था और बहाने से उसे होटल लेकर गया था। परिवार का कहना था कि उन्हें घटना की जानकारी रात करीब 11 बजे मिली थी।

दो दिन बाद अदालत में किया था आत्मसमर्पण

समरीन की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी अवनीश की तलाश शुरू की थी। परिजनों के आरोपों के आधार पर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। फरारी के बाद अवनीश ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। तब से वह लखनऊ की जिला जेल में बंद था।

अब जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठेंगे सवाल

समरीन की मौत के मामले में अभी कई सवालों के जवाब सामने आने बाकी थे, लेकिन मुख्य आरोपी की जेल में हुई मौत ने जांच को एक नया मोड़ दे दिया है। आखिर जेल के भीतर आरोपी की मौत किन परिस्थितियों में हुई? घटना से पहले उसकी गतिविधियां कैसी थीं? क्या उसने किसी तरह की परेशानी की जानकारी जेल प्रशासन को दी थी? इन सभी पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण होगी।

फिलहाल जेल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों से मौत की परिस्थितियों के बारे में अधिक जानकारी सामने आ सकेगी।
किसानों को दिन-रात फसलों की रखवाली करने को होना पड़ रहा मजबूर
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

क्षेत्र में निराश्रित गोवंशों की बढ़ती संख्या किसानों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनती जा रही है। सड़कों से लेकर खेतों और जंगलों तक दर्जनों की संख्या में घूम रहे निराश्रित गोवंश किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। झुंड के रूप में खेतों में घुसकर गोवंश गेहूं, गन्ना, सरसों और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। स्थिति यह है कि किसानों को अपनी फसलों को बचाने के लिए दिन-रात खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। इसके बावजूद उन्हें नुकसान से राहत नहीं मिल पा रही है।

किसान राजेश वर्मा,ब्रजपाल चौधरी,संजीव पहलवान,लच्छी सिंह,नरेश कौशिक,रामकिशोर शर्मा,जगपाल,इरशाद आदि का कहना है कि निराश्रित गोवंशों की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इन गोवंशों को पकड़कर गौशालाओं में भिजवाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। खेतों में खड़ी फसलों को बचाने के लिए किसान तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं, लेकिन बड़ी संख्या में एक साथ पहुंचने वाले गोवंश उनकी तमाम कोशिशों को नाकाम कर देते हैं।दिल्ली-पौड़ी व पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर बड़ी संख्या में निराश्रित गौवंश आवारा घूम रहें है तथा फसलों को बर्बाद कर रहें है| वहीं दूसरी तरफ  निराश्रित गोवंशों के सड़कों पर खुलेआम घूमने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। गौवंश अचानक सड़क पर आ जाते है जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार इनके कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की जान पर खतरा बना हुआ है। रात के समय सड़कों पर घूमते गोवंश दुर्घटनाओं की आशंका को और बढ़ा देते हैं।किसानों ने प्रशासन से अभियान चलाकर निराश्रित गोवंशों को पकड़वाकर उन्हें नजदीकी गौशालाओं में भिजवाने की मांग की है|ताकि किसानों की फसलों को बर्बाद होने से बचाया जा सके और सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लग सके।
रंग पुताई कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

कैथोड़ा गांव में एक व्यक्ति के घर मे ंरंग पुताई कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने स्वजन को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के गांव कैथोड़ा निवासी याकूब पुत्र नाजिम के घर पर रंग पुताई का काम चल रहा है। बुधवार की दोपहर 30 वर्षीय अब्दुल अजीज पुत्र अब्दुस सलाम निवासी गांव इंद्रचक थाना ठाकुर गंगती झारखंड रंग पुताई कर रहा था। इस दौरान मकान की दूसरी मंजिल के छज्जे पर एक लोहे की एंगल को उठाकर वह दूसरी जगह रखने जा रहा था कि तभी एंगल घर के सामने से गुजर रही बिजली की हाईवोल्टेज से छू गई, करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहंुचकर ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया तथा उसकी पहचान करने का प्रयास किया। पुलिस ने मोबाइल से मिले नंबरों की मदद से उसके स्वजन को घटना की सूचना दी तथा पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि युवक झारखंड का रहने वाला है तथा किसी ठेकेदार के माध्यम से गांव कैथोड़ा में रंग पुताई करने के लिए आया था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डी मोनफोर अकादमी में कला प्रतियोगिता का आयोजन, बच्चों ने रंगों से उकेरी कल्पनाओं की दुनिया
विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, सुंदर चित्रों के माध्यम से भावनाओं और विचारों को दिया जीवंत रूप

रामराज, मेरठ। डी मोनफोर अकादमी में आर्ट वाला, नई दिल्ली के सहयोग से आकर्षक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने विभिन्न विषयों पर मनमोहक चित्र बनाकर अपनी कल्पनाशक्ति और कलात्मक कौशल का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से अपने विचारों और भावनाओं को कागज पर उकेरा। बच्चों की कलाकृतियों में उनकी मौलिक सोच, एकाग्रता और रचनात्मकता की झलक देखने को मिली। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और सृजनात्मकता का माहौल बना रहा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कला बच्चों के विचारों और भावनाओं को व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ता है।

निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में रचनात्मक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कला विद्यार्थियों को स्वतंत्र रूप से सोचने और नए विचारों को साकार करने की प्रेरणा देती है।

निदेशक डॉ. केके शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना भी है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं।

उपप्रधानाचार्या श्रीमती रितु चिकारा ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में होने वाली रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के अंत में विद्यार्थियों की कलाकृतियों और उनके प्रयासों की सराहना की गई। आयोजन ने बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।