दीपावली पर यूपी-112 की पीआरवी ने लगाई दौड़, तीन दिन में दो लाख से अधिक लोगों को पहुंचाई मदद
पुलिस संबंधी मामलों में सबसे ज्यादा आईं मदद की कॉल, 36 हजार से अधिक को मिली एंबुलेंस सेवा; 11 अकेली महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाया
लखनऊ। दीपावली के महापर्व पर प्रदेशवासियों की सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए यूपी-112 की पीआरवी टीमों ने पूरी मुस्तैदी से मोर्चा संभाले रखा। त्योहार के दौरान सात से नौ नवंबर तक तीन दिनों में यूपी-112 ने प्रदेश के 2,05,738 नागरिकों को सहायता पहुंचाई। सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन करीब 38 हजार लोग इस सेवा का लाभ लेते हैं, वहीं दीपावली के अवसर पर मदद मांगने वालों की संख्या में काफी वृद्धि दर्ज की गई।
पुलिस महानिदेशक यूपी-112 की ओर से दीपावली की तैयारियों को लेकर चार और पांच नवंबर को दिए गए दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेशभर में विशेष सतर्कता बरती गई। छोटी दीपावली यानी सात नवंबर को 53,264 लोगों ने यूपी-112 की मदद ली। आठ नवंबर को दीपावली के दिन यह आंकड़ा बढ़कर 74,816 पहुंच गया, जबकि नौ नवंबर को 77,753 नागरिकों को आपात सहायता उपलब्ध कराई गई।
त्योहार के दौरान सबसे अधिक सहायता पुलिस संबंधी मामलों में मांगी गई। सात नवंबर को करीब 41 हजार, आठ नवंबर को 56 हजार और नौ नवंबर को 59 हजार लोगों को पुलिस संबंधी सहायता दी गई। इस तरह तीन दिनों में दो लाख से अधिक नागरिकों को विभिन्न पुलिस संबंधी मामलों में मदद पहुंचाई गई।
36 हजार से अधिक को मिली चिकित्सकीय सहायता
आपात सेवाओं के तहत चिकित्सा और अग्निशमन विभाग की टीमों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। सात से नौ नवंबर के बीच 36,817 मामलों में एंबुलेंस सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं, आग लगने से जुड़ी 7,029 घटनाओं में अग्निशमन सेवा की मदद पहुंचाई गई। त्योहार के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए पीआरवी और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा गया।
वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा पर भी जोर
यूपी-112 की सवेरा योजना के तहत पंजीकृत 2,018 वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार त्वरित सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। रात 10 बजे से सुबह छह बजे के बीच साधन नहीं मिलने की सूचना पर 11 अकेली महिलाओं को पीआरवी टीमों ने सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया।
त्योहार के दौरान पुलिस, चिकित्सा और अग्निशमन सेवाओं के समन्वित प्रयासों से यूपी-112 ने प्रदेशभर में आपात स्थितियों में लोगों तक सहायता पहुंचाई।
Nov 10 2026, 20:02
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.4k