छठ पर्व की तैयारियां शुरू, नगर पालिका प्रशासन घाटों की साफ-सफाई में जुटा
मऊ। जनपद मऊ में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व के मद्देनजर नगर पालिका परिषद की ओर से छठ घाटों की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं।

घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर पालिका प्रशासन ने नगरवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि छठ घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

घाटों पर गंदगी न फैलाएं और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ताकि छठ महापर्व स्वच्छ, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
प्रदेश भर के अधिवक्ता सुरक्षा कानून समेत छह मांगों को लेकर 14 नवंबर को करेंगे लखनऊ में मार्च
कानपुर। अधिवक्ताओं पर हो रहे हमलों और उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेशभर के वकील 14 नवंबर को लखनऊ में एकजुट होंगे। छह सूत्रीय मांगों को लेकर जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा से विधानसभा तक शांति मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान अधिवक्ता विधानसभा का घेराव कर शासन को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे।

कानपुर बार एसोसिएशन और दि लायर्स एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से जारी पत्र में गुरुवार को बताया कि 10 और 11 सितंबर को कानपुर में हुए प्रांतीय अधिवक्ता सम्मेलन में वकीलों की सुरक्षा, आर्थिक सहायता और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्रस्ताव पारित किए गए थे। इन प्रस्तावों को शासन तक पहुंचाया गया, लेकिन अभी तक मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे अधिवक्ताओं में नाराजगी है।

कानपुर बार एसोसिएशन के महामंत्री विनय मिश्रा ने बताया अधिवक्ताओं की छह प्रमुख मांगों में प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करना शामिल है। इसके तहत वकीलों को सुरक्षा की गारंटी देने की मांग की गई है। इसके अलावा नए अधिवक्ताओं को शुरुआती पांच वर्षों तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये प्रोत्साहन भत्ता देने, 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अधिवक्ताओं को 30 हजार रुपये मासिक मानदेय देने और अधिवक्ता कल्याण निधि की परिपक्वता राशि पांच लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की मांग उठाई गई है।

वकीलों का कहना है कि यूपी रेंट कंट्रोल एक्ट के तहत किरायेदारी से जुड़े मामलों में न्यायिक अधिकार प्रशासनिक न्यायालयों के बजाय फिर से दीवानी न्यायालयों को दिए जाने चाहिए। साथ ही अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़ने से पहले उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई है। कानपुर बार एसोसिएशन के महामंत्री विनय मिश्रा ने बताया कि इन मांगों को लेकर प्रदेश के अधिवक्ता प्रत्येक बुधवार को हड़ताल कर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से अब तक सकारात्मक पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि आंदोलन का समाधान बातचीत के माध्यम से निकाला जाना चाहिए। इसी क्रम में 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे लखनऊ में प्रस्तावित शांति मार्च में प्रदेश के विभिन्न जिलों से अधिवक्ता पहुंचेंगे।
ससुराल में प्रताड़ित बेटी रहस्यमय तरीके से लापता, पिता ने क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन को दी तहरीर,अनहोनी की जताई आशंका

मड़िहान। मड़िहान थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव निवासी पीड़ित पिता रविन्द्र बहादुर विश्वकर्मा ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन,को शिकायती पत्र दिया है। पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी बेटी को मारपीट कर प्रताड़ित किया और अब उसे घर से गायब कर दिया है। काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का कहीं पता नहीं चल रहा है। पिता ने बेटी के साथ किसी अनोहोनी की आशंका जताई है।

पीड़ित की तहरीर के अनुसार पिता रविन्द्र बहादुर विश्वकर्मा ने अपनी इकलौती बेटी की शादी करीब 7 वर्ष पहले राजगढ़ थाना क्षेत्र के निकरिका गांव निवासी युवक के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।पिता का आरोप है कि लगभग एक माह पहले ससुराल पक्ष के लोगों ने बेटी पर झूठा आरोप लगाकर मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया था।उस समय थाने पर भी मामला पहुंचा था।बाद में 2 नवंबर 2026 को पति और सास विदा कराकर बेटी को अपने साथ निकरिका गांव ले गए। आरोप है कि जाते ही ससुराल में बेटी के साथ फिर मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी गई।पिता ने तहरीर में बताया कि ससुराल वालों ने उसे भी फोन कर अपने घर बुलाया। आरोप है कि उसके सामने ही बेटी को गाली-गलौज करते हुए दुश्मन की तरह पीटा गया। पिता ने बताया गालियों और मारपीट से आहत होकर वह अपने घर लौट आए।

पिता का आरोप है कि उसी घटना के बाद से बेटी को घर से गायब कर दिया गया।काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का कहीं पता नहीं चल रहा है। इससे देवपुरा स्थित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता को आशंका है कि बेटी के साथ कोई अप्रिय घटना तो नही घट गई हो।पीड़ित ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि पुत्री के ससुराल पक्ष में उसके ससुर की भी संदिग्ध परिस्थितियों में पहले भी मौत हुई है, लेकिन उस समय भी मामले को दबा दिया गया,कोई कार्रवाई तो छोड़िए मामले में जांच भी नही हुई।पीड़ित पिता रविन्द्र बहादुर विश्वकर्मा ने क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उसने बेटी को बरामद कराने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मड़िहान क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है,जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति किया गया जागरूक


गोण्डा। आज  मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत जनपद गोण्डा के थाना धानेपुर, वजीरगंज, छपिया, कोतवाली मनकापुर एवं मोतीगंज के साथ-साथ अन्य थानो की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, ग्रामों, विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई तथा घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, शोषण, दहेज उत्पीड़न, बाल अपराध एवं अन्य महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के संबंध में जागरूक किया गया। थाना धानेपुर की टीम द्वारा ग्रामीण बैंक कस्बा धानेपुर में महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध एवं घरेलू हिंसा के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं थाना वजीरगंज की टीम द्वारा ग्राम चन्दापुर हवेलिया में महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति केंद्र की उपयोगिता, गुड टच-बैड टच तथा महिला सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई। थाना छपिया की टीम द्वारा एसडीसीआईटीएम कंप्यूटर इंस्टीट्यूट परसा तिवारी एवं ग्राम सांगवा में बालिकाओं से संवाद स्थापित कर मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों तथा महिला एवं बालिका सुरक्षा के उपायों से अवगत कराया गया। इसी क्रम में थाना कोतवाली मनकापुर की एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीम द्वारा कटी तिराहा, बस स्टैंड, चिरैया चौराहा एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। थाना मोतीगंज की टीम द्वारा ग्राम एमवीडी एवं मेमोरियल पब्लिक स्कूल सोठिया में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, महिला बीट प्रणाली, एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही छात्राओं से उनकी समस्याओं एवं हॉटस्पॉट स्थलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

जागरूकता एवं महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर-
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने हेतु इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
• 112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
• 1090 – वीमेन पावर लाइन
• 181 – महिला हेल्पलाइन
• 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
• 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
• 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
• 108 – एंबुलेंस सेवा
• 102 – स्वास्थ्य सेवा
• 101 – अग्निशमन सेवा

इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, साइबर ठगी से बचाव, सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने, अज्ञात कॉल एवं संदेशों पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में जागरूक किया गया। कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन एवं विधवा पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए।
थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा भैंस चोरी की घटनाओं में संलिप्त 02 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

चोरी की भैंसों की बिक्री से प्राप्त ₹4,100 नकद व एक अदद मोटरसाइकिल बरामद-


गोण्डा। दिनांक 11.11.2026 को थाना कर्नलगंज व परसपुर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मुखबिर खास की सूचना पर छितौनी बॉर्डर के पास गोण्डा-जरवल मुख्य मार्ग से ग्राम कोनहटा की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राका पुत्र राजकुमार महावत एवं सलमान पुत्र राकेश महावत निवासीगण मोहद्दीपुर, थाना महमूदाबाद, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों अभियुक्तों के कब्जे से कुल ₹4,100 नकद बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी।

घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 24/25.10.2026 की रात्रि में थाना कर्नलगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम घरकुइयां में वादिनी निर्मला पत्नी राजेन्द्र कश्यप एवं गांव के ही माधवराज यादव पुत्र नकछेद यादव की एक-एक भैंस अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर के बाहर से पिकअप वाहन पर लादकर चोरी कर ली गयी थी। उक्त घटना के संबंध में थाना कर्नलगंज पर मु0अ0सं0 625/2026 धारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत हुआ था।

पूछताछ का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रात्रि में भैंसों की चोरी करते हैं तथा चोरी की गयी भैंसों को पिकअप वाहन में लादकर बाजार में बेच देते हैं। बिक्री से प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लेते हैं। अभियुक्तों ने दिनांक 24/25.10.2026 की रात्रि में ग्राम घरकुइयां से दो भैंस चोरी करने तथा दिनांक 22.10.2026 की रात्रि में ग्राम शाहपुर, थाना परसपुर से दो भैंस चोरी करने की घटना में शामिल होना बताया। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि ग्राम शाहपुर से चोरी की गयी भैंसों में से एक भैंस पुलिस द्वारा बरामद कर ली गयी थी, जबकि दूसरी भैंस को बेच दिया गया था। बिक्री से प्राप्त धनराशि में उनके हिस्से में आये शेष ₹4,100 अभियुक्तों के कब्जे से बरामद हुए।
बस का किराया देने को लेकर हुए विवाद में बस में सफर कर रहे एक यात्री ने बस कंडक्टर को ब्लेड मारकर घायल कर दिया
विपिन राठौर रामराज (मुज़फ्फरनगर )
रामराज थाना क्षेत्र के गाँव पुट्ठी इब्राहिमपुर में बस का किराया देने को लेकर हुए विवाद में बस में सफर कर रहे एक यात्री ने बस कंडक्टर को ब्लेड मारकर घायल कर दिया। ब्लेड मारने के बाद यात्री बस से उतरकर भागने लगा जिसे पीछा कर ग्रामीणों तथा पुलिस ने दबोच लिया। हमले में बस कंडक्टर लहूलुहान हो गया जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
मेरठ के नई सड़क निवासी अनिल पुत्र महेंद्र प्रकाश बिजनौर मीरापुर से मेरठ चलने वाली लोकल बस पर कंडक्टर का काम करता है। बुधवार की दोपहर बस मीरापुर से मेरठ की ओर चली तो मीरापुर की थावर वाली मस्जिद से गांव कैथोडा निवासी तनवीर पुत्र सलीम बस में चढ़ गया। अनिल ने बताया कि जब वह किराया मांगने के लिए तनवीर के पास पहुंचा तो तनवीर ने किराया देने से इनकार कर किया जिस पर अनिल ने किराया देने का आग्रह किया जिस पर तनवीर ने उसके साथ गाली गलौच कर दी। इसी दौरान बस गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर के बस अड्डे पर पहुंच गई। अनिल का आरोप है कि इसी दौरान तनवीर ने जान से मारने की नीयत से ब्लेड से उसके ऊपर हमला कर दिया जिससे बचने के लिए वह पीछे हुआ तो ब्लेड उसकी जांघ पर लगा जिस से उसकी जांघ बुरी तरह जख्मी हो गई। जिससे अनिल लहूलुहान हो गया। बस कंडक्टर को लहूलुहान अवस्था में देख मौके पर अफरातफरी मच गई तथा मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी दौरान तनवीर बस से उतरकर भागने लगा जिसे मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों तथा मौके पर पहुँची पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। घायल बस कंडक्टर को रामराज के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया जहां बस कंडक्टर का उपचार जारी है।
मिट्टी से लेकर बांस से बने समानों की बिक्री तेज


*मिट्टी के दीये, सूप, दउरा, टोकरी, मिट्टी के बर्तनों की सजीं दुकानें, परदेस से घरों के लिए लौट रहे हैं लोग*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही । धरती पर नजर आने वाले प्रत्यक्ष देव भगवान सूर्य देव की उपासना से जुड़े पर्व डाला छठ की शुरूआत 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय खाय के साथ होगी। जबकि समापन कार्तिक शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि सोमवार 16 नवंबर को। इसे लेकर आधी आबादी तैयारियां शुरू कर दिया है। उधर, बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानें सज गईं हैं। जहां पर वाराणसी एवं मिर्जापुर से आए सामानों की बिक्री हो रही है। बता दें कि सुख,समृद्धि और खुशहाली के लिए सृष्टि के नियंता भगवान सूर्य देव की महिमा अपरंपार है। सूर्य षष्ठी के व्रत से कौरवों को अपना खोया हुआ राज पाठ एवं वैभव प्राप्त हुआ था। एक मान्यता यह भी है कि कार्तिक शुक्ल षष्ठी की सूर्यास्त तथा सप्तमी तिथी सूर्योदय के मध्य वेद माता गायत्री का प्रादुर्भाव हुआ था। ऐसा भी पौराणिक मान्यता है कि भगवान राम के वनवास से लौटने पर राम और सीता ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन उपवास रखकर प्रत्यक्ष भगवान सूर्य देव की आराधना कर सप्तमी के दिन व्रत पूर्ण किया था। तभी से पर्व को मनाने की परम्परा चली आ रही है। इस साल 13 नवंबर शुक्रवार चतुर्थी तिथि को सात्विक भोजन जिसमें कद्दू और लौकी की सब्जी, चने की दाल तथा हाथ की चक्की से पीछे हुए गेहूं के आटे की पूड़ियां ग्रहण नहाए खाए के साथ पर्व का शुभारंभ होगा। अगले दिन शनिवार को सायंकाल स्नान ध्यान के पश्चात प्रसाद ग्रहण करते हैं। जो धातु या मिट्टी के बर्तनों में बनाया जाता है। प्रसाद के रूप में नए चावल से बने गुड़ की खीर ग्रहण किया जाता है। जिसे अन्य भक्तों में भी वितरित करते हैं खरना का प्रसाद ग्रहण कर तत्पश्चात षष्ठी के दिन सायंकाल अस्ताचल अस्त होते हुए सूर्य को पूर्ण श्रद्धा भाव से अर्घ्य देकर उनकी पूजा की जाएगी। पूजन के अंतर्गत भगवान सूर्य देव को बड़े आकार के सूप एवं डलिया में पूजन सामग्री सजाकर साथ ही विविध प्रकार के ऋतु फल व्यंजन पकवान जिसमें शुद्ध देसी घी का गेहूं के आटे तथा गुड़ से बना हुआ ठेकुआ प्रमुख होता है।
फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत विकास खंड क्षेत्र के ग्राम किशनपुर चलाया गया  विशेष दवा सेवन अभियान।

कमलेश मेहरोत्रा लहरपुर

सीतापुर। बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक व खंड विकास अधिकारी ने गांव का भमण कर पिछले वर्ष दवा सेवन से छूटे हुए लोगों तथा दीपावली के अवसर पर बाहर से गांव में आए प्रवासी लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया गया। इस  मौके पर विशेष रूप से उन लोगों को चिह्नित किया गया, जो पिछले वर्ष दवा सेवन नहीं कर पाए थे या दीपावली पर बाहर से अपने गांव वापस आए थे। ग्राम में भ्रमण के दौरान खंड विकास अधिकारी प्रदीप चौधरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद अधीक्षक डॉ. अरविंद बाजपेयी, पीसीआई  संस्था के एमसी सुमित कुमार शुक्ला ने गांव में चल रहे दवा सेवन अभियान का निरीक्षण किया और लोगों को फाइलेरिया से बचाव के लिए निर्धारित दवा का सेवन करने के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर अधीक्षक डॉक्टर अरविंद बाजपेयी ने ग्रामीणों को जागरुक करते हुए कहा कि, फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय  दी जाने वाली दवा का सही तरीके से सेवन करना है। इस  मौके पर उन्होंने सभी  लोगों से दवा सेवन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने के लिए जागरूक किया। खंड विकास अधिकारी प्रदीप कुमार चौधरी ने कहा कि क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाना है इसलिए कोई भी पात्र व्यक्ति फाइलेरिया रोधी दवा के सेवन से छूटने न पाए, उन्होंने सभी ग्रामीणों को फाइलेरिया मुक्त गांव बनाने में सहयोग करने का संकल्प दिलाया।
मऊ एक्सप्रेस में सफाई व्यवस्था की खुली पोल! रेलवे प्रशासन की लापरवाही से यात्री परेशान
मऊ। जनपद मऊ के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर आज #मऊ से आनंद_विहार जाने वाली सुहेलदेव एक्सप्रेस (मऊ एक्सप्रेस) 14055 खड़ी थी। ट्रेन की सफाई होने के बावजूद बाथरूम के बाहरी हिस्से के पास काफी गंदगी दिखाई दी।

गंदगी और दुर्गंध के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति ऐसी थी कि कई यात्रियों को उल्टी जैसा महसूस होने लगा।

इस वीडियो में आप ट्रेन के बाथरूम के पास फैली गंदगी की स्थिति साफ देख सकते हैं।

सवाल यह है कि सफाई के बाद भी ट्रेन में इतनी गंदगी कैसे रह गई?

क्या यात्रियों को इसी तरह सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?

रेलवे प्रशासन, संबंधित अधिकारियों और रेल मंत्री से अनुरोध है कि मामले का संज्ञान लेकर ट्रेन की सफाई व्यवस्था की जांच कराई जाए और यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

रेलवे प्रशासन तत्काल ध्यान दे!
सुआव पुल के सौंदर्यीकरण का भव्य लोकार्पण,संत-महात्माओं एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ उद्घाटन
       
                                   
देवीपाटन पीठ के महंत मिथिलेश नाथ योगी एवं एनजीटी सदस्य न्यायमूर्ति डॉ. अफरोज अहमद ने किया लोकार्पण,नगर के विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल                       
                                
बलरामपुर। जनपद के सुआव पुल के सौंदर्यीकरण कार्य का भव्य लोकार्पण समारोह श्रद्धा,उत्साह एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में श्री देवीपाटन मंदिर के पूज्य महंत मिथिलेश नाथ योगी जी महाराज एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के सदस्य न्यायमूर्ति डॉ.अफरोज अहमद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं विधिवत उद्घाटन कर सौंदर्यीकरण कार्य को जनता को समर्पित किया।

इस अवसर पर गेल्हापुर के पूज्य महंत बृजानंद जी महाराज,श्री हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत महेंद्र दास जी महाराज तथा सदर विधायक पल्टूराम की विशेष उपस्थिति रही।

समारोह को संबोधित करते हुए एनजीटी सदस्य न्यायमूर्ति डॉ.अफरोज अहमद ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाओं का निर्माण करना नहीं,बल्कि प्रकृति,पर्यावरण और जनसुविधाओं के बीच संतुलन स्थापित करना भी है। सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण नगर की सुंदरता बढ़ाने के साथ नागरिकों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी पैदा करता है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देते हैं।

सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार नगरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सुआव पुल का सौंदर्यीकरण नगर की सुंदरता में नया आयाम जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे और बलरामपुर को स्वच्छ,सुंदर एवं विकसित जनपद बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहें।

नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' ने कहा कि नगर को स्वच्छ,सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिका द्वारा लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सुआव पुल का सौंदर्यीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि नगर के प्रमुख स्थलों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने इस कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों,कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पूर्व जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों सहित चन्द्र प्रकाश सिंह गुड्डू,बृजेन्द्र तिवारी,डीपी सिंह बैस,संजय शर्मा,संजय शुक्ल,विजय अग्रवाल,ताराचन्द्र अग्रवाल,मंजू तिवारी,साधना पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में संत-महात्माओं के आशीर्वचन एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। सुआव पुल के सौंदर्यीकरण को बलरामपुर के विकास,स्वच्छता और सुंदरता की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।