जान जोखिम में डालकर ढेमवाघाट से आने जाने को मजबूर लोग,पीपा पुल बंद होने के बाद बंद हुआ आवागमन
*बीच धार से गुजर रहे लोग

गोंडा।जिले के ढेमवा घाट पुल पर लगा अस्थाई पीपा पुल हटाए जाने के बाद गोंडा से अयोध्या और अयोध्या से गोंडा आने जाने वाले लोगों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है।घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण मार्ग पर पानी भर गया है।नाव सेवा न शुरू होने से लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं।आज शुक्रवार सुबह 11 बजे की कुछ सामने आई तस्वीरों में देखा गया कि कुछ लोग मोटरसाइकिल चलाते हुए पानी के तेज बहाव में आ जा रहे थे,जबकि कुछ अन्य लोग अपनी मोटरसाइकिल बिना चलाए पैदल ही पानी के बीच से गुजर रहे थे।कई लोग पैदल ही ढेमवाघाट मार्ग को पार करने का प्रयास कर रहे थे, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ था।घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण ढेमवाघाट मार्ग पर काफी पानी भर गया है,जिसके कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।नदी में पानी बढ़ने के कारण ही अस्थाई पीपा पुल को भी हटा दिया गया है,जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।गौरतलब है कि चार साल पहले ढेमवाघाट पुल भीषण बाढ़ की चपेट में आने से बह गया था।तब से यहाँ पुल निर्माण की मांग की जा रही है,परन्तु अभी तक कोई स्थाई पुल नहीं बन पाया है।स्थानीय निवासियों जिसमें मनीष और दिनेश शामिल हैं,ने मांग किया है कि लोगों की आवाजाही के लिए जल्द से जल्द नाव सेवा शुरू की जाए,ताकि उन्हें जान जोखिम में न डालना पड़े।इस संबंध में जब उपजिलाधिकारी तरबगंज से संपर्क किया गया तो उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द हीं नाव सेवा शुरू की जाएगी और लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा अवैध तमंचा के साथ 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी  अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक दवच्या के नेतृत्व में थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा अभियुक्त बृजेश पाण्डेय पुत्र महावीर प्रसाद पाण्डेय निवासी भवनियापुर पारासराय थाना इटियाथोक जनपद गोण्डा को उसके घर से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 अदद अवैध तमंचा 315 बोर बरामद किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
कालर अवनीश त्रिपाठी पुत्र राज प्रकाश त्रिपाठी निवासी सिसवा झिलाही थाना मनकापुर जनपद गोण्डा द्वारा दिनांक 09.07.2026 को यू0पी0 112 पर सूचना दिया कि थाना इटियाथोक क्षेत्रान्तर्गत उसकी बहन को उसका पति बृजेश पाण्डेय मार पीट रहा है, हाथ में कट्टा लिया है जिसके कारण उसकी बहन बचने के लिए गन्ने के खेत में छिप गयी है उक्त सूचना पर पीआरबी नम्बर 5642 पर नियुक्त हे0का0 रोशन प्रसाद व चालक निराले पाण्डेय द्वारा मौके पर पहुच कर आरोपी बृजेश पाण्डेय पुत्र महावीर प्रसाद पाण्डेय निवासी भवनियापुर पारासराय थाना इटियाथोक जनपद गोण्डा को उसके घर से गिरफ्तार उसके कब्जे से 01 अदद अवैध तमंचा 315 बोर बरामद किया गया । गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
दोना-पत्तल मेकिंग मशीन के चयन हेतु साक्षात्कार 15 जुलाई को
*गोण्डा, 10 जुलाई 2026* - उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की टूल्स किट्स वितरण योजना के अंतर्गत दोना-पत्तल मेकिंग मशीन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए साक्षात्कार 15 जुलाई (बुधवार) को प्रातः 11 बजे जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजा मोहल्ला, उत्तरौला रोड, निकट महाराजगंज पुलिस चौकी, गोण्डा में आयोजित होगा।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि ऑनलाइन नामांकन कर चुके सभी अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित हों। अभ्यर्थियों को राशन कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता संबंधी प्रमाणपत्र, पासपोर्ट आकार के फोटो, निवास प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) साथ लाना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि निर्धारित समय पर उपस्थित न होने अथवा साक्षात्कार में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। सभी पात्र अभ्यर्थियों का चयन मुख्यालय द्वारा गठित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने सभी ऑनलाइन पंजीकृत अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर समय से उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करें।
जवाहर नवोदय विद्यालय मनकापुर में कक्षा-6 प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
*गोण्डा 10 जून 2026*  -  पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मनकापुर, गोण्डा में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 07 जुलाई  से प्रारम्भ हो गया है। इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएं 31 जुलाई  तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रभारी प्राचार्य लालता प्रसाद शर्मा ने बताया कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs पर स्वीकार किए जाएंगे। जनपद गोण्डा के निवासी तथा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 के दौरान कक्षा-5 में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं आवेदन के पात्र हैं।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी का जन्म 01 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच होना अनिवार्य है। पात्र अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि अंतिम तिथि के निकट होने वाली तकनीकी असुविधाओं से बचा जा सके।
बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें अधिकारी, किसी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं: प्रमुख सचिव

*18 सर्वाधिक संवेदनशील जनपदों की बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा, राहत एवं बचाव व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश*

*देवीपाटन मंडल के मंडलायुक्त के द्वारा प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया*

*गोण्डा, 10 जुलाई 2026* -  देवीपाटन मंडल मुख्यालय, गोण्डा में शुक्रवार को *प्रमुख सचिव, राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश अपर्णा यू.* की अध्यक्षता तथा *राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद* की उपस्थिति में प्रदेश के बाढ़ से सर्वाधिक संवेदनशील 18 जनपदों की बाढ़ पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में देवीपाटन, लखनऊ, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर एवं आजमगढ़ मंडलों के अंतर्गत आने वाले बाढ़ संभावित जनपदों की तैयारियों का विभागवार गहन समीक्षा की गई
   समीक्षा के दौरान बाढ़ संबंधी कार्यों के लिए जारी टेंडरों एवं कार्यादेशों की प्रगति, बाढ़ शरणालयों की स्थापना तथा उनमें पेयजल, विद्युत, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का परीक्षण किया गया। साथ ही नाव, नाविक, गोताखोर एवं स्वयंसेवकों की उपलब्धता, संवेदनशील तटबंधों एवं कटान स्थलों पर कराए गए सुरक्षात्मक कार्य, बाढ़ चौकियों एवं नियंत्रण कक्षों की स्थापना, चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा टीमों की उपलब्धता, आवश्यक दवाओं, एम्बुलेंस, पशु चारे, पेयजल, स्वच्छता एवं विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था तथा पूर्व चेतावनी प्रणाली (अर्ली वार्निंग सिस्टम) और जनजागरूकता अभियान की भी समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समयबद्ध तैयारी, विभागीय समन्वय और त्वरित निर्णय अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग संभावित बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियां समय से पूर्ण करें तथा जन-धन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने कहा कि राहत शिविरों, नियंत्रण कक्षों एवं अन्य nनाए रखने, स्थानीय प्रशासन को सतर्क रखने तथा आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बाढ़ संबंधी चेतावनियां समय से आमजन तक पहुंचाने के लिए सभी उपलब्ध संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए तथा जनजागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जाए।

सचिव, राजस्व एवं राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी तथा अन्य बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि सभी संसाधनों को आवश्यकता के अनुरूप तैयार रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ प्रबंधन को जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व मानते हुए प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाने की अपेक्षा की।


प्रमुख सचिव एवं राहत आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए की बाढ़ आने पर सभी ग्राम वासियों को समय से सूचना दे दी जाए। बाढ़ कार्य के दौरान वालंटियर से मदद ली जाये। बाढ़ शरणालय की व्यवस्था पहले से कर ली जाये। बाढ़ शरणालय में सारी व्यवस्था हो। बाढ़ शरणालय के पास पशु शरणालय भी बनाया जाए। इन्होंने नगर विकास के अधिकारियों के को निर्देश दिए कि वह शहरों के मेन होल खुले न रहे, उन्हें बंद कराया दिया जाये।
*मंडलायुक्त द्वारा दिए गए प्रमुख सुझाव*
प्रमुख सचिव (राजस्व), उत्तर प्रदेश शासन एवं राहत आयुक्त की उपस्थिति में देवीपाटन मंडल में आयोजित छह मंडलों—देवीपाटन, अयोध्या, लखनऊ, बस्ती, गोरखपुर एवं आज़मगढ़—के 18 बाढ़ संवेदनशील जनपदों की बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल, श्रीमती दुर्गा शक्ति नागपाल द्वारा देवीपाटन मंडल की बाढ़ पूर्व तैयारियों एवं नवाचारों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रस्तुतीकरण में निम्न प्रमुख बिंदुओं को रेखांकित किया गया—

* बाढ़ संभावित क्षेत्रों में लगभग 30,000 गर्भवती महिलाओं का पूर्व चिन्हांकन किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समयबद्ध चिकित्सीय सहायता एवं सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरण सुनिश्चित किया जा सके।
* बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण एवं कृमिनाशक दवापान पूर्ण कराते हुए चारा एवं भूसे की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
न्यायालय के आदेश पर करोबारी व बैंक अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
*ठेकेदार को गारंटर बनाकर 1.50 करोड़ के फर्जी लोन का आरोप

गोंडा।जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के एक ठेकेदार की शिकायत पर कारोबारी प्रदीप कुमार सिंह और कुछ बैंक अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है,यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है।बताते चलें कि बछईपुर गांव निवासी ठेकेदार अविनाश सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्हें ठेकेदारी के कारोबार में साझेदारी के बहाने कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराया गया था और बाद में उनकी जानकारी के बिना उन्हें लगभग 1.50 करोड़ रुपए के मशीनरी लोन में गारंटर बना दिया गया।अविनाश सिंह का यह भी आरोप है कि जब उन्हें जब इस धोखाधड़ी का पता चला और उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गयी,जिसकी शिकायत पहले पुलिस से किया,परन्तु कोई कार्रवाई न होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया।धानेपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया गया है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट, 8 पर मुकदमा दर्ज

गोंडा।जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के लाला पुरवा, झौनहा पश्चिमी गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। ईट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने से दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्राम पंचायत झौनहा पश्चिमी के मजरा लाला पुरवा निवासी राम बादल और बच्चा राम के बीच काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज किया। पहले पक्ष राम बादल की तहरीर पर राम कैलाश, सूरज, संजू, पिंटू और दूसरे पक्ष की मझिला की तहरीर पर प्रदीप कुमार, रामकुमार, दीपक, ओमकार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घाघरा का जलस्तर 19 सेमी बढ़ा, गोंडा में बाढ़ चौकियां अलर्ट, तटीय इलाकों में सतर्कता

गोंडा | जिले में घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में नदी का जलस्तर 19 सेंटीमीटर बढ़ गया है। इसके चलते प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थित सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। गोंडा बाढ़ खंड विभाग और राजस्व विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

गुरूवार सुबह 9:30 बजे तक गिरजा बैराज से 47181 क्यूसेक, शारदा बैराज से 18625 क्यूसेक और सरयू बैराज से 250 क्यूसेक पानी घाघरा में छोड़ा गया। इस तरह कुल 66056 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद भी नदी खतरे के निशान से 1.16 मीटर नीचे बह रही है। बीते 24 घंटे में कुल 134919 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा गया है

*नेपाल की बारिश बना कारण

अधिकारियों के अनुसार जलस्तर बढ़ने की मुख्य वजह पहाड़ी इलाकों और पड़ोसी देश नेपाल में हो रही लगातार बारिश है इसी कारण बैराजों से पानी छोड़ा जा रहा है।

*प्रशासन सतर्क
एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। तटबंधों को सुरक्षित रखने के काम किए जा रहे हैं। सभी बाढ़ चौकियों पर राजस्व और बाढ़ खंड विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी नदी के जलस्तर की निगरानी और तटबंधों का निरीक्षण कर रहे हैं। *प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और नदी के किनारे न जाएं*
रिश्वत मामले में निलंबित वन दरोगा बालक राम की जमानत याचिका खारिज
गोंडा | फर्नीचर व्यवसायी से रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए निलंबित वन दरोगा बालक राम को विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम नित्या पांडेय ने बुधवार देर शाम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसका आदेश गुरुवार सुबह 10:30 बजे जारी किया गया।
यह मामला फर्नीचर व्यवसायी राधेश्याम की शिकायत से जुड़ा है। राधेश्याम ने 22 जून 2026 को गोंडा स्थित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि बेलसर और तरबगंज के वन दरोगा बालक राम उनकी फर्नीचर की दुकान निर्बाध रूप से चलने देने और एक मामले से नाम बाहर रखने के एवज में 10,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।राधेश्याम ने शुरुआत में 6,000 रुपये देने पर सहमति जताई, लेकिन वे आरोपी अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहते थे।
शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण टीम ने जाल बिछाया। 23 जून को ग्राम परसदा स्थित क्षेत्रीय वन रेंज कार्यालय,तरबगंज के पास दबिश दी गई। जैसे ही वन दरोगा बालक राम ने पीड़ित से 6,000 रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया था। वर्तमान में बालक राम निलंबित चल रहे हैं।
वरिष्ठ अधिवक्ता बृजलाल तिवारी ने बताया कि जमानत याचिका खारिज होने के बाद अब आरोपी को ऊपरी अदालत का दरवाजा खटखटाना होगा। निचली अदालत से उन्हें कोई राहत नहीं मिली है।
गोण्डा: सरयू नहर में डूब रहे युवक की जान बचाने वाले हेड कांस्टेबल पवन यादव सम्मानित
गोण्डा। सरयू नहर में डूब रहे एक युवक की जान बचाने वाले थाना धानेपुर में तैनात हेड कांस्टेबल पवन यादव को उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय क्षमता के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को थाना धानेपुर क्षेत्र के अलावल देवरिया स्थित सरयू नहर में एक युवक के डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक तेज बहाव में बहते हुए मदद की गुहार लगा रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल पवन यादव ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

बाद में युवक की पहचान राकेश कुमार पुत्र स्वर्गीय नानबाबू, निवासी मोहल्ला खलबा, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा के रूप में हुई। सूचना पर उसके चाचा बाबूलाल को मौके पर बुलाया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने हेड कांस्टेबल पवन यादव के इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की रक्षा के लिए प्रदर्शित उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय क्षमता पुलिस बल के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय उदाहरण है।