शिकायतकर्ता से स्वयं संपर्क कर समस्याओं का करें प्रभावी समाधान, निस्तारण में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का रखें विशेष ध्यान : मुख्य विकास अधिकारी

*असंतुष्ट फीडबैक वाले विभागों को सुधार लाने की हिदायत, लंबित एवं डिफॉल्टर संदर्भों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही।जिलाधिकारी शैलेष कुमार के मार्गदर्शन में आईजीआरएस (जनसुनवाई समाधान प्रणाली) एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला एवं अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रगति, लंबित संदर्भों तथा शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत के संबंध में शिकायतकर्ता से स्वयं संपर्क कर उसकी समस्या की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें और उसे संतुष्ट करने का हरसंभव प्रयास करें। शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर आख्या अपलोड करने तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर संदर्भ डिफॉल्टर की श्रेणी में नहीं जाना चाहिए। सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने असंतोषजनक फीडबैक अधिक प्राप्त होने वाले विभागों के अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान किए बिना निस्तारण आख्या प्रस्तुत करना उचित नहीं है। निस्तारण आख्या स्पष्ट, तथ्यपरक एवं साक्ष्य आधारित होनी चाहिए। असंतुष्ट फीडबैक वाले प्रकरणों में संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से पुनः संपर्क स्थापित कर समस्या का समाधान कराएं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में शिकायतों के निस्तारण के उपरांत प्राप्त फीडबैक की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। रिपोर्ट के अनुसार 01 से 12 नवंबर 2026 तक आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से कुल 1,280 फीडबैक प्राप्त हुए, जिनमें 719 संतुष्टिपरक तथा 539 असंतुष्टिपरक रहे। कुल संतुष्टि का प्रतिशत 56.17 दर्ज किया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने असंतुष्ट फीडबैक के मामलों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को अपनी कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान तहसील एवं विकासखंड स्तर पर प्राप्त असंतोषजनक फीडबैक की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनशिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शामिल है। सभी विभागीय अधिकारी आईजीआरएस पोर्टल एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की नियमित निगरानी करें तथा शिकायतकर्ता से संवाद, स्थलीय सत्यापन और निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित एवं डिफॉल्टर संदर्भों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता न बरती जाए। प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए जवाबदेही के साथ कार्य करें।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को समयबद्ध एवं प्रभावी राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिक्षक भर्ती मामला : अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से की मुलाकात, जल्द मिलान्याय का आश्वासन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण का लाभ दिए जाने की मांग को लेकर 73 दिनों से इको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर आठ वर्षों से लंबित मामले में शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रकरण का समाधान कराने और अभ्यर्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले आठ वर्षों से 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण का पूरा लाभ दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों एवं संस्तुतियों का अनुपालन करते हुए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के पात्र अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी का लाभ दिया जाए। इसके लिए भर्ती परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की भी मांग की गई। इसके अलावा दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उनके आश्रित अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण का लाभ देने की मांग उठाई गई।

तूफान सिंह ने कहा कि अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्रियों, बेसिक शिक्षा विभाग के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

इसी क्रम में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा और नवीन चौधरी सहित प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को पूरे मामले की जानकारी दी और ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों के मुताबिक, पंकज चौधरी ने कहा कि मामले में वार्ता चल रही है। वह स्वयं इसका समाधान कराना चाहते हैं और जल्द से जल्द अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दलितों और पिछड़ों के साथ खड़ी है तथा किसी के साथ भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद ने चुनाव गठबंधन कर लिया है। उन्होंने इस गठबंधन का नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा है। इसी मोर्चा के तहत उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में सभी 403 सीटाें पर चुनाव लड़ेंगे और चंद्रशेखर मुख्यमंत्री चेहरा हाेंगे।


गुरुवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दोनों दलों के इन नेताओं ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर इस नए चुनावी गठबंधन की घोषणा की है। दोनों नेताओं एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी और चंद्रशेखर ने बताया कि यह नया मोर्चा उत्तर प्रदेश में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज़ उठाना है। इस माैके पर आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर ने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यहां कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। दलित व कमजोर वर्ग के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने एनकाउंटर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्हाेंने कहा कि उनकी काेशिश कमजाेर, अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा व सम्मान बनाए रखने की है।

उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से सांसद आसपा नेता चंद्रशेखर ने कहा कि सपा और कांग्रेस भी अगर भाजपा को हराना चाहें तो हम उनके साथ हैं। हम उनके साथ मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने 26 नवंबर को रमाबाई आंबेडकर मैदान लखनऊ में रैली करने की घोषणा की है। साथ ही कहा कि गठबंधन प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस मौके पर एआईएमआईएम के प्रमुख ओवैसी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि चंद्रशेखर मोर्चे के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।
विद्यालय, प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम : डॉ. उमेश चंद्र तिवारी
जौनपुर । इंदिरा स्मारक सर्वोदय इंटर कॉलेज, कटघर रामनगर का 41वां वार्षिकोत्सव बुधवार को हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजन-अर्चन कर किया।समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि होनहार बच्चे ही देश का भविष्य हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, विनम्रता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। विद्या विनय प्रदान करती है और शिक्षित एवं संस्कारित बच्चे ही आगे चलकर राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।
उन्होंने कहा कि सफलता का मूल मंत्र निरंतर परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा है। विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेलकूद, व्यायाम, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य पाठ्य सहगामी क्रियाओं को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और उनके व्यक्तित्व का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और बेहतर मार्गदर्शन देने की है। विद्यार्थियों को अपनी प्रगति रिपोर्ट का मूल्यांकन करते हुए कमजोरियों को दूर करने और निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामनारायण दुबे ने की। विद्यालय के शिक्षक रामपाल ने संचालन किया। अंत में अजय मिश्रा ने अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान अखंड प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य रमाकांत शुक्ल, शिवप्रसाद यादव, अवधेश कुमार दुबे भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्शिया, छोटेलाल, श्रीकृष्ण दुबे, गणेश तिवारी, हरगोविंद दुबे सहित विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भाईदूज पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया
विपिन राठौर मीरापुर (मुज़फ्फरनगर )मीरापुर। क्षेत्र में भाईदूज पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। बहनों ने भाई को तिलक किए भाईयों ने बहनों को उपहार भेंट किये।सुबह से ही बसों में सवारियों की भारी भीड़ रही। सुरक्षा की दृष्टि से अलग-अलग प्वांइट पर पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाई गई।

भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक भाईदूज पर्व के अवसर पर बहनों ने भाईयों का तिलक किया, तो भाईयों ने भी बहनों को उपहार भेंट किए। इस अवसर पर मिठाई व खील की दुकानों पर भारी भीड़ रही। सुबह से ही सड़कों पर बाइकें दौड़ती हुई नजर आई तथा बसों में भारी भीड़ रही  मुजफ्फरनगर-मीरापुर-मवाना रुट पर चलने वाली प्राइवेट बसों में भी सवारियों को ले जाने के लिए परिचालक एक दूसरे से जद्दोजहद करते नजर आए।वही रोड़वेज बसों में भारी भीड़ रही। भाई-बहनों को एक-दूसरे के यहां जाने के लिए दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। त्यौहार के मद्देनजर इंस्पेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने अलग-अलग प्वाइंट बनाकर पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाए रखी।
स्वच्छ, सुरक्षित और जीरो वेस्ट छठ पूजा की तैयारी पूरी, लखनऊ में 110 घाट तैयार
लखनऊ। छठ पूजा के पावन पर्व पर राजधानी लखनऊ में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लखनऊ नगर निगम ने गोमती नदी के 110 घाटों पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर निगम के सभी आठ जोनों में स्थित 47 प्रमुख और 63 छोटे घाटों पर विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सजावट समेत जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

घाटों पर रोशनी, सफाई और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्थ

नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर प्रमुख घाटों पर रंगाई-पुताई, साफ-सफाई, झालर सजावट और डस्टबिन की व्यवस्था की गई है। वहीं, छोटे घाटों पर भी सफाई और सजावट का कार्य कराया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट लगाए गए हैं। पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए सभी घाटों पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक घाट पर अर्पण कलश स्थापित किए गये हैं। इसके माध्यम से पूजा सामग्री को नदियों और जलाशयों में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थान पर एकत्र किया जाएगा। छठ पूजा को जीरो वेस्ट पर्व बनाने के उद्देश्य से घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती की गई है, जो कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।

आठों जोन के प्रमुख छठ घाट

नगर निगम की ओर से जोनवार प्रमुख घाटों में जोन-01 के लक्ष्मण मेला घाट और लल्लूमल घाट, जोन-02 के लेटे हनुमान मंदिर घाट, जोन-03 के बैरल नंबर-02, सांझिया घाट और झूलेलाल घाट, जोन-04 के गोमती नगर विस्तार, जोन-05 के स्कूटर इंडिया और गौरी बाजार, जोन-06 के कुड़िया घाट और मेहंदी घाट, जोन-07 के कुकरैल घाट तथा जोन-08 के सैनिक स्कूल बोटिंग क्लब घाट पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

योगी सरकार के स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के अनुरूप नगर निगम का प्रयास है कि छठ पूजा के दौरान सभी श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो तथा पर्व को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जीरो वेस्ट तरीके से मनाया जाए।
कारोबारी के बेटे की हत्या में दूसरा आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
मुरादाबाद में ढाबे पर रुपये मांगने के विवाद में 19 वर्षीय अब्दुल्ला की हुई थी हत्या, दो युवकों पर लगा था गोली मारने का आरोप

मुरादाबाद। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित मुरादाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय के सामने महफिल चाय ढाबे के पास बर्तन कारोबारी के बेटे की 08 नवंबर की रात्रि गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।इस मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपित को बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

थाना पाकबड़ा क्षेत्र निवासी बर्तन कारोबारी शाकिर के बेटे अब्दुल्ला (19) 08 नवंबर (रविवार) की रात्रि 11 बजे के लगभग थाना मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड पर स्थित एक ढाबे पर अपने दोस्तों के साथ बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान वहां मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे के नियामतपुर निवासी मोहसिन चौधरी और मूंढापांडे के चमरूआ निवासी सरताज चौधरी पहुंचे। बताया जाता है कि वहां अब्दुल्ला ने मोहसिन और सरताज चौधरी से पूर्व में दिए अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपित उससे झगड़ा करने लगे। इस दौरान आरोपितों ने अब्दुल्ला को गोली मार दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल युवक अब्दुल्ला को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया थी।

घटना के बाद पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार देर रात पुलिस ने नामजद आरोपित सरताज चौधरी को दलपतपुर-चमरौआ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार शाम उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया था। वहीं, दूसरे नामजद आरोपित मोहसिन की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात्रि साढ़े 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मोहसिन नया मुरादाबाद क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने पीछा किया तो उसने बाइक रोककर टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के द्वारा बचाव में जवाबी कार्रवाई में मोहसिन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे गिरफ्तार करके जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
CEIR पोर्टल की मदद से मऊ पुलिस को बड़ी सफलता, 7 गुमशुदा मोबाइल बरामद

मऊ। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर थाना कोतवाली की साइबर टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से 7 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल खो चुके लोगों को बड़ी राहत मिली है। साइबर टीम ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की कार्रवाई की।

मऊ पुलिस की साइबर टीम की सराहनीय पहल।
उत्तर प्रदेश में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने किया गठबंधन का ऐलान, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले लडेंगे विधानसभा चुनाव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद ने चुनाव गठबंधन कर लिया है। उन्होंने इस गठबंधन का नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा है। इसी मोर्चा के तहत उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में सभी 403 सीटाें पर चुनाव लड़ेंगे और चंद्रशेखर मुख्यमंत्री चेहरा हाेंगे।



गुरुवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दोनों दलों के इन नेताओं ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर इस नए चुनावी गठबंधन की घोषणा की है। दोनों नेताओं एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी और चंद्रशेखर ने बताया कि यह नया मोर्चा उत्तर प्रदेश में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज़ उठाना है। इस माैके पर आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर ने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यहां कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। दलित व कमजोर वर्ग के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने एनकाउंटर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्हाेंने कहा कि उनकी काेशिश कमजाेर, अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा व सम्मान बनाए रखने की है।

उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से सांसद आसपा नेता चंद्रशेखर ने कहा कि सपा और कांग्रेस भी अगर भाजपा को हराना चाहें तो हम उनके साथ हैं। हम उनके साथ मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने 26 नवंबर को रमाबाई आंबेडकर मैदान लखनऊ में रैली करने की घोषणा की है। साथ ही कहा कि गठबंधन प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस मौके पर एआईएमआईएम के प्रमुख ओवैसी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि चंद्रशेखर मोर्चे के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।
संभल में मस्जिद के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
कुतुबपुर सकता गांव में आबादी की जमीन पर निर्माण का आरोप, जांच रिपोर्ट के बाद तहसीलदार के आदेश पर हुई कार्रवाई

संभल। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के एंचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर सकता में ग्रामीणों के उपयोग के लिए पड़ी खाली जमीन पर मस्जिद का निर्माण हाे गया। प्रशासन ने भूमि व निर्माण की जांच के लिये जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी काे नियुक्त किया। जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर तहसीलदार संभल के आदेश पर आज प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए बुलडोजर कार्रवाई की । इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से भारी सुरक्षा बल तैनात रहा।

गुुरुवार काे तहसीलदार संभल धीरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि गाटा संख्या 57 का है, इसका 150 वर्ग मीटर है। यह वक्फ संपत्ति बाय नेचर घोषित थी । इसी भूमि पर अनाधिकृत निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता था। लेकिन स्थानीय निवासियों ने न केवल इस पर अनाधिकृत निर्माण कार्य किया अपितु इस पर एक नई परंपरा नमाज भी शुरू कर दी। इस संबंध में जब ग्रामवासियों की शिकायत आई तो उसकी जांच जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के द्वारा कराई गई। उन्हें वक्फ बोर्ड ने बताया कि यह इस नये निर्माण की अनुमति वक्फ बोर्ड से नहीं मिली है। इसलिए किये गये निर्माण कार्य काे गिराया जा रहा है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट वक्फ बोर्ड को भेजी जाएगी। इसमें जुर्माने आदि की कार्यवाही वक्फ बोर्ड की ओर से की जाएगी । साथ ही उन्होंने बताया कि यह आबादी लैंड ग्रामवासियों के रहने के लिए प्रयुक्त की जाती है।
ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र में स्नेह और आध्यात्मिकता का दिखा अनूठा संगम
जौनपुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, समर्पण और आत्मीयता का प्रतीक भाई दूज का पर्व बदलापुर कस्बे में आध्यात्मिक उल्लास एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर कस्बा स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र में भव्य स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य संचालिका बी.के. आरती दीदी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना की अनुपम छटा देखने को मिली। पूरे सेवा केंद्र का वातावरण आत्मीयता, पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ आध्यात्मिक भाव एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों के माथे पर कुमकुम का तिलक लगाकर उनके सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की मंगलकामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों के प्रति सम्मान, स्नेह और आत्मीयता प्रकट करते हुए भाई दूज के पर्व की शुभकामनाएं दीं। समारोह में पारंपरिक पर्व की गरिमा के साथ आध्यात्मिक ज्ञान और ईश्वरीय प्रेम का सुंदर समन्वय देखने को मिला।मुख्य संचालिका बी.के. आरती दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि भाई दूज केवल एक पारंपरिक त्योहार नहीं, बल्कि आत्मिक प्रेम, पवित्रता और निस्वार्थ संबंधों को मजबूत करने का विशेष अवसर है। उन्होंने शिव बाबा के निर्विकार स्वरूप, दिव्य गुणों एवं असीम प्रेम का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्चे संबंधों का आधार स्वार्थ नहीं, बल्कि पवित्र भावना, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति सम्मान होना चाहिए। उन्होंने उपस्थित भाई-बहनों को जीवन में आध्यात्मिकता अपनाने, सकारात्मक विचार रखने तथा अपने व्यवहार में मधुरता और विनम्रता लाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जब मनुष्य अपने जीवन में ईश्वरीय ज्ञान और सद्गुणों को स्थान देता है, तब परिवार और समाज में सुख-शांति एवं सद्भाव का वातावरण स्वतः निर्मित होता है।समारोह का एक विशेष आकर्षण महाराजगंज निवासी अमित पाण्डेय का सम्मान रहा। संस्था की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके प्रति आत्मीयता एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं। सम्मान समारोह ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।कार्यक्रम में बी.के. डॉ. अशोक कुमार मिश्र, बी.के. हरिश्चंद्र, जगदीश, अशेष भाई, अश्वनी, राहुल, रामफेर तिवारी, सुनील गुप्ता, बी.के. नन्हेंलाल शुक्ला, कमलेश, माता रानी दीदी सहित संस्था से जुड़े अनेक भाई-बहन एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक जीवन के मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।समारोह के समापन पर उपस्थित लोगों ने मुख्य संचालिका बी.के. आरती दीदी के मार्गदर्शन, स्नेहपूर्ण व्यवहार और आध्यात्मिक संदेशों की सराहना की। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता केवल परंपराओं के निर्वहन में नहीं, बल्कि आपसी रिश्तों में प्रेम, विश्वास, सम्मान और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में निहित है। भाई दूज का यह स्नेह मिलन समारोह उपस्थित लोगों के लिए आत्मीयता और आध्यात्मिक प्रेरणा की यादगार अनुभूति बन गया।