छेड़छाड़ के आरोपित टीटीई पर रेलवे का शिकंजा
पंजाब मेल में महिला यात्री से दुर्व्यवहार के मामले में विभागीय जांच पूरी, टीटीई रवि मीणा को जारी हुई आरोपपत्र

मुरादाबाद। पंजाब मेल में महिला यात्री से छेड़छाड़ के आरोप में घिरे टीटीई रवि मीणा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रेलवे प्रशासन ने विभागीय जांच पूरी करने के बाद आरोपित टीटीई के खिलाफ चार्जशीट जारी कर दी है। अब उसे अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देना होगा। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं, पंजाब पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। घटना 20 सितंबर 2026 की है। हावड़ा से अमृतसर जा रही पंजाब मेल (13005) में सफर कर रही एक महिला ने मुरादाबाद रेल मंडल में तैनात टीटीई रवि मीणा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। महिला ने अमृतसर जीआरपी थाने में शिकायत की थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद 21 अक्टूबर को पंजाब पुलिस आरोपित की तलाश में मुरादाबाद पहुंची थी लेकिन वह ड्यूटी पर दूसरी ट्रेन लेकर लखनऊ रवाना हो गया। रेलवे प्रशासन ने मामले में विभागीय जांच कराई। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि आरोपपत्र जारी किया गया है।
आपसी विवाद में भाई की हत्या कर शव को कुंए में फेंका, आरोपित गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नगराम थाना पुलिस ने 24 घण्टे के भीतर हत्या कर शव को कुंए में फेंकने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने स्वीकारा कि उसने आपसी विवाद में भाई की हत्या करके शव को कुंए में फेंक दिया था।

नगराम थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम समेसी निवासी सुन्दरलाल की तहरीर पर रामऔतार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया ईंट बरामद किया गया है।

पूछताछ पर अभियुक्त रामऔतार ने बताया कि वह नशा करने का आदी है। नशे के कारण उसने अपनी जमीन बेंचकर अपने भाई जियालाल के साथ गांव के खेत में बनी मड़ई में रहता था। 08 नवंबर को जब वह नशे की हालत में घर पहुंचा तो उसका भाई जियालाल से विवाद हो गया। इस बीच मैने ईंट से प्रहार करके जियालाल की हत्या कर दी और शव को पास के कुंए में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपित को भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।
शेर-ए-मैसूर हजरत टीपू सुल्तान की जयंती मनाई गई
गोंडा | कांग्रेस भवन गोंडा*कांग्रेस भवन गोंडा में शेर-ए-मैसूर हजरत टीपू सुल्तान की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की *अध्यक्षता शहर अध्यक्ष सभासद शाहिद अली कुरैशी ने की, मुख्य अतिथि जिला मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे रहे।

शाहिद कुरैशी ने कहा - टीपू ने कहा था "गीदड़ की 100 साल की जिंदगी से बेहतर शेर की एक दिन की जिंदगी" और 4 मई 1799 को शहीद हो गए। टीपू दुनिया के पहले मिसाइल मैन, 156 मंदिरों के रक्षक और दलित महिलाओं का स्तन-कर खत्म करने वाले थे। मिसाइल मैन डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम और महात्मा गांधी ने भी किताबों में उन्हें सच्चा देशभक्त बताया है।

मुख्य अतिथि शिव कुमार दुबे ने कहा - "हजरत टीपू सुल्तान जैसे शहीदों की कुर्बानी को आज की पीढ़ी को याद रखना चाहिए। कांग्रेस पार्टी हमेशा से सभी धर्मों के महापुरुषों का सम्मान करती आई है और करती रहेगी। टीपू सुल्तान का अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।"

इस अवसर पर - जिला संयोजक डॉ. सैयद अब्दुल मुजीब, संगठन प्रभारी सुकई भारती, पूर्व जिला सचिव सलीम कुरैशी, शहर पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष मोहम्मद रिजवान, सोशल मीडिया इंचार्ज शौकत अली माली बाबा, छोटेलाल जानकी देवी, मंडल अध्यक्ष जाकिर अली, मोहम्मद इमरान खान, समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद रहे।
विवाद के बाद युवक को ट्रैक्टर से कुचला, चालक फरार
प्रयागराज के सोरांव क्षेत्र में भट्ठे पर हुई घटना, परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सोरांव थाना क्षेत्र के सोमवार रात विवाद के बाद एक युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत का मामला प्रकाश में आया है। मंगलवार को घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिवार के लोगों का आरोप है कि विवाद के बाद कुचलकर ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि सोरांव थाना क्षेत्र के सराय लिली बरचनपुर गांव निवासी रोहित यादव(27) पुत्र अमर सिंह सोमवार की शाम घर से अशोक नगर स्थित भट्ठे पर किसी से काम के सिलसिले में गया। जहां ट्रैक्टर चालक पवन से उसका विवाद हो गया और उसने रोहित को कुचल दिया। घटना की सूचना पर परिवार के लोग पहुंचे तो भट्ठा मालिक पप्पू पांडेय और ट्रैक्टर चालक पवन वहां भाग से चुके थे। परिवार के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और मौके पर पहुंची थाना पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

घटना के संबंध में मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घर से नाराज होकर निकलीं जाैनपुर की दो किशोरियां कानपुर सेंट्रल पर मिलीं
कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को जीआरपी ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत घर से नाराज होकर निकलीं दो नाबालिग किशोरियों को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलवा दिया। दोनों किशोरियां जौनपुर से कानपुर पहुंची थीं। स्टेशन पर नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की नजर उन पर पड़ी।

जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि आज प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म पर करीब 15 और 16 वर्ष की दो किशोरियां बैठी मिलीं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के रेहारी गांव की रहने वाली हैं। परिजनों की डांट से नाराज होकर दोनों बिना बताए घर से निकल आई थीं और कानपुर पहुंच गई थीं।

उन्होंने बताया कि महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव की मौजूदगी में दोनों किशोरियों को महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित बैठाया गया। इसके बाद उचित माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों किशोरियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोरियों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी की तत्परता की सराहना की।
बिलग्राम तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त

Sb रिपोर्टर धर्म सिंह
हरदोई/बिलग्राम। तहसील बिलग्राम में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से किया जाए। समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि लेखपाल, कानूनगो अथवा तहसीलदार स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
वहीं, पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बिलग्राम, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए प्रचार वाहन को डीएम ने हरी झंडी देकर रवाना किया

किसानों से की अपील*

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बिलग्राम तहसील परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत यह वाहन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और उसके वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में जागरूक करेगा। डीएम ने किसानों से अपील की कि वे खेतों में पराली न जलाएं और आधुनिक कृषि तकनीकों से उसका उचित प्रबंधन करें।
उक्त अवसर पर उप कृषि निदेशक हरदोई डा0 राजेश कुमार ने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और भूमि में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं। किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, अनुदान पर उपलब्ध कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक तकनीकों का लाभ उठाकर फसल अवशेषों का निस्तारण करना चाहिए तथा यह भी बताया कि पराली जलाने पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत जुर्माने सहित दंडात्मक कार्यवाही का प्रावधान है। 02 एकड़ कृषि भूमि तक रु0 5000/-, 02 से 05 एकड़ भूमि तक रु0 10000/- तथा 05 एकड़ से अधिक भूमि तक रु0 30000/- जुर्माने को प्राविधान है। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को जागरूक कर पराली जलाने की घटनाओं को रोकना है। पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए लेखपालों, कृषि विभाग एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण कर किसानों को जागरूक कर फसल अवशेष न जलाने तथा पराली के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही सेटेलाइट के माध्यम से भी पराली जलाने की घटनाओं की सतत निगरानी की जा रही है। सेटेलाइट से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नहने राम, तहसीलदार बिलग्राम दीपक गौतम सहित कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सुल्तानपुर के दानवीर सिंह ने वाईसीसी क्रिकेट अकादमी का परचम लहराया*

*दानवीर सिंह का सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में त्रिपुरा की टीम में चयन

सुल्तानपुर : क्रिकेट जगत में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाने वाले सुल्तानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की सफलताओं की कड़ी में एक कड़ी और जुड़ गई है। दानवीर सिंह जो की जिला क्रिकेट एसोसिएशन सुल्तानपुर के प्रतिभावान खिलाड़ी रहे हैं और वह सुल्तानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव श्री असद अहमद के निर्देशन एवं प्रशिक्षण में अपनी प्रतिभा को और निखारते चले आ रहे हैं।

हालांकि दानवीर सिंह का विगत वर्ष भी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चयन हुआ था लेकिन एक मैच के दौरान इंजरी होने के कारण पिछले सत्र में वह नहीं खेल पाए थे।  उनका पिछला वर्ष काफी संघर्ष पूर्ण भी रहा । लेकिन दानवीर सिंह ने हार नहीं मानी और उसे समय का उन्होंने भरपूर प्रयोग करते हुए अपनी फिटनेस, अपनी बैटिंग और बोलिंग पर काफी मेहनत करके उसमें काफी सुधार भी किया। इस साल  उन्होंने अपनी मेहनत अपनी प्रतिभा के दम पर सैयद मुश्ताक अली की ट्रॉफी में त्रिपुरा की टीम में चयनित होकर उन्होंने अपना कम बैक किया।
दानवीर सिंह ने त्रिपुरा के सिलेक्शन मैचों में अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ना कि सिर्फ गेंदबाजी के क्षेत्र में बल्कि बल्लेबाजी में भी उन्होंने अपना शानदार प्रदर्शन किया। एक मैच के दौरान उन्होंने सिर्फ 60 गेंद खेल कर एक शानदार शतक बनाया।

*दानवीर सिंह का परिचय*

सुल्तानपुर के तहसील जयसिंहपुर के मुरैनी गाँव के रहने वाले दानवीर सिंह ने अपनी क्रिकेट की शुरुआत सुल्तानपुर से ही की थी। उन्होंने सुल्तानपुर के डीसीए क्रिकेट ग्राउंड के गणपत सहाय पीजी कॉलेज पयागीपुर के वाईसीसी क्रिकेट अकादमी से अपने क्रिकेट की शुरुआत की थी।
सुल्तानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव श्री असद अहमद के निर्देशन एवं एवं प्रशिक्षण में उन्होंने अपनी क्रिकेट क्षमताओं का विस्तार किया। क्रिकेट में उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण समर्थन रहा और उनके पिता अजय सिंह ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया।  वर्तमान समय में दानवीर सिंह सुल्तानपुर के एक लोकप्रिय ऑलराउंडर क्रिकेट खिलाड़ी हैं और सुल्तानपुर के निवासियों को उनसे काफी उम्मीदें भी हैं।
ऐसा माना जा रहा है की पंकज सिंह के बाद इंडियन प्रीमियर लीग में दानवीर सिंह अपना स्थान बनाने में कामयाब होंगे। हालांकि सन 2024- 25 में जब इनका डेब्यू हुआ था उसे साल इंजरी के कारण उनकी उम्मीदों को थोड़ा सा झटका भी लगा था। लेकिन निराश होकर नहीं बैठे और उन्होंने अपना समय का सदुपयोग करते हुए अपने गेंदबाजी अपने फिटनेस और अपने क्रिकेट के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देकर घरेलू माचो में अपना शानदार प्रदर्शन किया।
जिले के निवासियों को दानवीर सिंह से काफी उम्मीदें हैं और ऐसा माना जा रहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग के उपरांत वह राष्ट्रीय खेलों में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

*सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का शेड्यूल*
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 14 नवंबर 2026 से आरंभ हो रही है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का मैच पंजाब में मोहाली और चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
त्रिपुरा का पहला मैच आंध्र प्रदेश के साथ होगा

*बधाइयों का सिलसिला*

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के त्रिपुरा की टीम में चैन के उपरांत जिले के गणमान्य व्यक्तियों ने दानवीर सिंह के  उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं। जिसमें गणपत सहाय पीजी कॉलेज के प्रबंधक श्री ओमप्रकाश पांडे *बजरंगी*, प्रधानाचार्य डॉक्टर अंग्रेज सिंह राणा सुल्तानपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार एडवोकेट, सुभाष तिवारी, अब्दुल मोमिन संतोष दुबे, मोहम्मद काजी नजीब, संतोष यादव, धर्मेंद्र कुमार अंशू भार्गव और अनिल चौधरी ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
सभी ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
थाना खोड़ारे पुलिस द्वारा चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार ₹1,200 नकद एवं पूजा-पाठ में प्रयुक्त बर्तन व अन्य

*कार्यवाही-*
गोण्डा। थाना खोड़ारे पुलिस द्वारा चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए 01 अभियुक्त सूरज पुत्र संतु को गौरा चौकी से मसकनवा मार्ग पर ईरानी चाय की दुकान से आगे पुलिया के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे व निशानदेही से चोरी के ₹1,200 नकद एवं पूजा-पाठ में प्रयुक्त बर्तन व अन्य सामग्री बरामद की गई।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-* दिनांक 09.11.2026 को वादी अरविन्द कुमार पुत्र जोखू प्रसाद निवासी ग्राम भावपुर, पोस्ट फरेन्द खुर्द, थाना खोड़ारे जनपद गोण्डा द्वारा थाना खोड़ारे पर सूचना दी गई कि उनके आवास पर स्थापित माता जी की मूर्ति के पूजा पंडाल में रखे दानपात्र से नकदी एवं पूजा-पाठ में प्रयोग होने वाली सामग्री को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है। उक्त सूचना के आधार पर थाना खोड़ारे पर मु0अ0सं0 306/2026 धारा 305(D) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था।

*पूछताछ का विवरण-*
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त सूरज ने बताया कि उसने दिनांक 09.11.2026 की सुबह ग्राम भावपुर स्थित लक्ष्मी पूजा पंडाल से दानपात्र में रखे रुपये एवं पूजा-पाठ के बर्तन व अन्य सामग्री चोरी की थी। चोरी किए गए सामान को उसने गिन्नी नगर के आगे बकवा दरगाह मोड़ के पास सड़क किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा चोरी किए गए सामान को बरामद किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद के विभिन्न विकासखण्डों में आयोजित हुए गौ-पूजन कार्यक्रम


*जनपद के विभिन्न गौ आश्रय स्थलों पर श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया गौ-पूजन*


*जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने गोवंशों को गुड़, केला खिलाकर पहनाई फूल-मालाएं*


*अस्थाई गौ-आश्रय स्थल परसपुर में विधायक करनैलगंज द्वारा गोवंशों को गुड़, केला खिलाकर तथा फूल माला पहनाकर गौ माताओं का किया पूजा*


*गोण्डा 10 नवम्बर,2026*।
शासन एवं जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार जनपद में गोवंशों के संरक्षण, संवर्धन एवं उनके प्रति जनमानस में सेवा और समर्पण की भावना जागृत करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न गौ आश्रय स्थलों पर गौ-पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा विभिन्न गौ आश्रय स्थलों पर पहुंचकर विधि-विधान एवं श्रद्धा भाव से गौ माताओं का पूजन-अर्चन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गोवंशों को गुड़ एवं केला खिलाया गया तथा उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर तिलक किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर गोवंशों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं संरक्षित जीवन की कामना की। इस दौरान गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा और देखभाल का संदेश भी दिया गया।

जनपद के अस्थाई गौ आश्रय स्थल पिपरी कटरा बाजार, महेशभारी मुजेहना, घारीघाट बभनजोत, अर्जुनपुर इटियाथोक, राजगढ़ अमीन कटरा बाजार, उकरा पण्डरीकृपाल, पिपरा बाजार रुपईडीह, बैरीपुर, मधईपुर, गेड़सर, मझारा, तेंदुआ रानीपुर, सेमरी कला बेलसर, सिंगारघाट छपिया, जमथा तरबगंज, दौलतपुर ग्रंट, चन्दीपुर तरबगंज, कोचवा रुपईडीह, हारीपुर, लक्ष्मणपुर हरिवंश, गोविंदपारा, फिरोजपुर झंझरी, लौव्वाटेपरा, काजीदेवर, रुद्रगढ़ नौसी एवं जफरापुर सहित विभिन्न गौ आश्रय स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसके अतिरिक्त कान्हा गौशाला कटरा बाजार तथा बृहद गौ संरक्षण केंद्र मोहम्मदपुर गढ़वाल में भी गौ-पूजन किया गया। गौ आश्रय स्थल परसपुर में विधायक करनैलगंज श्री अजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर गौ माता का पूजन किया और गोवंशों को गुड़ एवं केला खिलाया।

कार्यक्रमों में विभिन्न स्थानों पर ब्लॉक प्रमुख तरबगंज, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गोवंश संरक्षण के साथ-साथ समाज में गौ सेवा, करुणा एवं जीवों के प्रति संवेदनशीलता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर अधिकारियों ने गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों की समुचित देखभाल, समय से चारा-पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही गौवंश संरक्षण के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने और सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश दिया गया।