2 साल से अधूरी पड़ी है एशिया की सबसे बड़ी आलू मण्डी की सड़क, किसान गड्ढों में गिर रहे हैं - अशोक कटियार

फर्रुखाबाद ।आलू विकास एवं विपणन सहकारी संघ लि., उ.प्र. के निदेशक एवं आलू किसान आंदोलन के प्रदेश प्रभारी अशोक कटियार एडवोकेट ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आई.टी.आई. चौराहा से मण्डी रोड का अधूरा निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि एशिया की सबसे बड़ी आलू मण्डी की सड़क का मॉडल रूप विगत 2 वर्षों से प्रचलित है, लेकिन आज तक काम पूरा नहीं हुआ। कार्यदायी संस्था और ठेकेदार की लापरवाही के चलते ठेकेदार स्ट्रीट लाइट का काम अधूरा छोड़कर भाग गया है।

सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। आलू का सीजन शुरू होते ही इस रोड पर भयंकर जाम लगता है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। किसान, व्यापारी और आम जनता सब परेशान हैं।

उन्होंने ने जिलाधिकारी से मांग की है कि आई.टी.आई. चौराहा से मण्डी रोड का शेष निर्माण तुरंत पूर्ण कराया जाए।
- *2.* लापरवाह कार्यदायी संस्था व ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाए और जुर्माना लगाया जाए।
- *3.* मण्डी सीजन को देखते हुए सड़क को तत्काल गड्ढामुक्त किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो किसान आंदोलन सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में बैठक सम्पन्न

*18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के दिए निर्देश*

*विशेष अभियान दिवसों में प्रत्येक मतदेय स्थल पर उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे बूथ लेवल अधिकारी*

फर्रुखाबाद । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण तथा मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के साथ ही मतदेय स्थलों के पुनर्गठन तथा पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए जनपद के मतदेय स्थलों का संशोधित प्रस्ताव तैयार कर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को प्रेषित किया गया है। आयोग से अनुमोदन के उपरांत जनपद में मतदेय स्थलों की संशोधित व्यवस्था लागू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 1642 मतदेय स्थल हैं। सम्भाजन एवं समायोजन की प्रक्रिया के बाद कुल 1605 मतदेय स्थल अनुमोदित किए जाने का प्रस्ताव है। विधानसभा क्षेत्र 192-कायमगंज में 470, 193-अमृतपुर में 372, 194-फर्रुखाबाद में 390 तथा 195-भोजपुर में 373 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी संबंधित अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले ऐसे सभी युवा एवं नागरिक, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं है, उनका फार्म-6 के माध्यम से पंजीकरण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी भी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें चिह्नित कर नियमानुसार निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत निर्वाचक नामावली में शामिल कराया जाए। फार्म-6 भरवाते समय आवेदक का नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, वर्तमान एवं सक्रिय मोबाइल नंबर, पूर्ण पता तथा अन्य आवश्यक अभिलेख अनिवार्य रूप से प्राप्त किए जाएं।

बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संशोधित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन दिनांक 17 नवम्बर 2026 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर 2026 से 16 दिसम्बर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान दिवस 21, 22, 28 एवं 29 नवम्बर 2026 को निर्धारित किए गए हैं। इन विशेष अभियान दिवसों में प्रत्येक पदाभिहित स्थल (मतदान केंद्र) पर बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहकर पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बूथ लेवल अधिकारियों के पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 उपलब्ध रहें, जिससे नागरिकों को आवेदन करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों से भी विशेष अभियान दिवसों में उपस्थित रहकर बूथ लेवल अधिकारियों को सहयोग प्रदान करने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बूथ लेवल एजेंटों की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता सूची का व्यापक स्तर पर सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी निकायों की मतदाता सूची तथा पंचायत मतदाता सूची से मिलान कर ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली में सम्मिलित होने से छूट गया है। शहरी क्षेत्रों में सभासदों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों का सहयोग लेकर पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर पंजीकृत लाभार्थियों में 18 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे व्यक्तियों, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं, को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। ऐसे सभी पात्र नागरिकों का फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में पंजीकरण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम में कार्यरत महिला स्वयं सहायता समूहों की सखियों के माध्यम से भी पात्र महिलाओं का सत्यापन कराने तथा मतदाता सूची में नाम छूट जाने की स्थिति में उनका फार्म-6 भरवाकर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत आशा एवं एएनएम के माध्यम से भी पात्र महिलाओं को चिह्नित कर उनका मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्यवाही पूर्ण करें, जिससे जनपद की निर्वाचक नामावलियां शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाई जा सकें।

बैठक में मुकेश गुप्ता भारतीय जनता पार्टी, रामरतन गौतम बहुजन समाज पार्टी, सुभाष चन्द्र शाक्य समाजवादी पार्टी, अंकुश सिंह आम आदमी पार्टी, आयूष गुप्ता अपना दल एस, सुनील कुमार कटियार सी0पी0आई0एम0,  वरुण त्रिपाठी काग्रेस पार्टी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण

*निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जनपद में कुल 704 मतदान केंद्रों पर 1,379 मतदेय स्थल (बूथ) बनाए गए हैं। निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन एवं निगरानी के लिए 92 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 10 जोनल मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें तथा मतदान केंद्रों की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं, पहुंच मार्ग एवं संवेदनशीलता का गहनता से निरीक्षण करें। निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध संकलन एवं प्रेषण भी सुनिश्चित किया जाए।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, मतदान केंद्रों के निरीक्षण तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न दायित्वों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें तथा किसी भी समस्या अथवा संवेदनशील स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दें।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण में निर्वाचन संबंधी प्रशासनिक व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय  बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने तथा निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिकायतकर्ता से स्वयं संपर्क कर समस्याओं का करें प्रभावी समाधान, निस्तारण में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का रखें विशेष ध्यान : मुख्य विकास अधिकारी

*असंतुष्ट फीडबैक वाले विभागों को सुधार लाने की हिदायत, लंबित एवं डिफॉल्टर संदर्भों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही।जिलाधिकारी शैलेष कुमार के मार्गदर्शन में आईजीआरएस (जनसुनवाई समाधान प्रणाली) एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला एवं अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रगति, लंबित संदर्भों तथा शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत के संबंध में शिकायतकर्ता से स्वयं संपर्क कर उसकी समस्या की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें और उसे संतुष्ट करने का हरसंभव प्रयास करें। शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर आख्या अपलोड करने तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर संदर्भ डिफॉल्टर की श्रेणी में नहीं जाना चाहिए। सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने असंतोषजनक फीडबैक अधिक प्राप्त होने वाले विभागों के अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान किए बिना निस्तारण आख्या प्रस्तुत करना उचित नहीं है। निस्तारण आख्या स्पष्ट, तथ्यपरक एवं साक्ष्य आधारित होनी चाहिए। असंतुष्ट फीडबैक वाले प्रकरणों में संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से पुनः संपर्क स्थापित कर समस्या का समाधान कराएं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में शिकायतों के निस्तारण के उपरांत प्राप्त फीडबैक की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। रिपोर्ट के अनुसार 01 से 12 नवंबर 2026 तक आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से कुल 1,280 फीडबैक प्राप्त हुए, जिनमें 719 संतुष्टिपरक तथा 539 असंतुष्टिपरक रहे। कुल संतुष्टि का प्रतिशत 56.17 दर्ज किया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने असंतुष्ट फीडबैक के मामलों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को अपनी कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान तहसील एवं विकासखंड स्तर पर प्राप्त असंतोषजनक फीडबैक की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनशिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शामिल है। सभी विभागीय अधिकारी आईजीआरएस पोर्टल एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की नियमित निगरानी करें तथा शिकायतकर्ता से संवाद, स्थलीय सत्यापन और निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित एवं डिफॉल्टर संदर्भों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता न बरती जाए। प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए जवाबदेही के साथ कार्य करें।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को समयबद्ध एवं प्रभावी राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिक्षक भर्ती मामला : अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से की मुलाकात, जल्द मिलान्याय का आश्वासन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण का लाभ दिए जाने की मांग को लेकर 73 दिनों से इको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर आठ वर्षों से लंबित मामले में शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रकरण का समाधान कराने और अभ्यर्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले आठ वर्षों से 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण का पूरा लाभ दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों एवं संस्तुतियों का अनुपालन करते हुए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के पात्र अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी का लाभ दिया जाए। इसके लिए भर्ती परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की भी मांग की गई। इसके अलावा दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उनके आश्रित अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण का लाभ देने की मांग उठाई गई।

तूफान सिंह ने कहा कि अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्रियों, बेसिक शिक्षा विभाग के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

इसी क्रम में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा और नवीन चौधरी सहित प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को पूरे मामले की जानकारी दी और ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों के मुताबिक, पंकज चौधरी ने कहा कि मामले में वार्ता चल रही है। वह स्वयं इसका समाधान कराना चाहते हैं और जल्द से जल्द अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दलितों और पिछड़ों के साथ खड़ी है तथा किसी के साथ भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद ने चुनाव गठबंधन कर लिया है। उन्होंने इस गठबंधन का नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा है। इसी मोर्चा के तहत उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में सभी 403 सीटाें पर चुनाव लड़ेंगे और चंद्रशेखर मुख्यमंत्री चेहरा हाेंगे।


गुरुवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दोनों दलों के इन नेताओं ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर इस नए चुनावी गठबंधन की घोषणा की है। दोनों नेताओं एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी और चंद्रशेखर ने बताया कि यह नया मोर्चा उत्तर प्रदेश में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज़ उठाना है। इस माैके पर आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर ने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यहां कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। दलित व कमजोर वर्ग के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने एनकाउंटर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्हाेंने कहा कि उनकी काेशिश कमजाेर, अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा व सम्मान बनाए रखने की है।

उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से सांसद आसपा नेता चंद्रशेखर ने कहा कि सपा और कांग्रेस भी अगर भाजपा को हराना चाहें तो हम उनके साथ हैं। हम उनके साथ मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने 26 नवंबर को रमाबाई आंबेडकर मैदान लखनऊ में रैली करने की घोषणा की है। साथ ही कहा कि गठबंधन प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस मौके पर एआईएमआईएम के प्रमुख ओवैसी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि चंद्रशेखर मोर्चे के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।
विद्यालय, प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम : डॉ. उमेश चंद्र तिवारी
जौनपुर । इंदिरा स्मारक सर्वोदय इंटर कॉलेज, कटघर रामनगर का 41वां वार्षिकोत्सव बुधवार को हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजन-अर्चन कर किया।समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि होनहार बच्चे ही देश का भविष्य हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, विनम्रता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। विद्या विनय प्रदान करती है और शिक्षित एवं संस्कारित बच्चे ही आगे चलकर राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।
उन्होंने कहा कि सफलता का मूल मंत्र निरंतर परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा है। विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेलकूद, व्यायाम, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य पाठ्य सहगामी क्रियाओं को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और उनके व्यक्तित्व का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और बेहतर मार्गदर्शन देने की है। विद्यार्थियों को अपनी प्रगति रिपोर्ट का मूल्यांकन करते हुए कमजोरियों को दूर करने और निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामनारायण दुबे ने की। विद्यालय के शिक्षक रामपाल ने संचालन किया। अंत में अजय मिश्रा ने अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान अखंड प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य रमाकांत शुक्ल, शिवप्रसाद यादव, अवधेश कुमार दुबे भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्शिया, छोटेलाल, श्रीकृष्ण दुबे, गणेश तिवारी, हरगोविंद दुबे सहित विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भाईदूज पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया
विपिन राठौर मीरापुर (मुज़फ्फरनगर )मीरापुर। क्षेत्र में भाईदूज पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। बहनों ने भाई को तिलक किए भाईयों ने बहनों को उपहार भेंट किये।सुबह से ही बसों में सवारियों की भारी भीड़ रही। सुरक्षा की दृष्टि से अलग-अलग प्वांइट पर पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाई गई।

भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक भाईदूज पर्व के अवसर पर बहनों ने भाईयों का तिलक किया, तो भाईयों ने भी बहनों को उपहार भेंट किए। इस अवसर पर मिठाई व खील की दुकानों पर भारी भीड़ रही। सुबह से ही सड़कों पर बाइकें दौड़ती हुई नजर आई तथा बसों में भारी भीड़ रही  मुजफ्फरनगर-मीरापुर-मवाना रुट पर चलने वाली प्राइवेट बसों में भी सवारियों को ले जाने के लिए परिचालक एक दूसरे से जद्दोजहद करते नजर आए।वही रोड़वेज बसों में भारी भीड़ रही। भाई-बहनों को एक-दूसरे के यहां जाने के लिए दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। त्यौहार के मद्देनजर इंस्पेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने अलग-अलग प्वाइंट बनाकर पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाए रखी।
स्वच्छ, सुरक्षित और जीरो वेस्ट छठ पूजा की तैयारी पूरी, लखनऊ में 110 घाट तैयार
लखनऊ। छठ पूजा के पावन पर्व पर राजधानी लखनऊ में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लखनऊ नगर निगम ने गोमती नदी के 110 घाटों पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर निगम के सभी आठ जोनों में स्थित 47 प्रमुख और 63 छोटे घाटों पर विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सजावट समेत जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

घाटों पर रोशनी, सफाई और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्थ

नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर प्रमुख घाटों पर रंगाई-पुताई, साफ-सफाई, झालर सजावट और डस्टबिन की व्यवस्था की गई है। वहीं, छोटे घाटों पर भी सफाई और सजावट का कार्य कराया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट लगाए गए हैं। पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए सभी घाटों पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक घाट पर अर्पण कलश स्थापित किए गये हैं। इसके माध्यम से पूजा सामग्री को नदियों और जलाशयों में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थान पर एकत्र किया जाएगा। छठ पूजा को जीरो वेस्ट पर्व बनाने के उद्देश्य से घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती की गई है, जो कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।

आठों जोन के प्रमुख छठ घाट

नगर निगम की ओर से जोनवार प्रमुख घाटों में जोन-01 के लक्ष्मण मेला घाट और लल्लूमल घाट, जोन-02 के लेटे हनुमान मंदिर घाट, जोन-03 के बैरल नंबर-02, सांझिया घाट और झूलेलाल घाट, जोन-04 के गोमती नगर विस्तार, जोन-05 के स्कूटर इंडिया और गौरी बाजार, जोन-06 के कुड़िया घाट और मेहंदी घाट, जोन-07 के कुकरैल घाट तथा जोन-08 के सैनिक स्कूल बोटिंग क्लब घाट पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

योगी सरकार के स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के अनुरूप नगर निगम का प्रयास है कि छठ पूजा के दौरान सभी श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो तथा पर्व को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जीरो वेस्ट तरीके से मनाया जाए।
कारोबारी के बेटे की हत्या में दूसरा आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
मुरादाबाद में ढाबे पर रुपये मांगने के विवाद में 19 वर्षीय अब्दुल्ला की हुई थी हत्या, दो युवकों पर लगा था गोली मारने का आरोप

मुरादाबाद। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित मुरादाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय के सामने महफिल चाय ढाबे के पास बर्तन कारोबारी के बेटे की 08 नवंबर की रात्रि गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।इस मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपित को बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

थाना पाकबड़ा क्षेत्र निवासी बर्तन कारोबारी शाकिर के बेटे अब्दुल्ला (19) 08 नवंबर (रविवार) की रात्रि 11 बजे के लगभग थाना मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड पर स्थित एक ढाबे पर अपने दोस्तों के साथ बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान वहां मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे के नियामतपुर निवासी मोहसिन चौधरी और मूंढापांडे के चमरूआ निवासी सरताज चौधरी पहुंचे। बताया जाता है कि वहां अब्दुल्ला ने मोहसिन और सरताज चौधरी से पूर्व में दिए अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपित उससे झगड़ा करने लगे। इस दौरान आरोपितों ने अब्दुल्ला को गोली मार दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल युवक अब्दुल्ला को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया थी।

घटना के बाद पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार देर रात पुलिस ने नामजद आरोपित सरताज चौधरी को दलपतपुर-चमरौआ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार शाम उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया था। वहीं, दूसरे नामजद आरोपित मोहसिन की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात्रि साढ़े 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मोहसिन नया मुरादाबाद क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने पीछा किया तो उसने बाइक रोककर टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के द्वारा बचाव में जवाबी कार्रवाई में मोहसिन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे गिरफ्तार करके जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
CEIR पोर्टल की मदद से मऊ पुलिस को बड़ी सफलता, 7 गुमशुदा मोबाइल बरामद

मऊ। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर थाना कोतवाली की साइबर टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से 7 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल खो चुके लोगों को बड़ी राहत मिली है। साइबर टीम ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की कार्रवाई की।

मऊ पुलिस की साइबर टीम की सराहनीय पहल।