हस्तिनापुर के आरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों को नुकसान पहुंचाने पर बड़ी कार्रवाई, आरोपी पर 1.50 लाख रुपये का जुर्माना
नीम और शीशम के पेड़ों को आग लगाकर नष्ट करने का आरोप, वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई
हस्तिनापुर (मेरठ)। हस्तिनापुर रेंज के विदुर वन ब्लॉक स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में एक नीम और एक शीशम के पेड़ को आग लगाकर क्षतिग्रस्त करने, उनकी छाल हटाने, जड़ों के आसपास की मिट्टी खोदने और शाखाओं की छंटाई करने का मामला सामने आया। वन विभाग ने मौके से संजय पुत्र उदयवीर सिंह, निवासी मुरादनगर, जनपद गाजियाबाद को पकड़ा। विभाग की ओर से आरोपी पर 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाकर वसूल किया गया।
वन विभाग के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को विदुर वन ब्लॉक के आरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों को नुकसान पहुंचाए जाने की जानकारी मिली थी। जांच के दौरान सामने आया कि पेड़ों को सुखाने और नष्ट करने के उद्देश्य से उनके तनों में आग लगाई गई थी। इसके अलावा पेड़ों की छाल हटाने, जड़ों के आसपास की मिट्टी निकालने और लॉपिंग के जरिए शाखाओं को काटने से भी वन संपदा को नुकसान पहुंचाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई की। मौके पर मिले व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। विभाग ने दंडात्मक कार्रवाई करते हुए 1,50,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित कर वसूल किया।
वन भूमि को नुकसान पहुंचाने पर होगी सख्त कार्रवाई
मेरठ वन प्रभाग की प्रभागीय निदेशक सुश्री वंदना ने स्पष्ट किया कि आरक्षित वन क्षेत्र में अतिक्रमण, जुताई-बुवाई, मिट्टी हटाने, पेड़ों की छाल छीलने, जड़ों को नुकसान पहुंचाने, अवैध कटाई-छंटाई और आग लगाने जैसी गतिविधियां प्रतिबंधित हैं। ऐसे मामलों में अपराध की प्रकृति के अनुसार जुर्माना और कारावास सहित कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने ग्रामीणों, किसानों और आम नागरिकों से वन एवं वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास की सुरक्षा में सहयोग करने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना वन विभाग को देने की अपील की।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
यह कार्रवाई वन क्षेत्राधिकारी सुश्री खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। टीम में सेक्शन अधिकारी गौरव गर्ग, वन दरोगा ऋषभ, बीट प्रभारी अतुल स्वामी, वन रक्षक खुशीराम तथा वाचर दालचंद और समंदर दास शामिल रहे।
जनगणना-2027 के लिए रसड़ा में प्रगणक-पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का अंतिम बैच, जनसंख्या गणना की तैयारी तेज
संजीव सिंह  रसड़ा बलिया। भारत की आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना को त्रुटिरहित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए तहसील रसड़ा में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कोलम्बस इंटरनेशनल स्कूल, सिसवार कला, रसड़ा-बलिया में पांच बैचों में संचालित हुआ।प्रथम बैच - 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक एवं द्वितीय बैच- 29 से 31 अक्टूबर 2026 तक तृतीय बैच - 02 से 04 नवम्बर 2026 तक एवं चतुर्थ बैच- 5- से 7 नवम्बर 2026 तक और
अंतिम बैच 10 से 12 नवंबर 2026 तक चलेगा जिसके साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन   होगा
प्रशिक्षण का उद्देश्य
जनगणना के द्वितीय चरण में प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित निर्धारित जानकारी एकत्र करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनगणना में कोई भी व्यक्ति या परिवार छूटे नहीं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को गणना की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन, जानकारी की जांच-पुष्टि तथा पर्यवेक्षकों द्वारा निगरानी से जुड़े बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जनगणना-2027 में डेटा की सटीकता और संगति सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल ऐप में जांच एवं पुष्टि की व्यवस्था शामिल की गई है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम
प्रशिक्षण हेतु स्थान कोलम्बस इंटरनेशनल स्कूल, सिसवार कला, रसड़ा-बलिया रखा गया। हैं! कार्यक्रम तहसील रसड़ा के अंतर्गत आयोजित किया गया, जबकि जिला स्तर पर बलिया के जनगणना अधिकारियों का समन्वय रहा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को गणना क्षेत्र, परिवार सूची, जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, डिजिटल उपकरणों के प्रयोग, त्रुटियों से बचाव तथा नागरिकों से सही जानकारी संकलन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। पर्यवेक्षकों को क्षेत्रीय निगरानी, गुणवत्ता जांच और प्रगणकों के कार्य की समीक्षा के लिए तैयार किया गया।
अधिकारियों की भूमिका
प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार राहुल सिंह, उप जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणवीर सिंह (PCS), अपर जिला अधिकारी (वि0/रा0) एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिल कुमार (PCS), मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी आलोक कुमार (IAS) तथा जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह (IAS) का समन्वय रहा।
जनगणना-2027 का द्वितीय चरण जनसंख्या गणना है, जिसमें परिवारों के सभी सदस्यों की जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक, सांस्कृतिक, प्रवासन एवं प्रजनन संबंधी जानकारी एकत्र की जाएगी।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर जनगणना कार्यक्रम अधिकारी हलचल चौधरी, जनगणना प्रशिक्षक माधवेंद्र प्रताप सिंह, अनुराग तिवारी, अमित सिंह, महिला जिला शिक्षक संघ   से रंजना पांडेय, अभिषेक  सिंह , अनुज सिंह,ओमप्रकाश,   पुष्पेंद्र सिंह , हरेंद्र यादव,राकेश पांडेय समेत अनेक सम्मानित शिक्षक, शिक्षिका एवं शिक्षा मित्र उपस्थित रहे।
नागरिकों से अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना के दौरान प्रगणकों को सहयोग करें और अपने परिवार की सही जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना का मुख्य ध्येय वाक्य—“हर व्यक्ति, हर परिवार, छूटे न कोई”—इस अभियान की भावना को दर्शाता है।
जनगणना से प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं की जरूरतों के आकलन तथा नीति-निर्माण के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।
“आइए निभाएं अपनी जिम्मेदारी, करें जनगणना में भागीदारी।” बदलता बलिया—संवरता बलिया।
दीपावली पर यूपी-112 की पीआरवी ने लगाई दौड़, तीन दिन में दो लाख से अधिक लोगों को पहुंचाई मदद
पुलिस संबंधी मामलों में सबसे ज्यादा आईं मदद की कॉल, 36 हजार से अधिक को मिली एंबुलेंस सेवा; 11 अकेली महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाया लखनऊ। दीपावली के महापर्व पर प्रदेशवासियों की सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए यूपी-112 की पीआरवी टीमों ने पूरी मुस्तैदी से मोर्चा संभाले रखा। त्योहार के दौरान सात से नौ नवंबर तक तीन दिनों में यूपी-112 ने प्रदेश के 2,05,738 नागरिकों को सहायता पहुंचाई। सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन करीब 38 हजार लोग इस सेवा का लाभ लेते हैं, वहीं दीपावली के अवसर पर मदद मांगने वालों की संख्या में काफी वृद्धि दर्ज की गई।

पुलिस महानिदेशक यूपी-112 की ओर से दीपावली की तैयारियों को लेकर चार और पांच नवंबर को दिए गए दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेशभर में विशेष सतर्कता बरती गई। छोटी दीपावली यानी सात नवंबर को 53,264 लोगों ने यूपी-112 की मदद ली। आठ नवंबर को दीपावली के दिन यह आंकड़ा बढ़कर 74,816 पहुंच गया, जबकि नौ नवंबर को 77,753 नागरिकों को आपात सहायता उपलब्ध कराई गई।

त्योहार के दौरान सबसे अधिक सहायता पुलिस संबंधी मामलों में मांगी गई। सात नवंबर को करीब 41 हजार, आठ नवंबर को 56 हजार और नौ नवंबर को 59 हजार लोगों को पुलिस संबंधी सहायता दी गई। इस तरह तीन दिनों में दो लाख से अधिक नागरिकों को विभिन्न पुलिस संबंधी मामलों में मदद पहुंचाई गई।

36 हजार से अधिक को मिली चिकित्सकीय सहायता

आपात सेवाओं के तहत चिकित्सा और अग्निशमन विभाग की टीमों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। सात से नौ नवंबर के बीच 36,817 मामलों में एंबुलेंस सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं, आग लगने से जुड़ी 7,029 घटनाओं में अग्निशमन सेवा की मदद पहुंचाई गई। त्योहार के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए पीआरवी और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा गया।

वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा पर भी जोर

यूपी-112 की सवेरा योजना के तहत पंजीकृत 2,018 वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार त्वरित सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। रात 10 बजे से सुबह छह बजे के बीच साधन नहीं मिलने की सूचना पर 11 अकेली महिलाओं को पीआरवी टीमों ने सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

त्योहार के दौरान पुलिस, चिकित्सा और अग्निशमन सेवाओं के समन्वित प्रयासों से यूपी-112 ने प्रदेशभर में आपात स्थितियों में लोगों तक सहायता पहुंचाई।
छेड़छाड़ के आरोपित टीटीई पर रेलवे का शिकंजा
पंजाब मेल में महिला यात्री से दुर्व्यवहार के मामले में विभागीय जांच पूरी, टीटीई रवि मीणा को जारी हुई आरोपपत्र

मुरादाबाद। पंजाब मेल में महिला यात्री से छेड़छाड़ के आरोप में घिरे टीटीई रवि मीणा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रेलवे प्रशासन ने विभागीय जांच पूरी करने के बाद आरोपित टीटीई के खिलाफ चार्जशीट जारी कर दी है। अब उसे अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देना होगा। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं, पंजाब पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। घटना 20 सितंबर 2026 की है। हावड़ा से अमृतसर जा रही पंजाब मेल (13005) में सफर कर रही एक महिला ने मुरादाबाद रेल मंडल में तैनात टीटीई रवि मीणा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। महिला ने अमृतसर जीआरपी थाने में शिकायत की थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद 21 अक्टूबर को पंजाब पुलिस आरोपित की तलाश में मुरादाबाद पहुंची थी लेकिन वह ड्यूटी पर दूसरी ट्रेन लेकर लखनऊ रवाना हो गया। रेलवे प्रशासन ने मामले में विभागीय जांच कराई। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि आरोपपत्र जारी किया गया है।
आपसी विवाद में भाई की हत्या कर शव को कुंए में फेंका, आरोपित गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नगराम थाना पुलिस ने 24 घण्टे के भीतर हत्या कर शव को कुंए में फेंकने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने स्वीकारा कि उसने आपसी विवाद में भाई की हत्या करके शव को कुंए में फेंक दिया था।

नगराम थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम समेसी निवासी सुन्दरलाल की तहरीर पर रामऔतार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया ईंट बरामद किया गया है।

पूछताछ पर अभियुक्त रामऔतार ने बताया कि वह नशा करने का आदी है। नशे के कारण उसने अपनी जमीन बेंचकर अपने भाई जियालाल के साथ गांव के खेत में बनी मड़ई में रहता था। 08 नवंबर को जब वह नशे की हालत में घर पहुंचा तो उसका भाई जियालाल से विवाद हो गया। इस बीच मैने ईंट से प्रहार करके जियालाल की हत्या कर दी और शव को पास के कुंए में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपित को भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।
शेर-ए-मैसूर हजरत टीपू सुल्तान की जयंती मनाई गई
गोंडा | कांग्रेस भवन गोंडा*कांग्रेस भवन गोंडा में शेर-ए-मैसूर हजरत टीपू सुल्तान की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की *अध्यक्षता शहर अध्यक्ष सभासद शाहिद अली कुरैशी ने की, मुख्य अतिथि जिला मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे रहे।

शाहिद कुरैशी ने कहा - टीपू ने कहा था "गीदड़ की 100 साल की जिंदगी से बेहतर शेर की एक दिन की जिंदगी" और 4 मई 1799 को शहीद हो गए। टीपू दुनिया के पहले मिसाइल मैन, 156 मंदिरों के रक्षक और दलित महिलाओं का स्तन-कर खत्म करने वाले थे। मिसाइल मैन डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम और महात्मा गांधी ने भी किताबों में उन्हें सच्चा देशभक्त बताया है।

मुख्य अतिथि शिव कुमार दुबे ने कहा - "हजरत टीपू सुल्तान जैसे शहीदों की कुर्बानी को आज की पीढ़ी को याद रखना चाहिए। कांग्रेस पार्टी हमेशा से सभी धर्मों के महापुरुषों का सम्मान करती आई है और करती रहेगी। टीपू सुल्तान का अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।"

इस अवसर पर - जिला संयोजक डॉ. सैयद अब्दुल मुजीब, संगठन प्रभारी सुकई भारती, पूर्व जिला सचिव सलीम कुरैशी, शहर पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष मोहम्मद रिजवान, सोशल मीडिया इंचार्ज शौकत अली माली बाबा, छोटेलाल जानकी देवी, मंडल अध्यक्ष जाकिर अली, मोहम्मद इमरान खान, समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद रहे।
विवाद के बाद युवक को ट्रैक्टर से कुचला, चालक फरार
प्रयागराज के सोरांव क्षेत्र में भट्ठे पर हुई घटना, परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सोरांव थाना क्षेत्र के सोमवार रात विवाद के बाद एक युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत का मामला प्रकाश में आया है। मंगलवार को घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिवार के लोगों का आरोप है कि विवाद के बाद कुचलकर ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि सोरांव थाना क्षेत्र के सराय लिली बरचनपुर गांव निवासी रोहित यादव(27) पुत्र अमर सिंह सोमवार की शाम घर से अशोक नगर स्थित भट्ठे पर किसी से काम के सिलसिले में गया। जहां ट्रैक्टर चालक पवन से उसका विवाद हो गया और उसने रोहित को कुचल दिया। घटना की सूचना पर परिवार के लोग पहुंचे तो भट्ठा मालिक पप्पू पांडेय और ट्रैक्टर चालक पवन वहां भाग से चुके थे। परिवार के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और मौके पर पहुंची थाना पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

घटना के संबंध में मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घर से नाराज होकर निकलीं जाैनपुर की दो किशोरियां कानपुर सेंट्रल पर मिलीं
कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को जीआरपी ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत घर से नाराज होकर निकलीं दो नाबालिग किशोरियों को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलवा दिया। दोनों किशोरियां जौनपुर से कानपुर पहुंची थीं। स्टेशन पर नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की नजर उन पर पड़ी।

जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि आज प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म पर करीब 15 और 16 वर्ष की दो किशोरियां बैठी मिलीं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के रेहारी गांव की रहने वाली हैं। परिजनों की डांट से नाराज होकर दोनों बिना बताए घर से निकल आई थीं और कानपुर पहुंच गई थीं।

उन्होंने बताया कि महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव की मौजूदगी में दोनों किशोरियों को महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित बैठाया गया। इसके बाद उचित माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों किशोरियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोरियों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी की तत्परता की सराहना की।
बिलग्राम तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त

Sb रिपोर्टर धर्म सिंह
हरदोई/बिलग्राम। तहसील बिलग्राम में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से किया जाए। समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि लेखपाल, कानूनगो अथवा तहसीलदार स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
वहीं, पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बिलग्राम, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए प्रचार वाहन को डीएम ने हरी झंडी देकर रवाना किया

किसानों से की अपील*

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बिलग्राम तहसील परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत यह वाहन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और उसके वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में जागरूक करेगा। डीएम ने किसानों से अपील की कि वे खेतों में पराली न जलाएं और आधुनिक कृषि तकनीकों से उसका उचित प्रबंधन करें।
उक्त अवसर पर उप कृषि निदेशक हरदोई डा0 राजेश कुमार ने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और भूमि में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं। किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, अनुदान पर उपलब्ध कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक तकनीकों का लाभ उठाकर फसल अवशेषों का निस्तारण करना चाहिए तथा यह भी बताया कि पराली जलाने पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत जुर्माने सहित दंडात्मक कार्यवाही का प्रावधान है। 02 एकड़ कृषि भूमि तक रु0 5000/-, 02 से 05 एकड़ भूमि तक रु0 10000/- तथा 05 एकड़ से अधिक भूमि तक रु0 30000/- जुर्माने को प्राविधान है। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को जागरूक कर पराली जलाने की घटनाओं को रोकना है। पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए लेखपालों, कृषि विभाग एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण कर किसानों को जागरूक कर फसल अवशेष न जलाने तथा पराली के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही सेटेलाइट के माध्यम से भी पराली जलाने की घटनाओं की सतत निगरानी की जा रही है। सेटेलाइट से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नहने राम, तहसीलदार बिलग्राम दीपक गौतम सहित कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।