बस का किराया देने को लेकर हुए विवाद में बस में सफर कर रहे एक यात्री ने बस कंडक्टर को ब्लेड मारकर घायल कर दिया
विपिन राठौर रामराज (मुज़फ्फरनगर )
रामराज थाना क्षेत्र के गाँव पुट्ठी इब्राहिमपुर में बस का किराया देने को लेकर हुए विवाद में बस में सफर कर रहे एक यात्री ने बस कंडक्टर को ब्लेड मारकर घायल कर दिया। ब्लेड मारने के बाद यात्री बस से उतरकर भागने लगा जिसे पीछा कर ग्रामीणों तथा पुलिस ने दबोच लिया। हमले में बस कंडक्टर लहूलुहान हो गया जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
मेरठ के नई सड़क निवासी अनिल पुत्र महेंद्र प्रकाश बिजनौर मीरापुर से मेरठ चलने वाली लोकल बस पर कंडक्टर का काम करता है। बुधवार की दोपहर बस मीरापुर से मेरठ की ओर चली तो मीरापुर की थावर वाली मस्जिद से गांव कैथोडा निवासी तनवीर पुत्र सलीम बस में चढ़ गया। अनिल ने बताया कि जब वह किराया मांगने के लिए तनवीर के पास पहुंचा तो तनवीर ने किराया देने से इनकार कर किया जिस पर अनिल ने किराया देने का आग्रह किया जिस पर तनवीर ने उसके साथ गाली गलौच कर दी। इसी दौरान बस गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर के बस अड्डे पर पहुंच गई। अनिल का आरोप है कि इसी दौरान तनवीर ने जान से मारने की नीयत से ब्लेड से उसके ऊपर हमला कर दिया जिससे बचने के लिए वह पीछे हुआ तो ब्लेड उसकी जांघ पर लगा जिस से उसकी जांघ बुरी तरह जख्मी हो गई। जिससे अनिल लहूलुहान हो गया। बस कंडक्टर को लहूलुहान अवस्था में देख मौके पर अफरातफरी मच गई तथा मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी दौरान तनवीर बस से उतरकर भागने लगा जिसे मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों तथा मौके पर पहुँची पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। घायल बस कंडक्टर को रामराज के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया जहां बस कंडक्टर का उपचार जारी है।
मिट्टी से लेकर बांस से बने समानों की बिक्री तेज


*मिट्टी के दीये, सूप, दउरा, टोकरी, मिट्टी के बर्तनों की सजीं दुकानें, परदेस से घरों के लिए लौट रहे हैं लोग*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही । धरती पर नजर आने वाले प्रत्यक्ष देव भगवान सूर्य देव की उपासना से जुड़े पर्व डाला छठ की शुरूआत 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय खाय के साथ होगी। जबकि समापन कार्तिक शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि सोमवार 16 नवंबर को। इसे लेकर आधी आबादी तैयारियां शुरू कर दिया है। उधर, बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानें सज गईं हैं। जहां पर वाराणसी एवं मिर्जापुर से आए सामानों की बिक्री हो रही है। बता दें कि सुख,समृद्धि और खुशहाली के लिए सृष्टि के नियंता भगवान सूर्य देव की महिमा अपरंपार है। सूर्य षष्ठी के व्रत से कौरवों को अपना खोया हुआ राज पाठ एवं वैभव प्राप्त हुआ था। एक मान्यता यह भी है कि कार्तिक शुक्ल षष्ठी की सूर्यास्त तथा सप्तमी तिथी सूर्योदय के मध्य वेद माता गायत्री का प्रादुर्भाव हुआ था। ऐसा भी पौराणिक मान्यता है कि भगवान राम के वनवास से लौटने पर राम और सीता ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन उपवास रखकर प्रत्यक्ष भगवान सूर्य देव की आराधना कर सप्तमी के दिन व्रत पूर्ण किया था। तभी से पर्व को मनाने की परम्परा चली आ रही है। इस साल 13 नवंबर शुक्रवार चतुर्थी तिथि को सात्विक भोजन जिसमें कद्दू और लौकी की सब्जी, चने की दाल तथा हाथ की चक्की से पीछे हुए गेहूं के आटे की पूड़ियां ग्रहण नहाए खाए के साथ पर्व का शुभारंभ होगा। अगले दिन शनिवार को सायंकाल स्नान ध्यान के पश्चात प्रसाद ग्रहण करते हैं। जो धातु या मिट्टी के बर्तनों में बनाया जाता है। प्रसाद के रूप में नए चावल से बने गुड़ की खीर ग्रहण किया जाता है। जिसे अन्य भक्तों में भी वितरित करते हैं खरना का प्रसाद ग्रहण कर तत्पश्चात षष्ठी के दिन सायंकाल अस्ताचल अस्त होते हुए सूर्य को पूर्ण श्रद्धा भाव से अर्घ्य देकर उनकी पूजा की जाएगी। पूजन के अंतर्गत भगवान सूर्य देव को बड़े आकार के सूप एवं डलिया में पूजन सामग्री सजाकर साथ ही विविध प्रकार के ऋतु फल व्यंजन पकवान जिसमें शुद्ध देसी घी का गेहूं के आटे तथा गुड़ से बना हुआ ठेकुआ प्रमुख होता है।
फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत विकास खंड क्षेत्र के ग्राम किशनपुर चलाया गया  विशेष दवा सेवन अभियान।

कमलेश मेहरोत्रा लहरपुर

सीतापुर। बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक व खंड विकास अधिकारी ने गांव का भमण कर पिछले वर्ष दवा सेवन से छूटे हुए लोगों तथा दीपावली के अवसर पर बाहर से गांव में आए प्रवासी लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया गया। इस  मौके पर विशेष रूप से उन लोगों को चिह्नित किया गया, जो पिछले वर्ष दवा सेवन नहीं कर पाए थे या दीपावली पर बाहर से अपने गांव वापस आए थे। ग्राम में भ्रमण के दौरान खंड विकास अधिकारी प्रदीप चौधरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद अधीक्षक डॉ. अरविंद बाजपेयी, पीसीआई  संस्था के एमसी सुमित कुमार शुक्ला ने गांव में चल रहे दवा सेवन अभियान का निरीक्षण किया और लोगों को फाइलेरिया से बचाव के लिए निर्धारित दवा का सेवन करने के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर अधीक्षक डॉक्टर अरविंद बाजपेयी ने ग्रामीणों को जागरुक करते हुए कहा कि, फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय  दी जाने वाली दवा का सही तरीके से सेवन करना है। इस  मौके पर उन्होंने सभी  लोगों से दवा सेवन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने के लिए जागरूक किया। खंड विकास अधिकारी प्रदीप कुमार चौधरी ने कहा कि क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाना है इसलिए कोई भी पात्र व्यक्ति फाइलेरिया रोधी दवा के सेवन से छूटने न पाए, उन्होंने सभी ग्रामीणों को फाइलेरिया मुक्त गांव बनाने में सहयोग करने का संकल्प दिलाया।
मऊ एक्सप्रेस में सफाई व्यवस्था की खुली पोल! रेलवे प्रशासन की लापरवाही से यात्री परेशान
मऊ। जनपद मऊ के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर आज #मऊ से आनंद_विहार जाने वाली सुहेलदेव एक्सप्रेस (मऊ एक्सप्रेस) 14055 खड़ी थी। ट्रेन की सफाई होने के बावजूद बाथरूम के बाहरी हिस्से के पास काफी गंदगी दिखाई दी।

गंदगी और दुर्गंध के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति ऐसी थी कि कई यात्रियों को उल्टी जैसा महसूस होने लगा।

इस वीडियो में आप ट्रेन के बाथरूम के पास फैली गंदगी की स्थिति साफ देख सकते हैं।

सवाल यह है कि सफाई के बाद भी ट्रेन में इतनी गंदगी कैसे रह गई?

क्या यात्रियों को इसी तरह सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?

रेलवे प्रशासन, संबंधित अधिकारियों और रेल मंत्री से अनुरोध है कि मामले का संज्ञान लेकर ट्रेन की सफाई व्यवस्था की जांच कराई जाए और यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

रेलवे प्रशासन तत्काल ध्यान दे!
सुआव पुल के सौंदर्यीकरण का भव्य लोकार्पण,संत-महात्माओं एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ उद्घाटन
       
                                   
देवीपाटन पीठ के महंत मिथिलेश नाथ योगी एवं एनजीटी सदस्य न्यायमूर्ति डॉ. अफरोज अहमद ने किया लोकार्पण,नगर के विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल                       
                                
बलरामपुर। जनपद के सुआव पुल के सौंदर्यीकरण कार्य का भव्य लोकार्पण समारोह श्रद्धा,उत्साह एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में श्री देवीपाटन मंदिर के पूज्य महंत मिथिलेश नाथ योगी जी महाराज एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के सदस्य न्यायमूर्ति डॉ.अफरोज अहमद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं विधिवत उद्घाटन कर सौंदर्यीकरण कार्य को जनता को समर्पित किया।

इस अवसर पर गेल्हापुर के पूज्य महंत बृजानंद जी महाराज,श्री हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत महेंद्र दास जी महाराज तथा सदर विधायक पल्टूराम की विशेष उपस्थिति रही।

समारोह को संबोधित करते हुए एनजीटी सदस्य न्यायमूर्ति डॉ.अफरोज अहमद ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाओं का निर्माण करना नहीं,बल्कि प्रकृति,पर्यावरण और जनसुविधाओं के बीच संतुलन स्थापित करना भी है। सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण नगर की सुंदरता बढ़ाने के साथ नागरिकों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी पैदा करता है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देते हैं।

सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार नगरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सुआव पुल का सौंदर्यीकरण नगर की सुंदरता में नया आयाम जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे और बलरामपुर को स्वच्छ,सुंदर एवं विकसित जनपद बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहें।

नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' ने कहा कि नगर को स्वच्छ,सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिका द्वारा लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सुआव पुल का सौंदर्यीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि नगर के प्रमुख स्थलों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने इस कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों,कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पूर्व जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों सहित चन्द्र प्रकाश सिंह गुड्डू,बृजेन्द्र तिवारी,डीपी सिंह बैस,संजय शर्मा,संजय शुक्ल,विजय अग्रवाल,ताराचन्द्र अग्रवाल,मंजू तिवारी,साधना पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में संत-महात्माओं के आशीर्वचन एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। सुआव पुल के सौंदर्यीकरण को बलरामपुर के विकास,स्वच्छता और सुंदरता की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।
मुहम्मदाबाद गोहना के ऐतिहासिक दीपावली मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, रातभर गूंजते रहे जयकारे
सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने संभाली सुरक्षा की कमान, नगर पंचायत के कैंप कार्यालय की लोगों ने की सराहना

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। स्थानीय कस्बे में दीपावली के अवसर पर स्थापित मां लक्ष्मी सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक मेले के अंतिम दिन मंगलवार की रात से बुधवार की सुबह तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा रहा। पूरे मेला क्षेत्र में दर्शनार्थियों की खचाखच भीड़ देखने को मिली।

बताते चलें कि मोहम्मदाबाद गोहना की ऐतिहासिक दीपावली और उसके बाद लगने वाले इस भव्य मेले की पूर्वांचल में अलग पहचान है।

मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ इसकी भव्यता और धार्मिक आस्था को दर्शाती है। देर रात तक श्रद्धालु मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों सहित अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाओं का दर्शन करते रहे और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मेले को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी रात मुस्तैद रहा। पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह स्वयं सैकड़ों पुलिसकर्मियों के साथ रूट मार्च करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। इस दौरान उपनिरीक्षक, निरीक्षक, पुरुष पुलिसकर्मी एवं महिला पुलिसकर्मियों की विभिन्न स्थानों पर तैनाती की गई थी।

वहीं, स्थानीय नगर पंचायत की ओर से विजय स्तंभ चौक पर दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए विशेष कैंप कार्यालय स्थापित किया गया था। यहां श्रद्धालुओं की समस्याओं को सुनने और उनका तत्काल समाधान कराने की व्यवस्था की गई थी। नगर पंचायत की इस पहल की लोगों ने काफी सराहना की।

इस मौके पर चौकी प्रभारी मिथिलेश कुमार, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव, अनिल सिंह, वैभव कुमार पांडेय, रमाशंकर सहित महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा गुप्ता तथा कांस्टेबल नेहा यादव, रीमा यादव, कल्याणी समेत अन्य महिला पुलिसकर्मी विभिन्न मूर्ति पंडालों के समीप सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहीं।

पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत की बेहतर व्यवस्थाओं के बीच ऐतिहासिक दीपावली मेले का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।
सपा नेता एवं बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी भाजपा में हुए शामिल
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के नेता एवं बस्ती से पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और बांदा के समाजवादी पार्टी (सपा) सपा नेता अनिल यादव ने अपने समर्थकों के साथ बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, ज्वाॅइनिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह एवं परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाकर भाजपा परिवार में उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि उनकी पार्टी एक विचारधारा आधारित संगठन है, जिसमें कार्यकर्ता सर्वोपरि होता है। पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम, समर्पण और योगदान को सम्मान मिलता है। उन्होंने दोनों नेताओं एवं उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते लगभग 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को केवल नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे धरातल पर चरितार्थ किया है। गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने सहित प्रत्येक क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के कार्य हुआ है। भाजपा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने देश की मौजूदा परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ शक्तियां देश के लोकतांत्रिक वातावरण को प्रभावित कर भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भारत को बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसी परिस्थितियों की ओर धकेलने की कोशिश की जा रही है। क्या देश में तख्तापलट जैसी परिस्थितियां उत्पन्न करने की मंशा है ? ऐसे प्रयासों के प्रति देशवासियों को सजग रहने की आवश्यकता है।

चौधरी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है। देश के नौजवानों और जागरूक जनता ने अराजकता फैलाने तथा माहौल खराब करने के प्रयासों का मुँहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव केवल किसी व्यक्ति की जीत या सरकार बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि देश की स्थिरता, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का भी विषय है। देश को अस्थिर करने वाली शक्तियों के मंसूबों को विफल करना हम सभी का दायित्व है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य लेकर संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भयमुक्त वातावरण में विकास पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए पूर्व सांसद अरविंद चौधरी, सपा नेता अनिल यादव एवं उनके समर्थकों का पुनः अभिनंदन किया।
मदरसा सिराजुल उलूम निसवां में 21 शिक्षिकाओं को दिया गया ‘प्रशस्त’ ऐप का प्रशिक्षण

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। विकासखंड मुहम्मदाबाद गोहना की ग्राम पंचायत बंदीकला स्थित मदरसा सिराजुल उलूम निसवां में बुधवार को ‘प्रशस्त’ ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मदरसे की 21 शिक्षिकाओं को ऐप के उपयोग एवं दिव्यांग बच्चों की प्रारंभिक पहचान के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।

यह कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन, खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी के निर्देशन तथा जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) अमित कुमार श्रीवास्तव के समन्वय में आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान राज्य संसाधन समूह (एसआरजी), उत्तर प्रदेश के सदस्य संजय कुमार तिवारी ने सभी 21 शिक्षिकाओं के मोबाइल में प्रशस्त ऐप डाउनलोड कराकर ट्यूटोरियल लॉगिन उपलब्ध कराया।

इसके साथ ही 40 मिनट 33 सेकंड की अवधि वाले 10 प्रशिक्षण वीडियो के माध्यम से दिव्यांगता के विभिन्न प्रकारों, उनकी प्रारंभिक पहचान, आवश्यक शैक्षिक सहयोग, उपचार तथा विशेषज्ञों से परामर्श की जरूरत के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संजय कुमार तिवारी ने बताया कि प्रशस्त ऐप का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में पढ़ने वाले विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की समय रहते पहचान करना और उन्हें आवश्यक शैक्षिक सहायता, समुचित आकलन एवं विशेषज्ञ सेवाओं से जोड़ना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह ऐप चिकित्सकीय निदान का विकल्प नहीं, बल्कि दिव्यांगता के संभावित संकेतों की प्रारंभिक पहचान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों, समावेशी शिक्षा, समान अवसर, बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता, अनुभवात्मक शिक्षण, बहुभाषिकता और बाल केंद्रित शिक्षा में शिक्षकों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। उन्होंने शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को व्यवहारिक रूप से कक्षा शिक्षण में लागू करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में जनपद मुख्यालय पर कार्यरत वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद शमशेर का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर मदरसे के प्रबंधक सेराज खान सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।
मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर पंचायत ने की व्यापक तैयारी, घाट पर सुरक्षा से लेकर बिजली-पानी तक के इंतजाम

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना में तमसा नदी पुल स्थित घाट पर मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर पंचायत प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। खैराबाद, वलीदपुर समेत आसपास के गांवों से आने वाली प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं और आयोजन समितियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

बुधवार की शाम उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने घाट पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान नगर पंचायत की ओर से विद्युत व्यवस्था, शौचालय, आवागमन के लिए रास्ते तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजामों का निरीक्षण किया गया।
विसर्जन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाट पर गोताखोरों की भी तैनाती की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

इस मौके पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिवेश कुमार मिश्रा, चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक गुप्ता, डायमंड, गुंजन श्रीवास्तव सहित नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि मोहम्मदाबाद गोहना में ऐतिहासिक दीपावली मेले के बाद प्रतिमाओं के विसर्जन का भी विशेष महत्व है। यहां देर रात तक मां लक्ष्मी, मां पार्वती, भगवान गणेश और मां सरस्वती की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला जारी रहता है।

प्रशासन और नगर पंचायत ने आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
भाजपा महिला मोर्चा की फिर महामंत्री बनी अनुपमा श्रीवास्तव
गोण्डा।भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व ने एक बार पुनः अनुपमा श्रीवास्तव को जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है। विधान सभा क्षेत्र मेहनौन की मूल निवासी अनुपमा श्रीवास्तव पिछले एक दशक से आवास विकास में शिविर कार्यालय बनाकर समाजसेवा के साथ महिलाओं की समस्याओं का समाधान करा रही हैं।  उनके मनोनयन पर केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिबर्धन सिंह,मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, जिलाध्यक्ष इकबाल बहादुर तिवारी,मोर्चा अध्यक्ष बीनाराय, प्रदेश महामंत्री रत्ना वर्मा एवं धीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय ने खुशी व्यक्त की है।