विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की समय-सारिणी संशोधित

- अब 17 नवम्बर को होगा मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 

- दावे एवं आपत्तियां 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक होंगी प्राप्त

- मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 04 जनवरी, 2027 को होगा

लखनऊ, 10 नवम्बर, 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की समय-सारिणी में संशोधन किया गया है। आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवम्बर, 2026 को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, हटवाने अथवा किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर, 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 04 जनवरी, 2027 को होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संशोधित समय-सारिणी का समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों को भी संशोधित कार्यक्रम से अवगत कराएं। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित कार्यवाही समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने प्रदेश के पात्र नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे पुनरीक्षण अवधि के दौरान अपनी एवं अपने परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में प्रविष्टियों की जांच अवश्य कर लें तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए निर्धारित अवधि में आवश्यक आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मंत्री एके शर्मा ने कुड़िया घाट का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए निर्देश


- घाटों की स्वच्छता, सुंदर चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

- शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बन रहे मार्ग को शीघ्र पूरा करने के निर्देश, तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत

- छठ महापर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता: मंत्री

लखनऊ, 10 नवंबर 2026। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने आगामी छठ महापर्व के दृष्टिगत लखनऊ के कुड़िया घाट पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पूर्व सभी आवश्यक कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरे कर लिए जाएं, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत पर्व है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम घाटों की स्वच्छता, सुंदर चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था को भव्य स्वरूप देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि घाटों पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिलें और वे पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ छठ महापर्व मना सकें।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बनाए जा रहे रास्ते का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मार्ग का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूरा किया जाए, ताकि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने मार्ग निर्माण में गुणवत्ता और सुगमता का विशेष ध्यान रखने को भी कहा।

मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुगम आवागमन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं पर्व से पहले पूरी कर ली जाएं। इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री पंकज कुमार सहित नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

...और पुख्ता होगी खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता जांच

- सीएम की मंशा के अनुसार स्थापित हो चुकी हर मंडल में एफएसडीए की लैब
- नमूनों की जांच और एक्शन में आएगी और तेजी
- खाद्य पदार्थों की जांच क्षमता 30 हजार से बढ़कर 1 लाख 8 हजार हुई
- दवाओं की जांच क्षमता 12500 से बढ़कर 60 हजार हुई

लखनऊ: 10 नवंबर, 2026। खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश में जांच व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेश के सभी 18 मंडलों में खाद्य एवं औषधि परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित कर दी हैं। इनमें 12 मंडलों में नई प्रयोगशालाएं बनाई गई हैं, जबकि पहले से स्थापित छह मंडलों की प्रयोगशालाओं को अपग्रेड किया गया है।
इससे खाद्य पदार्थों की सालाना जांच क्षमता 30 हजार से बढ़कर 1 लाख 8 हजार और दवाओं की जांच क्षमता 12,500 से बढ़कर 60 हजार नमूने हो गई है। नमूनों की जांच में तेजी आने से मिलावटखोरों और अमानक उत्पादों के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई भी अधिक प्रभावी और समयबद्ध हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के लिए कुछ कारोबारी रंग, मिठास और स्वाद बढ़ाने के नाम पर प्रतिबंधित अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत अखाद्य पदार्थों का इस्तमाल करते हैं। ऐसे उत्पादों का लंबे समय तक सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इनसे कैंसर, लीवर और किडनी संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ने की आशंका रहती है। बच्चों, बीमार व्यक्तियों और बुजुर्गों के लिए इसका खतरा अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है।
इसी तरह, अमानक दवाएं रोगियों के उपचार को प्रभावित करती हैं। इनके अपेक्षित परिणाम न मिलने से बीमारी का उपचार लंबा खिंच सकता है। इससे रोगियों को अतिरिक्त आर्थिक और शारीरिक परेशानी उठानी पड़ती है। दवाओं के दुष्प्रभाव का खतरा भी अलग से रहता है। उपभोक्ताओं को अपने पैसे के बदले गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और दवाएं मिलें, यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है। इसी के अनुरूप एफएसडीए जांच की व्यवस्था और क्षमता बढ़ाने के साथ ही प्रवर्तन कार्रवाई को भी प्रभावी बनाने में जुटा है।
- 12 मंडलों में नई प्रयोगशालाएं स्थापित
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आजमगढ़, बस्ती, देवीपाटन, अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, चित्रकूटधाम, मीरजापुर (विंध्याचल), बरेली, मुरादाबाद, अलीगढ़ और सहारनपुर मंडलों में नई प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। इनमें कानपुर, अलीगढ़, सहारनपुर और अयोध्या में नमूनों की सर्विलांस जांच पहले से ही हो रही थी। शेष नई प्रयोगशालाओं में सर्विलांस जांच बीते 31 अक्टूबर से शुरू हुई है। औषधियों के विधिक नमूनों की जांच सभी प्रयोगशालाओं में की जा रही है। लखनऊ, आगरा, मेरठ, झांसी, गोरखपुर और वाराणसी मंडल में पहले से विभाग की लैब संचालित थी। प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़ने से दवाओं की सालाना जांच क्षमता भी 12,500 से बढ़कर 60 हजार नमूने हो गई है।
- जल्द दूर होगी कर्मचारियों की कमी
प्रयोगशालाओं का सुचारु संचालन और जांच क्षमता का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन भी जरूरी है। इस दिशा में 357 कनिष्ठ विश्लेषक (औषधि) के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 457 कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) की भर्ती प्रक्रियाधीन है। इन नियुक्तियों के बाद प्रयोगशालाओं में कर्मचारियों की कमी दूर करने और जांच कार्य में तेजी लाने में मदद मिलेगी।
- जांच में गति के साथ ‘‘शुद्ध ही शुभ है‘‘ अभियान में आएगी और तेजी
प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़ने से विभाग की ओर से संचालित ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान को और भी गति मिलेगी। जांच का दायरा बढ़ने और समयबद्ध कार्रवाई होने से मिलावटखोरी तथा अमानक खाद्य पदार्थों और दवाओं के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में विभाग की व्यवस्था और मजबूत होगी।
'कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराने पर शर्म नहीं आती?’, सपा सांसद पर बरसे डॉ. अंकुश त्रिपाठी

- भाजपा प्रवक्ता ने सनातन पांडेय को बताया औरंगजेब, कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराने वाले बयान पर भड़के

- भाजपा प्रवक्ता ने कहा- चुनाव आते ही सनातन को अपमानित करने लगते हैं सपाई 

लखनऊ, 10 नवंबर। समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय द्वारा कारसेवकों पर गोली चलवाने की घटना को जायज ठहराने वाले बयान पर भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों निहत्थे कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराकर सनातन पांडेय ने उन परिवारों और सनातन धर्म को मानने वाले हिंदुओं की भावनाओं को आहत किया है, जिन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए लंबी लड़ाई लड़ी।अंकुश ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आज से उनका नाम औरंगजेब रखता हूं।

- ‘अखिलेश की चाटुकारिता में इतना भी मत गिरिए’

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव की चाटुकारिता में सनातन पांडेय इस हद तक गिर गए हैं कि अब सनातन को ही अपमानित कर रहे हैं। सपा ने हमेशा ही हिंदू धर्म को अपमानित किया है। उनके इस बयान से उनके परिवार को भी शर्मिंदगी महसूस होगी। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव आते ही अखिलेश को खुश करने के लिए इस तरह की बयानबाजी की जा रही है।

- ‘हिंदू समाज सनातन पांडेय का बहिष्कार करे’

भाजपा प्रवक्ता ने हिंदू समाज से अपील की कि सनातन पांडेय का सामाजिक बहिष्कार किया जाए। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे लोगों का विरोध करना चाहिए और जिस दरवाजे पर भी वे जाएं, वहां से उन्हें दुत्कारकर बाहर कर देना चाहिए। अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराने वाला बयान निंदनीय है और इसे हिंदू समाज किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगा।

कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले अब कर रहे सनातन की बात: सुभाष यदुवंश

- कहा-अयोध्या जाने से पहले सरयू के पावन जल में स्नान कर कारसेवकों से माफी मांगें अखिलेश

- बोले - जिनके राज में सरयू का पानी लाल हुआ वे आज सनातन की राजधानी बनाने का कर रहे ढोंग

- सपा के लिए कब्रिस्तान थी रामनगरी, भाजपा सरकार ने इसे विश्व मानचित्र पर किया स्थापित

- हिम्मत है तो मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि को लेकर अपना रुख स्पष्ट करें अखिलेश यादव

- सैफई परिवार ने यदुवंशियों को सिर्फ वोट बैंक समझा, सत्ता केवल अपने पास रखी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा अयोध्या में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और इसे सनातन की वैश्विक राजधानी बनाने के दावे पर भाजपा एमएलसी सुभाष यदुवंश ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने अखिलेश यादव के बयान को हास्यास्पद और बचकाना बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में अयोध्या में पहले ही विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा हो चुका है। पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है जिसे पूरी दुनिया के लोग पहले से ही सनातन की वैश्विक राजधानी मानते हैं। सुभाष यदुवंश ने कारसेवकों पर हुए गोलीकांड की याद दिलाते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में मां सरयू का पानी कारसेवकों के रक्त से लाल हो गया था, उन्हें अयोध्या के बारे में बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

- कारसेवकों के हत्यारे कर रहे सनातन की बात

सुभाष यदुवंश ने सपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जिस पार्टी की सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे आज सनातन की बात कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि सपा नेताओं ने हमेशा राम मंदिर का विरोध किया है। रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव और हाल ही में सपा सांसद सनातन पांडेय द्वारा कारसेवकों पर गोली चलवाने को सही ठहराने वाले बयानों का जिक्र करते हुए उन्होंने अखिलेश यादव की चुप्पी पर कड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को शर्म आनी चाहिए कि उनकी पार्टी के नेता आज भी हत्याओं को जायज ठहरा रहे हैं और उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहा है।

- मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर बोलने की चुनौती

सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो वे मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि को मुक्त कराकर वहां भव्य मंदिर बनवाने की बात करें। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव केवल वोट बैंक की राजनीति के कारण मथुरा के मुद्दे पर मौन रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा तो वहां मंदिर बनवाएगी ही लेकिन अखिलेश यादव को भी इस पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। अब हर रोज उनसे पूछा जाएगा कि वे मथुरा और भगवान कृष्ण के मंदिर के बारे में कब बोलेंगे।

- यदुवंशियों को केवल दरी बिछाने के लिए रखा

यदुवंश समाज का जिक्र करते हुए सुभाष यदुवंश ने कहा कि सपा के सैफई परिवार ने दशकों से यदुवंशियों को केवल वोट के लिए बेवकूफ बनाया है। परिवार के लोग सांसद, विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनते हैं, जबकि बाकी पूरा यदुवंश समाज केवल दरी बिछाने का काम करता है।

- सरयू में स्नान कर कारसेवकों से मांगें माफी

सुभाष यदुवंश ने कहा कि सपा सरकार ने अयोध्या को कब्रिस्तान बना दिया था जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अयोध्या को विश्व मानचित्र पर स्थापित किया है। उन्होंने अखिलेश यादव से मांग की कि वे अयोध्या जाने से पहले मां सरयू के पावन जल में स्नान करें और कारसेवकों व उनके परिजनों से माफी मांगें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि न मां सरयू, न कारसेवक और न ही हिंदू समाज सपा को कभी माफ करेगा।

रामलला के दर्शन को लेकर कंफ्यूज हैं अखिलेश यादव, एक वर्ग विशेष के वोट बैंक का सता रहा डर: मंत्री दयाशंकर सिंह

- यूपी की जनता ने जाति और तुष्टीकरण की राजनीति को नकारा, इसलिए रामलला की शरण में आ रहे अखिलेश: भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी

 - सपा सरकार में निहत्थे कारसेवकों पर चलवाई गईं गोलियां, सनातनी कभी नहीं भूलेंगे यह पाप: अंकुश त्रिपाठी

लखनऊ, 09 नवंबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बीजेपी ने तीखा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि रामलला के दर्शन को लेकर अखिलेश यादव कंफ्यूज हैं। उन्हें डर है कि कहीं उनके इस कदम से एक वर्ग विशेष का वोट सपा से खिसक न जाए। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा को अब एहसास हो गया है कि जाति और तुष्टीकरण की राजनीति से काम नहीं चलेगा, इसलिए उसे भी रामलला की शरण में आना पड़ रहा है। वहीं, भाजपा प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने सपा प्रमुख पर हिंदुओं का वोट हासिल करने के लिए स्वांग रचने का आरोप लगाया। मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सपा सरकार में रामभक्तों पर गोली चलवाई गई थी। देश और प्रदेश का कोई भी सनातनी सपा की इस करतूत को भूला नहीं है। आज अखिलेश यादव सनातनी बनने का ढोंग कर रहे हैं, लेकिन उनकी असलियत से यूपी का बच्चा-बच्चा वाकिफ है। अखिलेश और सपा को केवल एक जाति और एक वर्ग से प्रेम है। बाकी उन्हें हिंदुओं से कोई मतलब नहीं है।

चुनावी फायदे के लिए रामलला के दर्शन करना चाहते हैं अखिलेश

भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव केवल चुनावी उद्देश्य से रामलला के दर्शन की बात कर रहे हैं। अगर वह शुद्ध मन से राम की शरण में आते, तो उन्हें इसका लाभ मिलता, लेकिन रामभक्त उन्हें उनके पुराने कार्यों के लिए क्षमा नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह वही समाजवादी पार्टी है, जिसने बाबरी मस्जिद के निर्माण की कसमें खाईं और रामचरितमानस का अपमान कराया। राकेश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराने के बजाय खुद आगे आकर मंदिर निर्माण में योगदान देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अब उन्हें बीती बातों को छोड़कर आगे की सुध लेनी चाहिए और कृष्ण जन्मभूमि के निर्माण में पहल करनी चाहिए। 

भगवा पहनकर सनातनी वोट हासिल करने की कोशिश कर रहे सपा नेता

बीजेपी प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव समेत सपा के अन्य नेता भगवा वस्त्र पहनकर, त्रिपुंड लगाकर और रुद्राक्ष धारण कर सनातनी होने का स्वांग रच रहे हैं। उन्हें लगता है कि इस तरह हिंदुओं और सनातनियों का वोट हासिल कर लेंगे, लेकिन प्रदेश की जनता उनकी असलियत जानती है। उन्होंने सपा नेताओं की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके आदर्श महमूद गजनवी, बाबर और औरंगजेब जैसी मानसिकता वाले लोग हैं। त्रिपाठी ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सपा को ऐसा सबक सिखाएगी कि अखिलेश यादव तुष्टीकरण की राजनीति करना भूल जाएंगे।

'वोट सनातन का चाहिए, समर्थन तुष्टीकरण का करेंगे’, ब्रजेश पाठक का सपा पर तीखा हमला

- ‘मुस्लिम तुष्टीकरण के लिए अनर्गल बयानबाजी करती है समाजवादी पार्टी’, ब्रजेश पाठक ने सपा पर कसा तंज

- सांसद सनातन पांडेय ने कार सेवकों पर गोली चलवाने के फैसले को बताया जायज, ब्रजेश पाठक का पलटवार बोले- ‘यही है सपा का असली चरित्र’

लखनऊ, 09 नवंबर:। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सिर्फ मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करती है। वह कभी भी भगवान राम या सनातन संस्कृति की हितैषी नहीं हो सकती। समाजवादी पार्टी का पूरा इतिहास सनातन विरोधी रहा है। 

- 'निहत्थे कार सेवकों पर गोली चलाना अस्वीकार्य'

ब्रजेश पाठक ने 1990 में कार सेवकों पर हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए कहा कि निहत्थे लोगों पर गोलियां चलवाना सनातन संस्कृति और मानवता में कभी भी स्वीकार्य नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा ही राम विरोधी है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी हिंदुओं का वोट और सनातन संस्कृति का आशीर्वाद हासिल करना चाहती है। इसलिए भगवान राम की शरण में जाने का दिखावा कर रही है, लेकिन हकीकत में सपा बाबर और अली को ही अपना आदर्श मानती है। सपा की पूरी राजनीति ही सनातन में जहर घोलने की रही है। एक विशेष वर्ग को खुश करने के लिए सपा बार-बार हिंदुंओं को अपमानित करने के लिए जानी जाती रही है।  

- 'समाजवादी पार्टी को जनता कभी माफ नहीं करेगी'

डिप्टी सीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति और भारत के लोग समाजवादी पार्टी के इस दोहरे चरित्र के लिए कभी माफ नहीं करेंगे। प्रदेश की जागरूक जनता इनके राजनीतिक पैंतरों को भली-भांति समझ चुकी है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।

दरअसल, सपा सांसद सनातन पांडेय ने हाल ही में कहा कि कार सेवकों पर गोली चलाना सही फैसला था। अगर गोली न चलाई जाती तो गृह युद्ध हो जाता। सनातन पांडेय के इसी बयान पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ये बातें कही हैं।

मऊ में पुलिस प्रशासन अलर्ट, आजमगढ़ मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग; भारी वाहनों को बाईपास से भेजा जा रहा
मऊ। जनपद मऊ में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से आजमगढ़ मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके तहत वाहनों को बाजार के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।

पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहकर वाहनों को बाईपास के रास्ते बाहर निकाल रहे हैं, ताकि बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुलिस प्रशासन की इस व्यवस्था के तहत बाजार में वाहनों की अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाई जा रही है।
मऊ सदर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी खुशबू सिंह, प्रेसवार्ता कर किया बड़ा ऐलान
प्रेसवार्ता में चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा, मऊ सदर की सियासत में नई हलचल
मऊ। जनपद की सदर विधानसभा सीट पर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं।

इसी बीच खुशबू सिंह ने मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का ऐलान कर राजनीतिक चर्चाओं को नई दिशा दे दी है। उन्होंने प्रेसवार्ता आयोजित कर मीडिया के सामने अपनी चुनावी मंशा स्पष्ट की और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा की।

प्रेसवार्ता के दौरान खुशबू सिंह ने अपने राजनीतिक निर्णय की जानकारी देते हुए चुनाव लड़ने के पीछे के उद्देश्य और अपनी भावी राजनीतिक भूमिका को लेकर बात रखी। उनके इस ऐलान के बाद मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक माहौल में चर्चा शुरू हो गई है।

मऊ सदर विधानसभा सीट पर पहले से ही विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में खुशबू सिंह का निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सामने आना आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से एक नया घटनाक्रम माना जा रहा है।

अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में उतरने की उनकी घोषणा के बाद क्षेत्र में उन्हें कितना जनसमर्थन मिलता है और आगामी दिनों में मऊ सदर की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।
दीपावली को लेकर सोनीधापा मैदान में सजीं पटाखों की दुकानें, खरीदारी के लिए उमड़ी लोगों की भारी भीड़
मऊ। दीपावली पर्व को लेकर जनपद में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। नगर के सोनीधापा मैदान में पटाखों की दुकानें सजकर तैयार हो गई हैं।

दुकानें शुरू होते ही पटाखों की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। सुबह से ही मैदान में चहल-पहल बनी हुई है और शाम होते-होते खरीदारों की संख्या में और इजाफा देखने को मिल रहा है।

सोनीधापा मैदान में लगी पटाखों की दुकानों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

लोग अपने परिवार के साथ पहुंचकर दीपावली के लिए विभिन्न प्रकार के पटाखे, फुलझड़ियां, अनार, चकरी, रॉकेट और अन्य आतिशबाजी के सामान खरीद रहे हैं। दुकानदार भी ग्राहकों की भीड़ के चलते व्यस्त नजर आ रहे हैं।

दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजार में रौनक बढ़ गई है। पटाखों की खरीदारी के साथ ही पूरे मैदान में मेले जैसा माहौल दिखाई दे रहा है। दूर-दराज के इलाकों से भी लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। लोगों में त्योहार को लेकर काफी उत्साह है और हर कोई अपनी पसंद के पटाखे खरीदने में जुटा हुआ है।

वहीं, पटाखों की दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था भी महत्वपूर्ण है। दुकानदारों और ग्राहकों को अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा निर्धारित नियमों के अनुसार ही पटाखों की खरीद-बिक्री करने की जरूरत है|