सनातन विरोधी अखिलेश को सिर्फ मुस्लिम वोट बैंक की चिंता: धर्मपाल सिंह

- मंत्री बोले- 6 दिसंबर को अखिलेश जाएं अयोध्या और कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए मांगे माफी 

- मंत्री दयाशंकर सिंह ने अखिलेश के PDA को बताया ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’, कहा- सनातन का अपमान करते हैं सपाई

- ‘सनातन की मजबूती से घबरा गए हैं अखिलेश’, यूपी सरकार के मंत्रियों का सपा प्रमुख पर तीखा हमला

लखनऊ, 11 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह और दयाशंकर सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। धर्मपाल सिंह ने अखिलेश यादव को 6 दिसंबर को अयोध्या जाकर कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए माफी मांगने की नसीहत दी। वहीं, दयाशंकर सिंह ने PDA को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताते हुए अखिलेश पर तंज कसा।

कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सपा को भारतीय सभ्यता, आस्था और त्योहारों से कोई लेना-देना नहीं है। अखिलेश को दीपावली पर ईद याद आती है। उन्हें केवल मुस्लिम वोटों की चिंता रहती है। उन्होंने कहा कि जनता सपा की राजनीति समझ चुकी है और 2027 में पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

- ‘भाजपा का PDA असली, 2027 में फिर बनेगी सरकार’

धर्मपाल सिंह ने कहा कि अखिलेश का PDA खत्म हो चुका है। उन्होंने भाजपा के PDA का अर्थ बताते हुए कहा कि 2017 में पहली बार, 2022 में दूसरी बार और 2027 में अगली बार एनडीए की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी। मंत्री धर्मपाल ने कहा कि योगी सरकार ने यूपी में निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को गति दी है। उत्तर प्रदेश में बीते पांच साल में 10 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। किसानों की आमदनी भी अब दोगुनी हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की बढ़ती तरक्की देख अखिलेश यादव बौखला गए हैं। उन्हें 2027 में अपनी हार नजर आ रही है। 

- ‘PDA का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’

मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को खुद PDA की परिभाषा नहीं पता। आये दिन राजनीतिक लाभ के लिए वो इसका अर्थ बदलते रहते हैं। पूरा देश जानता है कि उनके पीडीए का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने चाचा शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव की तुलना भगवान से कर सनातन का अपमान किया है।

कलयुग के मारीच हैं अखिलेश, सनातनी बनने का रचते हैं स्वांग: अंकुश त्रिपाठी

- भाजपा प्रवक्ता ने कहा- पांच वक्त के नमाजी हैं अखिलेश यादव, उन्हें तुष्टीकरण की राजनीति पसंद है

- बोले - काशी-मथुरा-अयोध्या पर अखिलेश का स्टैंड साफ नहीं, कब मांगेंगे माफी

लखनऊ, 11 नवंबर। भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव पर सनातन और हिंदू आस्था को लेकर ढोंग रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे को प्रतिबंधित करने वाले अखिलेश यादव को आज भगवान कृष्ण की याद आ रही है। अखिलेश सनातनी बनने का स्वांग रच रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता उनके मनसूबे को अच्छे से पहचान चुकी है। 

- ‘कलयुग के मारीच हैं अखिलेश’

अंकुश त्रिपाठी ने सपा प्रमुख को कलयुग का मारीच बताते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में उनका भी वही हश्र होने वाला है, जो मारीच का हुआ था। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अखिलेश यादव को भगवान श्रीराम और अयोध्या से कोई लेना देना नहीं है। 

- ‘पांच वक्त के नमाजी हैं अखिलेश’

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि सपा का काशी, मथुरा और अयोध्या को लेकर स्टैंड स्पष्ट नहीं है। अखिलेश अपनी पार्टी की ओर से किए गए कृत्यों के लिए माफी मांगें। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पांच वक्त के नमाजी हैं और उन्हें तुष्टीकरण की राजनीति पसंद है। उन्हें सनातन से कोई लेना-देना नहीं है। पूरी सपा राम विरोधी है।

'नौ सौ चूहे खाकर मंदिर जाने की तैयारी में अखिलेश, इधर पूर्वांचल में शुरू हुई बगावत', ओपी राजभर का सपा पर तीखा हमला

- 'पूर्वांचल में सपा का 18% यादव वोट दरका', राजभर बोले- सैफई परिवार में महाभारत चल रही

- 'चाचा को सुबह-शाम दंडवत प्रणाम कीजिए, वरना बुरा हाल हो जाएगा', राजभर का अखिलेश पर तंज

- 'भतीजावादी और चच्चावादी में छिड़ी जंग', राजभर बोले- अखिलेश के खिलाफ सपा में बगावत

- 'चाचा के दुलारे फूंक रहे अखिलेश के पुतले', ओपी राजभर बोले- हर सीट पर अखिलेश के खिलाफ खड़े होंगे बागी

लखनऊ, 11 नवंबर। कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट पर तंज कसते हुए कहा कि इधर अखिलेश यादव नौ सौ चूहे खाकर मंदिर जाने की तैयारी कर रहे हैं, उधर पूर्वांचल में सपा के अंदर बगावत का बिगुल बज चुका है। राजभर ने पूर्वांचल में सपा के 18 प्रतिशत यादव वोट खिसकने का दावा करते हुए अखिलेश को शिवपाल यादव के सामने रोज सुबह-शाम दंडवत प्रणाम करने की सलाह दी है।

- 'भतीजावादी' और 'चच्चावादी' के बीच फिर शुरू हुई महाभारत

ओपी राजभर ने सपा के एक नेता की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पूर्वांचल में पार्टी का 18 प्रतिशत यादव वोट दरक गया है। उन्होंने अखिलेश पर तंज कसते हुए लिखा कि उनके एक नेताजी ने लंबी-चौड़ी रिपोर्ट दी है कि पूर्वांचल में सपा का यादव वोट खिसक गया है। राजभर ने कहा कि अखिलेश ने वह पत्र तो पढ़ ही लिया होगा, जिसमें सैफई परिवार के बीच एक बार फिर 'महाभारत' शुरू होने की बात खुलकर सामने आई है। उन्होंने इस पारिवारिक खींचतान को 'भतीजावादी' और 'चच्चावादी' के बीच की लड़ाई बताया।

- 'चाचा के दुलारे फूंक रहे पुतले, वीडियो कॉल पर हो रही डीलिंग'

राजभर ने दावा किया कि शिवपाल यादव के समर्थक अखिलेश के पुतले फूंक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहुबलियों और धनबलियों से डीलिंग के लिए वीडियो कॉल पर सीधे चाचा से बात कराई जा रही है। राजभर के मुताबिक, इस दौरान 'भइया से अच्छे चाचा जी हैं' जैसी बातें भी कही जा रही हैं। उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राजधानी में बैठकर ट्विटर, एसी और पीसी करते रहिए, जबकि जिलों में उनके खिलाफ बगावत शुरू हो चुकी है।

- 'हर सीट पर होंगे बागी उम्मीदवार, होगी फंडिंग और डीलिंग'

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें आज और अभी से हर रोज सुबह-शाम अपने सबसे छोटे सगे चाचा को दंडवत प्रणाम करना शुरू कर देना चाहिए। क्या पता, उनका दिल पिघल जाए और वह अपने हर अपमान को भूल जाएं। राजभर ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो हर सीट पर बागी उम्मीदवार होंगे। उम्मीदवारों को फंडिंग होगी और बड़े-बड़े लोगों से वीडियो कॉलिंग के जरिए डीलिंग भी होगी। इसके बाद अखिलेश यादव देखते रह जाएंगे।

अब जरीब से नहीं, सैटेलाइट तकनीक से होगी जमीन की सटीक पैमाइश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र और 4,300 लाभार्थियों को 215 करोड़ की सहायता राशि के वितरण कार्यक्रम को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित

 - सभी तहसीलों में उपलब्ध कराई गईं रोवर मशीनें, एक इंच भी इधर-उधर नहीं होगी पैमाइश

- 26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य, 25 अगस्त से अब तक 16 हजार से अधिक को मिले नियुक्ति पत्र

- राजस्व न्यायालयों में 37.81 लाख वादों का निस्तारण, जून में 70 हजार जमीनों की कराई पैमाइश

लखनऊ, 11 नवंबर। उत्तर प्रदेश में अब जमीन की पैमाइश पुरानी जरीब के बजाय सैटेलाइट आधारित तकनीक से होगी। सभी तहसीलों में रोवर मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले पैमाइश में एक फीट का अंतर दस फीट तक पहुंच जाता था, जिसका खामियाजा गरीबों को भुगतना पड़ता था। अब एक इंच भी इधर-उधर नहीं होगा। बुधवार को भैया दूज पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 4,300 परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये भेजे।

- 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में बैठे थे मुन्ना भाई

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं से पूछा कि क्या चयन के लिए सिफारिश या पैसे देने पड़े? सभी ने इनकार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले शासन और भर्ती प्रक्रिया में 'मुन्ना भाई' बैठे थे। 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' फिल्म का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई दूसरा लेकर चला जाता था। भर्ती आयोगों पर सैफई सिंडिकेट का कब्जा था। भ्रष्टाचार के कारण योग्य युवाओं को न्यायालय जाना पड़ता था। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि नियुक्तियों की गिनती नहीं आती तो शिवपाल यादव को ट्यूटर रख लें।

- 26 जनवरी तक एक लाख नियुक्तियों का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 अगस्त तक प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके थे। इसके बाद 26 जनवरी तक एक लाख अतिरिक्त नियुक्तियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया। 25 अगस्त से अब तक 16 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र मिले हैं। छह नवंबर को 4,543 उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। राजस्व विभाग में पहले 10,836 नियुक्तियां हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त 7,994 लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पुलिस विभाग में 32 हजार और होमगार्ड के 42 हजार से अधिक पदों पर भर्ती पूरी हो चुकी है। सत्यापन चल रहा है। अगले सप्ताह होमगार्ड जवानों को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास है।

- 445 रोवर मशीनों से जमीन की सटीक पैमाइश

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में अधिकांश विवाद जमीन से जुड़े होते हैं। इन्हें समाप्त करने के लिए 445 रोवर मशीनें खरीदी गई हैं। जून में लगभग 70 हजार पैमाइश कराई गईं। वर्ष 2017 में राजस्व न्यायालयों में 34 लाख मुकदमे लंबित थे। अब तक 37,81,363 वादों का निस्तारण किया गया है। जून में विशेष अभियान के दौरान नामांतरण के 3,10,056 मामले निपटाए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें समस्याएं खड़ी करती थीं, वर्तमान सरकार समाधान कर रही है।

- घरौनी से ग्रामीण परिवारों को मालिकाना अधिकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर घरौनी योजना से ग्रामीण परिवारों को आबादी की जमीन का मालिकाना अधिकार मिला है। महिलाओं के नाम संपत्ति होने से बैंक ऋण लेकर कारोबार के अवसर बढ़े हैं। देश की आबादी में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 16 प्रतिशत है, जबकि कुल घरौनियों में प्रदेश की हिस्सेदारी 37 प्रतिशत है।

- 1.40 लाख किसान परिवारों को दुर्घटना सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषक दुर्घटना कल्याण योजना में खेतिहर मजदूरों और बटाईदारों को भी शामिल किया गया है। सांप, बिच्छू, सांड़ तथा जंगली जानवरों के हमले से होने वाली दुर्घटनाएं भी इसके दायरे में हैं। अब तक 1,40,196 किसान परिवारों को 5,833.50 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार संकट में अन्नदाता के परिवार के साथ है।

- न कर्फ्यू, न दंगा, यूपी में अब सब चंगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले त्योहारों पर दंगे और कर्फ्यू लगते थे। सपा की चार सरकारों के दौरान प्रदेश में 1,500 दंगे हुए। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्ष में न कर्फ्यू लगा और न दंगा हुआ। सुरक्षित वातावरण में निवेश और रोजगार बढ़े हैं। उत्तर प्रदेश देश की तीन प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। दीपावली पर प्रदूषण की आलोचना करने वालों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिन्होंने भ्रष्टाचार से सिस्टम को प्रदूषित किया, उन्हें जनता के त्योहार मनाने पर प्रदूषण याद आता है।

- पहले नौकरी के लिए चलती थी पर्ची-खर्ची: ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा शासनकाल में नौकरी के लिए पर्ची-खर्ची चलती थी। हर जिले में एजेंट सक्रिय थे। अब बिना जुगाड़ नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से समाजसेवा को प्राथमिकता देने और राजस्व विभाग को देश में नंबर एक बनाने का आह्वान किया। राजस्व राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर ने कहा कि तकनीक और नवाचार से राजस्व विभाग में परिवर्तन हुए हैं। दुर्घटना पीड़ित परिवारों को सहायता सरकार की संवेदना और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

- मुख्यमंत्री ने 10 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर की अंकिता सिंह, आगरा की आशिया बानो, सीतापुर के विवेक सिंह, आजमगढ़ के राजेश सरोज, पीलीभीत के धीरज कुमार, सहारनपुर की पारुल, चित्रकूट धाम के राजेश कुमार, वाराणसी के विनीत कुमार यादव, लखनऊ के आदर्श शुक्ला और अयोध्या के प्रिंस सिंह को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने मीरा सिंह, अयोध्या की विदिता श्रीवास्तव, सीतापुर की रजनी देवी, उन्नाव की शिव प्यारी, लखनऊ की पूनम पांडेय, अयोध्या की शांति देवी, लखनऊ की राबिया, बाराबंकी की रीता सिंह, अयोध्या की रामरती और हरदोई की पिंकी देवी को प्रतीकात्मक चेक दिए।

- कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राजस्व राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, रामचन्द्र प्रधान, राजस्व परिषद अध्यक्ष बाबू लाल मीना और प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यूजी उपस्थित रहे। बाबू लाल मीना ने मुख्यमंत्री का पौधा भेंटकर स्वागत किया। प्रमुख सचिव अपर्णा यूजी ने राजस्व राज्य मंत्री तथा कंचन वर्मा ने राजस्व परिषद अध्यक्ष का स्वागत किया।

आर्थिक तंगी नहीं रोक पाएगी सपनों की उड़ान, अभ्युदय योजना बनी मेधावियों का सहारा

- प्रदेश के 157 केंद्रों पर 19,856 अभ्यर्थी कर रहे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

- आईएएस, पीसीएस, नीट और जेईई समेत विभिन्न परीक्षाओं के लिए मिल रहा निःशुल्क मार्गदर्शन

लखनऊ: 10 नवम्बर, 2026। आर्थिक परिस्थितियां अब मेधावी युवाओं के सपनों की राह में बाधा नहीं बनेंगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की महंगी कोचिंग का खर्च उठा पाने में असमर्थ अल्प आय वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना उम्मीद की नई किरण बन रही है। समाज कल्याण विभाग की इस पहल के तहत प्रदेशभर में संचालित 157 केंद्रों पर वर्तमान में 19,856 अभ्यर्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। यहां उन्हें विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और परीक्षा के अनुरूप तैयारी का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।योजना के माध्यम से अभ्यर्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), नीट, जेईई और एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इससे उन युवाओं को विशेष लाभ मिल रहा है, जिन्हें आर्थिक तंगी के कारण निजी कोचिंग संस्थानों का रुख करना मुश्किल होता है। अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन, विषयवार अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयारी से युवाओं को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। योजना का असर अब सफलता के रूप में भी सामने आने लगा है। कानपुर में संचालित तीन केंद्रों से जेईई मेंस, यूपीपीसीएस लेक्चरर और जूनियर असिस्टेंट समेत अब तक 15 अभ्यर्थियों का चयन हो चुका है।

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देना है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी युवा केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे।

विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की समय-सारिणी संशोधित

- अब 17 नवम्बर को होगा मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 

- दावे एवं आपत्तियां 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक होंगी प्राप्त

- मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 04 जनवरी, 2027 को होगा

लखनऊ, 10 नवम्बर, 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की समय-सारिणी में संशोधन किया गया है। आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवम्बर, 2026 को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, हटवाने अथवा किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर, 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 04 जनवरी, 2027 को होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संशोधित समय-सारिणी का समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों को भी संशोधित कार्यक्रम से अवगत कराएं। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित कार्यवाही समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने प्रदेश के पात्र नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे पुनरीक्षण अवधि के दौरान अपनी एवं अपने परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में प्रविष्टियों की जांच अवश्य कर लें तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए निर्धारित अवधि में आवश्यक आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मंत्री एके शर्मा ने कुड़िया घाट का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए निर्देश


- घाटों की स्वच्छता, सुंदर चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

- शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बन रहे मार्ग को शीघ्र पूरा करने के निर्देश, तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत

- छठ महापर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता: मंत्री

लखनऊ, 10 नवंबर 2026। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने आगामी छठ महापर्व के दृष्टिगत लखनऊ के कुड़िया घाट पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पूर्व सभी आवश्यक कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरे कर लिए जाएं, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत पर्व है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम घाटों की स्वच्छता, सुंदर चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था को भव्य स्वरूप देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि घाटों पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिलें और वे पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ छठ महापर्व मना सकें।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बनाए जा रहे रास्ते का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मार्ग का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूरा किया जाए, ताकि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने मार्ग निर्माण में गुणवत्ता और सुगमता का विशेष ध्यान रखने को भी कहा।

मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुगम आवागमन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं पर्व से पहले पूरी कर ली जाएं। इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री पंकज कुमार सहित नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

...और पुख्ता होगी खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता जांच

- सीएम की मंशा के अनुसार स्थापित हो चुकी हर मंडल में एफएसडीए की लैब
- नमूनों की जांच और एक्शन में आएगी और तेजी
- खाद्य पदार्थों की जांच क्षमता 30 हजार से बढ़कर 1 लाख 8 हजार हुई
- दवाओं की जांच क्षमता 12500 से बढ़कर 60 हजार हुई

लखनऊ: 10 नवंबर, 2026। खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश में जांच व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेश के सभी 18 मंडलों में खाद्य एवं औषधि परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित कर दी हैं। इनमें 12 मंडलों में नई प्रयोगशालाएं बनाई गई हैं, जबकि पहले से स्थापित छह मंडलों की प्रयोगशालाओं को अपग्रेड किया गया है।
इससे खाद्य पदार्थों की सालाना जांच क्षमता 30 हजार से बढ़कर 1 लाख 8 हजार और दवाओं की जांच क्षमता 12,500 से बढ़कर 60 हजार नमूने हो गई है। नमूनों की जांच में तेजी आने से मिलावटखोरों और अमानक उत्पादों के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई भी अधिक प्रभावी और समयबद्ध हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के लिए कुछ कारोबारी रंग, मिठास और स्वाद बढ़ाने के नाम पर प्रतिबंधित अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत अखाद्य पदार्थों का इस्तमाल करते हैं। ऐसे उत्पादों का लंबे समय तक सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इनसे कैंसर, लीवर और किडनी संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ने की आशंका रहती है। बच्चों, बीमार व्यक्तियों और बुजुर्गों के लिए इसका खतरा अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है।
इसी तरह, अमानक दवाएं रोगियों के उपचार को प्रभावित करती हैं। इनके अपेक्षित परिणाम न मिलने से बीमारी का उपचार लंबा खिंच सकता है। इससे रोगियों को अतिरिक्त आर्थिक और शारीरिक परेशानी उठानी पड़ती है। दवाओं के दुष्प्रभाव का खतरा भी अलग से रहता है। उपभोक्ताओं को अपने पैसे के बदले गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और दवाएं मिलें, यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है। इसी के अनुरूप एफएसडीए जांच की व्यवस्था और क्षमता बढ़ाने के साथ ही प्रवर्तन कार्रवाई को भी प्रभावी बनाने में जुटा है।
- 12 मंडलों में नई प्रयोगशालाएं स्थापित
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आजमगढ़, बस्ती, देवीपाटन, अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, चित्रकूटधाम, मीरजापुर (विंध्याचल), बरेली, मुरादाबाद, अलीगढ़ और सहारनपुर मंडलों में नई प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। इनमें कानपुर, अलीगढ़, सहारनपुर और अयोध्या में नमूनों की सर्विलांस जांच पहले से ही हो रही थी। शेष नई प्रयोगशालाओं में सर्विलांस जांच बीते 31 अक्टूबर से शुरू हुई है। औषधियों के विधिक नमूनों की जांच सभी प्रयोगशालाओं में की जा रही है। लखनऊ, आगरा, मेरठ, झांसी, गोरखपुर और वाराणसी मंडल में पहले से विभाग की लैब संचालित थी। प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़ने से दवाओं की सालाना जांच क्षमता भी 12,500 से बढ़कर 60 हजार नमूने हो गई है।
- जल्द दूर होगी कर्मचारियों की कमी
प्रयोगशालाओं का सुचारु संचालन और जांच क्षमता का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन भी जरूरी है। इस दिशा में 357 कनिष्ठ विश्लेषक (औषधि) के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 457 कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) की भर्ती प्रक्रियाधीन है। इन नियुक्तियों के बाद प्रयोगशालाओं में कर्मचारियों की कमी दूर करने और जांच कार्य में तेजी लाने में मदद मिलेगी।
- जांच में गति के साथ ‘‘शुद्ध ही शुभ है‘‘ अभियान में आएगी और तेजी
प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़ने से विभाग की ओर से संचालित ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान को और भी गति मिलेगी। जांच का दायरा बढ़ने और समयबद्ध कार्रवाई होने से मिलावटखोरी तथा अमानक खाद्य पदार्थों और दवाओं के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में विभाग की व्यवस्था और मजबूत होगी।
'कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराने पर शर्म नहीं आती?’, सपा सांसद पर बरसे डॉ. अंकुश त्रिपाठी

- भाजपा प्रवक्ता ने सनातन पांडेय को बताया औरंगजेब, कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराने वाले बयान पर भड़के

- भाजपा प्रवक्ता ने कहा- चुनाव आते ही सनातन को अपमानित करने लगते हैं सपाई 

लखनऊ, 10 नवंबर। समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय द्वारा कारसेवकों पर गोली चलवाने की घटना को जायज ठहराने वाले बयान पर भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों निहत्थे कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराकर सनातन पांडेय ने उन परिवारों और सनातन धर्म को मानने वाले हिंदुओं की भावनाओं को आहत किया है, जिन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए लंबी लड़ाई लड़ी।अंकुश ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आज से उनका नाम औरंगजेब रखता हूं।

- ‘अखिलेश की चाटुकारिता में इतना भी मत गिरिए’

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव की चाटुकारिता में सनातन पांडेय इस हद तक गिर गए हैं कि अब सनातन को ही अपमानित कर रहे हैं। सपा ने हमेशा ही हिंदू धर्म को अपमानित किया है। उनके इस बयान से उनके परिवार को भी शर्मिंदगी महसूस होगी। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव आते ही अखिलेश को खुश करने के लिए इस तरह की बयानबाजी की जा रही है।

- ‘हिंदू समाज सनातन पांडेय का बहिष्कार करे’

भाजपा प्रवक्ता ने हिंदू समाज से अपील की कि सनातन पांडेय का सामाजिक बहिष्कार किया जाए। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे लोगों का विरोध करना चाहिए और जिस दरवाजे पर भी वे जाएं, वहां से उन्हें दुत्कारकर बाहर कर देना चाहिए। अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराने वाला बयान निंदनीय है और इसे हिंदू समाज किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगा।

कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले अब कर रहे सनातन की बात: सुभाष यदुवंश

- कहा-अयोध्या जाने से पहले सरयू के पावन जल में स्नान कर कारसेवकों से माफी मांगें अखिलेश

- बोले - जिनके राज में सरयू का पानी लाल हुआ वे आज सनातन की राजधानी बनाने का कर रहे ढोंग

- सपा के लिए कब्रिस्तान थी रामनगरी, भाजपा सरकार ने इसे विश्व मानचित्र पर किया स्थापित

- हिम्मत है तो मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि को लेकर अपना रुख स्पष्ट करें अखिलेश यादव

- सैफई परिवार ने यदुवंशियों को सिर्फ वोट बैंक समझा, सत्ता केवल अपने पास रखी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा अयोध्या में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और इसे सनातन की वैश्विक राजधानी बनाने के दावे पर भाजपा एमएलसी सुभाष यदुवंश ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने अखिलेश यादव के बयान को हास्यास्पद और बचकाना बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में अयोध्या में पहले ही विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा हो चुका है। पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है जिसे पूरी दुनिया के लोग पहले से ही सनातन की वैश्विक राजधानी मानते हैं। सुभाष यदुवंश ने कारसेवकों पर हुए गोलीकांड की याद दिलाते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में मां सरयू का पानी कारसेवकों के रक्त से लाल हो गया था, उन्हें अयोध्या के बारे में बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

- कारसेवकों के हत्यारे कर रहे सनातन की बात

सुभाष यदुवंश ने सपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जिस पार्टी की सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे आज सनातन की बात कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि सपा नेताओं ने हमेशा राम मंदिर का विरोध किया है। रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव और हाल ही में सपा सांसद सनातन पांडेय द्वारा कारसेवकों पर गोली चलवाने को सही ठहराने वाले बयानों का जिक्र करते हुए उन्होंने अखिलेश यादव की चुप्पी पर कड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को शर्म आनी चाहिए कि उनकी पार्टी के नेता आज भी हत्याओं को जायज ठहरा रहे हैं और उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहा है।

- मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर बोलने की चुनौती

सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो वे मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि को मुक्त कराकर वहां भव्य मंदिर बनवाने की बात करें। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव केवल वोट बैंक की राजनीति के कारण मथुरा के मुद्दे पर मौन रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा तो वहां मंदिर बनवाएगी ही लेकिन अखिलेश यादव को भी इस पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। अब हर रोज उनसे पूछा जाएगा कि वे मथुरा और भगवान कृष्ण के मंदिर के बारे में कब बोलेंगे।

- यदुवंशियों को केवल दरी बिछाने के लिए रखा

यदुवंश समाज का जिक्र करते हुए सुभाष यदुवंश ने कहा कि सपा के सैफई परिवार ने दशकों से यदुवंशियों को केवल वोट के लिए बेवकूफ बनाया है। परिवार के लोग सांसद, विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनते हैं, जबकि बाकी पूरा यदुवंश समाज केवल दरी बिछाने का काम करता है।

- सरयू में स्नान कर कारसेवकों से मांगें माफी

सुभाष यदुवंश ने कहा कि सपा सरकार ने अयोध्या को कब्रिस्तान बना दिया था जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अयोध्या को विश्व मानचित्र पर स्थापित किया है। उन्होंने अखिलेश यादव से मांग की कि वे अयोध्या जाने से पहले मां सरयू के पावन जल में स्नान करें और कारसेवकों व उनके परिजनों से माफी मांगें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि न मां सरयू, न कारसेवक और न ही हिंदू समाज सपा को कभी माफ करेगा।