उत्तर प्रदेश में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने किया गठबंधन का ऐलान, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले लडेंगे विधानसभा चुनाव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद ने चुनाव गठबंधन कर लिया है। उन्होंने इस गठबंधन का नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा है। इसी मोर्चा के तहत उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में सभी 403 सीटाें पर चुनाव लड़ेंगे और चंद्रशेखर मुख्यमंत्री चेहरा हाेंगे।



गुरुवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दोनों दलों के इन नेताओं ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर इस नए चुनावी गठबंधन की घोषणा की है। दोनों नेताओं एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी और चंद्रशेखर ने बताया कि यह नया मोर्चा उत्तर प्रदेश में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज़ उठाना है। इस माैके पर आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर ने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यहां कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। दलित व कमजोर वर्ग के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने एनकाउंटर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्हाेंने कहा कि उनकी काेशिश कमजाेर, अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा व सम्मान बनाए रखने की है।

उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से सांसद आसपा नेता चंद्रशेखर ने कहा कि सपा और कांग्रेस भी अगर भाजपा को हराना चाहें तो हम उनके साथ हैं। हम उनके साथ मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने 26 नवंबर को रमाबाई आंबेडकर मैदान लखनऊ में रैली करने की घोषणा की है। साथ ही कहा कि गठबंधन प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस मौके पर एआईएमआईएम के प्रमुख ओवैसी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि चंद्रशेखर मोर्चे के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।
संभल में मस्जिद के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
कुतुबपुर सकता गांव में आबादी की जमीन पर निर्माण का आरोप, जांच रिपोर्ट के बाद तहसीलदार के आदेश पर हुई कार्रवाई

संभल। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के एंचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर सकता में ग्रामीणों के उपयोग के लिए पड़ी खाली जमीन पर मस्जिद का निर्माण हाे गया। प्रशासन ने भूमि व निर्माण की जांच के लिये जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी काे नियुक्त किया। जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर तहसीलदार संभल के आदेश पर आज प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए बुलडोजर कार्रवाई की । इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से भारी सुरक्षा बल तैनात रहा।

गुुरुवार काे तहसीलदार संभल धीरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि गाटा संख्या 57 का है, इसका 150 वर्ग मीटर है। यह वक्फ संपत्ति बाय नेचर घोषित थी । इसी भूमि पर अनाधिकृत निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता था। लेकिन स्थानीय निवासियों ने न केवल इस पर अनाधिकृत निर्माण कार्य किया अपितु इस पर एक नई परंपरा नमाज भी शुरू कर दी। इस संबंध में जब ग्रामवासियों की शिकायत आई तो उसकी जांच जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के द्वारा कराई गई। उन्हें वक्फ बोर्ड ने बताया कि यह इस नये निर्माण की अनुमति वक्फ बोर्ड से नहीं मिली है। इसलिए किये गये निर्माण कार्य काे गिराया जा रहा है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट वक्फ बोर्ड को भेजी जाएगी। इसमें जुर्माने आदि की कार्यवाही वक्फ बोर्ड की ओर से की जाएगी । साथ ही उन्होंने बताया कि यह आबादी लैंड ग्रामवासियों के रहने के लिए प्रयुक्त की जाती है।
ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र में स्नेह और आध्यात्मिकता का दिखा अनूठा संगम
जौनपुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, समर्पण और आत्मीयता का प्रतीक भाई दूज का पर्व बदलापुर कस्बे में आध्यात्मिक उल्लास एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर कस्बा स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र में भव्य स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य संचालिका बी.के. आरती दीदी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना की अनुपम छटा देखने को मिली। पूरे सेवा केंद्र का वातावरण आत्मीयता, पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ आध्यात्मिक भाव एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों के माथे पर कुमकुम का तिलक लगाकर उनके सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की मंगलकामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों के प्रति सम्मान, स्नेह और आत्मीयता प्रकट करते हुए भाई दूज के पर्व की शुभकामनाएं दीं। समारोह में पारंपरिक पर्व की गरिमा के साथ आध्यात्मिक ज्ञान और ईश्वरीय प्रेम का सुंदर समन्वय देखने को मिला।मुख्य संचालिका बी.के. आरती दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि भाई दूज केवल एक पारंपरिक त्योहार नहीं, बल्कि आत्मिक प्रेम, पवित्रता और निस्वार्थ संबंधों को मजबूत करने का विशेष अवसर है। उन्होंने शिव बाबा के निर्विकार स्वरूप, दिव्य गुणों एवं असीम प्रेम का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्चे संबंधों का आधार स्वार्थ नहीं, बल्कि पवित्र भावना, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति सम्मान होना चाहिए। उन्होंने उपस्थित भाई-बहनों को जीवन में आध्यात्मिकता अपनाने, सकारात्मक विचार रखने तथा अपने व्यवहार में मधुरता और विनम्रता लाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जब मनुष्य अपने जीवन में ईश्वरीय ज्ञान और सद्गुणों को स्थान देता है, तब परिवार और समाज में सुख-शांति एवं सद्भाव का वातावरण स्वतः निर्मित होता है।समारोह का एक विशेष आकर्षण महाराजगंज निवासी अमित पाण्डेय का सम्मान रहा। संस्था की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके प्रति आत्मीयता एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं। सम्मान समारोह ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।कार्यक्रम में बी.के. डॉ. अशोक कुमार मिश्र, बी.के. हरिश्चंद्र, जगदीश, अशेष भाई, अश्वनी, राहुल, रामफेर तिवारी, सुनील गुप्ता, बी.के. नन्हेंलाल शुक्ला, कमलेश, माता रानी दीदी सहित संस्था से जुड़े अनेक भाई-बहन एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक जीवन के मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।समारोह के समापन पर उपस्थित लोगों ने मुख्य संचालिका बी.के. आरती दीदी के मार्गदर्शन, स्नेहपूर्ण व्यवहार और आध्यात्मिक संदेशों की सराहना की। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता केवल परंपराओं के निर्वहन में नहीं, बल्कि आपसी रिश्तों में प्रेम, विश्वास, सम्मान और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में निहित है। भाई दूज का यह स्नेह मिलन समारोह उपस्थित लोगों के लिए आत्मीयता और आध्यात्मिक प्रेरणा की यादगार अनुभूति बन गया।
छठ पर्व की तैयारियां शुरू, नगर पालिका प्रशासन घाटों की साफ-सफाई में जुटा
मऊ। जनपद मऊ में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व के मद्देनजर नगर पालिका परिषद की ओर से छठ घाटों की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं।

घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर पालिका प्रशासन ने नगरवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि छठ घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

घाटों पर गंदगी न फैलाएं और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ताकि छठ महापर्व स्वच्छ, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
प्रदेश भर के अधिवक्ता सुरक्षा कानून समेत छह मांगों को लेकर 14 नवंबर को करेंगे लखनऊ में मार्च
कानपुर। अधिवक्ताओं पर हो रहे हमलों और उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेशभर के वकील 14 नवंबर को लखनऊ में एकजुट होंगे। छह सूत्रीय मांगों को लेकर जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा से विधानसभा तक शांति मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान अधिवक्ता विधानसभा का घेराव कर शासन को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे।

कानपुर बार एसोसिएशन और दि लायर्स एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से जारी पत्र में गुरुवार को बताया कि 10 और 11 सितंबर को कानपुर में हुए प्रांतीय अधिवक्ता सम्मेलन में वकीलों की सुरक्षा, आर्थिक सहायता और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्रस्ताव पारित किए गए थे। इन प्रस्तावों को शासन तक पहुंचाया गया, लेकिन अभी तक मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे अधिवक्ताओं में नाराजगी है।

कानपुर बार एसोसिएशन के महामंत्री विनय मिश्रा ने बताया अधिवक्ताओं की छह प्रमुख मांगों में प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करना शामिल है। इसके तहत वकीलों को सुरक्षा की गारंटी देने की मांग की गई है। इसके अलावा नए अधिवक्ताओं को शुरुआती पांच वर्षों तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये प्रोत्साहन भत्ता देने, 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अधिवक्ताओं को 30 हजार रुपये मासिक मानदेय देने और अधिवक्ता कल्याण निधि की परिपक्वता राशि पांच लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की मांग उठाई गई है।

वकीलों का कहना है कि यूपी रेंट कंट्रोल एक्ट के तहत किरायेदारी से जुड़े मामलों में न्यायिक अधिकार प्रशासनिक न्यायालयों के बजाय फिर से दीवानी न्यायालयों को दिए जाने चाहिए। साथ ही अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़ने से पहले उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई है। कानपुर बार एसोसिएशन के महामंत्री विनय मिश्रा ने बताया कि इन मांगों को लेकर प्रदेश के अधिवक्ता प्रत्येक बुधवार को हड़ताल कर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से अब तक सकारात्मक पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि आंदोलन का समाधान बातचीत के माध्यम से निकाला जाना चाहिए। इसी क्रम में 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे लखनऊ में प्रस्तावित शांति मार्च में प्रदेश के विभिन्न जिलों से अधिवक्ता पहुंचेंगे।
ससुराल में प्रताड़ित बेटी रहस्यमय तरीके से लापता, पिता ने क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन को दी तहरीर,अनहोनी की जताई आशंका

मड़िहान। मड़िहान थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव निवासी पीड़ित पिता रविन्द्र बहादुर विश्वकर्मा ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन,को शिकायती पत्र दिया है। पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी बेटी को मारपीट कर प्रताड़ित किया और अब उसे घर से गायब कर दिया है। काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का कहीं पता नहीं चल रहा है। पिता ने बेटी के साथ किसी अनोहोनी की आशंका जताई है।

पीड़ित की तहरीर के अनुसार पिता रविन्द्र बहादुर विश्वकर्मा ने अपनी इकलौती बेटी की शादी करीब 7 वर्ष पहले राजगढ़ थाना क्षेत्र के निकरिका गांव निवासी युवक के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।पिता का आरोप है कि लगभग एक माह पहले ससुराल पक्ष के लोगों ने बेटी पर झूठा आरोप लगाकर मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया था।उस समय थाने पर भी मामला पहुंचा था।बाद में 2 नवंबर 2026 को पति और सास विदा कराकर बेटी को अपने साथ निकरिका गांव ले गए। आरोप है कि जाते ही ससुराल में बेटी के साथ फिर मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी गई।पिता ने तहरीर में बताया कि ससुराल वालों ने उसे भी फोन कर अपने घर बुलाया। आरोप है कि उसके सामने ही बेटी को गाली-गलौज करते हुए दुश्मन की तरह पीटा गया। पिता ने बताया गालियों और मारपीट से आहत होकर वह अपने घर लौट आए।

पिता का आरोप है कि उसी घटना के बाद से बेटी को घर से गायब कर दिया गया।काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का कहीं पता नहीं चल रहा है। इससे देवपुरा स्थित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता को आशंका है कि बेटी के साथ कोई अप्रिय घटना तो नही घट गई हो।पीड़ित ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि पुत्री के ससुराल पक्ष में उसके ससुर की भी संदिग्ध परिस्थितियों में पहले भी मौत हुई है, लेकिन उस समय भी मामले को दबा दिया गया,कोई कार्रवाई तो छोड़िए मामले में जांच भी नही हुई।पीड़ित पिता रविन्द्र बहादुर विश्वकर्मा ने क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उसने बेटी को बरामद कराने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मड़िहान क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है,जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति किया गया जागरूक


गोण्डा। आज  मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत जनपद गोण्डा के थाना धानेपुर, वजीरगंज, छपिया, कोतवाली मनकापुर एवं मोतीगंज के साथ-साथ अन्य थानो की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, ग्रामों, विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई तथा घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, शोषण, दहेज उत्पीड़न, बाल अपराध एवं अन्य महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के संबंध में जागरूक किया गया। थाना धानेपुर की टीम द्वारा ग्रामीण बैंक कस्बा धानेपुर में महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध एवं घरेलू हिंसा के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं थाना वजीरगंज की टीम द्वारा ग्राम चन्दापुर हवेलिया में महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति केंद्र की उपयोगिता, गुड टच-बैड टच तथा महिला सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई। थाना छपिया की टीम द्वारा एसडीसीआईटीएम कंप्यूटर इंस्टीट्यूट परसा तिवारी एवं ग्राम सांगवा में बालिकाओं से संवाद स्थापित कर मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों तथा महिला एवं बालिका सुरक्षा के उपायों से अवगत कराया गया। इसी क्रम में थाना कोतवाली मनकापुर की एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीम द्वारा कटी तिराहा, बस स्टैंड, चिरैया चौराहा एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। थाना मोतीगंज की टीम द्वारा ग्राम एमवीडी एवं मेमोरियल पब्लिक स्कूल सोठिया में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, महिला बीट प्रणाली, एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही छात्राओं से उनकी समस्याओं एवं हॉटस्पॉट स्थलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

जागरूकता एवं महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर-
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने हेतु इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
• 112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
• 1090 – वीमेन पावर लाइन
• 181 – महिला हेल्पलाइन
• 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
• 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
• 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
• 108 – एंबुलेंस सेवा
• 102 – स्वास्थ्य सेवा
• 101 – अग्निशमन सेवा

इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, साइबर ठगी से बचाव, सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने, अज्ञात कॉल एवं संदेशों पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में जागरूक किया गया। कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन एवं विधवा पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए।
थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा भैंस चोरी की घटनाओं में संलिप्त 02 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

चोरी की भैंसों की बिक्री से प्राप्त ₹4,100 नकद व एक अदद मोटरसाइकिल बरामद-


गोण्डा। दिनांक 11.11.2026 को थाना कर्नलगंज व परसपुर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मुखबिर खास की सूचना पर छितौनी बॉर्डर के पास गोण्डा-जरवल मुख्य मार्ग से ग्राम कोनहटा की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राका पुत्र राजकुमार महावत एवं सलमान पुत्र राकेश महावत निवासीगण मोहद्दीपुर, थाना महमूदाबाद, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों अभियुक्तों के कब्जे से कुल ₹4,100 नकद बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी।

घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 24/25.10.2026 की रात्रि में थाना कर्नलगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम घरकुइयां में वादिनी निर्मला पत्नी राजेन्द्र कश्यप एवं गांव के ही माधवराज यादव पुत्र नकछेद यादव की एक-एक भैंस अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर के बाहर से पिकअप वाहन पर लादकर चोरी कर ली गयी थी। उक्त घटना के संबंध में थाना कर्नलगंज पर मु0अ0सं0 625/2026 धारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत हुआ था।

पूछताछ का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रात्रि में भैंसों की चोरी करते हैं तथा चोरी की गयी भैंसों को पिकअप वाहन में लादकर बाजार में बेच देते हैं। बिक्री से प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लेते हैं। अभियुक्तों ने दिनांक 24/25.10.2026 की रात्रि में ग्राम घरकुइयां से दो भैंस चोरी करने तथा दिनांक 22.10.2026 की रात्रि में ग्राम शाहपुर, थाना परसपुर से दो भैंस चोरी करने की घटना में शामिल होना बताया। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि ग्राम शाहपुर से चोरी की गयी भैंसों में से एक भैंस पुलिस द्वारा बरामद कर ली गयी थी, जबकि दूसरी भैंस को बेच दिया गया था। बिक्री से प्राप्त धनराशि में उनके हिस्से में आये शेष ₹4,100 अभियुक्तों के कब्जे से बरामद हुए।
बस का किराया देने को लेकर हुए विवाद में बस में सफर कर रहे एक यात्री ने बस कंडक्टर को ब्लेड मारकर घायल कर दिया
विपिन राठौर रामराज (मुज़फ्फरनगर )
रामराज थाना क्षेत्र के गाँव पुट्ठी इब्राहिमपुर में बस का किराया देने को लेकर हुए विवाद में बस में सफर कर रहे एक यात्री ने बस कंडक्टर को ब्लेड मारकर घायल कर दिया। ब्लेड मारने के बाद यात्री बस से उतरकर भागने लगा जिसे पीछा कर ग्रामीणों तथा पुलिस ने दबोच लिया। हमले में बस कंडक्टर लहूलुहान हो गया जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
मेरठ के नई सड़क निवासी अनिल पुत्र महेंद्र प्रकाश बिजनौर मीरापुर से मेरठ चलने वाली लोकल बस पर कंडक्टर का काम करता है। बुधवार की दोपहर बस मीरापुर से मेरठ की ओर चली तो मीरापुर की थावर वाली मस्जिद से गांव कैथोडा निवासी तनवीर पुत्र सलीम बस में चढ़ गया। अनिल ने बताया कि जब वह किराया मांगने के लिए तनवीर के पास पहुंचा तो तनवीर ने किराया देने से इनकार कर किया जिस पर अनिल ने किराया देने का आग्रह किया जिस पर तनवीर ने उसके साथ गाली गलौच कर दी। इसी दौरान बस गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर के बस अड्डे पर पहुंच गई। अनिल का आरोप है कि इसी दौरान तनवीर ने जान से मारने की नीयत से ब्लेड से उसके ऊपर हमला कर दिया जिससे बचने के लिए वह पीछे हुआ तो ब्लेड उसकी जांघ पर लगा जिस से उसकी जांघ बुरी तरह जख्मी हो गई। जिससे अनिल लहूलुहान हो गया। बस कंडक्टर को लहूलुहान अवस्था में देख मौके पर अफरातफरी मच गई तथा मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी दौरान तनवीर बस से उतरकर भागने लगा जिसे मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों तथा मौके पर पहुँची पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। घायल बस कंडक्टर को रामराज के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया जहां बस कंडक्टर का उपचार जारी है।
मिट्टी से लेकर बांस से बने समानों की बिक्री तेज


*मिट्टी के दीये, सूप, दउरा, टोकरी, मिट्टी के बर्तनों की सजीं दुकानें, परदेस से घरों के लिए लौट रहे हैं लोग*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही । धरती पर नजर आने वाले प्रत्यक्ष देव भगवान सूर्य देव की उपासना से जुड़े पर्व डाला छठ की शुरूआत 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय खाय के साथ होगी। जबकि समापन कार्तिक शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि सोमवार 16 नवंबर को। इसे लेकर आधी आबादी तैयारियां शुरू कर दिया है। उधर, बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानें सज गईं हैं। जहां पर वाराणसी एवं मिर्जापुर से आए सामानों की बिक्री हो रही है। बता दें कि सुख,समृद्धि और खुशहाली के लिए सृष्टि के नियंता भगवान सूर्य देव की महिमा अपरंपार है। सूर्य षष्ठी के व्रत से कौरवों को अपना खोया हुआ राज पाठ एवं वैभव प्राप्त हुआ था। एक मान्यता यह भी है कि कार्तिक शुक्ल षष्ठी की सूर्यास्त तथा सप्तमी तिथी सूर्योदय के मध्य वेद माता गायत्री का प्रादुर्भाव हुआ था। ऐसा भी पौराणिक मान्यता है कि भगवान राम के वनवास से लौटने पर राम और सीता ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन उपवास रखकर प्रत्यक्ष भगवान सूर्य देव की आराधना कर सप्तमी के दिन व्रत पूर्ण किया था। तभी से पर्व को मनाने की परम्परा चली आ रही है। इस साल 13 नवंबर शुक्रवार चतुर्थी तिथि को सात्विक भोजन जिसमें कद्दू और लौकी की सब्जी, चने की दाल तथा हाथ की चक्की से पीछे हुए गेहूं के आटे की पूड़ियां ग्रहण नहाए खाए के साथ पर्व का शुभारंभ होगा। अगले दिन शनिवार को सायंकाल स्नान ध्यान के पश्चात प्रसाद ग्रहण करते हैं। जो धातु या मिट्टी के बर्तनों में बनाया जाता है। प्रसाद के रूप में नए चावल से बने गुड़ की खीर ग्रहण किया जाता है। जिसे अन्य भक्तों में भी वितरित करते हैं खरना का प्रसाद ग्रहण कर तत्पश्चात षष्ठी के दिन सायंकाल अस्ताचल अस्त होते हुए सूर्य को पूर्ण श्रद्धा भाव से अर्घ्य देकर उनकी पूजा की जाएगी। पूजन के अंतर्गत भगवान सूर्य देव को बड़े आकार के सूप एवं डलिया में पूजन सामग्री सजाकर साथ ही विविध प्रकार के ऋतु फल व्यंजन पकवान जिसमें शुद्ध देसी घी का गेहूं के आटे तथा गुड़ से बना हुआ ठेकुआ प्रमुख होता है।