धारा 107 बीएनएसएस के तहत अभियुक्त फूल मोहम्मद की अपराध से अर्जित सम्पत्ति, अनुमानित कीमत करीब ₹1.08 करोड़, की कुर्की की कार्यवाही
गोण्डा। थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 45/2026 धारा 319(2)/318(4)/336(3)/338/340(2)/316(5)/ 3(5)/61(2)(1) बीएनएस से सम्बन्धित अभियुक्तगण द्वारा अपराध के माध्यम से अर्जित सम्पत्ति के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की/जब्तीकरण की कार्यवाही की गयी।

*प्रकरण का संक्षिप्त विवरण—*
उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लि0, गोण्डा शाखा में ऋण वितरण में अनियमितता, धोखाधड़ी, कूटरचित अभिलेखों के प्रयोग, आपराधिक साजिश एवं बैंक की धनराशि के दुर्विनियोग के सम्बन्ध में मु0अ0सं0 45/2026 पंजीकृत किया गया था। प्रकरण में बैंक की आन्तरिक विशेष ऑडिट रिपोर्ट में बैंक के विभिन्न खातों से कुल करीब ₹21.47 करोड़ की धनराशि के दुर्विनियोग का तथ्य प्रकाश में आया था।

*कार्यवाही—*
उक्त प्रकरण में अभियुक्तगण द्वारा आपराधिक कृत्य कर अर्जित की गयी सम्पत्ति के *धारा 107 बीएनएसएस* के अन्तर्गत जब्तीकरण/कुर्की हेतु पुलिस अधीक्षक, गोण्डा द्वारा सम्बन्धित सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। मा0 न्यायालय अपर सिविल जज (प्रवर खण्ड)/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कक्ष संख्या-02, गोण्डा द्वारा दिनांक 13.08.2026 को सम्पत्ति के जब्तीकरण/कुर्की सम्बन्धी आदेश पारित किया गया। उक्त आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी, गोण्डा द्वारा दिनांक 05.10.2026 को नियमानुसार कुर्की/जब्तीकरण की कार्यवाही एवं प्रश्नगत सम्पत्ति के उचित एवं प्रभावी प्रबन्धन हेतु उप जिलाधिकारी सदर, गोण्डा को प्रशासक नियुक्त किया गया। इसी क्रम में एसडीएम सदर गोण्डा एवं उनकी राजस्व टीम (लेखपाल/कानूनगो) तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मय पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त फूल मोहम्मद की चिन्हित सम्पत्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की/जब्तीकरण की कार्यवाही की गयी।

*कुर्क की गयी सम्पत्ति का विवरण—*
1. गाटा संख्या 729, क्षेत्रफल 0.1130 हे0, ग्राम गिर्द गोण्डा ग्रामीण — अनुमानित मालियत ₹54,01,000/-।
2. गाटा संख्या 82 मि0, क्षेत्रफल 0.3710 हे0, खिराभा सदर गोण्डा — अनुमानित मालियत ₹18,42,000/-।
3. गाटा संख्या 469, क्षेत्रफल 0.7890 हे0, खिराभा सदर गोण्डा — अनुमानित मालियत ₹28,33,000/-।
4. गाटा संख्या 469, क्षेत्रफल 0.7890 हे0, खिराभा सदर गोण्डा — दान विलेख से सम्बन्धित सम्पत्ति।
5. गाटा संख्या 477, क्षेत्रफल 0.1090 हे0, लक्ष्मनपुर जाट — अनुमानित मालियत ₹3,27,000/-।

उपरोक्त सम्पत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य करीब ₹1,08,08,000/- (एक करोड़ आठ लाख आठ हजार रुपये) है।

*कुर्की कर्ता टीम—*
एसडीएम सदर गोण्डा मय राजस्व टीम (लेखपाल/कानूनगो) एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मय पुलिस टीम।
साहित्यिक संस्था कोशिश की काव्यगोष्ठी संपन्न
जौनपुर । साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्था कोशिश की मासिक काव्य गोष्ठी बाबू रामेश्वर प्रसाद सिंह सभागार रासमंडल जौनपुर में आयोजित हुई।उक्त अवसर पर ख्यातिप्राप्त कवि जनार्दन प्रसाद अष्ठाना पथिक की गजल संग्रह " किससे कहूं " का लोकार्पण वरिष्ठ  साहित्यकारों की उपस्थिति में हुआ।कार्यक्रम की अध्यक्षता समीक्षा दृष्टि संपन्न कवि सूर्य भान उपाध्याय और मुख्य अतिथि की भूमिका में मुंबई से कवि और पत्रकार विनय शर्मा दीप उपस्थित रहे।मां वीणा पाणि की आराधना के पश्चात नंद लाल समीर की रचना - मेरे भारत तेरी शान निराली है, कहीं जश्नै ईद,कहीं दीवाली है।राजेश पाण्डेय की रचना कारण सत्ता आधुनिक मानव को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ती लगी तो वहीं अनिल उपाध्याय की क्षणिका--आज करेगा,कल पायेगा/यकीनन बुरा कर्म कलपायेगा/मानव की कर्म फल बांच गयी।कवि रामजीत मिश्र  का शेर---घर  में भी मोलभाव का बाजार गर्म है/दिखता है फायदा ही, अपनापन नहीं रहा/नैतिक मूल्यों के क्षरण को दिखा गया। डाक्टर संजय सिंह सागर का गीत --बेचता हूं सपन ग़म के बाजार में/आज शामिल हो तुम भी खरीदार में/यथार्थ के भाव भूमि पर खड़ा कर दिया। अमृत प्रकाश का शेर*शायद किसी ने फूंक दिया घर गरीब का /कल रात मेरे गांव में क्या रोशनी रही/व्यवस्था को आईना दिखा गया तो वहीं आशिक जौनपुरी का शेर --मुझे कुछ देर जरा मैकदे में रहने दें/जरा भी होश में आऊंगा, चला जाऊंगा/खूब पसंद किया गया। पथिक का गीत --जब से घर तुम छोड़ गये हो बीत रही है कैसे/वियोग में दग्ध हृदय का करुण उद्गार लगा।एस बी उपाध्याय की रचना मन के उधेड़ बुन को चित्रित कर गयी। विनय शर्मा दीप ने आदि शक्ति मां जगदम्बा की स्तुति सवैया छंद में किया --आदि अनंत तुही जग में/तृण पल्लव वास तुम्हार भवानी/गोष्ठी भक्ति में लीन हो गयी।अशोक मिश्र की रचना --मां ने दीपक बारा होगा इस दीवाली/अंधियारा फुफकारा होगा इस दीवाली/विकृति के विरुद्ध दीप जलाकर रोशनी का संदेश दी। गोष्ठी में प्रोफेसर आर एन सिंह ने आगामी वार्षिक समारोह आयोजित करने के संबंध में दिशा निर्देश दिया। गोष्ठी में ओंकार नाथ यादव कलाधर, फूल चंद भारती, दिनेश कपूर, रूपेश साथी, कमलेश कुमार, प्रदीप श्रीवास्तव की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। डाक्टर विमला सिंह ने आये साहित्यिकारो के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के लिए आवेदन की समय सीमा ३० अक्टूबर तक : मंगल प्रभात लोढ़ा
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ इस बहुराज्यीय नवाचार प्रतियोगिता को मिल रहे बढ़ते प्रतिसाद को देखते हुए आवेदन की समय सीमा ३० अक्टूबर २०२६ तक बढ़ा दी गई है। इस प्रतियोगिता के लिए अब तक महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ़ तथा दादरा और नगर हवेली एवं दमण और दीव केंद्रशासित प्रदेश से कुल २९ हजार से अधिक पंजीकरण हुए हैं। कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने विद्यार्थियों, उद्यमियों, नवप्रवर्तकों और स्टार्टअप्स से इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के माध्यम से महाराष्ट्र में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया २१ सितंबर से शुरू हुई थी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि १७ अक्टूबर निर्धारित की गई थी। हालांकि, प्रतियोगिता को मिल रहे उत्साहपूर्ण प्रतिसाद को देखते हुए यह समयसीमा अब ३० अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। इस प्रतियोगिता में स्कूल एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, शोधकर्ता, प्राध्यापक, उद्यमी, स्टार्टअप्स, शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान तथा विभिन्न नवाचार समूह भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में जिलावार पुरस्कारों का भी प्रावधान किया गया है। इससे अपने नए विचारों को साकार करने के इच्छुक युवाओं को अपनी कल्पनाएं प्रस्तुत करने और उन्हें व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रतियोगिता के अंतिम चरण और पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित रहने का निमंत्रण स्वीकार किया है।
JIWO बाजार का भव्य आयोजन संपन्न, डॉ मंजू लोढ़ा और ईशा देओल ने किया उद्घाटन
मुंबई। दक्षिण मुंबई के नाना चौक स्थित शारदा स्कूल में जैन इंटरनेशनल वुमेन ऑर्गनाइजेशन (JIWO) के साउथ मुंबई चैप्टर की ओर से आयोजित ‘JIWO बाजार’ का भव्य आयोजन शनिवार, 17 अक्टूबर को दक्षिण मुंबई में संपन्न हुआ। महिलाओं को अपने हुनर, उत्पादों और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस एग्जिबिशन में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन JIWO की अध्यक्ष श्रीमती मंजूबेन लोढ़ा एवं बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल के हाथों किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढा़ ,बॉलीवुड अभिनेत्री स्मिता जयकर और अपूर्वा मित्तल  भी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उद्घाटन के पश्चात मंजूबेन लोढ़ा और ईशा देओल ने एग्जिबिशन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों एवं काउंटरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने महिला उद्यमियों से बातचीत कर उनके उत्पादों, व्यवसाय और कार्यों के बारे में जानकारी ली। स्मिता जयकर और अपूर्व मित्तल  भी उनके साथ मौजूद रहीं और उन्होंने महिलाओं का हौसला बढ़ाया।
‘शॉप, सपोर्ट और एम्पावर’ की भावना के साथ आयोजित इस बाजार का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को व्यापार के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना, उनके उत्पादों को पहचान दिलाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। ऐसे आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने और नए व्यावसायिक अवसरों के द्वार खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
JIWO बाजार में महिला उद्यमियों ने अपने विभिन्न उत्पादों और रचनात्मक कार्यों को प्रदर्शित किया। अतिथियों की उपस्थिति और उनके प्रोत्साहन से स्टॉल संचालित करने वाली महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के को-स्पॉन्सर वरुण हसमुखजी बाफना एवं परिवार (अमारी कैपिटल और श्री बाफना गोल्ड) के साथ श्रीमती मीना हसमुख बाफना के प्रति उनके महत्वपूर्ण सहयोग और प्रायोजन के लिए आयोजकों ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जब महिलाओं को सही मंच, प्रोत्साहन और सहयोग मिलता है, तो वे अपनी प्रतिभा के दम पर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव श्रीमती इंदिरा खिंवसरा एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती उषा मुणोत का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा, समस्त कार्यकारिणी समिति का भी अपूर्व योगदान रहा। संपूर्ण कार्यक्रम आचार्य भगवान श्री                    नयपद्मासागर जी महाराज साहेब एवं गुरुवया मयणा श्रीजी के आशीर्वाद से शुरू हुआ। महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को समर्पित JIWO बाजार का आयोजन इसी सकारात्मक सोच के साथ यादगार रहा। कार्यक्रम में सैकड़ो महिलाओ का समावेश रहा।
महाराष्ट्र के राज्यपाल जेडी वर्मा से मिले डॉ. योगेश दुबे, सामाजिक मुद्दों पर की चर्चा
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता डॉ योगेश दुबे ने आज महाराष्ट्र के राज्यपाल जेडी वर्मा से राज भवन स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को पुष्प गुच्छ देकर उनका सम्मान किया। इसके बाद दोनों लोगों के बीच काफी देर तक विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई। डॉ योगेश दुबे ने सूखाग्रस्त महाराष्ट्र में किसानों की समस्याओं से जुड़ी अनेक बातों पर उनसे चर्चा की। साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र के विकास कार्यों को लेकर भी राज्यपाल महोदय से चर्चा की। डॉ दुबे ने  दिव्यांगजनों और युवाओं से जुड़े आगामी कार्यक्रम के लिए उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। राज्यपाल ने उनके सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी।
डॉ. दिनेशकुमार रचित 'छंद पंचामृत’ काव्य संग्रह का लोकार्पण

हिंद सेवा परिषद द्वारा संचालित 'पब्लिक स्कूल,कॉलेज एवं 'नीलम पब्लिकेशन’ तथा 'साहित्य संगम संस्था’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित डॉ. दिनेशकुमार रचित 'छंद पंचामृत’काव्य संग्रह का लोकार्पण प्रख्यात चिंतक वीरेंद्र याज्ञिक की अध्यक्षता में सांताक्रूज के 'पब्लिक स्कूल एवं लॉ कॉलेज के सभागार में भव्यता के साथ संपन्न हुआ ।मुख्य अतिथि के रूप में जहाँ मुंबई विश्वविद्यालय हिंदी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं अध्यक्ष(रक्षा विशेषज्ञ) डॉ.करुणाशंकर उपाध्याय उपस्थित रहे, वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ.राकेश दुबे(प्रधानाचार्य पब्लिक कॉलेज),सम्माननीय अतिथि, विष्णु दत्त,वक्ता के रूप में डॉ.कृपाशंकर मिश्र, संझा-लोकस्वामी के कार्यकारी संपादक राकेशमणि तिवारी, युग-प्रवर्तक साहित्य संस्थान के अध्यक्ष दिनेश बैसवारी,साहित्य संगम संस्था के संस्थापक -राम सिंह, उपस्थित रहे ।आयोजक के रूप में पब्लिक विधि महाविद्यालय के निदेशक - राजेश दुबे और संयोजक के रूप में 'नीलम पब्लिकेशन’ के प्रकाशक दिनेश आर. वर्मा उपस्थित रहे ।साहित्यिक संगम संस्था के संस्थापक अध्यक्ष राम सिंह के संचालन में रामस्वरूप साहू, ओबैद आज़मी, राम व्यास उपाध्याय, जवाहरलाल निर्झर, ओमप्रकाश तिवारी, कल्पेश यादव, रवि यादव, जे.पी. सिंह,हरिश्चंद्र सिंह,सूर्यकांत शुक्ला, आलोक द्विवेदी (वाराणसी), प्रेम जौनपुरी, जाकिर हुसैन रहबर, मधु चौधरी आदि ने काव्य पाठ किया । श्रोताओं ने भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया । विधि महाविद्यालय के निदेशक राजेश दुबे ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया ।

आजाद मैदान में साहित्य कला मंच पर बही काव्य की धारा
मुंबई। मुंबई की प्रतिनिधि साहित्यिक व सांस्कृतिक संस्था साहित्य कला मंच द्वारा आयोजित ऐतिहासिक 47वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सीएसटी रेलवे स्टेशन के सामने स्थित आजाद मैदान पर संपन्न हुआ। कवि सम्मेलन की शुरुआत हास्य सम्राट सुरेश मिश्र के बेहतरीन संचालन में ज्योति त्रिपाठी की सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद मुंबई में बनारसी सांड़ के नाम से मशहूर महेश दूबे ने अपनी हास्य कविताओं और 'ऐसे लोगों को भारत में रहने का अधिकार नहीं' जैसी तमाम कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उदयपुर राजस्थान से पधारे राव अजातशत्रु ने अपनी छोटी- छोटी फुलझड़ियों से खूब गुदगुदाया। उनकी अनेक पार्टियों के नेताओं पर लिखी कविताओं ने लोगों को लोट पोट कर दिया।अंत में रतलाम से आए वरिष्ठ कवि धमचक मुल्तानी ने हंसते हंसाते हुए संस्कारों की कविता सुनाकर लोगों का मन मोह लिया। सुरेश मिश्र की वंदेमातरम् कविता खूब सराही गई। इससे पूर्व महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने प्रभु श्रीराम, सीता, लक्ष्मण की आरती करके कार्यक्रम का उद्घाटन किया। साहित्य कला मंच के अध्यक्ष एड्. सुशील व्यास ने बताया कि इसी मंच पर दस दिनों तक रामलीला का आयोजन हो रहा है जिसमें  श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट हो रही है। कवि सम्मेलन के संयोजक सुरेश भरतिया ने सभी कवियों का स्वागत किया।चेयरमैन विश्वनाथ भरतिया, कार्याध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, संस्था के महामंत्री विनय मिश्रा, कोषाध्यक्ष अनिल आर अग्रवाल, दीपक बूबना, राम किशोर दरक, एड्.त्रयंबक तिवारी , ट्रस्टी पवन शर्मा (शेखावटी),प्रदीप लाड़ीवाल, विवेक अग्रवाल,  पवन खेतान, काटन ग्रीन आदर्श रामलीला समिति के अध्यक्ष पं. राधेश्याम मिश्र, ओएनजीसी के अधिकारी कपिल कुमार, पत्रकार संतोष दूबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
छगन भुजबल के जन्मदिन पर 40 जरूरतमंद छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित

मुंबई। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ ओबीसी नेता छगन भुजबल के जन्मदिन के अवसर पर एनसीपी की मुंबई सचिव ममता शर्मा की पहल पर सूखाग्रस्त क्षेत्रों की गरीब एवं जरूरतमंद छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 40 साइकिलों का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को Education Excellence Certificate प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सामाजिक पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों और आवागमन की समस्याओं के कारण शिक्षा से वंचित होने की आशंका झेल रही छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने में सहायता प्रदान करना तथा विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा जगाना है। इस अवसर पर एनसीपी की मुंबई सचिव ममता शर्मा ने कहा कि छगन भुजबल के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से इस साइकिल वितरण अभियान को पूरे महाराष्ट्र में चरणबद्ध तरीके से चलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने में सहयोग मिल सके।

उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक जरूरतमंद विद्यार्थी को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। छात्राओं को शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और विद्यार्थियों का सम्मान करना समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में पूर्व सांसद समीर भुजबल एवं विधायक पंकज भुजबल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री से मिले मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मां दुर्गा की मूर्ति भेंटकर किया सम्मान

मुंबई। देश में चल रहे नवरात्रि उत्सव के बीच महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और उनके सुपुत्र अभिषेक लोढ़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर उन्हें नवरात्रि की शुभकामनाएं दी और मां दुर्गा की मूर्ति भेंट की। मंत्री लोढ़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की तरफ बढ़ रहा है। माता रानी उन्हें शक्ति प्रदान करें ताकि देश पूरी ताकत और गति के साथ विकास के शिखर तक पहुंच सके। प्रधानमंत्री ने मंत्री लोढ़ा  को भी नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरे देश के साथ-साथ महाराष्ट्र की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना करते हैं।
महिलाओं की प्रतिभा, उद्यमिता और रचनात्मक का उत्सव जिवो बाजार 2026
मुंबई।  जैन इंटरनेशनल वुमेन ऑर्गनाइजेशन (JIWO), दक्षिण मुंबई शाखा द्वारा आयोजित जीवो  बाज़ार 2026 का दूसरा भव्य आयोजन शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को गामदेवी स्थित शारदा मंदिर हाई स्कूल में सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन महिला उद्यमियों, डिज़ाइनरों, कलाकारों और रचनात्मक प्रतिभाओं को अपने उत्पादों एवं हुनर को प्रदर्शित करने के लिए एक विशेष मंच प्रदान करेगा। गामदेवी स्थित शारदा मंदिर हाई स्कूल में आयोजित होने वाले इस बाज़ार में फैशन, आभूषण, जीवनशैली, उपहार एवं खरीदारी से जुड़ी विविध वस्तुएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। यह आयोजन खरीदारी के साथ-साथ महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और उनके व्यवसाय को नई पहचान दिलाने का अवसर भी प्रदान करेगा। इस आयोजन को आचार्य नयपद्मसागर सूरीश्वरजी महाराज एवं विदुषी आर्या गुरुवर्या मयणा श्री जी महाराज का सान्निध्य प्राप्त होगा। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा इस परियोजना के प्रमुख स्तंभ हैं तथा लोढ़ा फाउंडेशन भी इस आयोजन से जुड़ा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अमृता फडणवीस (दिव्यज फाउंडेशन की संस्थापक, समाजसेवी एवं गायिका ) , विशिष्ट अतिथि के रूप में ईशा देओल ( बॉलीवुड अभिनेत्री ) तथा विशेष अतिथियों के रूप में स्मिता जयकर के शामिल होने की घोषणा की गई है। इस आयोजन को सह-प्रायोजक वरुण बाफना (अमारी कैपिटल एवं श्री बाफना गोल्ड )  का सहयोग प्राप्त है। जीवो  दक्षिण मुंबई शाखा की अध्यक्ष श्रीमती मंजू लोढ़ा, सचिव श्रीमती इंद्रा खिमेसरा और कोषाध्यक्ष श्रीमती उषा मुनोत के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।आयोजकों ने मुंबईवासियों से अपने परिवार और मित्रों के साथ इस आयोजन में शामिल होने तथा महिला उद्यमियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की है।