पहले सुरक्षित हुए जिलाधिकारी, अब है आपकी बारी
जिले में फाइलेरिया से बचाव का अभियान शुरू, 7 दिसंबर तक 10 ब्लॉकों में चलेगा एमडीए अभियान
24 लाख से अधिक लोगों को खिलाई जाएगी दवा
उद्घाटन समारोह में शामिल हुई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय टीम
सीतापुर, 19 नवंबर 2026: पहले कद नापा, फिर खुराक तय की और जिलाधिकारी को खिला दी फाइलेरिया से बचाव की दवा। यह नजारा गुरुवार को परसेंडी ब्लॉक स्थित श्री कृष्णा कॉलेज ऑफ फार्मेसी में आयोजित सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के उद्घाटन समारोह का रहा। इस अभियान के तहत 7 दिसंबर तक जिले के 10 संवेदनशील ब्लॉकों के 24 लाख से अधिक लोगों को घर-घर जाकर फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी।
अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर एनसीवीबीडीसी (राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण केंद्र) की नेशनल टीएसयू, गेट्स फाउंडेशन और पीसीआई की टीम के साथ-साथ जापान की अंतरराष्ट्रीय संस्था ईसाई फार्मास्यूटिकल (EiSAI Pharmaceutical) के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने कॉलेज परिसर में बने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
35 हजार इनकार करने वालों को समझाने की अपील: जिलाधिकारी
जनपदवासियों का आह्वान करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मेरी सबसे अपील है कि आप खुद दवा खाएं और जिले के जिन 35,000 लोगों ने पिछली बार दवा खाने से मना किया है, उन्हें समझाकर दवा खिलाएं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब रामपुर जिला फाइलेरिया मुक्त हो सकता है, तो सीतापुर क्यों नहीं? मुझे पूरा विश्वास है कि सभी विभागों और सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर हम यह लक्ष्य जरूर हासिल करेंगे। अंत में जिलाधिकारी ने जन-जागरूकता हेतु प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गीता के कर्म संदेश से जोड़ा दवा सेवन का कर्तव्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर निदेशक, राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए. के. चौधरी (एसपीओ) ने कहा कि युवा शक्ति वह ताकत है, जो जिस काम को हाथ में लेती है उसे पूरा करके ही छोड़ती है। स्वागत में भेंट की गई श्रीमद्भगवद्गीता का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि गीता हमें अपना कर्तव्य निभाना सिखाती है। आज हमारा कर्म फाइलेरिया से बचाव की दवा खाना और दूसरों को खिलाना है, और हमारी सफलता इसी में है कि हम इसके प्रसार को रोक लें। उन्होंने चिंता जताई कि समाज में अभी फाइलेरिया की गंभीरता और जानकारी दोनों की कमी है, जिसे मिलकर दूर करना है। क्यूलेक्स मच्छर से फैलने वाले इस संक्रमण से बचाव का सबसे आसान उपाय साल में एक बार दवा का सेवन करना है।
पूरे यूपी के 20 प्रतिशत प्रभावित ब्लॉक अकेले सीतापुर में
पीसीआई के प्रतिनिधि रणपाल ने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश के कुल प्रभावित ब्लॉकों का 20 प्रतिशत हिस्सा (10 ब्लॉक) अकेले सीतापुर में है, इसलिए यहाँ के युवाओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समदर ने कहा कि यह अभियान जिला स्तर से लेकर आम जनमानस तक पहुंचेगा और हर विभाग के समन्वय से शत-प्रतिशत लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखने का अवसर
कार्यक्रम में जापान की दवा निर्माता संस्था ईसाई फार्मास्यूटिकल (EiSAI Pharmaceutical) के प्रतिनिधि कोजी और ताकुया ने भी विचार रखे। कोजी ने बताया कि उनकी संस्था डब्ल्यूएचओ के माध्यम से वैश्विक स्तर पर 283 करोड़ और अकेले भारत के लिए 83 करोड़ दवा की गोलियां निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। उनका मानना है कि इसके जरिए वे स्वस्थ भारत के निर्माण में सहयोग कर रहे हैं। वहीं ताकुया ने कहा कि इस अभियान में भाग लेकर लोग न सिर्फ स्वयं को सुरक्षित रखेंगे बल्कि अपनी आने वाली पीढ़ियों को भी स्वस्थ और सुरक्षित रखने में मदद करेंगे। उन्होंने इसे 'स्वस्थ भारत - फाइलेरिया मुक्त भारत' की ओर एक बड़ा कदम बताया। कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज के प्रबंधक हरनाम सिंह व एचओडी डा. अनुराग मिश्रा ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसीएमओ आरसीएच डा.अनिल त्रिपाठी, एसीएमओ वीबीडी नोडल डा. दीपेंद्र वर्मा, सीएचसी अधीक्षक सहित गेट्स फाउंडेशन, पीसीआई, पाथ, डब्ल्यूएचओ, के प्रतिनिधि सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
ग्राम राही में टीम ने परखी हकीकत, गलतफहमियां दूर करने का आह्वान
उद्घाटन समारोह के पश्चात राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टीम ने परसेंडी ब्लॉक के ग्राम राही का भ्रमण कर दवा सेवन की प्रक्रिया का अवलोकन किया और पंचायत भवन में ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए. के. चौधरी ने गांव के ही मरीजों का उदाहरण देते हुए कहा कि आपके गांव में जो सात मरीज हैं, आप उनकी स्थिति देखकर समझ सकते हैं कि यह बीमारी एक बार हो जाए तो पूरी तरह ठीक नहीं होती। उन्होंने समाज में व्याप्त भ्रांतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि गलतफहमियों के कारण लोग इन मरीजों के साथ भेदभाव करते हैं, जबकि यह कोई छुआछूत या अभिशाप नहीं, बल्कि मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी है जो किसी को भी हो सकती है।
इस दौरान सीएचओ-पीएसपी के सदस्य व ग्राम प्रधान ओमप्रकाश शुक्ला और अन्य सदस्यों ने टीम को अवगत कराया कि वे पिछले 5 नवंबर से ही उन लोगों को चिन्हित कर प्रेरित कर रहे हैं, जिन्होंने कभी दवा नहीं खाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस बार पूरी कोशिश है कि कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे। संवाद के दौरान गांव के फाइलेरिया मरीजों ने स्वयं प्रभावित अंगों की नियमित देखभाल और स्वच्छता के तरीकों का जीवंत प्रदर्शन कर टीम के समक्ष प्रस्तुत किया।
Nov 19 2026, 18:24
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.3k