पहले सुरक्षित हुए जिलाधिकारी, अब है आपकी बारी

जिले में फाइलेरिया से बचाव का अभियान शुरू, 7 दिसंबर तक 10 ब्लॉकों में चलेगा एमडीए अभियान

24 लाख से अधिक लोगों को खिलाई जाएगी दवा

उद्घाटन समारोह में शामिल हुई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय टीम



सीतापुर, 19 नवंबर 2026: पहले कद नापा, फिर खुराक तय की और जिलाधिकारी को खिला दी फाइलेरिया से बचाव की दवा। यह नजारा गुरुवार को परसेंडी ब्लॉक स्थित श्री कृष्णा कॉलेज ऑफ फार्मेसी में आयोजित सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के उद्घाटन समारोह का रहा। इस अभियान के तहत 7 दिसंबर तक जिले के 10 संवेदनशील ब्लॉकों के 24 लाख से अधिक लोगों को घर-घर जाकर फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी। 

अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर एनसीवीबीडीसी (राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण केंद्र) की नेशनल टीएसयू, गेट्स फाउंडेशन और पीसीआई की टीम के साथ-साथ जापान की अंतरराष्ट्रीय संस्था ईसाई फार्मास्यूटिकल (EiSAI Pharmaceutical) के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने कॉलेज परिसर में बने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। 

35 हजार इनकार करने वालों को समझाने की अपील: जिलाधिकारी

जनपदवासियों का आह्वान करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मेरी सबसे अपील है कि आप खुद दवा खाएं और जिले के जिन 35,000 लोगों ने पिछली बार दवा खाने से मना किया है, उन्हें समझाकर दवा खिलाएं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब रामपुर जिला फाइलेरिया मुक्त हो सकता है, तो सीतापुर क्यों नहीं? मुझे पूरा विश्वास है कि सभी विभागों और सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर हम यह लक्ष्य जरूर हासिल करेंगे। अंत में जिलाधिकारी ने जन-जागरूकता हेतु प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

गीता के कर्म संदेश से जोड़ा दवा सेवन का कर्तव्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर निदेशक, राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए. के. चौधरी (एसपीओ) ने कहा कि युवा शक्ति वह ताकत है, जो जिस काम को हाथ में लेती है उसे पूरा करके ही छोड़ती है। स्वागत में भेंट की गई श्रीमद्भगवद्गीता का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि गीता हमें अपना कर्तव्य निभाना सिखाती है। आज हमारा कर्म फाइलेरिया से बचाव की दवा खाना और दूसरों को खिलाना है, और हमारी सफलता इसी में है कि हम इसके प्रसार को रोक लें। उन्होंने चिंता जताई कि समाज में अभी फाइलेरिया की गंभीरता और जानकारी दोनों की कमी है, जिसे मिलकर दूर करना है। क्यूलेक्स मच्छर से फैलने वाले इस संक्रमण से बचाव का सबसे आसान उपाय साल में एक बार दवा का सेवन करना है।

पूरे यूपी के 20 प्रतिशत प्रभावित ब्लॉक अकेले सीतापुर में

पीसीआई के प्रतिनिधि रणपाल ने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश के कुल प्रभावित ब्लॉकों का 20 प्रतिशत हिस्सा (10 ब्लॉक) अकेले सीतापुर में है, इसलिए यहाँ के युवाओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समदर ने कहा कि यह अभियान जिला स्तर से लेकर आम जनमानस तक पहुंचेगा और हर विभाग के समन्वय से शत-प्रतिशत लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।

आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखने का अवसर

कार्यक्रम में जापान की दवा निर्माता संस्था ईसाई फार्मास्यूटिकल (EiSAI Pharmaceutical) के प्रतिनिधि कोजी और ताकुया ने भी विचार रखे। कोजी ने बताया कि उनकी संस्था डब्ल्यूएचओ के माध्यम से वैश्विक स्तर पर 283 करोड़ और अकेले भारत के लिए 83 करोड़ दवा की गोलियां निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। उनका मानना है कि इसके जरिए वे स्वस्थ भारत के निर्माण में सहयोग कर रहे हैं। वहीं ताकुया ने कहा कि इस अभियान में भाग लेकर लोग न सिर्फ स्वयं को सुरक्षित रखेंगे बल्कि अपनी आने वाली पीढ़ियों को भी स्वस्थ और सुरक्षित रखने में मदद करेंगे। उन्होंने इसे 'स्वस्थ भारत - फाइलेरिया मुक्त भारत' की ओर एक बड़ा कदम बताया। कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज के प्रबंधक हरनाम सिंह व एचओडी डा. अनुराग मिश्रा ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसीएमओ आरसीएच डा.अनिल त्रिपाठी, एसीएमओ वीबीडी नोडल डा. दीपेंद्र वर्मा, सीएचसी अधीक्षक सहित  गेट्स फाउंडेशन, पीसीआई, पाथ, डब्ल्यूएचओ, के प्रतिनिधि सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

ग्राम राही में टीम ने परखी हकीकत, गलतफहमियां दूर करने का आह्वान

उद्घाटन समारोह के पश्चात राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टीम ने परसेंडी ब्लॉक के ग्राम राही का भ्रमण कर दवा सेवन की प्रक्रिया का अवलोकन किया और पंचायत भवन में ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए. के. चौधरी ने गांव के ही मरीजों का उदाहरण देते हुए कहा कि आपके गांव में जो सात मरीज हैं, आप उनकी स्थिति देखकर समझ सकते हैं कि यह बीमारी एक बार हो जाए तो पूरी तरह ठीक नहीं होती। उन्होंने समाज में व्याप्त भ्रांतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि गलतफहमियों के कारण लोग इन मरीजों के साथ भेदभाव करते हैं, जबकि यह कोई छुआछूत या अभिशाप नहीं, बल्कि मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी है जो किसी को भी हो सकती है। 

इस दौरान सीएचओ-पीएसपी के सदस्य व ग्राम प्रधान ओमप्रकाश शुक्ला और अन्य सदस्यों ने टीम को अवगत कराया कि वे पिछले 5 नवंबर से ही उन लोगों को चिन्हित कर प्रेरित कर रहे हैं, जिन्होंने कभी दवा नहीं खाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस बार पूरी कोशिश है कि कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे। संवाद के दौरान गांव के फाइलेरिया मरीजों ने स्वयं प्रभावित अंगों की नियमित देखभाल और स्वच्छता के तरीकों का जीवंत प्रदर्शन कर टीम के समक्ष प्रस्तुत किया।
समरीन हत्याकांड में नया मोड़, जेल में मिला आरोपी बॉयफ्रेंड का शव
होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर हुई थी 24 वर्षीय समरीन की मौत

परिजनों ने अवनीश जायसवाल पर लगाया था हत्या का आरोप

कोर्ट में सरेंडर के बाद जिला जेल में था बंद, अब जेल के भीतर मौत से उठे कई सवाल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चर्चित समरीन हत्याकांड में गुरुवार को ऐसा मोड़ आया, जिसने पूरे मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया। जिस युवक पर समरीन की हत्या का आरोप था और जो इस मामले में जिला जेल में बंद था, उसकी जेल के भीतर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोपी अवनीश जायसवाल उर्फ देव का शव जेल के बाथरूम में तौलिए के फंदे से लटका मिला। शुरुआती जानकारी में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। हालांकि, जेल के भीतर हुई इस मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी समेत वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल में बंद आरोपी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी पड़ताल की जा रही है।

होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर हुई थी समरीन की मौत

दरअसल, सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर में 24 वर्षीय समरीन की मौत ने अक्टूबर में राजधानी में सनसनी फैला दी थी। समरीन अपने बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल के साथ होटल पहुंची थी। दोनों ने दोपहर करीब 12 बजे होटल में चेक-इन किया था। शाम करीब 6:30 बजे समरीन होटल की दसवीं मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर हादसे में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद अवनीश होटल से फरार हो गया था। समरीन के परिजनों ने उस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई थी। समरीन के मौसा मोहम्मद शकील का आरोप था कि अवनीश कई महीनों से समरीन के पीछे पड़ा था और बहाने से उसे होटल लेकर गया था। परिवार का कहना था कि उन्हें घटना की जानकारी रात करीब 11 बजे मिली थी।

दो दिन बाद अदालत में किया था आत्मसमर्पण

समरीन की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी अवनीश की तलाश शुरू की थी। परिजनों के आरोपों के आधार पर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। फरारी के बाद अवनीश ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। तब से वह लखनऊ की जिला जेल में बंद था।

अब जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठेंगे सवाल

समरीन की मौत के मामले में अभी कई सवालों के जवाब सामने आने बाकी थे, लेकिन मुख्य आरोपी की जेल में हुई मौत ने जांच को एक नया मोड़ दे दिया है। आखिर जेल के भीतर आरोपी की मौत किन परिस्थितियों में हुई? घटना से पहले उसकी गतिविधियां कैसी थीं? क्या उसने किसी तरह की परेशानी की जानकारी जेल प्रशासन को दी थी? इन सभी पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण होगी।

फिलहाल जेल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों से मौत की परिस्थितियों के बारे में अधिक जानकारी सामने आ सकेगी।
किसानों को दिन-रात फसलों की रखवाली करने को होना पड़ रहा मजबूर
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

क्षेत्र में निराश्रित गोवंशों की बढ़ती संख्या किसानों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनती जा रही है। सड़कों से लेकर खेतों और जंगलों तक दर्जनों की संख्या में घूम रहे निराश्रित गोवंश किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। झुंड के रूप में खेतों में घुसकर गोवंश गेहूं, गन्ना, सरसों और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। स्थिति यह है कि किसानों को अपनी फसलों को बचाने के लिए दिन-रात खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। इसके बावजूद उन्हें नुकसान से राहत नहीं मिल पा रही है।

किसान राजेश वर्मा,ब्रजपाल चौधरी,संजीव पहलवान,लच्छी सिंह,नरेश कौशिक,रामकिशोर शर्मा,जगपाल,इरशाद आदि का कहना है कि निराश्रित गोवंशों की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इन गोवंशों को पकड़कर गौशालाओं में भिजवाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। खेतों में खड़ी फसलों को बचाने के लिए किसान तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं, लेकिन बड़ी संख्या में एक साथ पहुंचने वाले गोवंश उनकी तमाम कोशिशों को नाकाम कर देते हैं।दिल्ली-पौड़ी व पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर बड़ी संख्या में निराश्रित गौवंश आवारा घूम रहें है तथा फसलों को बर्बाद कर रहें है| वहीं दूसरी तरफ  निराश्रित गोवंशों के सड़कों पर खुलेआम घूमने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। गौवंश अचानक सड़क पर आ जाते है जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार इनके कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की जान पर खतरा बना हुआ है। रात के समय सड़कों पर घूमते गोवंश दुर्घटनाओं की आशंका को और बढ़ा देते हैं।किसानों ने प्रशासन से अभियान चलाकर निराश्रित गोवंशों को पकड़वाकर उन्हें नजदीकी गौशालाओं में भिजवाने की मांग की है|ताकि किसानों की फसलों को बर्बाद होने से बचाया जा सके और सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लग सके।
रंग पुताई कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

कैथोड़ा गांव में एक व्यक्ति के घर मे ंरंग पुताई कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने स्वजन को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के गांव कैथोड़ा निवासी याकूब पुत्र नाजिम के घर पर रंग पुताई का काम चल रहा है। बुधवार की दोपहर 30 वर्षीय अब्दुल अजीज पुत्र अब्दुस सलाम निवासी गांव इंद्रचक थाना ठाकुर गंगती झारखंड रंग पुताई कर रहा था। इस दौरान मकान की दूसरी मंजिल के छज्जे पर एक लोहे की एंगल को उठाकर वह दूसरी जगह रखने जा रहा था कि तभी एंगल घर के सामने से गुजर रही बिजली की हाईवोल्टेज से छू गई, करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहंुचकर ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया तथा उसकी पहचान करने का प्रयास किया। पुलिस ने मोबाइल से मिले नंबरों की मदद से उसके स्वजन को घटना की सूचना दी तथा पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि युवक झारखंड का रहने वाला है तथा किसी ठेकेदार के माध्यम से गांव कैथोड़ा में रंग पुताई करने के लिए आया था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डी मोनफोर अकादमी में कला प्रतियोगिता का आयोजन, बच्चों ने रंगों से उकेरी कल्पनाओं की दुनिया
विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, सुंदर चित्रों के माध्यम से भावनाओं और विचारों को दिया जीवंत रूप

रामराज, मेरठ। डी मोनफोर अकादमी में आर्ट वाला, नई दिल्ली के सहयोग से आकर्षक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने विभिन्न विषयों पर मनमोहक चित्र बनाकर अपनी कल्पनाशक्ति और कलात्मक कौशल का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से अपने विचारों और भावनाओं को कागज पर उकेरा। बच्चों की कलाकृतियों में उनकी मौलिक सोच, एकाग्रता और रचनात्मकता की झलक देखने को मिली। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और सृजनात्मकता का माहौल बना रहा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कला बच्चों के विचारों और भावनाओं को व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ता है।

निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में रचनात्मक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कला विद्यार्थियों को स्वतंत्र रूप से सोचने और नए विचारों को साकार करने की प्रेरणा देती है।

निदेशक डॉ. केके शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना भी है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं।

उपप्रधानाचार्या श्रीमती रितु चिकारा ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में होने वाली रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के अंत में विद्यार्थियों की कलाकृतियों और उनके प्रयासों की सराहना की गई। आयोजन ने बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना में अवैध वसूली का गंभीर आरोप,जांच और कार्रवाई की मांग
**योजना पूरी तरह निशुल्क, लाभार्थी किसी को भी न दें पैसे : डीपी सिंह बैस**

**बलरामपुर।** प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर गरीब एवं जरूरतमंद लाभार्थियों से कथित अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस ने आरोप लगाया कि राजन कुमार,जो पूर्व में डूडा विभाग बलरामपुर में कार्यरत थे,नगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से प्रति आवास 10 हजार रुपये तथा दूसरी और तीसरी किस्त जारी कराने के नाम पर 5-5 हजार रुपये की मांग एवं अवैध वसूली कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में शिकायतें मिलने के बाद संबंधित कर्मचारी का स्थानांतरण वर्षों पूर्व उतरौला कर दिया गया था। इसके बावजूद आरोप है कि वह अभी भी बलरामपुर नगर क्षेत्र में आकर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से धनराशि की मांग और वसूली कर रहे हैं।

डीपी सिंह बैस ने जिला प्रशासन एवं डूडा विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

उन्होंने नगर क्षेत्र के समस्त लाभार्थियों से अपील की कि **प्रधानमंत्री आवास योजना पूर्णतः निशुल्क है। आवास की स्वीकृति,किस्त जारी कराने अथवा किसी भी अन्य प्रक्रिया के नाम पर किसी को भी एक रुपया न दें।** यदि कोई व्यक्ति धनराशि की मांग करता है तो उसकी शिकायत तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित विभाग के अधिकारियों से करें।

उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार एवं लाभार्थियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
देवलास मेले की घुड़दौड़ प्रतियोगिता में बक्सर के जोगिंदर सिंह का घोड़ा रहा प्रथम
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध देवलास मेले में बुधवार को आयोजित पारंपरिक घुड़दौड़ प्रतियोगिता में घोड़ों की रफ्तार और घुड़सवारों के शानदार करतबों ने दर्शकों का मन मोह लिया। रोमांचक मुकाबले में बक्सर निवासी जोगिंदर सिंह का घोड़ा प्रथम स्थान हासिल करने में सफल रहा।

प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आए घुड़सवारों ने अपने घोड़ों के साथ प्रतिभाग किया। मुकाबले को देखने के लिए आसपास के गांवों के अलावा दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। घोड़ों की टापों की गूंज और तेज रफ्तार से पूरा मैदान रोमांचित हो उठा। दर्शक तालियां बजाकर घुड़सवारों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।

कई चरणों में हुए मुकाबले में घोड़ों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। अंत में जोगिंदर सिंह बक्सर का घोड़ा सबसे आगे निकलकर प्रथम स्थान पर रहा। दूसरे स्थान पर मुकेश यादव मऊ और तीसरे स्थान पर आजमगढ़ जिले के पूर्व प्रधान हीरालाल का घोड़ा रहा।
बक्सर के जोगिंदर सिंह के घुड़सवार गंगवा यादव ने घोड़े पर शानदार नियंत्रण और आकर्षक करतब दिखाते हुए प्रथम स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

आयोजक रामविलास यादव मुन्ना ने बताया कि देवलास मेले में घुड़दौड़ प्रतियोगिता हमेशा से विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है। इस मौके पर ग्राम प्रधान अभिषेक यादव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मऊ: कोतवाली के मालखाने से 25 लाख की शराब नष्ट, 3540 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब का कराया गया निस्तारण
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। स्थानीय कोतवाली परिसर स्थित मालखाने में लंबे समय से रखी करीब 25 लाख रुपये मूल्य की 3540 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब को बृहस्पतिवार को नियमानुसार नष्ट कराया गया। यह कार्रवाई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।

शराब नष्ट कराने के दौरान उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, तहसीलदार सुधांशु शेखर और कोतवाली प्रभारी केके वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, विभिन्न आपराधिक मामलों में पुलिस द्वारा बरामद की गई अंग्रेजी और देसी शराब को जब्त कर कोतवाली के मालखाने में सुरक्षित रखा गया था। लंबे समय से जमा शराब की मात्रा अधिक होने के चलते उसके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई।

सक्षम अधिकारियों के निर्देश पर संबंधित अभिलेखों और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अधिकारियों की निगरानी में करीब 3540 लीटर शराब नष्ट कराई गई।

इस कार्रवाई से मालखाने में लंबे समय से रखी जब्त शराब का नियमानुसार निस्तारण हो गया और काफी जगह भी खाली हुई।
मऊ: प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में भीषण आग, ई-रिक्शा और मैजिक समेत 15 लाख का सामान जलकर राख
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जमीन बरामदपुर में बुधवार की देर रात प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब दो बजे एक अहाते में स्थित प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा सामान जलने लगा। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस को जानकारी दी।

मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा ई-रिक्शा, मैजिक वाहन और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कबाड़ जलकर राख हो चुका था।

पीड़ित अभय जायसवाल पुत्र लवकुश जायसवाल के मुताबिक, इस अग्निकांड में करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।
मऊ: पल्स पोलियो अभियान और स्व-जनगणना की तैयारियों की समीक्षा, एसडीएम ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। आगामी पल्स पोलियो अभियान एवं स्व-जनगणना (Self Enumeration) कार्यक्रम की प्रगति को लेकर बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सर्वेश कुमार सिंह ने पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों, बूथ कवरेज, माइक्रोप्लान और घर-घर भ्रमण सहित अभियान के सफल संचालन की विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 22 नवंबर 2026 को पल्स पोलियो बूथ के रूप में चिह्नित सभी विद्यालय खुले रहेंगे, जिससे बूथ दिवस का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

वहीं, जिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी बीएलओ कार्य और पल्स पोलियो अभियान दोनों में लगी है, उनके स्थान पर संबंधित सीडीपीओ द्वारा आंगनबाड़ी सहायिका अथवा अन्य कार्यकर्ता की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि पोलियो बूथ पर कर्मचारियों की उपलब्धता बनी रहे।

इसके साथ ही एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री और तहसीलदार सुधांशु शेखर ने स्व-जनगणना कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि स्व-जनगणना की प्रगति का प्रतिदिन फॉलोअप किया जाए।

प्रत्येक दिन कितने परिवारों ने स्व-जनगणना पूरी की है, इसकी जानकारी लेकर शाम को प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर दोनों कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में डॉ. फैयाज अहमद, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना, डॉ. अशोक चौहान, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर, प्रवीण यादव (एआरओ), रंजू मौर्य, पोलियो सुपरवाइजर, सीडीपीओ रानीपुर एवं सीडीपीओ मुहम्मदाबाद गोहना सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

संकल्प: पोलियो मुक्त भारत, हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद।