मदरसा सिराजुल उलूम निसवां में 21 शिक्षिकाओं को दिया गया ‘प्रशस्त’ ऐप का प्रशिक्षण

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। विकासखंड मुहम्मदाबाद गोहना की ग्राम पंचायत बंदीकला स्थित मदरसा सिराजुल उलूम निसवां में बुधवार को ‘प्रशस्त’ ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मदरसे की 21 शिक्षिकाओं को ऐप के उपयोग एवं दिव्यांग बच्चों की प्रारंभिक पहचान के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।

यह कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन, खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी के निर्देशन तथा जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) अमित कुमार श्रीवास्तव के समन्वय में आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान राज्य संसाधन समूह (एसआरजी), उत्तर प्रदेश के सदस्य संजय कुमार तिवारी ने सभी 21 शिक्षिकाओं के मोबाइल में प्रशस्त ऐप डाउनलोड कराकर ट्यूटोरियल लॉगिन उपलब्ध कराया।

इसके साथ ही 40 मिनट 33 सेकंड की अवधि वाले 10 प्रशिक्षण वीडियो के माध्यम से दिव्यांगता के विभिन्न प्रकारों, उनकी प्रारंभिक पहचान, आवश्यक शैक्षिक सहयोग, उपचार तथा विशेषज्ञों से परामर्श की जरूरत के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संजय कुमार तिवारी ने बताया कि प्रशस्त ऐप का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में पढ़ने वाले विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की समय रहते पहचान करना और उन्हें आवश्यक शैक्षिक सहायता, समुचित आकलन एवं विशेषज्ञ सेवाओं से जोड़ना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह ऐप चिकित्सकीय निदान का विकल्प नहीं, बल्कि दिव्यांगता के संभावित संकेतों की प्रारंभिक पहचान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों, समावेशी शिक्षा, समान अवसर, बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता, अनुभवात्मक शिक्षण, बहुभाषिकता और बाल केंद्रित शिक्षा में शिक्षकों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। उन्होंने शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को व्यवहारिक रूप से कक्षा शिक्षण में लागू करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में जनपद मुख्यालय पर कार्यरत वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद शमशेर का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर मदरसे के प्रबंधक सेराज खान सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।
मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर पंचायत ने की व्यापक तैयारी, घाट पर सुरक्षा से लेकर बिजली-पानी तक के इंतजाम

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना में तमसा नदी पुल स्थित घाट पर मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर पंचायत प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। खैराबाद, वलीदपुर समेत आसपास के गांवों से आने वाली प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं और आयोजन समितियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

बुधवार की शाम उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने घाट पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान नगर पंचायत की ओर से विद्युत व्यवस्था, शौचालय, आवागमन के लिए रास्ते तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजामों का निरीक्षण किया गया।
विसर्जन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाट पर गोताखोरों की भी तैनाती की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

इस मौके पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिवेश कुमार मिश्रा, चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक गुप्ता, डायमंड, गुंजन श्रीवास्तव सहित नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि मोहम्मदाबाद गोहना में ऐतिहासिक दीपावली मेले के बाद प्रतिमाओं के विसर्जन का भी विशेष महत्व है। यहां देर रात तक मां लक्ष्मी, मां पार्वती, भगवान गणेश और मां सरस्वती की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला जारी रहता है।

प्रशासन और नगर पंचायत ने आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
भाजपा महिला मोर्चा की फिर महामंत्री बनी अनुपमा श्रीवास्तव
गोण्डा।भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व ने एक बार पुनः अनुपमा श्रीवास्तव को जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है। विधान सभा क्षेत्र मेहनौन की मूल निवासी अनुपमा श्रीवास्तव पिछले एक दशक से आवास विकास में शिविर कार्यालय बनाकर समाजसेवा के साथ महिलाओं की समस्याओं का समाधान करा रही हैं।  उनके मनोनयन पर केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिबर्धन सिंह,मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, जिलाध्यक्ष इकबाल बहादुर तिवारी,मोर्चा अध्यक्ष बीनाराय, प्रदेश महामंत्री रत्ना वर्मा एवं धीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय ने खुशी व्यक्त की है।
बाबा दुबे की मृतक नीरव सिंह के परिजनों को एक लाख की आर्थिक मदद और दिया भरोसा
जौनपुर। बदलापुर तहसील अंतर्गत स्थित तिलवारी गांव निवासी मृतक नीरव सिंह के परिजनों को पूर्व विधायक ओमप्रकाश दुबे उर्फ बाबा दुबे ने एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। आज उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि नीरव सिंह हत्याकांड के मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। तीनों ही आरोपी नीरव सिंह के करीबी मित्र थे। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे में पूर्व विधायक द्वारा दी गई आर्थिक सहायता को पीड़ित परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण सहयोग माना जा रहा है। पूर्व विधायक ने परिवार को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं।
भाई दूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर की दीर्घायु की कामना

बहनों ने व्रत रखकर सुनी भाई दूज की कथा, भाइयों ने उपहार देकर लिया बहनों का आशीर्वाद

**बहसूमा, मेरठ।** क्षेत्र में पंच महोत्सव के पांचवें दिन भाई दूज का पर्व श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए व्रत रखा। व्रत के दौरान बहनों ने भाई दूज की कथा सुनी और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।

पूजा के बाद बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर मिष्ठान खिलाया तथा गोला भेंट कर उनकी लंबी आयु और उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की। वहीं छोटे बच्चों में भी भाई दूज को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। घरों में भाई-बहनों के बीच प्रेम और स्नेह का अनूठा दृश्य नजर आया।

इस अवसर पर भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार, नगद धनराशि और मिठाइयां भेंट कीं। साथ ही बहनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। पूरे क्षेत्र में भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व भाई दूज परंपरागत तरीके से धूमधाम के साथ मनाया गया।
डाला छठ पर सीताकुण्ड घाट की सुरक्षा और सफाई के पुख्ता इंतजाम

सुल्तानपुर, दशहरा दुर्गापूजा एवं दीपावली का त्योहार सकुशल सम्पन्न होने के उपरान्त आगामी डाला छठ पर्व दिनंाक 15 एवं 16 नवम्बर, 2026 को सकुशलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सीताकुण्ड घाट पर नगर पालिका परिषद द्वारा तैयारी प्रारम्भ कर दी गयी है, जिसका निरीक्षण पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल द्वारा विभागीय अधिकारियों कर्मचारियों व स्वर्णकार समाज के सम्भ्रान्त जनों के साथ आज दिनांक 11 नवम्बर किया गया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने गोमती नदी घाट पर आवश्यक तैयारियों को चुस्त दुरूस्त करने हेतु दिशा-निर्देश देते हुए आम जनमानस की सुरक्षा के दृष्टिगत घाट पर आवश्यकतानुसार बैरीकेटिंग, घाट पर स्थित गड्ढों की पटाई व बालू से भरी बोरियों द्वारा समतलीकरण, महिलाओं के स्नान के लिए वैकल्पिक सीढ़ी/रैम्प की व्यवस्था के साथ ही वस्त्र बदलने हेतु समुचित व्यवस्था, सीताकुण्ड घाट नदी तट व पहुंच मार्ग पर समुचित जनरेटर युक्त अबाध प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल ट्वायलेट की व्यवस्था एवं सम्पूर्ण घाट स्थल की वृहद् स्तर पर साफ-सफाई, फागिंग आदि समय से पूर्ण करते हुए श्रद्धालुओं हेतु समुचित पेयजल व्यवस्था किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि इस पर्व पर स्वर्णकार समाज सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा प्रसाद स्वरूप भण्डारों का आयोजन किया जाता है, नगर पालिका परिषद सुलतानपुर द्वारा पूर्व की भांति इस वर्ष भी डाला छठ पर्व के त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। इस अवसर पर स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष राजकुमार सोनी, संरक्षक भरत जी सोनी, मुन्ना सोनी, विनोद सोनी व पालिका के प्रभारी सफाई लि0 प्रशान्त रावत, मार्ग प्रकाश प्रभारी अजय कुमार तिवारी, सफाई विभाग के दीपक कुमार रावत, साहिल सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
सुल्तानपुर के सरस्वती विद्या मंदिर में पत्रकार वार्ता/क्षेत्रीय विज्ञान गणित मेला-2026

सुल्तानपुर के सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मे कल से तीन दिवसीय क्षेत्रीय ज्ञान विज्ञान एवं संस्कृति महोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में चार प्रांतों के 49 जनपदों के करीब 1200 बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिसमें विज्ञान, गणित और संस्कृति के जरिए बच्चे अपनी कौशल दिखाएंगे।

दरअसल बच्चों में  पढ़ाई के साथ साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास को विद्या भारती हमेशा से प्रयासरत रही है। इसी को लेकर नगर के विवेकानंद नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मे कल से ज्ञान विज्ञान एवं संस्कृति महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें चार प्रांतों के 49 विद्यालयों के बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।  विज्ञान और गणित विषय के साथ साथ अपनी पुरातन संस्कृति के जरिए बच्चे अपनी सोच को लोगों के समक्ष रखेंगे। 12 नवंबर से चलने वाले इस महोत्सव का 14 नवंबर की शाम को समापन होगा, जिसमें करीब 1200 बच्चे प्रतिभाग करेंगे।  इसी को लेकर आज विद्यालय प्रबंध तंत्र द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संगठन मंत्री हेमचंद्र सहित विद्यालय के प्रबंधक, ज्वाला देवी विद्यालय प्रयागराज के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय, प्रबंधक डॉ पवन सिंह और मीडिया प्रभारी देवेंद्र कुमार पाठक ने आयोजन को लेकर तमाम जानकारियां दी।
उत्तर प्रदेश अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में एमपीएस क्रिकेट अकादमी मुरादाबाद की पलक सिंह का चयन
मुरादाबाद। एमपीएस क्रिकेट अकादमी मुरादाबाद में अभ्यास कर रही मेरठ निवासी क्रिकेटर पलक सिंह का उत्तर प्रदेश अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। पलक सिंह का यह चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित चयन ट्रायल में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। पलक ने अपनी लेग ब्रेक गेंदबाजी से चयन कर्ताओं को प्रभावित करने में सफल रहीं।

एमपीएस क्रिकेट अकादमी मुरादाबाद के कोच मिर्जा दानिश आलम ने बताया कि पलक सिंह काफी वर्षों से एमपीएस क्रिकेट अकादमी में अभ्यास कर रही हैं। पलक इससे पहले यूपी अंडर-19, यूपी अंडर-23 और सीनियर महिला क्रिकेट की चयन प्रक्रियाओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने एक बार फिर टीम में जगह बनाई है। दानिश आलम ने आगे कहा कि पलक सिंह बहुत मेहनती खिलाड़ी हैं और क्रिकेट की एक-एक चीज को बहुत ही बारीकी से समझ कर पिच पर उतारने का प्रयास करती हैं।

वहीं पलक सिंह का कहना है कि उत्तर प्रदेश अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में उनका चयन होना उनके लिए एक बड़ा अवसर है। पलक सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने मित्रता के साथ अपने क्रिकेट कोच मिर्जा दानिश आलम को दिया है।
बृजेश सिंह ने रघुकुल में परिवार के साथ मनाया दीपावली
                           

वाराणसी। वाराणसी के पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने धर्मपत्नी एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह व अपने दोनों पुत्रों सिद्धार्थ सिंह और सागर सिंह के साथ सिगरा स्थित अपने निवास रघुकुल निवास पर बड़े ही धूमधाम से दीपावली मनाया। इस मौके पर उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए सभी के कल्याण की बाबा विश्वनाथ, मां लक्ष्मी से प्रार्थना की। रिपोर्टर राजहंस सिंह
बहनों ने भाइयों के लिए भैया दूज मनाया: तिलक लगाकर सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना की*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। बहनों ने बुधवार को भाइयों की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना के साथ भैया दूज मनाया। उन्होंने पूजा कर भाइयों के सुखी जीवन की कामना की और उन्हें आशीर्वाद दिया। भाइयों ने भी बहनों का प्यार और आशीर्वाद पाया।

नगर में कई जगह महिलाएं समूह में जुटीं और विधि-विधान से पूजा की। बहनों ने गोवर्धन से आशीर्वाद मांगा। भाइयों को दूध-चावल और खीर खिलाई गई। कई जगह भैया दूज से जुड़े गीत बजते रहे। देव स्थानों पर भी बहनों की भीड़ लगी रही। मिलिंद गुप्ता के आवास पर भी पूजा कर भाइयों की खुशी की कामना की गई।

पौराणिक कथा के मुताबिक, भगवान सूर्य के पुत्र यमराज और पुत्री यमुना भाई-बहन थे। यमुना कई बार यमराज को घर आने का निमंत्रण देती थीं। एक दिन यमराज उनसे मिलने पहुंचे।

यमुना ने भाई का स्वागत किया, तिलक लगाया और खाना खिलाया। उनके प्यार और सम्मान से खुश होकर यमराज ने यमुना से वरदान मांगने को कहा। यमुना ने कामना की कि इस दिन जो भाई अपनी बहन से तिलक करवाएगा, उसे सुख-समृद्धि मिलेगी। तभी से भैया दूज मनाने की परंपरा चली आ रही है।

भैया दूज कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाई जाती है। इसे यम द्वितीया भी कहते हैं। भारत के कुछ हिस्सों में इस दिन यमराज और यमुना की पूजा भी की जाती है।